LIVEआज की ताजा खबर, 8 मार्च 2025: दिल्ली की महिलाओं को हर माह मिलेगा 2500 रुपये; PM मोदी ने लखपति दीदियों से की बातचीत
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 8 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 8 मार्च (शनिवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 8 मार्च 2025: दिल्ली की महिलाओं को हर माह मिलेगा 2500 रुपये; PM मोदी ने लखपति दीदियों से की बातचीत
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 8 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये देने के लिए 'महिला समृद्धि योजना' को आज मंजूरी दे दी गई है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "आज मुझे खुशी है और मैं सीएम रेखा गुप्ता और अन्य लोगों को बधाई देता हूं कि महिला समृद्धि योजना के लिए, उन्होंने दिल्ली में इसे लागू करने के लिए 5100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।" गुजरात में आज बीजेपी और कांग्रेस का शक्तिप्रदर्शन देखने को मिल रहा है। यह काफी समय बाद है कि गुजरात में पीएम मोदी और राहुल गांधी दोनों का एक ही दिन कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री शनिवार को नवसारी पहुंचे और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात के नवसारी में ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में महिला लाभार्थियों से बातचीत की। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
हाथरस में फोन पर बात करते समय कुंए में गिरने से युवक की मौत
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के एक गांव में फोन पर बात करते-करते एक युवक 120 फुट गहरे कुंए में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव हीरापुर-वाहनपुर में फोन पर बात करते-करते ट्रैक्टर चालक राहुल (20) शुक्रवार की रात करीब 120 फुट गहरे कुंए में गिर गया। वह खेत से कोल्ड स्टोरेज तक आलू पहुंचाने के काम में लगा हुआ था। ट्रैक्टर में खराबी आने के बाद फोन पर बात कर रहा था, तभी वह पैदल चलते-चलते खेत में उतर गया और वहां स्थित कुंए में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गयी।
केरल: तनूर से लापता छात्राएं महाराष्ट्र में मिलीं
केरल के तनूर से कुछ दिनों पहले लापता हुई दो स्कूली छात्राओं के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक युवक को हिरासत में लिया है। तनूर से लापता दोनों छात्राएं बाद में महाराष्ट्र में मिली थीं।पुलिस ने बताया कि इस मामले में एडवन्ना निवासी रहीम असलम को मुंबई से शनिवार सुबह यहां पहुंचने पर हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे उससे पूछताछ करेंगे और अगर वह मामले में संलिप्त पाया गया तो उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ताजमहल में पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क किया गया
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ताजमहल और आगरा में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित अन्य स्मारकों को देखने आने वाले सभी पर्यटकों- घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश निशुल्क कर दिया गया है। पुरातत्व विभाग के आगरा क्षेत्र के प्रभारी राज कुमार पटेल ने शनिवार को कहा, " आगरा में ताजमहल सहित आठ स्मारक हैं, जो एएसआई के अधीन हैं, जिनके लिए प्रवेश टिकट की आवश्यकता होती है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी आठ स्मारकों में घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश टिकट मुक्त रखा गया है।"
शीर्ष अदालत ने दो आरोपियों को उच्च न्यायालय से मिली जमानत की रद्द
उच्चतम न्यायालय ने एक सार्वजनिक भर्ती परीक्षा की शुचिता से समझौता करने के आरोपी दो व्यक्तियों को जमानत देने के एक आदेश को रद्द करते हुए कहा कि इससे संभवतः कई अन्य लोग प्रभावित हुए हैं, जिन्होंने नौकरी पाने की उम्मीद में ईमानदारी से प्रयास किया था। न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की पीठ ने कहा कि इस तरह के कृत्य लोक प्रशासन और कार्यपालिका पर जनविश्वास में संभावित कमी के द्योतक हैं।
हजारीबाग में एनटीपीसी अधिकारी की गोली मारकर हत्या
झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार को अज्ञात लोगों ने राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के एक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि एनटीपीसी की केरेडारी कोयला खदान परियोजना में उपमहाप्रबंधक (डिस्पैच) के पद पर तैनात कुमार गौरव (42) की हत्या के सिलसिले में पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे कटकमदाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत फतह मोड़ के पास बंदूकधारियों ने गौरव की कार रोकी और उन्हें गोली मार दी। अधिकारी ने कहा कि घटना के समय गौरव हजारीबाग शहर स्थित अपने आवास से कोयला खदान स्थल की ओर जा रहे थे।
नेपाल में दो बार भूकंप आया
नेपाल में शनिवार सुबह अलग-अलग क्षेत्रों में दो बार हल्की तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भूकंप से किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है। नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार, काठमांडू से करीब 300 किलोमीटर दूर बागलुंग जिले में सुबह छह बजकर 20 मिनट पर भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.1 थी और इसका केंद्र जिले का खुखानी इलाका था।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया क्या है प्लान?
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 'हमने कैबिनेट कि बैठक कि दिल्ली के बहनों से जो वादा किया था, 2500 रुपये देने की बात को मुहर लगा दी है। महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है।'
योजना को लागू करने के लिए 5100 करोड़ रुपये आवंटित
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "आज मुझे खुशी है और मैं सीएम रेखा गुप्ता और अन्य लोगों को बधाई देता हूं कि महिला समृद्धि योजना के लिए, उन्होंने दिल्ली में इसे लागू करने के लिए 5100 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।"
'महिला समृद्धि योजना' को आज दे दी गई है मंजूरी- जेपी नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये देने के लिए 'महिला समृद्धि योजना' को आज मंजूरी दे दी गई है।
झारखंड: हजारीबाग में एनटीपीसी अधिकारी की गोली मारकर हत्या
झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार को अज्ञात लोगों ने राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के एक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कुमार गौरव (42) के रूप में हुई है और वह एनटीपीसी की केरेडारी कोयला खदान परियोजना में उपमहाप्रबंधक (डिस्पैच) के पद पर तैनात थे। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि कटकमदाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत फतह चौक के पास बंदूकधारियों ने गौरव को गोली मार दी। उन्होंने कहा कि घटना के समय गौरव हजारीबाग शहर स्थित अपने आवास से कोयला खदान स्थल की ओर जा रहे थे। सिंह के अनुसार, बिहार के नालंदा निवासी एनटीपीसी अधिकारी को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
तेलंगाना सुरंग हादसा: बचाव अभियान 15वें दिन भी जारी
तेलंगाना में ‘श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी)’ सुरंग के अंदर शनिवार को बचाव अभियान तेजी से जारी रहा और वहां खोजी कुत्तों ने ऐसे दो स्थानों की पहचान की है जहां किसी व्यक्ति के फंसे होने के आसार हैं। कुत्तों द्वारा पहचाने गए स्थानों से बचाव कर्मी गाद हटाने का कार्य कर रहे हैं। सुरंग के भीतर 22 फरवरी को उस सयम से आठ लोग फंसे हुए हैं, जब इसका एक हिस्सा ढह गया था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बचाव अभियान की निगरानी कर रहे राज्य के सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी शनिवार को सुरंग स्थल का दौरा कर अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। केरल पुलिस का श्वान दस्ता भी शुक्रवार सुबह इस अभियान में शामिल हो गया। ऐसे कुत्तों को लापता लोगों और शवों का पता लगाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि केरल पुलिस में श्वान दस्ते के कुत्ते (बेल्जियम मैलिनोइस नस्ल के) 15 फुट की गहराई से भी गंध का पता लगा सकते हैं। एसएलबीसी परियोजना सुरंग में 22 फरवरी से इंजीनियर और मजदूरों समेत आठ लोग फंसे हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारतीय सेना, नौसेना तथा अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञ उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
नेपाल में दो बार भूकंप आया, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
नेपाल में शनिवार सुबह अलग-अलग क्षेत्रों में दो बार हल्की तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भूकंप से किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है। नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार, काठमांडू से करीब 300 किलोमीटर दूर बागलुंग जिले में सुबह छह बजकर 20 मिनट पर भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.1 थी और इसका केंद्र जिले का खुखानी इलाका था। इससे पहले इसने बताया कि तड़के 3.14 बजे बागलुंग से करीब 40 किलोमीटर दूर म्याग्दी जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए। केंद्र ने कहा कि रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता चार मापी गई इसका केंद्र म्याग्दी जिले का मुरी इलाका था।
अमेरिका के साथ टैरिफ मामले पर संसद को विश्वास में लें प्रधानमंत्री: कांग्रेस
कांग्रेस ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयान को लेकर शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 10 मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे चरण में "टैरिफ" (शुल्क) के विषय पर संसद को विश्वास में लेना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि भारत अपने शुल्कों में ''काफी कटौती'' करने पर सहमत हो गया है। उन्होंने अपना यह दावा दोहराया कि भारत अमेरिका पर भारी शुल्क लगाता है जिससे वहां उत्पाद बेचना मुश्किल हो जाता है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने उनके इस बयान का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता के लिए वाशिंगटन डीसी में हैं। इसी बीच, राष्ट्रपति ट्रंप यह बयान देते हैं। भारत ने आखिर क्या सहमति दी है? क्या भारतीय किसानों और विनिर्माण क्षेत्र के हितों से समझौता किया जा रहा है?" उन्होंने कहा, ‘‘जब संसद का सत्र 10 मार्च को फिर से शुरू होगा, तब प्रधानमंत्री को इस संबंध में संसद को विश्वास में लेना चाहिए।’’
पीएम मोदी ने ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में महिला लाभार्थियों से बातचीत की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात के नवसारी में ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में महिला लाभार्थियों से बातचीत की।
कनाडा के पब में गोलीबारी में 12 लोग घायल: पुलिस
कनाडा में पूर्वी टोरंटो के एक पब में गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि स्कारबोरो टाउन सेंटर मॉल के निकट शुक्रवार रात हुई गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि एक संदिग्ध अब भी फरार है। घटना के बारे में अभी विस्तृत विवरण उपलब्ध नहीं हैं।
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के सात सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में चार प्रतिबंधित संगठनों के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के दो सदस्यों को शुक्रवार को इम्फाल पश्चिम जिले के लमफेल इलाके से पकड़ा गया, जबकि इसी संगठन के एक अन्य सदस्य को बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान मोइरंगथेम जीवन सिंह (27), लैशराम टिकेन सिंह (40) और थौदम प्रेमकुमार सिंह (38) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लमफेल से गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 50,000 रुपये भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित कांगलेई यावोल कानबा लुप (केवाईकेएल) संगठन के दो सदस्यों को बृहस्पतिवार को तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमा सीमा पर स्थित लोकचाओ नदी के पास से पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों की पहचान केशम नाओचा उर्फ निंगसिंगबा (38) और निंगथौजम संजय (18) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इन लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (ताइबंगनबा) गुट के 24 वर्षीय सदस्य मयांगलाम्बम बोरिश सिंह को भी शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने एक अन्य प्रतिबंधित संगठन के एक सदस्य को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान निंगथौजम धनंजय के रूप में हुई।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने 114 हथियार बरामद किए
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने व्यापक अभियान चलाकर 114 हथियार, परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (आईईडी), ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद किए हैं। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई। यह अभियान दो सप्ताह की उस अवधि के समाप्त होने के बाद चलाया गया जिसमें लोगों को लूटे और अवैध रूप से रखे गए हथियारों को स्वेच्छा से जमा करने का मौका दिया गया था। बयान में कहा गया कि सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों बिष्णुपुर, सेनापति, थौबल, जिरीबाम, चंदेल, चुराचांदपुर, कांगपोकपी, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम में अभियान चलाये। अभियान के दौरान कुल 114 हथियार, आईईडी, ग्रेनेड, गोला-बारूद बरामद किए गये। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दो सप्ताह की समय-सीमा के दौरान लोगों ने एक हजार से अधिक हथियार और गोला-बारूद स्वेच्छा से सुरक्षा बलों को सौंपे थे। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने 20 फरवरी को हिंसा में शामिल समूहों से आग्रह किया था कि वे सुरक्षा बलों से लूटे गए और अवैध रूप से रखे गए हथियारों को सात दिन के भीतर स्वेच्छा से सौंप दें। लोगों की मांग पर इस समय-सीमा को बढ़ाकर छह मार्च शाम चार बजे तक कर दिया गया था। प्रशासन ने यह आश्वासन दिया था कि इस अवधि में हथियार सौंपने वाले लोगों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
फ्रांस ने सेनेगल को सौंपना शुरू किए सैन्य अड्डे
फ्रांस ने शुक्रवार को दो सैन्य अड्डों का नियंत्रण सेनेगल को सौंप दिया और इसी के साथ उसने इस पश्चिम अफ्रीकी देश से अपनी सैन्य मौजूदगी को औपचारिक रूप से समाप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की। सैन्य अड्डों का नियंत्रण सेनेगल को सौंपने का कदम तब उठाया गया जब सेनेगल के राष्ट्रपति बासिरू दिओमाये फेय ने घोषणा की कि उनके देश में मौजूद सभी विदेशी सैनिक वापस जाएंगे। सेनेगल में फ्रांसीसी दूतावास ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ‘‘फ्रांसीसी पक्ष ने शुक्रवार सात मार्च 2025 को मार्चल और सेंट-एक्सुपेरी जिलों में सैन्य अड्डे और आवास सेनेगल पक्ष को सौंप दिए।’’ फ्रांस ने वापसी की प्रक्रिया के लिए पिछले महीने सेनेगल के साथ एक संयुक्त आयोग का गठन किया था। फ्रांसीसी सेना ने हाल ही में घोषणा की थी कि उसने डकार स्थित सैन्य ठिकानों पर काम करने वाले 162 सेनेगलवासियों को बर्खास्त कर दिया है। सेनेगल की नयी सरकार ने फ्रांसीसी सैनिकों की उपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाया है।
पीएम मोदी गुजरात के नवसारी जिले में लखपति दीदियों से करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात के नवसारी जिले के वानसी बोरसी गांव में लखपति दीदियों से संवाद करेंगे। वह 5 को लखपति दीदी प्रमाण पत्र से सम्मानित भी करेंगे। प्रधानमंत्री गुजरात सरकार के जी-सफल (आजीविका बढ़ाने के लिए अंत्योदय परिवारों के लिए गुजरात योजना) और जी-मैत्री (ग्रामीण आय में परिवर्तन के लिए व्यक्तियों की गुजरात मेंटरशिप और त्वरण) कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। जी-मैत्री योजना उन स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता और सहयोग प्रदान करेगी जो ग्रामीण आजीविका के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए काम कर रहे हैं। जी-सफल गुजरात के दो आकांक्षी जिलों और 13 आकांक्षी ब्लॉकों में अंत्योदय परिवारों की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को वित्तीय सहायता और उद्यमशीलता प्रशिक्षण प्रदान करेगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को गुजरात के नवसारी जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूर्णतः महिला पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यह ऐतिहासिक कदम भारत के इतिहास में पहली बार उठाया जा रहा है, जब किसी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख केवल महिला पुलिसकर्मी करेंगी। गुजरात सरकार के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह विशेष पहल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह फैसला महिला सुरक्षा और उनके सामाजिक योगदान को मान्यता देने के लिए उठाया गया है। वहीं पीएम मोदी ने नारी शक्ति को नमन करते हुए देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हम महिला दिवस पर अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं। हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है, जो हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, जैसा कि वादा किया गया था, मेरी सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज उन महिलाओं द्वारा संभाली जाएंगी जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।"
महिला दिवस: प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘नारी शक्ति' को सलाम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी शक्ति’ को बधाई दी और विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी दोहराया कि अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाएं एक दिन के लिए उनका सोशल मीडिया अकाउंट संभालेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम महिला दिवस पर अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है और यह हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, जैसा कि वादा किया गया था मेरा सोशल मीडिया अकाउंट उन महिलाओं द्वारा संभाला जाएगा जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।’’ ऐसा पहली बार नहीं है जब विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिलाएं प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट को संभालेंगी। इससे पहले 2020 में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट को सात महिलाओं ने संभाला था।