LIVE

Haryana Nuh Violence: हिंसा के बाद नूंह में खौफ, पलायन करने लगे प्रवासी, बोले- हम खाने को हो गए मोहताज

अभिषेक गुप्ताUpdated Aug 3, 2023, 23:47 IST

Haryana Nuh Mewat Sohna Gurgaon Violence LIVE News in Hindi
Haryana Nuh Violence: हिंसा के बाद नूंह में खौफ, पलायन करने लगे प्रवासी, बोले- हम खाने को हो गए मोहताज

Haryana Nuh Mewat Sohna Gurgaon Violence News in Hindi, Curfew in Haryana, Nuh Dange Today News in Hindi: हरियाणा के नूंह में सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार या तो डर से अपने गृहनगर जा रहे हैं या काम की तलाश में पड़ोसी राज्य राजस्थान और उत्तर प्रदेश की ओर पलायन कर रहे हैं। मौजूदा स्थिति और कर्फ्यू के कारण पिछले कुछ दिनों से घर के अंदर रहने को मजबूर श्रमिकों और बच्चों सहित उनके परिवारों ने कहा कि वे खाने को मोहताज हैं। उत्तर प्रदेश के औरैया में अपने गृह नगर में बाढ़ के कारण लगभग एक महीने पहले नूंह आए प्रवासी श्रमिक सरताज ने कहा कि वह भी घर वापस जाना चाहते हैं, लेकिन उनके पास वापस जाने या अपने परिवार के लिए भोजन उपलब्ध कराने के पैसे नहीं हैं, जबकि सूबे में सांप्रदायिक झड़पों के सिलसिले में कुल 176 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 78 को एहतियातन हिरासत में लिया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने गुरुवार को आगे यह भी बताया कि नूंह में 46, गुरुग्राम में 23, फरीदाबाद में तीन, रेवाड़ी में तीन और पलवल में 18 प्राथमिकी समेत कुल 93 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। प्रसाद ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमें स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखना होगा। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या गलत जानकारी नहीं फैलाई जानी चाहिए।’’

Haryana Nuh Violence Live Updates

AUG 03, 2023 23:40 IST

हरियाणा में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है: अतिरिक्त मुख्य सचिव

हरियाणा सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है और सांप्रदायिक झड़पों के लिए जिम्मेदार पाए गए किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने यह भी कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की दंगा रोधी इकाई रैपिड एक्शन फोर्स का एक केंद्र जल्द ही नूंह में स्थापित किया जाएगा। प्रसाद ने कहा कि राज्य में सांप्रदायिक झड़पों के सिलसिले में कुल 176 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 78 को एहतियातन हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि नूंह में 46, गुरुग्राम में 23, फरीदाबाद में तीन, रेवाड़ी में तीन और पलवल में 18 प्राथमिकी समेत कुल 93 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। प्रसाद ने मीडिया से कहा, ‘‘हमें स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखनी होगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या गलत जानकारी नहीं फैलाई जानी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि झड़प के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रसाद ने कहा, ‘‘जो कोई भी कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करेगा, हम उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।’’
AUG 03, 2023 23:37 IST

हरियाणा हिंसा: सरकार ने सोशल मीडिया मंच पर निगरानी के लिए गठित की समिति

हरियाणा सरकार ने एक समिति का गठन किया है जो राज्य में कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए वीडियो, तस्वीरों और नफरत फैलाने वाले भाषणों सहित उत्तेजक सामग्री के प्रसार को रोकने के वास्ते सोशल मीडिया मंचों की निगरानी करेगी। समिति का गठन नूंह में सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर किया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक आदेश के अनुसार, समिति ‘‘इस संबंध में उपचारात्मक/सुधारात्मक उपाय’’ करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय करेगी। विशेष सचिव, गृह समिति के अध्यक्ष होंगे। एक पुलिस अधीक्षक, अपराध जांच विभाग (सीआईडी), हरियाणा; उप सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी और गृह विभाग के एसीएस कार्यालय के एक ‘इंटरसेप्शन’ सहायक इसके सदस्य होंगे। कुछ दिन पहले विश्व हिंदू परिषद की जलाभिषेक यात्रा को रोकने की कोशिश को लेकर नूंह में भड़की झड़पें गुरुग्राम तक फैल गईं। इन झड़पों में दो होम गार्ड और एक मौलवी समेत छह लोगों की मौत हो गई है।
AUG 03, 2023 20:36 IST

हरियाणा हिंसा: नूंह में मस्जिद में आग लगाई, गुरुग्राम में मुस्लिम समुदाय के दो लोगों की पिटाई

हरियाणा के नूंह जिले में एक मस्जिद में आग लगा दी गई और शॉर्ट सर्किट के कारण एक अन्य मस्जिद में आग लग गई, जबकि गुरुग्राम में लगभग 30 लोगों के एक समूह ने मुस्लिम समुदाय के दो भाइयों की कथित तौर पर पिटाई की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे मस्जिद में हुई इन घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ। इनमें से एक मस्जिद विजय चौक के पास स्थित है जबकि दूसरी थाने के पास है। दोनों मस्जिदों को थोड़ा-बहुत नुकसान हुआ है। पुलिस अधीक्षक (नूंह) वरुण सिंगला ने कहा, ‘‘एक मस्जिद में हल्की आगजनी की गई है जबकि दूसरी मस्जिद में आग संभवत: शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया है और संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।’’ पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद दोनों मस्जिदों पर दमकल की गाड़ियां भेजी गईं और आग पर काबू पा लिया गया।
AUG 03, 2023 19:14 IST

हरियाणा में हिंसा की सच्चाई सामने लाने के लिए न्यायिक जांच हो: कांग्रेस

कांग्रेस ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी की सरकार को कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि सच्चाई सामने लाने के लिए उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के अंतर्गत न्यायिक जांच होनी चाहिए कि हिंसा कैसे हुई और प्रदेश की सरकार विफल क्यों हुई? पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह भी कहा कि जो लोग पूरी तरह विफल हों, उनको सरकार चलाने का कोई अधिकार नहीं है। हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी और जल्द ही इसने गुरुग्राम को भी अपनी चपेट मे ले लिया था जिसमें होमगार्ड के दो जवान और एक इमाम सहित छह लोग मारे गए।
AUG 03, 2023 19:13 IST

गुरुग्राम-नूंह हिंसा : मुस्लिम समुदाय ने शुक्रवार की नमाज घर से अदा करने का फैसला किया

नूंह, सोहना और गुरुग्राम में इस सप्ताह की शुरुआत में भड़की हिंसा के मद्देनजर मुस्लिम समुदाय ने शुक्रवार की नमाज सार्वजनिक स्थानों और मस्जिदों में अदा नहीं करने का फैसला किया है। समुदाय के एक नेता ने यह घोषणा की। गुरुग्राम में जमियत उलेमा के अध्यक्ष मुफ्ती सलीम कासमी ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से सावर्जनिक स्थानों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए जमा होने से बचने की अपील की। कासमी ने कहा कि भाईचारा बनाए रखने की जिम्मेदारी लोगों की है।
AUG 03, 2023 15:01 IST

Haryana Nuh Violence LIVE : एक बड़ी साजिश का हिस्सा हैं हिंसा-BJP

भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने हरियाणा में सांप्रदायिक हिंसा में कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि दो समुदायों के बीच हुई झड़पें ‘एक बड़ी साजिश का हिस्सा’ हैं और जांच के दौरान सच्चाई सामने आ जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा के पटल पर कांग्रेस विधायक मम्मन खान का ‘भड़काऊ बयान’ और सोशल मीडिया पर उनका पोस्ट हिंसा में पार्टी की भूमिका के बारे में संदेह पैदा करते हैं।
AUG 03, 2023 13:53 IST

खट्टर कमान हमें दें, दिखाएंगे कि कैसे सुरक्षा दी जाती है-हुड्डा

नूंह हिंसा पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने काह कि राज्य सरकार को एहतियाती उपाय करना चाहिए था। सरकारी मिशनरी की नाकामी की वजह से हरियाणी में ऐसी स्थिति बनी। राज्य में शांति बहाली के लिए जितने भी कदम हो सकते हैं, सरकार को उठाना चाहिए। दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। सरकार को इस हिंसा की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इसके बारे में तथ्य सामने लाना चाहिए। हरियाणा के सीएम को इस्तीफा देकर कमान हमें सौंपनी चाहिए। हम दिखाएंगे कि सभी को सुरक्षा कैसे दी जाती है।
AUG 03, 2023 12:32 IST

Haryana Nuh Violence LIVE : हरियाणा में इंटरनेट प्रतिबंध पर राहत

हरियाणा में हिंसा की घटनाओं में सुधार होने पर राज्य सरकार ने इंटरनेट प्रतिबंध पर राहत दी है। हरियाणा सरकार ने ग्रुप C के पदों के लिए CET स्क्रीनिंग टेस्ट आवेदको के लिए आज के दिन दोपहर 1 बजे से लेकर 4 बजे तक के लिए इंटरनेट प्रतिबंध हटाया। नूंह, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम जिले के सब डिवीज़न पटौदी, मानेसर, और सोहन में 3 घण्टे इंटरनेट की बहाली की गई
AUG 03, 2023 12:06 IST

नूंह में सीआरपीएफ के महिला दस्ता का फ्लैग मार्च

नूंह में हालात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। कर्फ्यू में ढील दी जा रही है। बता दें कि 31 जुलाई को यहां बवाल हो गया था जिसकी बाद आसपास के जिलों में भी हंगामा देखने को मिला था। नूंह में अब चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात हैं। नूंह में सीआरपीएफ का महिला दस्ता फ्लैग मार्च करता दिखा।
AUG 03, 2023 11:16 IST

नूंह में तैनात होगी IRB

नूंह क्षेत्र में हिंसा को देखते हुए यहां आइआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) की एक बटालियन को स्थायी रूप से तैनात करने का फैसला किया गया है। वर्तमान में भोंडसी में आइआरबी की दो बटालियन तैनात हैं। इनमें से एक का मुख्यालय अब नूंह में बनाया जाएगा।
AUG 03, 2023 11:13 IST

नूंह में कैंप करेंगे वरिष्ठ अधिकारी

नूंह में हुई हिंसा के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव जारी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ने पूरे हालात पर निगाह रखने के लिए पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल और सीआइडी चीफ आलोक कुमार मित्तल को नूंह क्षेत्र में कैंप करने के आदेश दिए हैं। दोनों अधिकारियों ने वहां पहुंचकर मोर्चा भी संभाल लिया।
AUG 03, 2023 08:52 IST

हरियाणा के नूंह में कैसे हैं हालात? देखें Video

AUG 03, 2023 08:10 IST

नूंह के पास मस्जिद में लगी आग

नूंह से 20 किलोमीटर दूर दाबलू में एक मस्जिद में आग लगने से एक बार फिर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के मुताबिक आग शार्ट सर्किट से लगी थी, मस्जिद काफी समय से बंद थी, घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
AUG 03, 2023 07:54 IST

नूंह हिंसा पर क्या बोला अमेरिका?

हरियाणा के नूंह से फैली हिंसा की आग गुरुग्राम और उसके आस-पास के इलाकों तक फैल गई। जिसमें अब तक 6 लोगों की जान चल गई। जमकर आगजनी भी हुई। इस ओर दुनिया का भी ध्यान आकर्षित हुआ। यूएस के विदेश विभाग ने कहा कि अमेरिका शांति का आह्वान करता है और पार्टियों से हिंसा से दूर रहने की अपील करता है। विदेश विभाग की ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए आधिकारिक प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा कि मैं झड़पों के संबंध में कहूंगा कि जाहिर तौर पर हम हमेशा की तरह शांति का आग्रह करेंगे और पक्षों से हिंसक कार्यों से परहेज करने का आग्रह करेंगे। जब उनसे गुरुग्राम में झड़पों से प्रभावित किसी भी अमेरिकी नागरिक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में कि क्या हमने किसी अमेरिकी से सुना है, मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मैं दूतावास के साथ संपर्क करके खुश हूं।
AUG 03, 2023 07:45 IST

नूंह हिंसा में अब तक 43 FIR दर्ज

हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा में अब पुलिस ने अब तक कुल 43 एफआईआर दर्ज की हैं। वहीं बुधवार को 21 गिरफ्तारियां मिलकर अब तक कुल 137 लोगों को अरेस्ट किया गया है। वहीं, 116 लोगों को रिमांड पर भी लिया गया है।
AUG 02, 2023 23:58 IST

हरियाणा में हिंसाः अनिल विज ने क्या कहा? देखिए

AUG 02, 2023 23:46 IST

हरियाणा में नूंह और अन्य स्थानों पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पांच अगस्त तक निलंबित रहेंगी

हरियाणा सरकार ने बुधवार को कहा कि सांप्रदायिक झड़पों के मद्देनजर शांति और सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी गड़बड़ी को रोकने के उद्देश्य से नूंह और राज्य के कुछ अन्य स्थानों पर मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं पांच अगस्त तक निलंबित रहेंगी। नूंह के अलावा, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम जिले के उप-मंडल सोहना, पटौदी और मानेसर क्षेत्रों में ये सेवाएं बंद रहेंगी। सरकार ने सांप्रदायिक तनाव और सार्वजनिक शांति में गड़बड़ी के मद्देनजर नूंह जिले में सोमवार शाम चार बजे से मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को निलंबित करने का आदेश दिया था और बाद में दो अगस्त तक कुछ अन्य हिस्सों में भी प्रतिबंध लगा दिया था। नूंह में सोमवार को एक धार्मिक यात्रा के दौरान पथराव और कारों में आग लगा दी गई थी जिसके बाद कई जगहों पर हिंसा भड़क गई। मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं के निलंबन को पांच अगस्त तक बढ़ाने का आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने बुधवार शाम जारी किया।
AUG 02, 2023 23:25 IST

नूंह में हुई घटना पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने उठाए सवाल सवाल

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता बीरेंद्र सिंह ने नूंह में हुई हिंसा के सिलसिले में कहा है कि लगता है कि इसकी पहले से कोई साजिश रची गयी थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि यह जो भी घटना घटी है वह अचानक नहीं घटी है। कहीं न कहीं, किसी न किसी रूप में पहले इसकी साजिश रची गयी होगी, उसके बाद ही ऐसा हुआ है। इसकी जांच होनी चाहिए।’’ सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हरियाणा की जो सभ्यता, संस्कृति, विरासत है , वह प्रेम, सद्भाव और छतीस बिरादरी को साथ लेकर चलने की है, इसे बनाकर रखा जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि हरियाणा का जो भाईचारा है वह बेमिसाल है क्योंकि प्रदेश में कभी भी धर्म, जाति के नाम से कभी कोई दंगे फसाद नहीं हुए।
AUG 02, 2023 21:13 IST

हरियाणा हिंसा : मुख्यमंत्री खट्टर ने केंद्रीय बलों की चार और कंपनी मांगी

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य में सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर बुधवार को केंद्रीय बलों की चार और कंपनी मांगी तथा कहा कि आईआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) की एक बटालियन भी नूंह में तैनात की जाएगी। मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्रीय बलों की 20 कंपनी पहले से ही हरियाणा में तैनात हैं, जिनमें से 14 नूंह में, तीन पलवल में, दो गुरुग्राम में और एक फरीदाबाद में तैनात है। यह पूछे जाने पर कि उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि नूंह में धार्मिक शोभायात्रा के आयोजकों ने जिला प्रशासन को संभावित भीड़ की सही जानकारी नहीं दी थी, इस पर खट्टर ने कहा कि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘जब शोभायात्रा की सूचना मिली तो एक दिन पहले उपायुक्त ने दोनों पक्षों के साथ बैठक की। प्रशासन को आश्वासन दिया गया कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से होगा। लेकिन, अचानक घटनाएं हुईं, जिसकी जांच की जा रही है।’’
AUG 02, 2023 21:13 IST

हरियाणा हिंसा: विहिप और बजरंग दल का नोएडा में विरोध-प्रदर्शन, मुआवजे की मांग

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने हरियाणा में हुई हालिया हिंसा के खिलाफ बुधवार को जनपद गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में प्रदर्शन किया। बजरंग दल ने हिंसा के दौरान मारे गए अपने दो सदस्यों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। संगठन का दावा है कि हिंसा में उसके दो सदस्य मारे गए हैं। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद विहिप ने विरोध-प्रदर्शन किया। पड़ोसी राज्य में हिंसा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा कड़ी की गई है। दक्षिणपंथी संगठन का मार्च सुबह करीब 10 बजे यहां के सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम से शुरू हुआ और सेक्टर-27 में जिलाधिकारी कार्यालय के पास समाप्त हुआ। विहिप और बजरंग दल के सैकड़ों सदस्यों और समर्थकों ने इस मार्च में हिस्सा लिया। विहिप पदाधिकारी राहुल दुबे ने बताया कि विहिप की नोएडा महानगर इकाई की अध्यक्ष छाया सिंह के नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान ‘‘राष्ट्र-विरोधी ताकतों’’ की निंदा करते हुए इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। विहिप ने एक बयान में कहा, ‘‘हमले (हरियाणा के नूंह में) में बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं और दो अन्य आम नागरिकों की निर्मम हत्या की गई। विश्व हिंदू परिषद ने मारे गए लोगों के परिवारों को एक करोड़ रुपये और घायलों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की है। हम उन लोगों को भी पूरा मुआवजा देने की मांग करते हैं, जिनके वाहन और बसें क्षतिग्रस्त हो गईं।’’