दिल्ली (Delhi) में बिहार की महिलाओं और छठ पूजा से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी (Yash Maheshwari) के नाम FIR दर्ज की है। यह मामला दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके का है। आरोप है कि 24 अक्टूबर को साकेत स्थित एक कॉमेडी क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और छठ पूजा को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने कार्यक्रम के दौरान कही गई बातों को लेकर आपत्ति जताई है और पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है।
दिल्ली के साकेत में स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। (PTI, X/@WithLoveBihar)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लखनऊ में आज अपनी ताकत दिखाएंगे ओवैसी-आजाद
24 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर शिकायत
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला 24 अक्टूबर को साकेत के एक कॉमेडी क्लब में हुए स्टैंडअप कॉमेडी कार्यक्रम से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस कार्यक्रम के दौरान स्टैंडअप कॉमेडियन ने बिहार की महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी। इसके साथ ही छठ पूजा से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर भी कॉमेडियन ने ऐसी बातें कही, जिनसे लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पर मौजूद पोस्ट और दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच करने की मांग की है। पुलिस अब इन सभी चीजों की जांच कर सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार्यक्रम में वास्तव में क्या कहा गया था और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं।
किन धाराओं में दर्ज हुई FIR?
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत FIR दर्ज की है। धारा 79 किसी महिला की गरिमा का अपमान करने के इरादे से शब्द, इशारे या किसी अन्य तरीके से की गई हरकत से जुड़ी है। धारा 196 अलग-अलग समूहों के बीच धर्म, जाति, जन्मस्थान, भाषा या अन्य आधारों पर दुश्मनी बढ़ाने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाले कामों से संबंधित है। वहीं, धारा 296 सार्वजनिक जगह पर अश्लील हरकत या गाने से जुड़ी है। धारा 352 जानबूझकर किसी का अपमान करने और इस वजह से शांति भंग होने की स्थिति पैदा करने से संबंधित है।
