LIVEBihar CM Oath Live: बिहार के नए मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद ली CM पद की शपथ, JD(U) से बने 2 उपमुख्यमंत्री
Bihar CM Oath Live: बिहार में आज नई सरकार का गठन हो रहा है। सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम बन गए हैं। उन्होंने बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बिहार सीएम शपथग्रहण समारोह यहां देखिए लाइव

Bihar CM Oath Live: बिहार के नए मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद ली CM पद की शपथ, JD(U) से बने 2 उपमुख्यमंत्री
Bihar CM Oath Live: बिहार में सम्राट चौधरी ने सीएम पद की शपथ ली। पटना लोकभवन में उन्होंने बुधवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बताया गया कि सरकार में दो डिप्टी सीएम भी होंगे, जो जदयू के कोटे से होंगे। चौधरी के अलावा आज कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ भी ली। बिहार से शपथग्रहण समारोह यहां देखिए लाइव...!
नीतीश युग का अंत
मंगलवार को नीतीश युग का तब अंत हो गया, जब उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उनके डिप्टी रहे सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया और उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। बिहार में आज यह पहली बार होगा, जब बीजेपी से कोई मुख्यमंत्री बनेगा। अभी तक बीजेपी नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की सहयोगी की भूमिका में रही थी, अब सत्ता का नेतृत्व उसके हाथ में होग। सूत्रों का कहना है कि बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी को डिप्टी सीएम की शपथ दिलाई जाएगी।
बिजेंद्र प्रसाद यादव ने दूसरे उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
विजय चौधरी के अलावा, बिजेंद्र यादव बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री बन गए हैं। वे जनता दल (यूनाइटेड) के सदस्य भी हैं।
विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली
जनता दल (यूनाइटेड) के विजय कुमार चौधरी बिहार के उपमुख्यमंत्री बने।
सम्राट चौधरी बने 24वें मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी ने शपथ ली और बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बन गए। वह बिहार के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले BJP नेता भी हैं।
शपथ ग्रहण समारोह जल्द शुरू होगा
सभी मेहमान और सम्राट चौधरी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं। बहुत जल्द, चौधरी और अन्य नेता शपथ ग्रहण करेंगे। सम्राट चौधरी पटना लोकभवन पहुंच गए हैं, जहां वे कुछ ही देर में बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं।
BJP के सम्राट चौधरी के आज बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, 'सम्राट चौधरी ने गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के साथ आम सहमति बनाने का काम किया है। मेरा मानना है कि यह काबिलियत उनमें है... मुझे उम्मीद है कि वह नीतीश कुमार के कामों को आगे बढ़ाएंगे और एक विकसित भारत के लिए विकसित बिहार बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करेंगे।'
शपथ ग्रहण समारोह से पहले पटना के हनुमान मंदिर में सम्राट चौधरी ने की पूजा-अर्चना
BJP नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के पहले BJP मुख्यमंत्री के तौर पर अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले, जो आज सुबह 11 बजे निर्धारित है, पटना के पंचमुखी हनुमान मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की।
बीजेपी के लड्डू की तैयारी
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में बीजेपी तैयारी कर चुकी है। सम्राट चौधरी के पार्टी कार्यालय में आने के बाद उनका भवय स्वागत होगा। पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए भोज के साथ लड्डू खिलाने की विशेष तैयारी की जा रही है, भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़े पैमाने पर लड्डू बनाए जा रहे हैं। कल रात से लड्डू बनाने वाले कारीगर पार्टी कार्यालय में लड्डू बना रहे हैं।
Bihar CM Oath Live: 'बिहार के लोगों के साथ छल किया गया'
कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने सम्राट चौधरी के NDA विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा, "...हम लोग नीतीश कुमार से अपेक्षा कर रहे थे कि आगामी पांच सालों तक वे बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे क्योंकि उन्होंने और NDA ने ऐसा वादा किया था। हालांकि बीच में ही वे(नीतीश कुमार) अपना कार्यकाल छोड़कर जा रहे हैं। इससे बिहार की स्थिति पर असर पड़ेगा... उन्हीं के नाम पर चुनाव लड़ा गया, उन्हीं को मुख्यमंत्री के तौर पर आगे लाया गया था और अचानक सम्राट चौधरी आ गए हैं। हमें लगता है कि बिहार के लोगों के साथ एक प्रकार से छल किया गया है।"
Bihar CM Oath Live:बिहार के लोग नीतीश को कभी भूलेंगे नहीं-रामकृपाल यादव
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कहा, "प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के बड़े नेता नीतीश कुमार ने कल पद त्यागा है। पूरा बिहार मर्माहत है। उन्होंने 2005 के बाद बिहार को रोशनी में लाने का प्रयास किया... बिहार के लोग उन्हें भूलेंगे नहीं। उन्होंने बिना भेदभाव के सबके लिए काम किया..." राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, "नेता प्रतिपक्ष बहुत परेशान होंगे, होना भी स्वाभाविक है क्योंकि आगामी दिनों में उनका कोई भविष्य उन्हें नहीं दिख रहा है। आज सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। वे(तेजस्वी यादव) मौका तलाश रहे हैं, अंधकार में तीर मार रहे हैं लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिलेगी इसलिए वे परेशान हैं। मुख्यमंत्री पर दबाव डालकर कोई इस्तीफा दिलाता है क्या?... उनके(नीतीश कुमार) ही मार्गदर्शन में सरकार काम करती रहेगी। उनके सपनों को साकार करने के लिए सम्राट चौधरी अपनी टीम के साथ काम करेंगे..."
Bihar CM Oath Live: विजय चौधरी-बिजेंद्र यादव बनेंगे डिप्टी सीएम
सूत्रों का कहना है कि बिहार में डिप्टी सीएम के लिए नाम तय हो गए हैं। विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई जा सकती है। यह शपथ ग्रहण पटना में सुबह 11 बजे होगा।
Bihar CM Oath Live: सम्राट चौधरी के सामने चुनौतियां
अब शीर्ष पद पर पहुंचने के बाद सम्राट चौधरी के सामने बिहार में भाजपा को एक मजबूत राजनीतिक आधार के रूप में स्थापित करने की चुनौती होगी। साथ ही उन्हें जद(यू) जैसे सहयोगी दलों के साथ संतुलन बनाए रखना होगा और छोटे सहयोगियों को भी साथ लेकर चलना होगा।
Bihar CM Oath Live: कोइरी समुदाय से आने वाले बिहार के दूसरे मुख्यमंत्री सम्राट
सम्राट चौधरी कोइरी समुदाय से आने वाले बिहार के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले 1968 में सतीश प्रसाद सिंह इस समुदाय से मुख्यमंत्री बने थे, जिनका कार्यकाल मात्र पांच दिन का रहा था।
Bihar CM Oath Live: सम्राट चौधरी की राजनीतिक यात्रा
सम्राट चौधरी ने वर्ष 2017 में भाजपा का दामन थामा। इससे पहले वह एक दशक से अधिक समय तक राजद में रहे और करीब दो वर्ष तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) में भी रहे। सम्राट चौधरी, पूर्व सैनिक से राजनेता बने शकुनी चौधरी के पुत्र हैं। शकुनी चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी और बाद में अलग-अलग समय में लालू प्रसाद तथा नीतीश कुमार के साथ जुड़े रहे। सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत राबड़ी देवी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री के रूप में की थी। राजद के वर्ष 2005 में सत्ता से बाहर होने के बाद भी वह लंबे समय तक इस पार्टी के साथ बने रहे, लेकिन 2014 में एक बागी धड़े के साथ जद(यू) में शामिल हो गए, जब जीतन राम मांझी राज्य के मुख्यमंत्री थे। तीन वर्ष बाद उन्होंने जद(यू) छोड़कर भाजपा का रुख किया, जहां उन्हें एक प्रभावशाली वक्ता और कोइरी समुदाय के प्रमुख नेता के रूप में पहचान मिली। उन्हें भाजपा की राज्य इकाई का उपाध्यक्ष बनाया गया, विधान परिषद का सदस्य बनाया गया और बाद में 2020 के विधानसभा चुनावों के बाद बनी सरकार में मंत्रिमंडल में स्थान मिला। मार्च 2023 में उन्हें भाजपा कर राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया और उन्होंने लोकसभा सदस्य संजय जायसवाल की जगह ली। कभी नीतीश कुमार के मुखर आलोचक रहे सम्राट चौधरी ने 2022 में जद(यू)-भाजपा अलग होने के बाद पगड़ी पहनने का संकल्प लिया था और कहा था कि वह इसे मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के हटने के बाद ही उतारेंगे। हालांकि, बाद में वह नीतीश के भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल हो गए। उपमुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने भाजपा के विजय कुमार सिन्हा के साथ पद साझा किया, लेकिन उनकी राजनीतिक अहमियत तब और स्पष्ट हुई जब उन्हें गृह विभाग सौंपा गया, जो पहले नीतीश कुमार अपने पास रखते थे। सम्राट चौधरी संगठन के शीर्ष नेतृत्व को संतुष्ट रखने की क्षमता के कारण भी आगे बढ़े हैं, जबकि उनकी पृष्ठभूमि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी नहीं रही है।
Bihar CM Oath Live: बिहार में बीजेपी का पहला सीएम
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले सम्राट चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता चुने जाने के साथ ही बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने की ओर अग्रसर हैं। बिहार की राजनीति में इस बदलाव के संकेत पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान ही मिल गए थे, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक चुनावी सभा में कहा था कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ’’बड़ा आदमी’’ बनाया जाएगा। बिहार हिंदी पट्टी का वह प्रमुख राज्य रहा है, जहां लंबे समय तक प्रभावशाली उपस्थिति के बावजूद भाजपा सत्ता के शीर्ष पद तक नहीं पहुंच सकी थी।
Bihar CM Oath Live: सम्राट चौधरी बुधवार को लेंगे बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। एक वरिष्ठ मंत्री ने यह जानकारी दी। यह घोषणा मंगलवार को चौधरी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद की गई। इससे पहले हाल ही में राज्यसभा सदस्य बने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बैठक के बाद कहा, "सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से राजग विधायक दल का नेता चुना गया है।" इस बैठक में नीतीश कुमार और गठबंधन के सभी विधायकों ने भाग लिया। बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने संवाददाताओं से कहा, "सम्राट चौधरी जी अब बुधवार को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।" चौधरी ने बाद में कहा कि विधायक दल की बैठक में स्वयं नीतीश कुमार ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और उन्हें आशीर्वाद दिया।