COVID-19 Updates: देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में 628 नए कोविड -19 मामले सामने आए हैं। सक्रिय मामले बढ़कर 4,054 हो गए। सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में केरल में एक नई मौत के साथ कुल मौतें 5,33,334 दर्ज की गईं। देश में वर्तमान में कोविड मामलों की संख्या 4,50,09,248 (4.50 करोड़) है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,71,860 (4.44 करोड़) हो गई है, जबकि राष्ट्रीय रिकवरी दर 98.81 प्रतिशत है। मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, 220.67 करोड़ कोविड वैक्सीन खुराक दी जा चुकी हैं।
कोरोना वायरस मामलों में बढ़ोतरी
केरल में एक की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर सोमवार को दिए गए आंकड़ों के अनुसार, केरल में पिछले 24 घंटे में 128 ताजा कोविड -19 मामले सामने आए और बीमारी के कारण एक की मौत हुई है। वेबसाइट के अनुसार, आज सुबह 8 बजे तक देश भर में दर्ज किए गए 315 सक्रिय कोरोना वायरस संक्रमणों में से 128 केरल से थे, जिससे राज्य में सक्रिय मामले बढ़तक 3,128 हो गए हैं। राज्य में एक नई मौत की सूचना के साथ तीन साल पहले इस वायरस के फैलने के बाद से केरल में कोरोना वायरस के कारण मरने वाले लोगों की कुल संख्या 72,064 तक पहुंच गई है।
महाराष्ट्र के कृषि मंत्री संक्रमित
महाराष्ट्र के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने सोमवार को यह जानकारी दी। पवार ने संवाददाताओं से कहा कि वायरल संक्रमण से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरे कैबिनेट सहयोगियों में से एक, धनंजय मुंडे टेस्ट में कोविड -19 पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, प्रशासन राज्य में सावधानी बरत रहा है और इसके प्रसार को रोकने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। मुंडे के कार्यालय ने भी पुष्टि की कि उनका कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। वेरिएंट की जानकारी सामने नहीं आई।
मंत्री के कार्यालय के एक कर्मचारी ने कहा कि उन्होंने नागपुर में आयोजित राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन (20 दिसंबर) को संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने कहा, मुंडे 21 दिसंबर को घर गए, क्वारंटीन रहे और डॉक्टरों द्वारा बताई गई दवाएं लीं। अब कोई लक्षण नहीं हैं और उन्होंने पहले ही वीडियो कॉन्फ्रेंस करना और फॉलो-अप लेना शुरू कर दिया है। कार्यालय के कर्मचारी भी अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, लेकिन हम सभी ने प्रोटोकॉल का पालन किया और लोगों से मिलने-जुलने से परहेज किया। अब हममें से किसी में भी संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है।
महाराष्ट्र में जेएन.1 वैरिएंट के 10 मामले
रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में 656 कोविड -19 संक्रमणों की बढ़ोतरी देखी गई, जबकि सक्रिय मामले बढ़कर 3,742 हो गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने नए जेएन.1 स्ट्रेन को इसके तेजी से बढ़ते प्रसार को देखते हुए एक अलग प्रकार के रूप में वर्गीकृत किया है, लेकिन कहा है कि यह कम स्वास्थ्य जोखिम पैदा करता है। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में कहा गया है कि महाराष्ट्र में रविवार को 50 नए कोविड--19 मामले दर्ज किए गए, जिससे लगभग तीन साल पहले कोरोना वायरस के प्रसार की शुरुआत के बाद से संक्रमण की कुल संख्या 81,72,135 हो गई है। इसमें कहा गया है कि ताजा मामलों में से नौ जेएन.1 के कारण हुए, जिससे राज्य में नए वैरिएंट से जुड़े संक्रमणों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
