नीट परीक्षा में अनियमितता और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग के साथ ही केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर राजधानी दिल्ली में बीते दिन हुए चलो संसद मार्च के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए या कथित तौर पर पुलिस की बर्बरता का सामना करने वाले युवाओं के समर्थन में कांग्रेस सामने आई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने घोषणा की है कि ऐसे सभी युवाओं को पार्टी की कानूनी टीम की ओर से हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आई कांग्रेस।
कांग्रेस ने कहा कि उसकी लीगल टीम प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए और कथित रूप से हमले का शिकार हुए युवाओं की मदद के लिए उपलब्ध रहेगी। पार्टी ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों से संपर्क करने के लिए वकीलों के नाम और ईमेल जारी किए हैं।
AICC ने जारी किए वकीलों के संपर्क
इस एलान के साथ ही कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जिन अधिवक्ताओं के संपर्क साझा किए गए हैं, उनमें शामिल हैं-- कपिल मदान - Kapil@kmaattorneys.com
- सुनील कुमार- jurisindia@gmail.com
- ऋषभ रंजन - rishav@youngchambers.com
- अर्जुन शर्मा - asharmawork1998@gmail.com
- शौर्य विक्रम - shauryavikram@hotmail.com
- गुरबानी कौर भाटिया- gurbanikb13@gmail.com
इसके अलावा कांग्रेस ने आंदोलन के पीड़ितों के लिए एक गूगल फॉर्म का लिंक शेयर कर उसे भरने की अपील भी की है, ताकि पार्टी की टीम उनसे सीधे संपर्क कर आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध करा सके।
कांग्रेस का दावा- हरसंभव मदद मिलेगी
AICC की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि पार्टी की कानूनी टीम को निर्देश दिया गया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए या कथित रूप से हमले का सामना करने वाले युवाओं को हरसंभव कानूनी सहायता दी जाए। कांग्रेस ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वकीलों की टीम प्रभावित परिवारों से सीधे संपर्क करेगी।
राहुल प्रियंका ने आरएमएल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की
वहीं, इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) पहुंचकर पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी, प्रियंका और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में उस घायल छात्रा की मां से भी मिले जिसे सोमवार को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था।
'देश में छात्रों का भविष्य रौंदा जा रहा है'
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो जारी कर पोस्ट किया कि कांग्रेस के तीनों प्रमुख नेताओं ने सोमवार को युवाओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की बर्बरता और लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों’’ से मुलाकात की। पार्टी ने आरोप लगाया कि देश में छात्रों का भविष्य रौंदा जा रहा है’ और आवाज उठाने पर उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
राहुल बोले- पीएम माफी मांगे और शाह दें इस्तीफा
इससे पहले, राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए और पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से यह भी कहा छात्रों की पिटाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह को भी त्यागपत्र देना चाहिए। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात करने नहीं दिया जाता। ये सदन उन्हीं युवाओं का है जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए।
