CM Arvind Kejriwal On AAP MLAs: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पर कहा कि भाजपा के लिये आप सबसे बड़ी चुनौती, यही कारण है उसपर चौतरफा हमले किए जा रहे हैं। दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी 2029 के चुनावों में देश को भाजपा से मुक्त कर देगी, भले ही वे इस साल का लोकसभा चुनाव जीत जाएं।
भाजपा पर आम आदमी पार्टी के विधायकों को तोड़ने का आरोप।
भाजपा पर विधायकों को तोड़ने की कोशिश का आरोप
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि सदन में हमारे पास बहुमत है लेकिन इस विश्वास प्रस्ताव की जरूरत थी क्योंकि भाजपा आप विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ‘राम भक्त’ होने का दावा करती है लेकिन उन्होंने हमारे अस्पतालों में गरीब लोगों की दवाएं बंद कर दीं। केजरीवाल ने कहा कि सरकार हम चलाते हैं फिर भी वे सेवा विभाग, नौकरशाही पर नियंत्रण के माध्यम से हमारे काम रोक रहे हैं।
मतदान के दौरान 62 में से 54 विधायक रहे मौजूद
दिल्ली विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित, आम आदमी पार्टी के 62 में से 54 विधायक मतदान के दौरान मौजूद थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का कहना है कि आप के किसी विधायक ने दल नहीं बदला, दो विधायक जेल में, कुछ अस्वस्थ तो कुछ शहर से बाहर हैं।
भाजपा पर पहले लगाया था आरोप, जानें पूरा विवाद
इससे पहले आतिशी ने मीडिया के सामने बयान देकर भाजपा पर आरोप लगाया था और कहा था कि समय आने पर सबूत भी देंगे। आतिशी ने इस पूरे मामले को ऑपेरशन लोटस 2.0 का नाम दिया था। दरअसल इससे पहले भी बीजेपी पर आम आदमी पार्टी उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश का आरोप लगा चुकी है। गौरतलब है कि इस बाबत आम आदमी पार्टी ने बीजेपी नेता शेर सिंह डागर का एक स्टिंग भी जारी किया था। इसके बाद बीजेपी ने शेर सिंह डागर को पार्टी से निकाल दिया था।
आम आदमी पार्टी के दोबारा आरोप लगाने पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद रमेश बिधूड़ी, सांसद प्रवेश वर्मा और मनोज तिवारी समेत अन्य नेताओं ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर पूरे मामले की जांच की मांग की थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बीजेपी नेताओं की मांग पर पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
