जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच रविवार शाम को मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई, जब सुरक्षा बलों ने इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास सान्याल गांव में तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को भेज दिया गया है।
कठुआ में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच शुरू हुई मुठभेड़
सूत्रों के मुताबिक रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, 4-5 आतंकियों के इलाके में घुसपैठ करने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय दंपति खेतों में काम कर रहा था, उन्होंने संदिग्ध बंदूकधारियों को देखा और इसकी जानकारी सुरक्षाबलों को दी। इसके तुरंत बाद बीएसएफ, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को इस तरह की घुसपैठ की कोशिशों को लेकर अलर्ट मिला था, जिसके चलते हाई अलर्ट भी जारी किया गया था। फिलहाल, सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है।
खबर अपडेट की जा रही है....
