CWC Meet: भारतीय जनता पार्टी के गढ़ गुजरात में कांग्रेस का 84वां अधिवेशन चल रहा है। अधिवेशन के पहले दिन मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल से जुड़ा हुआ एक विशेष प्रस्ताव पारित किया गया। अहमदाबाद में सावरमती के किनारे कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की पहले दिन की बैठक संपन्न हुई।
कांग्रेस कार्य समिति 2025 (फोटो साभार: @INCIndia)
सीडब्ल्यूसी ने भविष्य की रूपरेखा, जिला कांग्रेस कमेटियों (DCC) को सशक्त बनाने समेत संगठन की मजबूती, जवाबदेही तय करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर मंथन किया।
नेहरू-पटेल को लेकर झूठ फैला रही भाजपा
भाजपा पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि हमारे प्रस्ताव से एकदम साफ हो जाएगा कि सरदार पटेल और पंडित नेहरू के बीच अनोखी जुगलबंदी थी। आधुनिक भारत के ये दो (पटेल-नेहरू) निर्माता था जिन्होंने महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई लड़ी और भारत की नींव भी रखी... और जो लोग ये कहते हैं कि सरदार पटेल और पंडित नेहरू के बीच कोई रिश्ता नहीं था और बिगड़ गया था... वो लोग झूठ बोल रहे हैं...
CWC बैठक की बड़ी बातें:
- कांग्रेस कार्यसमिति ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर विशेष प्रस्ताव पारित किया।
- सीडब्ल्यूसी की बैठक में गुजरात पर एक प्रस्ताव और राष्ट्रीय मुद्दों पर दूसरे प्रस्ताव पर चर्चा हुई; एआईसीसी सत्र में पारित करने के लिए इसे रखा जाएगा।
- सीडब्ल्यूसी की बैठक में सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय पर चर्चा हुई; बुधवार को एआईसीसी अधिवेशन में प्रस्तावों में यह प्रतिबिंबित होगा।
BJP-RSS पर बरसे खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि पिछले कई सालों से कई राष्ट्रीय नायकों को लेकर एक सोचा समझा षड्यंत्र चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की विचारधारा आरएसएस के विचारों के विपरीत थी और यह हास्यास्पद है कि आज इस संगठन के लोग सरदार पटेल की विरासत पर दावा करते हैं।
खरगे ने यह दावा भी किया कि आज सांप्रदायिक विभाजन के जरिये देश के बुनियादी मसलों से ध्यान भटकाया जा रहा है और सामंती एकाधिकार संसाधनों पर कब्जा करते हुए शासन को नियंत्रित करने की राह पर हैं। उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए यह जरूरी है।
