LIVE

Aaj Ki Taza Khabar, 7 सितंबर 2023: अगर बराक घाटी के लोग चाहेंगे तो अलग ‘बराक लैंड' का विरोध नहीं करेंगे- बोले CM हिमंत

आलोक कुमार रावUpdated Sep 7, 2023, 23:55 IST

Aaj Ki Taza Khabar 7th September 2023
Aaj Ki Taza Khabar, 7 सितंबर 2023: अगर बराक घाटी के लोग चाहेंगे तो अलग ‘बराक लैंड' का विरोध नहीं करेंगे- बोले CM हिमंत

Aaj Ki Taza Khabar, 7 सितंबर 2023:असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि (बराक)घाटी के लोग चाहते हैं तो उनकी सरकार अलग ‘बराक लैंड’ के प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए तैयार है। शर्मा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘यदि बराक घाटी के लोग अलग ‘बराक लैंड’ चाहते हैं तो हम विरोध नहीं करेंगे। हमें इसका विरोध क्यों करना चाहिए? यह बराक घाटी में लिया जाने वाला निर्णय है। हम कुछ नहीं कह सकते। मैं एक मुख्यमंत्री के तौर पर एक साथ रहना चाहता हूं। यदि कोई अलग रहना चाहता है तो पहले उसे घाटी के लोगों से सहमति लेनी होगी।’’ उन्होंने कहा कि यदि घाटी के लोग सामूहिक रूप से अलग ‘बराक लैंड’ की मांग करते हैं, तो सरकार इस मामले पर चर्चा करेगी। शर्मा ने कहा, ‘‘यदि बराक घाटी के लोग अलग होना चाहते हैं तो हम बीच में नहीं आएंगे। यह हमारा काम नहीं है।’’

SEPT 07, 2023 23:54 IST

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में इंदौर शीर्ष पर, आगरा-ठाणे को दूसरा और तीसरा स्थान

सरकार के ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण’ में इंदौर शीर्ष पर रहा जबकि आगरा को दूसरा और ठाणे को तीसरा स्थान मिला। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह सर्वेक्षण केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने किया। सीपीसीबी ने ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण’ के तहत शहरों की श्रेणी संबंधित शहर की कार्ययोजना के तहत मंजूर की गई गतिविधियों के कार्यान्वयन के आधार पर तय की। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत 131 शहरों की वायु गुणवत्ता को शामिल किया गया है। दस लाख से अधिक जनसंख्या की श्रेणी में मध्य प्रदेश के इंदौर ने पहला स्थान हासिल किया, इसके बाद आगरा (उत्तर प्रदेश) दूसरे तो ठाणे (महाराष्ट्र) तीसरे स्थान पर रहा।
SEPT 07, 2023 23:52 IST

मथुरा में जन्माष्टमी की धूम, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु

जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार आधी रात को होने वाले भगवान श्रीकृष्ण के अभिषेक समारोह की तैयारी शुरू हो गई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से धार्मिक उत्साह बढ़ गया है।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर बृहस्पतिवार को ब्रज में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। मथुरा-वृन्दावन की सड़कों पर चारो ओर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है। चरणामृत की तैयारी के लिए उपयोग की जाने वाली सामग्री को अभिषेक समारोह स्थल भागवत भवन मंदिर में लाया जा रहा है। यह अभिषेक समारोह श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के प्रमुख नृत्य गोपाल दास के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा। मंदिर के अधिकारियों ने कहा कि भागवत भवन मंदिर के मुख्य देवता के पास चंद्रयान-3 के साथ ही आदित्य एल1 का एक कटआउट रखा गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया, ‘‘ईश्वर से प्रार्थना है कि वे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को सूर्य मिशन को सफल बनायें।’’
SEPT 07, 2023 23:52 IST

राहुल गांधी ने ब्रसेल्स में यूरोपीय संसद सदस्यों के साथ बातचीत की

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने यूरोप के तीन देशों के अपने दौरे की शुरुआत करते हुए बृहस्पतिवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संसद के कुछ सदस्यों के साथ बंद कमरे में बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में उनकी बैठक में जिन विषयों पर चर्चा की गई, उनमें मणिपुर में मानवाधिकार की स्थिति का मुद्दा भी शामिल है। इससे पहले जुलाई में यूरोपीय संघ ने एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसका शीर्षक “इंडिया, द सिच्युएशन इन मणिपुर” था। ब्रसेल्स में हुई चर्चा संसद के आधिकारिक दैनिक एजेंडे में शामिल नहीं थी। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने कहा कि चर्चा सफल रही। कांग्रेस ने बैठक की पुष्टि करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “श्री राहुल गांधी ने यूरोपीय संसद के सदस्यों के साथ गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लिया। सांसद अलविना अलमेत्सा और सांसद पियरे लारौतुरौ ने इसकी मेजबानी की।”
SEPT 07, 2023 14:43 IST

'नाम बदलने का अनुरोध प्राप्त होने पर ही किया जाता है विचार'

जी-20 के रात्रिभोज निमंत्रण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ की जगह 'प्रेसिडेंट ऑफ भारत' कहे जाने संबंधी विवाद के बीच संयुक्त राष्ट्र के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि वैश्विक निकाय नाम बदलने के लिए अनुरोध प्राप्त होने के बाद ही देशों की इस तरह की मांग पर विचार करता है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतारेस के उप-प्रवक्ता फरहान हक ने बुधवार को पिछले साल तुर्की द्वारा अपना नाम बदलकर तुर्किये किए जाने का हवाला दिया।
SEPT 07, 2023 14:22 IST

आज की ताजा खबर 7 सितंबर 2023 LIVE: उपराज्यपाल ने G20 की तैयारियों का जायजा लिया

दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने जी20 शिखर सम्मेलन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को राजघाट और प्रगति मैदान का दौरा किया। जी20 शिखर सम्मेलन नौ से 10 सितंबर तक प्रगति मैदान के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र 'भारत मंडपम' में आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, राजघाट का निरीक्षण करते हुए उपराज्यपाल ने साफ-सफाई और उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उनके साथ मुख्य सचिव नरेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
SEPT 07, 2023 13:48 IST

उत्तर प्रदेश : हादसे में 2 युवकों की मौत

प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गयी तथा एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि रानीगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बुधवार देर रात गोलिया गांव के निकट तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने नितिन (22) और अश्वनी (23) को मृत घोषित कर दिया।
SEPT 07, 2023 13:12 IST

दिल्ली-जयपुर हाइवे होगा बंद

गुरुवार रात 12 बजे से 10 सितंबर रात 12 बजे तक दिल्ली-जयपुर हाइवे से दिल्ली में सभी वाहनों की एंट्री होगी बंद। सरहौल बॉर्डर से किसी भी वाहन का दिल्ली में नही होगा प्रवेश। केवल फायर ब्रिगेड , एम्बुलेंस और G-20 डेलीगेट्स का होगा प्रवेश। गुरुग्राम के इफको चौक से ही दिल्ली जाने वाला ट्रैफिक किया जाएगा डायवर्ट। एसेंशियल वाहनों के लिए इफको चौक से महरौली रोड और ओल्ड दिल्ली कापसहेड़ा रोड की तरफ किया जाएगा डायवर्ट। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी अपनाना होगा ओल्ड दिल्ली कापसहेड़ा बॉर्डर वाला रास्ता।
SEPT 07, 2023 12:57 IST

विशेष सत्र पर टीएस सिंह देव ने क्या कहा

SEPT 07, 2023 12:35 IST

आज की ताजा खबर 7 सितंबर 2023 LIVE: महाराष्ट्र : सिर में भाला घुसने से किशोर की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित एक विद्यालय में अभ्यास सत्र के दौरान 15 वर्षीय छात्र की सिर में भाला घुसने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यास सत्र के दौरान अन्य छात्र द्वारा फेंका गया भाला लड़के के सिर में घुस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हुजेफा दावरे अपने जूते के फीते बांधने के लिए झुका था और उसे यह अंदाजा नहीं था कि नुकीली चीज उसकी ओर आ रही है। दिल दहला देने वाला यह मामला बुधवार दोपहर जिले के मनगांव तालुका के गोरेगांव स्थित पुरार में आईएनटी इंग्लिश स्कूल का है, जहां बच्चे विद्यालय के मैदान में भाला फेंकने का अभ्यास कर रहे थे।
SEPT 07, 2023 11:04 IST

आज की ताजा खबर 7 सितंबर 2023 LIVE: कल शाम दिल्ली पहुंचेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन जी20 मे हिस्सा लेने के लिए कल यानी 8 सितम्बर की शाम दिल्ली पहुंचेंगे। पहले उन्हें गुरुवार शाम दिल्ली आना था लेकिन उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव हो गईं जिसकी वजह से बिडेन के कार्यक्रम में बदलाव हुआ वह अब शुक्रवार शाम दिल्ली पहुंचेंगे।
SEPT 07, 2023 10:43 IST

दिल्ली में पारा 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना

दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि औसत से एक डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से यह जानकारी दी गई। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, दिन में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों में बताया गया कि सुबह नौ बजे दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 88 रहा, जो कि संतोषजनक श्रेणी में आता है। आईएमडी बुलेटिन में कहा गया कि सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्षिक आर्द्रता 72 प्रतिशत रही।
SEPT 07, 2023 09:49 IST

आज की ताजा खबर 7 सितंबर 2023 LIVE: पटना में छात्रावास के बाहर पथराव-फायरिंग

पटना में अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है। उनका हौसला काफी बढ़ा हुआ है। पटना में गत 5 सितंबर की देर रात SK पूरी इलाके में एक छात्रावास पर अपराधियों द्वारा जमकर पथराव और फायरिंग की गई। पथराव एवं गोलीबारी की यह पूरी घटना CCTV में दर्ज हुई है। सामने आया वीडियो में 10 से 12 की संख्या में युवकों को छात्रावास के बाहर हंगामा करते देखा जा सकता है।
SEPT 07, 2023 08:53 IST

भारत की ‘एक्ट ईस्ट’नीति का केंद्रीय स्तंभ है आसियान -PM

भारत-आशियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने जकार्ता पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत हुआ है। स्वागत से उत्साहित पीएम मोदी ने भी इंडोनेशिया और आसियान के साथ भारत के मजबूत रिश्ते का जिक्र किया। गुरुवार को शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि हमारा इतिहास और भूगोल भारत और आसियान देशों को एक सूत्र में बांधता है।
SEPT 07, 2023 07:44 IST

आज की ताजा खबर 7 सितंबर 2023 LIVE: इंडोनेशिया में पीएम का भव्य स्वागत

गुरुवार सुबह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय ने भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों का अभिवादन किया। वे 'वंदे मातरम' और 'मोदी-मोदी' के नारों के बीच जकार्ता के रिट्ज कार्लटन होटल में उनके स्वागत के लिए एकत्र हुए थे। प्रवासी भारतीयों ने तिरंगा लहराकर और 'मोदी-मोदी' और 'वंदे मातरम', 'हमारा नेता कैसा हो, नरेंद्र मोदीजी जैसा हो...' और 'हर हर मोदी, हर घर मोदी' के नारे लगाकर अपना उत्साह प्रदर्शित किया।
SEPT 07, 2023 07:24 IST

जी-20 के घोषणापत्र पर अमेरिका को संदेह

जी-20 सम्मेलन पर यूक्रेन युद्ध का साया किसी न किसी रूप में रहने वाला है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत न आने के पीछे एक वजह यह भी बताई जा रही है। अब अमेरिका ने भी जी-20 समिट के घोषणापत्र और इस पर दोनों देशों के रुख को लेकर आशंका जताई है। अमेरिका ने बुधवार को कहा कि आगामी जी-20 समिट से संयुक्त घोषणापत्र की संभावना पर उसे थोड़ा संदेह है।
SEPT 07, 2023 06:32 IST

राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे: अजय राय

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को दावा किया कि अमेठी से मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी की अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में इस सीट पर जमानत जब्त हो जाएगी और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
SEPT 07, 2023 06:32 IST

आज की ताजा खबर 7 सितंबर 2023 LIVE:‘एयरफील्ड' का निर्माण करेगा बीआरओ

पूर्वी लद्दाख के सामरिक रूप से महत्वपूर्ण न्योमा बेल्ट में 218 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक ‘एयरफील्ड’ का निर्माण करेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 सितंबर को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इस ‘एयरफील्ड’ की आधारशिला रखेंगे। ‘न्योमा एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड’ का उपयोग 2020 से चीन से जारी गतिरोध के दौरान सैनिकों और सामग्री के परिवहन के लिए किया गया है और वहां चिनूक हेवी-लिफ्ट हेलिकॉप्टर और सी-130जे विशेष विमान का संचालन हुआ है।
SEPT 07, 2023 06:32 IST

आज की ताजा खबर 7 सितंबर 2023 LIVE: अलग-थलग पड़े रूस और चीन

यूरोपीय संघ (ईयू) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन संकट ईयू की एक प्राथमिकता है और रूस व चीन इस मुद्दे पर काफी “अलग-थलग” पड़ गए हैं। भारत जी20 नेताओं के संयुक्त बयान में इस संकट के जिक्र को लेकर आम सहमति बनाने की कोशिश कर रहा है।
SEPT 07, 2023 06:31 IST

बाइडेन की भारत यात्रा में नहीं होगा कोई बदलाव

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को एक बार फिर कोविड-19 जांच में संक्रमित नहीं पाए गए, लिहाजा इस सप्ताह होने वाली उनकी भारत और वियतनाम यात्रा में कोई बदलाव नहीं होगा। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी। भारत की राजधानी दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को जी20 शिखर सम्मेलन होने वाला है। बाइडन (80) सम्मेलन में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली रवाना होंगे। शुक्रवार को राष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और शनिवार व रविवार को वह जी20 शिखर सम्मेलन के आधिकारिक सत्रों में भाग लेंगे।
SEPT 07, 2023 06:31 IST

लुधियाना से गाजियाबाद के बीच उड़ान की शुरू

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को लुधियाना से गाजियाबाद के हिंडन के लिए एक उड़ान शुरू की। इसके साथ ही दो साल से अधिक के अंतराल के बाद यहां हवाई अड्डे से उड़ानें फिर से शुरू हो गईं। मान ने कहा कि पहले तीन महीने में टिकट के दाम 999 रुपये होंगे, जिससे लुधियाना से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक एक तरफ की हवाई यात्रा बस यात्रा की तुलना में सस्ती हो जाएगी।