Air India Flight Bomb Threat: एयर इंडिया की फ्लाइट में बम होने की धमकी मिली तो एयरलाइन स्टाफ और पैसेंजर्स में हड़कंप मच गया। एयर इंडिया की दिल्ली से विशाखापत्तनम जा रही फ्लाइट में बम होने की धमकी भरा कॉल आया, लेकिन यह धमकी झूठी निकली। एक अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली से विशाखापत्तनम जा रहे एयर इंडिया के एक विमान में मंगलवार देर रात बम की धमकी मिली थी, लेकिन विशाखापत्तनम में उतरने के बाद गहन जांच के बाद यह अफवाह निकली।
एयर इंडिया फ्लाइट को मिली बम की धमकी
विमान में सवार थे 107 यात्री
विशाखापत्तनम हवाई अड्डे के निदेशक एस राजा रेड्डी ने कहा कि दिल्ली पुलिस को बम की धमकी वाली कॉल मिली और एयरलाइन तथा विशाखापत्तनम हवाई अड्डे को सतर्क कर दिया गया। रेड्डी ने बताया कि विमान सुरक्षित उतरा और विमान की गहन जांच करने पर पता चला कि यह झूठी कॉल थी। उन्होंने बताया कि विशाखापत्तनम जाने वाले विमान में 107 यात्री सवार थे। निदेशक ने बताया कि विमान से यात्रियों को उतारकर जांच करने के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इस बीच, रेड्डी ने बताया कि दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान शुरू हो गई है और यह रात करीब 12.30 बजे रवाना होगी।
