Rahul Gandhi in Wayanad: वायनाड में अब कैसी स्थिति है? लोकसभा में विपक्ष के नेता, वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी और उनकी बहन, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को केरल में वायनाड जिले के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र चूरलमाला का दौरा किया। दोनों ही कांग्रेस नेताओं ने हालात का जायजा लिया।
वायनाड में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा।
राहुल और प्रियंका ने वायनाड का किया दौरा
कांग्रेस के मुताबिक बारिश के बीच घटनास्थल पर पहुंचने के बाद राहुल और उनकी बहन प्रियंका मेप्पाडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि वहां से वे डॉ. मूपेन मेडिकल कॉलेज और मेप्पाडी स्थित दो राहत शिविरों के लिए रवाना होंगे। पार्टी महासचिव एवं अलप्पुझा से सांसद के सी वेणुगोपाल भी उनके साथ हैं।
वायनाड के पूर्व सांसद हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी ने 2019 में वायनाड लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। हाल में हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने फिर वायनाड से जीत दर्ज करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट भी जीती। उन्होंने वायनाड निर्वाचन क्षेत्र से जून में इस्तीफा दे दिया जहां उपचुनाव होने पर प्रियंका के चुनाव लड़ने की उम्मीद है। जिसका ऐलान खुद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और इस सीट से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने किया था।
इससे पहले, राहुल और प्रियंका सुबह 9.30 बजे कन्नूर हवाई अड्डे पर उतरे और फिर सड़क मार्ग से वायनाड पहुंचे। वायनाड जिले में मंगलवार की सुबह मूसलाधार बारिश के कारण बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन ने मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा बस्तियों को प्रभावित किया, जिसमें अब तक महिलाओं और बच्चों सहित 170 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अलग-अलग रिपोर्ट में अलग-अलग आंकड़े पेश किए जा रहे हैं।
वायनाड भूस्खलन में मौत और घायलों के आंकड़े
इस विनाशकारी आपदा में 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 25 बच्चे और 70 महिलाएं शामिल हैं। प्रशासन ने बताया कि शवों के अंगों सहित 252 शवों का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और 100 शव की पहचान की जा चुकी है। जिला प्रशासन के मुताबिक, अब तक मलबे में से शवों के 92 अंग बरामद किए गए हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों से 234 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनमें से 92 का इलाज अब भी जारी है।
