LIVE

आज की ताजा खबर, 9 मार्च 2025: भारत के माथे पर सजा जीत का तिलक, चैंपियंस ट्रॉफी पर किया कब्जा

शिशुपाल कुमारUpdated Mar 9, 2025, 22:15 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 9 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 9 मार्च (रविवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 9 मार्च 2025: भारत के माथे पर सजा जीत का तिलक, चैंपियंस ट्रॉफी पर किया कब्जा
आज की ताजा खबर, 9 मार्च 2025: भारत के माथे पर सजा जीत का तिलक, चैंपियंस ट्रॉफी पर किया कब्जा

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 9 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद शनिवार देर रात यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। अमेरिका के कैलिफोर्निया में चिनो हिल्स स्थित बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) के मंदिर में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की। उत्तरी अमेरिका में हिंदू धर्म पर समझ को बेहतर बनाने की दिशा में काम करने वाले संगठन ‘द कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ ने पूर्व में हुई इस प्रकार की घटनाओं की ओर ध्यान दिलाया और गहन जांच की मांग की। महाकुंभ मेला भले ही समाप्त हो गया हो और साधु सन्यासी यहां से प्रस्थान कर गए हों, लेकिन शाम को दूधिया रोशनी में नहाए संगम क्षेत्र का मनमोहक दृश्य अब भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने पीटीआई को बताया कि महाकुंभ में करोड़ों की संख्या में आए श्रद्धालुओं को देखते हुए संगम क्षेत्र में कुछ सुविधाएं वर्ष पर्यंत जारी रखने का निर्णय किया गया है। इनमें ‘चकर्ड प्लेट्स’, लाइट, ‘चेंजिंग रूम’, घाटों की व्यवस्था साल भर रहेंगी। महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र में जीबीएस के कारण अब तक कुल 12 मौतें हुई हैं। इनमें से छह की पुष्टि जीबीएस के रूप में हुई है और छह की मौत संदिग्ध जीबीएस के रूप में हुई है। शनिवार को जीबीएस का कोई नया संदिग्ध मामला सामने नहीं आया। विभाग की ओर से जारी रिलीज के अनुसार, 197 रोगियों में जीबीएस का निदान किया गया है और 28 मामले संदिग्ध जीबीएस के हैं। इनमें से 46 मरीज पुणे नगर निगम (पीएमसी) से, 95 पीएमसी क्षेत्र में नए जोड़े गए गांवों से, 33 पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम से, 37 पुणे ग्रामीण से और 14 अन्य जिलों से हैं। इन रोगियों में से 179 को अब तक छुट्टी दे दी गई है, 24 आईसीयू में और 15 वेंटिलेटर पर हैं। गोवा क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसमें 11.672 किलो हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई है। बरामद की गई ड्रग्स की अनुमानित कीमत 11.67 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह गोवा के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा ड्रग्स पकड़ने का मामला माना जा रहा है। अमेरिका ने आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष की आशंका के कारण भारत-पाकिस्तान सीमा और नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्रों तथा बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों की यात्रा न करने की चेतावनी देते हुए एक परामर्श जारी किया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

MAR 09, 2025 22:15 IST

होली के मौके पर देशवासी मना रहे टीम इंडिया की 'जीत' की दीवाली

MAR 09, 2025 22:14 IST

ChampionsTrophy2025: मुंबईवासियों ने मनाया जीत का जश्न

MAR 09, 2025 22:05 IST

Team India की जीत पर खुशी में झूमें बृजवासी

भारत और न्यूजीलैंड के साथ हुए मैच में जीत पर बृजवासियों ने जमकर खुशी जाहिर की जैसे ही भारत में चैंपियंस कप जीता मथुरा के लोगों में खासी खुशी देखने को मिली लोगों ने जमकर जीत पर खुशी मनाते हुए पटाखे चलाएं
MAR 09, 2025 18:28 IST

गुरुग्राम: 14 वीं मंजिल से गिरने से जापानी महिला की मौत

शहर में एक इमारत की 14वीं मंजिल की बालकनी से गिरने से एक जापानी महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान जापान निवासी मडोको थमानो (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह पिछले साल सितंबर में अपने पति के साथ गुरुग्राम आई थी। वह अपने पति और दो बच्चों के साथ यहां एक सोसायटी में रह रही थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह हुई, जब पुलिस को एक महिला का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़े होने की सूचना मिली।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। सेक्टर 53 थाने के प्रभारी, पुलिस निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया, ‘‘दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।’’
MAR 09, 2025 18:27 IST

कर्नाटक के बेलूर में जर्जर दुकान के ढह जाने से दो लोगों की मौत

कर्नाटक के बेलूर में रविवार दोपहर को एक जर्जर दुकान के ढह जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि इसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि जब दुकान ढही, तो ग्राहक दुकान के अंदर थे। सूचना मिलने पर पुलिस तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि मलबे से दो शव बरामद किए गए हैं, जबकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।
MAR 09, 2025 16:30 IST

ओडिशा के पूर्व मंत्री अनंत दास का निधन

ओडिशा के पूर्व मंत्री अनंत दास का रविवार तड़के 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह काफी समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पूर्व मंत्री के परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनके बेटे विश्वजीत दास ने बताया कि पूर्व उच्च शिक्षा और उद्योग मंत्री कुछ समय से बीमार थे और भुवनेश्वर में अपने सरकारी आवास पर सुबह करीब पौने चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य नेताओं ने चार बार विधायक रहे अनंत दास के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘ओडिशा सरकार में मंत्री रहे अनंत दास के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उन्होंने ओडिशा के लोगों के लिए काम किया। उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
MAR 09, 2025 16:11 IST

विकास लगरपुरिया गिरोह का वांछित शार्पशूटर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने विकास लगरपुरिया गिरोह के वांछित शार्पशूटर अमित (32) उर्फ मिट्ठा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अमित हत्या के प्रयास मामले में वांछित था और उस पर कई गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है। वह रोशनपुरा, नजफगढ़ का निवासी है और उसे द्वारका सेक्टर-23 के पास से पकड़ा गया। पुलिस अधिकारी ने बताया, " अमित के पास से 0.32 बोर की देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए।"
MAR 09, 2025 15:24 IST

दिल्ली में सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, 11 लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गोविंदपुरी में एक सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ कर इसके सरगना समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सरगना की पहचान अशोक कुमार उर्फ ​​काले (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि काले अपने बेटे संजू और भतीजे रोहित गुलाटी की मदद से गोविंदपुरी में दो स्थानों से गिरोह चलाता था। इसने कहा कि यह गिरोह खेलों के लिए दांव लगवाता था।
MAR 09, 2025 14:14 IST

प्रधानमंत्री ने 58वां बाघ अभयारण्य बनने की सराहना की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाघ अभयारण्यों की सूची में 58वां अभयारण्य शामिल करने की रविवार को सराहना करते हुए कहा कि यह ‘‘वन्यजीव प्रेमियों के लिए अद्भुत खबर’’ है। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को कहा था कि उन्हें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि देश में 58वां बाघ अभयारण्य बन गया है और नवीनतम अभयारण्य मध्य प्रदेश का माधव बाघ अभयारण्य है। यादव के पोस्ट को टैग करते हुए मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘वन्यजीव प्रेमियों के लिए अद्भुत खबर! भारत में वन्यजीव विविधता और वन्यजीवों को सम्मान देने वाली संस्कृति है।” प्रधानमंत्री ने कहा, “हम हमेशा जानवरों की सुरक्षा और एक जीवंत ग्रह के लिए योगदान देने में सबसे आगे रहेंगे।”
MAR 09, 2025 14:13 IST

यूपी के संभल में तेज आवाज में अजान होने पर मुकदमा दर्ज

संभल के चंदौसी क्षेत्र में तेज आवाज में अजान होने पर पुलिस ने मस्जिद के इमाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लाउड स्पीकर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि शनिवार को चंदौसी नगर के पंजाबीयान मोहल्ले की एक मस्जिद में मानक से अधिक ऊंची आवाज में लाउड स्पीकर से अजान दिए जाने की शिकायत मिली थी जिस पर मस्जिद के इमाम हाफिज शकील शम्सी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और ध्वनि प्रदूषण (विनियमन व नियंत्रण) नियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उसने बताया कि पुलिस ने लाउड स्पीकर को जब्त कर लिया है। विधिक कार्रवाई जारी है।
MAR 09, 2025 12:54 IST

लुधियाना फैक्टरी हादसा: बचाव अभियान जारी

पंजाब के लुधियाना में एक फैक्टरी की इमारत ढहने के एक दिन बाद अधिकारी रविवार को यह पता लगाने के लिए बचाव अभियान चला रहे हैं कि कहीं मलबे में कोई फंसा तो नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार देर शाम यहां ‘फोकल प्वाइंट’ क्षेत्र में एक कपड़ा फैक्टरी की इमारत गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मलबे में फंसे छह श्रमिकों को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने बाहर निकाला, जिनमें से एक मृत मिला और तीन गंभीर रूप से घायल थे। इस संबंध में एक प्रत्यक्षदर्शी ने पूर्व में कहा था कि इमारत गिरने से पहले एक जोरदार आवाज सुनी गई थी। सूत्रों ने बताया कि फैक्टरी में मरम्मत का काम किया जा रहा था कि तभी एक खंभा गिर गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीम और पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा फैक्टरी विभाग और नगर निगम की अन्य टीम बचाव अभियान चला रही हैं।
MAR 09, 2025 12:08 IST

भारत ने कैलिफोर्निया में मंदिर को अपवित्र करने संबंधी घटना की निंदा की

भारत ने कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर को अपवित्र करने की घटना की रविवार को कड़ी निंदा की और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ ‘‘कड़ी कार्रवाई’’ की मांग की। भारत ने घटना के मद्देनजर पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार ने कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर को अपवित्र करने संबंधी घटना की खबर देखी है और “हम इस तरह के घृणित कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।’’ उन्होंने कहा, “हम स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों से इन कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं।” जायसवाल घटना पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) ने शनिवार को कहा कि चीनो हिल्स में श्री स्वामीनारायण मंदिर को अपवित्र को किया गया। ‘बीएपीएस पब्लिक अफेयर्स’ ने पोस्ट किया कि एक और मंदिर को अपवित्र किया गया तथा इस बार कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स स्थित मंदिर में ऐसी घटना को अंजाम दिया गया है। इसने कहा, “हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ दृढ़ता से खड़ा है। चीनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया के लोगों के साथ मिलकर हम कभी भी नफरत को जड़ नहीं जमाने देंगे।”
MAR 09, 2025 12:07 IST

सरकार ने मसूर दाल के आयात पर 10 प्रतिशत का शुल्क लगाया

सरकार ने मसूर दाल पर 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। इसके अलावा घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के लिए पीली मटर के शुल्क-मुक्त आयात को तीन महीने यानी इस साल 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। इस बारे में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के जरिये सरकार ने आठ मार्च से दालों पर पांच प्रतिशत मूल सीमा शुल्क और पांच प्रतिशत कृषि अवसंरचना और विकास उपकर (एआईडीसी) लगाया है। अभी तक दालों के आयात को शुल्क-मुक्त रखा गया था। सरकार ने शुरुआत में दिसंबर, 2023 में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी थी और बाद में इसे 28 फरवरी तक तीन बार बढ़ाया था। अनुमान के मुताबिक, 2024 के दौरान कुल 67 लाख टन दालों का आयात हुआ। इसमें पीली मटर का हिस्सा 30 लाख टन रहा।
MAR 09, 2025 11:21 IST

भारत के साथ व्यापार संबंधों को और मजबूत करना चाहता है इटली

इटली के कृषि मंत्री फ्रांसेस्को लोलोब्रिगिडा ने भारत के साथ पारस्परिक व्यापार संबंधों को मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने दोनों देशों की सरकारों के बीच मजबूत संबंधों का हवाला देते हुए कहा है कि पारस्परिक व्यापार संबंधों को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने शनिवार से शुरू हुए दो दिन की व्यापार संवर्द्धन प्रदर्शनी भारत रोड शो ‘विनइटली’ की पृष्ठभूमि में यह टिप्पणी की है। ‘विनइटली’ का जिक्र करते हुए इटली के कृषि मंत्री ने कहा कि यह एक ऐसा मंच है जहां ‘सर्वश्रेष्ठ इतालवी वाइन और अन्य कंपनियां प्रतिनिधित्व करती हैं, मिलती हैं, चर्चा करती हैं।’ उन्होंने कहा कि यह हर दृष्टिकोण से इस उद्योग के विकास से संबंधित विषयों को गहराई से समझने का अवसर देता है। इटली के कृषि मंत्री ने वीडियो संदेश में दोनों देशों के मजबूत संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पारस्परिक निर्यात के जरिये इसे और मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ अपने दोस्ताना संबंधों को और मजबूत नहीं करना चाहते हैं, बल्कि पारस्परिक व्यापार संबंधों को भी मजबूत करना चाहते हैं।
MAR 09, 2025 11:19 IST

मुठभेड़ में मारा गया एक लाख रुपये का इनामी बदमाश

मथुरा में रविवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश मारा गया जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने एक बयान में बताया कि मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडे के नेतृत्व में हाईवे थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी अपराधी फाती उर्फ असद घायल हो गया। उन्होंने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर का निवासी फाती कुख्यात अंतरराज्यीय छैमार गिरोह का सरगना था जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश, राजस्थान और जम्मू कश्मीर में जघन्य अपराधों के अनेक मुकदमे दर्ज थे।
MAR 09, 2025 11:19 IST

पाकिस्तान में प्रमुख धर्मगुरु की हत्या

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में प्रमुख धर्मगुरु मुफ्ती शाह मीर की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई। ‘डॉन’ अखबार की खबर में कहा गया कि मीर को शुक्रवार को केच के तुरबत शहर में तब निशाना बनाया गया जब वह रात की नमाज के बाद एक मस्जिद से बाहर निकल रहे थे। अखबार ने पुलिस के हवाले से कहा, ‘‘मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद लोगों ने मुफ्ती शाह मीर पर गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।’’ उन्हें तुरंत तुरबत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मुफ्ती शाह मीर जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-एफ (जेयूआई-एफ) के करीबी थे। इससे पहले उन पर दो बार जानलेवा हमले किए गए थे।
MAR 09, 2025 11:18 IST

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह धूप निकली और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ ​​रहने तथा शाम के समय बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 187 रहा जो, ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
MAR 09, 2025 10:15 IST

संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं का आना जारी

महाकुंभ मेला भले ही समाप्त हो गया हो और साधु सन्यासी यहां से प्रस्थान कर गए हों, लेकिन शाम को दूधिया रोशनी में नहाए संगम क्षेत्र का मनमोहक दृश्य अब भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कई ऐसे लोग हैं जो भीड़ के कारण महाकुंभ में संगम स्नान के लिए नहीं आ सके थे, वो अब आ रहे हैं। दिल्ली की डॉक्टर दीक्षा इनमें से एक हैं। डॉक्टर दीक्षा ने बताया, “महाकुंभ में भीड़ के बारे में सुनकर हम आने की हिम्मत नहीं जुटा सके। अब यहां आए हैं और संगम में डुबकी लगाई है। बहुत अच्छा लग रहा है। एक ही कमी है कि हम नागा साधु के दर्शन नहीं कर सके।”

MAR 09, 2025 10:12 IST

अमेरिका में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़

मेरिका के कैलिफोर्निया में चिनो हिल्स स्थित बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) के मंदिर में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की। श्री स्वामीनारायण मंदिर में हुई तोड़फोड़ के बारे में ‘बीएपीएस पब्लिक अफेयर्स’ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक और मंदिर अपवित्रत किया गया। इस बार यह घटना कैलिफोर्निया में चीनो हिल्स में हुई। हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ दृढ़ता से खड़ा है। चीनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया में समुदाय एक साथ है और हम कभी नफरत को जड़ नहीं जमाने देंगे।’’
MAR 09, 2025 10:12 IST

उपराष्ट्रपति धनखड़ एम्स में भर्ती, हालत स्थिर

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद शनिवार देर रात यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
धनखड़ (73) को देर रात करीब दो बजे अस्पताल ले जाया गया। उपराष्ट्रपति को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग की देखरेख में ‘क्रिटिकल केयर यूनिट’ (सीसीयू) में भर्ती कराया गया।