LIVE

6 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज: रामलला के ललाट पर सजा सूर्य तिलक, PM मोदी ने पंबन ब्रिज का किया उद्घाटन; पढ़िये देश-दुनिया की ताजा खबरें

Anurag GuptaUpdated Apr 6, 2025, 18:02 IST

6 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज: प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु में रामेश्वरम द्वीप को रेलमार्ग से जोड़ने वाले नए पंबन पुल का उद्घाटन किया। रामनवमी के अवसर पर अभिजीत मुहूर्त पर श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक हुआ। करीब चार मिनट तक यह दुर्लभ संयोग रहा। दुनिया इस अभूतपूर्व पल की साक्षी बनी। सूर्य तिलक के साथ ही मंदिर में आरती की गई। इससे पहले कुछ देर के लिए मंदिर के पट बंद किए गए। गर्भग्रह की लाइट बंद कर दी गई, ताकि सूर्य तिलक स्पष्ट नजर आए।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वक्फ (संशोधन) विधेयक-2025 को शनिवार को अपनी मंजूरी दे दी जिसे इसी सप्ताह संसद ने पारित किया था। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उद्योगपति एलन मस्क की नीतियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हो रहे हैं। कई सरकारी विभागों से नौकरियों की छंटनी, टैरिफ पर टैरिफ, मानवाधिकार के मुद्दे और आर्थिक नीति पर ट्रंप घिरे हैं। भारतीय वायु सेना के वारंट अधिकारी रामकुमार तिवारी की शनिवार को आगरा में एक जंप के दौरान पैराशूट न खुलने के कारण मौत हो गई।

6 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज: रामलला के ललाट पर सजा सूर्य तिलक, PM मोदी ने पंबन ब्रिज का किया उद्घाटन; पढ़िये देश-दुनिया की ताजा खबरें
6 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज: रामलला के ललाट पर सजा सूर्य तिलक, PM मोदी ने पंबन ब्रिज का किया उद्घाटन; पढ़िये देश-दुनिया की ताजा खबरें

6 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज: रामनवमी के अवसर पर अभिजीत मुहूर्त पर श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक हुआ। करीब चार मिनट तक यह दुर्लभ संयोग रहा। दुनिया इस अभूतपूर्व पल की साक्षी बनी। सूर्य तिलक के साथ ही मंदिर में आरती की गई। इससे पहले कुछ देर के लिए मंदिर के पट बंद किए गए। गर्भग्रह की लाइट बंद कर दी गई, ताकि सूर्य तिलक स्पष्ट नजर आए।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वक्फ (संशोधन) विधेयक-2025 को शनिवार को अपनी मंजूरी दे दी जिसे इसी सप्ताह संसद ने पारित किया था। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उद्योगपति एलन मस्क की नीतियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हो रहे हैं। कई सरकारी विभागों से नौकरियों की छंटनी, टैरिफ पर टैरिफ, मानवाधिकार के मुद्दे और आर्थिक नीति पर ट्रंप घिरे हैं। भारतीय वायु सेना के वारंट अधिकारी रामकुमार तिवारी की शनिवार को आगरा में एक जंप के दौरान पैराशूट न खुलने के कारण मौत हो गई।

  • रामनवमी के जुलूस को लेकर UP के कई जिलों में अलर्ट
  • रामनवमी के मौके पर रामलला के ललाट पर सजा सूर्य तिलक
  • पंबन ब्रिज का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
  • अमित शाह का आज से तीन दिवसीय J&K दौरा

APR 06, 2025 18:01 IST

राहुल गांधी बिहार के बेगूसराय में कांग्रेस के मार्च में शामिल होंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वह बिहार के बेगूसराय जायेंगे और युवाओं के साथ मिलकर उनकी समस्याएं उजागर करेंगे तथा इस साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सत्ता से हटाएंगे। रविवार को ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के युवा साथियों, मैं सात अप्रैल को ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ मार्च में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए बेगूसराय आ रहा हूं।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि इसका उद्देश्य पूरी दुनिया को बिहार के युवाओं की भावना, उनके संघर्ष और उनकी पीड़ा से अवगत कराना है। राहुल ने कहा, ‘‘आप भी सफेद टी-शर्ट पहनकर आएं, सवाल पूछें और अपने अधिकारों के लिए सरकार पर दबाव बनाने और उसे (सत्ता से) हटाने के लिए आवाज उठाएं।’’ उन्होंने ‘सफेद टी-शर्ट मुहिम’ में शामिल होने के लिए लिंक भी साझा किया। उन्होंने कहा, ‘‘आइये, हम सब मिलकर बिहार को अवसरों का राज्य बनाएं।’’ बिहार में इस साल सितंबर-अक्टूबर में चुनाव होने हैं।
APR 06, 2025 17:21 IST

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आग लगने से 10 वर्षीय छात्र की मौत, छह अन्य लोग झुलसे

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में रविवार को आग लगने से 10 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि त्राल के हमदान दारुल उलूम में आग लग गई, जिसमें एक लड़के यासिर अहमद गग्गी की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग झुलस गए। अधिकारियों ने बताया कि झुलसे लोगों को उपचार के लिए यहां एक अस्पताल में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन और आपातकालीन सेवा कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।
APR 06, 2025 17:20 IST

अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने मनोज कुमार के साथ अनदेखी तस्वीरें साझा कीं

हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र ने दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के साथ अपनी कुछ अनदेखी तस्वीरें साझा कीं। देशभक्ति फिल्मों के लिए ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह मुंबई में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। फिल्म ‘‘हरियाली और रास्ता’’, ‘‘वो कौन थी?’’, ‘‘शहीद’’, ‘‘गुमनाम’’, ‘‘उपकार’’ और ‘‘पूरब पश्चिम’’ जैसी फिल्मों के लिए प्रसिद्ध कुमार कुछ समय से बीमार थे और उम्र संबंधी समस्याओं के कारण कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे उनका निधन हो गया। बच्चन कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शनिवार को पवन हंस श्मशान घाट पहुंचे थे। वहीं, धर्मेंद्र ने भी दिवंगत अभिनेता के आवास पर जाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। बच्चन ने वर्ष 1974 में कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रोटी कपड़ा और मकान’ में उनके साथ काम किया था। बच्चन ने अपने निजी ब्लॉग पर रविवार को एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की, जिसमें वे दोनों गले मिलते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘स्मृति में...इस दुख की घड़ी में प्रार्थना करता हूं।’’ ‘‘शादी’’ और ‘‘मैदान-ए-जंग’’ जैसी फिल्मों में मनोज कुमार के साथ काम कर चुके अभिनेता धर्मेंद्र ने एक तस्वीर साझा की। उन्होंने तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘मनोज, मेरे यार तेरे साथ बीता हर पल बहुत याद आएगा।’’ फिल्म रोटी कपड़ा और मकान में कुमार के साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री जीनत अमान ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अभिनेता के साथ फिल्म की एक तस्वीर भी साझा की। अमान ने कहा, ‘‘मनोज कुमार के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’ अभिनेता मनोज कुमार का शनिवार को मुंबई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
APR 06, 2025 15:12 IST

पूर्व डिप्टी जेलर की बेटी ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छा मृत्यु की इजाजत

वाराणसी जिला जेल की पूर्व ‘डिप्टी जेलर’ मीना कनौजिया की बेटी नेहा शाह ने न्याय की गुहार लगाते हुए राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की इजाजत देने की मांग की है। शाह ने बताया, ‘‘मैंने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर अपने लिए इच्छा मृत्यु की मांग की है। यह मांग इसलिये की गयी है क्योंकि मुझे मालूम है कि जब हुकूमत से आप की जंग होती है तब आप का सफाया होना निश्चित है।’’ नेहा शाह ने कहा, ‘‘जब से मेरी मां का प्रकरण सामने आया है तब से जेल अधीक्षक उमेश सिंह पर बहुत से आरोप लग चुके हैं। मगर इसके बावजूद मुख्यालय लगातार उनको क्लीनचिट दे रहा है।’’ उन्होंने कहा,‘‘मैं चाहूं तो खुद को खत्म कर सकती हूं लेकिन अगर मैं ऐसा करती हूं तो इसका इल्जाम मेरी मां पर लगा दिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा,‘‘मुझे मालूम है कि कुछ ही दिनों में मेरी मां को निलंबित कर दिया जाएगा, क्योंकि उन्होंने बहुत बड़े इंसान के खिलाफ बोला है।’’ नेहा शाह ने कहा,‘‘यदि सिंह का निलंबन नहीं होता है तो आने वाले दिनों में अधीक्षक साहब हमारे परिवार को कहीं का नहीं छोड़ेंगे।’’ नेहा शाह ने पिछले महीने लालपुर पांडेरीपुर थाने में सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि जेल अधीक्षक ‘डिप्टी जेलर’ के तौर पर तैनात उसकी मां को परेशान कर रहे हैं क्योंकि उनकी मां ने जेल प्रशासन द्वारा की जा रही अनियमितताओं और कदाचार के बारे में चिंता जताई थी।
APR 06, 2025 15:11 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु में रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन किए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को रामनवमी के अवसर पर यहां प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। पारंपरिक 'वेष्टि' (धोती), शर्ट और 'अंगवस्त्रम' (गले में पहना जाने वाला वस्त्र) पहने प्रधानमंत्री रविवार को मंदिर पहुंचे। उन्होंने पिछले साल उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और प्रधानमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई उनके साथ थे। प्रधानमंत्री यहां नए पंबन पुल का उद्घाटन करने और विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करने आए थे। वह पड़ोसी देश श्रीलंका की अपनी आधिकारिक यात्रा पूरी करने के बाद यहां आए थे।
APR 06, 2025 15:11 IST

जम्मू-कश्मीर में सेना के शिविर में सैनिक ने खुद को गोली मारी

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सेना के एक शिविर में रविवार तड़के एक सैनिक ने अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 26 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात सिपाही विजय कुमार ने तड़के तीन बजकर 40 मिनट पर धर्मुंड सैन्य अस्पताल में खुद को गोली मार ली। जिस दौरान यह घटना हुयी उस दौरान कुमार संतरी ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने बताया कि सिपाही ने यह कदम क्यों उठाया इसका कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामबन जिला अस्पताल में भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कुमार राजस्थान के मूल निवासी थे और लगभग दो महीने की छुट्टी लेने के बाद 28 मार्च को अपनी ड्यूटी पर लौटे थे।
APR 06, 2025 14:59 IST

केरल के मलप्पुरम में प्रसव के दौरान महिला की मौत

उत्तरी केरल के मलप्पुरम जिले में रविवार सुबह घर में प्रसव के दौरान 35 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतका आसमा चट्टीपराम्बू की निवासी थी और पांचवें बच्चे को जन्म देते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद, आसमा का पति सिराजुद्दीन शव को एर्नाकुलम जिले के पेरुम्बवूर स्थित अपने पैतृक घर ले गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दंपति के घर पहुंची और उसने शव को पेरुम्बवूर तालुक अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि आसमा का शव तड़के पेरुम्बवूर लाया गया और मामले में जांच शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए महिला के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
APR 06, 2025 14:24 IST

प्रभु श्री राम का जीवन मर्यादित आचरण की देता है प्रेरणा: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की बधाई देते हुए रविवार को कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम जीवन में मर्यादित आचरण और हर परिस्थिति में धैर्यवान होकर चुनौतियों से जूझने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने रामनवमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "आज की पावन तिथि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मदिन से भी जुड़ी है। प्रदेश के हर देवालय में अखंड रामायण का पाठ कल से शुरू हुआ है। अयोध्या धाम में भी उत्सव और उमंग का माहौल है। लाखों की संख्या में श्रद्धालुजन प्रभु श्री रामलला के जन्मोत्सव में भाग लेने के लिए अयोध्या धाम पहुंचे हुए हैं।" उन्होंने कहा, " व्यक्तिगत जीवन हो या पारिवारिक जीवन, सार्वजनिक जीवन हो या राष्ट्रीय जीवन, सामाजिक रिश्ते हों या राष्ट्रीय रिश्ते उनका निर्वहन कैसे होना चाहिए इसके लिए मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का उच्च जीवन आदर्श हमें प्रेरणा प्रदान करता है।"
APR 06, 2025 14:23 IST

ओडिशा में पर्यटक बस पलटने से बांग्लादेशी नागरिक की मौत, 15 घायल

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के नजदीक उत्तरा स्क्वायर पर रविवार तड़के एक पर्यटक बस के पलटने से एक बांग्लादेशी नागरिक की मौत हो गई और कम से कम 15 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नुनीबला नाथ के रूप में हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पर्यटक बस 70 बांग्लादेशी यात्रियों को लेकर तीर्थस्थल पुरी की ओर जा रही थी, इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर उत्तरा स्क्वायर के पास वह पलट गई।
APR 06, 2025 12:49 IST

रामनवमी पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रामनवमी के अवसर पर वाराणसी समेत विभिन्न जिलों के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष महत्व के इस दिन पर मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। वाराणसी के सभी प्रमुख मंदिरों में अखंड रामायण काज पाठ और कीर्तन शुरू हुआ। श्रद्धालुओं की खासी भीड़ की वजह से सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में राम नवमी के अवसर पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह रामायण पाठ चैत्र दुर्गाष्टमी पर्व से प्रारंभ कर रामनवमी की तिथि पर समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि अखण्ड रामायण पाठ का आरंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस समारोह में न्यास के अधिकारियों के अतिरिक्त प्रमुख रूप से प्रख्यात वैदिक घनपाठी श्री वेंकट रमण एवं काशी विद्वत परिषद के महामंत्री श्री रामनारायण द्विवेदी उपस्थित रहे।
APR 06, 2025 12:32 IST

रामलला के ललाट पर सजा सूर्य तिलक

रामनवमी के अवसर पर अभिजीत मुहूर्त पर श्री राम लला के ललाट पर सूर्य तिलक हुआ। करीब चार मिनट तक यह दुर्लभ संयोग रहा। दुनिया इस अभूतपूर्व पल की साक्षी बनी। सूर्य तिलक के साथ ही मंदिर में आरती की गई। इससे पहले कुछ देर के लिए मंदिर के पट बंद किए गए। गर्भग्रह की लाइट बंद कर दी गई, ताकि सूर्य तिलक स्पष्ट नजर आए। सूर्य तिलक को लेकर शनिवार को आखिरी ट्रायल किया गया था। आठ मिनट तक चले इस ट्रायल के दौरान इसरो के साथ-साथ आईआईटी रुड़की और आईआईटी चेन्नई के एक्सपर्ट भी मौजूद रहे थे। रामनवमी पर दूसरी बार रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक किया गया है। इसका सीधा प्रसारण देश-दुनिया के लोगों ने देखा।
APR 06, 2025 11:38 IST

पीड़ितों की मदद में ढिलाई पर होगी कार्रवाई : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जन समस्याओं के निस्तारण और पीड़ितों की मदद में तत्परता दिखाने का आदेश दिया,साथ ही आगाह किया कि इस काम में शिथिलता बरतने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि किसी पीड़ित की समस्या के निस्तारण में यदि कहीं भी कोई दिक्कत आ रही है तो उसका पता लगाकर समाधान कराया जाए। किसी स्तर पर जानबूझकर प्रकरण को लंबित रखा गया तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाए।
APR 06, 2025 10:56 IST

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े एक "किशोर" समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित कांगलीपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सदस्य को शनिवार को बिष्णुपुर के मोइरांग ओक्शोंगबंग से गिरफ्तार किया गया, जबकि केसीपी (एमसी प्रोग्रेसिव) के सक्रिय सदस्य एक "किशोर" को जिले के नाम्बोल बाजार से पकड़ा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) का एक सक्रिय कार्यकर्ता बिष्णुपुर के निंगथौखोंग से पकड़ा गया।
APR 06, 2025 10:06 IST

सुदर्शन पटनायक को यूके में मिला 'द फ्रेड डैरिंगटन' अवॉर्ड

डिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक को यूनाइटेड किंगडम में पहला 'फ्रेड डैरिंगटन सैंड मास्टर अवार्ड' मिलने पर हार्दिक बधाई दी है। सुदर्शन पटनायक को यह सम्मान वेमाउथ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्ट फेस्टिवल में उनकी शानदार कृति के लिए दिया गया, जहां उन्होंने भगवान गणेश की 10 फुट ऊंची रेत की मूर्ति बनाकर शांति का संदेश दिया।
APR 06, 2025 09:28 IST

राम जन्मोत्सव में झूम रही अयोध्या, लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे

रामनगरी में राम जन्मोत्सव की धूम, सुबह 6:00 बजे ही खुल गया राम मंदिर, बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे है। लगभग ढाई लाख से ज्यादा श्रद्धालु रात में ही अयोध्या पहुंच गए। दिन बढ़ने के साथ लगातार श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। आज देर शाम तक राम जन्मोत्सव के रस में डूबी रहेगी अयोध्या, सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक चलेगा भगवान श्री राम का अभिषेक।
APR 06, 2025 09:13 IST

वाहन की टक्कर से मादा तेंदुए की मौत

पीलीभीत बाघ अभयारण्य के माला क्षेत्र में जंगल में एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर लगने से सड़क पार कर रही एक मादा तेंदुए की मौत हो गई। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) भरत कुमार ने रविवार को बताया कि लगभग दो साल की मादा तेंदुआ शनिवार देर शाम जंगल में बनी सड़क पर जा रही थी, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जबरदस्त टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि गाड़ी की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि मादा तेंदुआ वाहन में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। ड्यूटी पर तैनात वन विभाग के कर्मचारियों ने जब वाहन को रोका तो चालक अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गया।
APR 06, 2025 08:24 IST

PM मोदी ने देशवासियों को दीं रामनवमी की शुभकामनाएं

PM मोदी ने देशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पर कहा कि सभी देशवासियों को रामनवमी की ढेरों शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का यह पावन-पुनीत अवसर आप सबके जीवन में नई चेतना और नया उत्साह लेकर आए, जो सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करे। जय श्रीराम!
APR 06, 2025 08:03 IST

अयोध्या में CCTV- ड्रोन से हो रही निगरानी

श्रीराम जन्मोत्सव पर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
APR 06, 2025 07:44 IST

PM मोदी आज पंबन ब्रिज का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को तमिलनाडु का दौरा करेंगे। रामनवमी के अवसर पर, दोपहर 12 बजे पीएम मोदी भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री पुल 'नये पंबन रेल पुल' का उद्घाटन करेंगे। वह सड़क पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाएंगे तथा पुल के संचालन को देखेंगे। इसके बाद, दोपहर 12:45 बजे पीएम मोदी रामेश्वरम के रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। दोपहर 1:30 बजे रामेश्वरम में ही वह तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।"

पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "6 अप्रैल (रविवार) को रामनवमी के शुभ अवसर पर, मैं तमिलनाडु के अपने भाइयों और बहनों के बीच आने के लिए उत्साहित हूं। नये पंबन रेल ब्रिज का उद्घाटन किया जाएगा। मैं अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में प्रार्थना करूंगा। 8300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन या शिलान्यास भी किया जाएगा।"
APR 06, 2025 07:38 IST

'राम भारत की अनेकता में एकता के सूत्र हैं...'; रामनवमी पर बोले योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की आस्था, मर्यादा और दर्शन में राम हैं। राम भारत की 'अनेकता में एकता' के सूत्र हैं। जन-जन की आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम की कृपा चराचर जगत पर बनी रहे। सबका कल्याण हो, यही प्रार्थना है। श्री राम नवमी का यह पावन पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की शिक्षाओं और आदर्शों को अपने व्यक्तित्व में उतारने के लिए संकल्पित होने का एक अवसर है।