LIVE

आज की ताजा खबर, 6 मई 2025 : यमन में घुसा इजराइल, पहलगाम के बाद खौफ में पाकिस्तान; बिजनौर में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की टक्कर

शिशुपाल कुमारUpdated May 7, 2025, 10:47 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 6 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 6 मई (मंगलवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 6 मई 2025 : यमन में घुसा इजराइल, पहलगाम के बाद खौफ में पाकिस्तान; बिजनौर में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की टक्कर
आज की ताजा खबर, 6 मई 2025 : यमन में घुसा इजराइल, पहलगाम के बाद खौफ में पाकिस्तान; बिजनौर में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की टक्कर

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 6 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: इजराइल की सेना ने यमन में लाल सागर के किनारे स्थित होदेदा शहर में हूती विद्रोहियों के खिलाफ हवाई हमले किए। यह हमला ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा इजराइल के मुख्य हवाई अड्डे पर मिसाइल दागे जाने के एक दिन बाद किया गया। हूती विद्रोहियों के मीडिया कार्यालय ने कहा कि अमेरिका और इजराइल ने सोमवार दोपहर कम से कम छह हमले किए, जो महत्वपूर्ण होदेदा बंदरगाह को निशाना बनाकर किए गए। विद्रोहियों ने कहा कि अन्य हमलों में होदेदा प्रांत के बाजिल जिले में एक सीमेंट फैक्टरी को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोमवार को चेतावनी दी कि भारत कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास किसी भी समय सैन्य हमला कर सकता है। आसिफ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों परमाणु हथियार संपन्न देशों के बीच तनाव चरम पर है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नूरपुर-मुरादाबाद मार्ग पर सोमवार देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की टक्कर में एक युवती तथा एक बच्ची की मौत हो गयी जबकि 17 अन्य लोग घायल हो गये जिनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

MAY 06, 2025 17:47 IST

ओडिशा में 7 मई से 1 हफ्ते तक होगी मॉक ड्रिल

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, गृह मंत्रालय ने ओडिशा समेत सभी राज्यों को 7 मई को पूर्ण पैमाने पर नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 06, 2025 16:59 IST

रांची में शादी समारोह में फायरिंग में युवती की मौत, आरोपी फरार

रांची के मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रांबे में एक शादी समारोह में गोली लगने से जख्मी 21 वर्षीय अनिता खलखो की मंगलवार को रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। दीपक नामक जिस युवक ने गोली चलाई थी, वह अनिता का पूर्व परिचित था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसने अनिता को इरादतन गोली मारी या फिर उसने शादी के दौरान हर्ष फायरिंग की। आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। बताया गया कि अनिता रांची जिले के चान्हो की रहने वाली थी। वह अपनी बहन और जीजा के ब्रांबे स्थित घर में शादी समारोह में भाग लेने के लिए आई हुई थी। सोमवार की देर रात शादी समारोह में दीपक नामक युवक द्वारा की गई फायरिंग में वह बुरी तरह जख्मी हो गई। गोली उसके सिर में लगी थी।
MAY 06, 2025 16:21 IST

पहलगाम पर सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया मनमानी कार्रवाई जैसी : महबूबा मुफ्ती

ल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखकर कहा कि पहलगाम हमले पर सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया ‘‘मनमानी कार्रवाई’’ प्रतीत होती है। उन्होंने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिए जाने या कड़े सार्वजनिक सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किए जाने की ओर इशारा किया। आगामी दिनों में अमरनाथ यात्रा शुरू होने का जिक्र करते हुए महबूबा ने गिरफ्तारी और दंडात्मक उपायों की नीति को समाप्त करने तथा निर्दोष लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सिन्हा से हस्तक्षेप करने का भी आग्रह किया।
MAY 06, 2025 15:24 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने दोबारा निर्वाचित होने पर एंथनी अल्बनीज को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आस्ट्रेलिया के अपने समकक्ष एंथनी अल्बनीज को दोबारा प्रधानमंत्री चुने जाने पर मंगलवार को बधाई दी। दोनों देशों के नेताओं ने भारत और आस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए नयी ऊर्जा के साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अपने मित्र एंथनी अल्बनीज से बात की और उन्हें उनकी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। हमने भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने एवं सहयोग के नये क्षेत्रों की तलाश करने के लिए नयी ऊर्जा के साथ मिलकर काम करने पर सहमत जताई। अल्बनीज ऑस्ट्रेलिया के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो 21 साल में लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं।
MAY 06, 2025 14:26 IST

अदाणी पावर लिमिटेड से बिजली खरीदेगी उत्तर प्रदेश सरकार

उत्तर प्रदेश सरकार वर्ष 2034 तक राज्य की बिजली संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिये अदाणी पावर लिमिटेड से 1,500 मेगावाट बिजली खरीदेगी। राज्य मंत्रिमण्डल ने मंगलवार को इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिये गये इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने मंगलवार को प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से 2 गुणा 800 मेगावाट (1,600 मेगावाट) ताप बिजली परियोजना से 1,500 मेगावाट बिजली खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
MAY 06, 2025 14:26 IST

सीयूईटी-यूजी स्थगित होने की संभावना

विश्वविद्यालय सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी)-स्नातक (यूजी) की आठ मई को होने वाली परीक्षा के स्थगित होने की संभावना है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नयी तारीखों की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है। परीक्षा बृहस्पतिवार को शुरू होने वाली थी, लेकिन एजेंसी ने अब तक विषयवार ‘डेटशीट’ की घोषणा नहीं की है।
MAY 06, 2025 14:25 IST

कर्नाटक में ट्रक-कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत

कर्नाटक के हुबली में मंगलवार सुबह एक ट्रक और कार की टक्कर में तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना हुबली जिला मुख्यालय के बाहरी इलाके में इंगालाहल्ली चौराहे के पास हुई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति शिवमोगा जिले के सागर के रहने वाले थे।
MAY 06, 2025 13:52 IST

गुजरात: वक्फ 'धोखाधड़ी' मामले में ईडी ने मामला दर्ज किया

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को गुजरात में कुछ वक्फ संपत्तियों से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में नौ ठिकानों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। ईडी ने इस संबंध में धनशोधन का मामला दर्ज किया है।
MAY 06, 2025 13:52 IST

खरगे का प्रधानमंत्री को पत्र

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वह जातिगत जनगणना के विषय पर सभी राजनीतिक दलों से जल्द बातचीत करें और इस मामले में "तेलंगाना मॉडल" का उपयोग किया जाए। खरगे ने यह भी कहा कि राज्यों द्वारा पारित आरक्षण को तमिलनाडु की तर्ज पर संविधान की नौंवी अनुसूची में डाला जाए, आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा को खत्म किया जाए और निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की व्यवस्था लागू हो। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने खरगे का पांच मई की तिथि वाला यह पत्र अपने ‘एक्स’ हैंडल पर साझा किया।
MAY 06, 2025 13:36 IST

बीजापुर में नक्सल रोधी अभियान में एक महिला नक्सली का शव बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पिछले दो सप्ताह से जारी नक्सल रोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने सोमवार को हुई एक मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया। इस अभियान के दौरान अब तक चार महिला नक्सलियों के शव बरामद किये गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों और छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा स्थित पहाड़ियों में 21 अप्रैल को 'मिशन संकल्प' नामक अभियान शुरू किया गया था, जिसमें लगभग 24 हजार जवान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सोमवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया।
MAY 06, 2025 12:59 IST

उत्तर प्रदेश: विवाह समारोह में गयी बच्ची से दुष्कर्म

शाहजहांपुर जिले में एक विवाह समारोह में गई छह साल की एक बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मदनापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बच्ची सोमवार रात अपने ताऊ की बेटी की शादी में आई थी जिसके बाद वह लापता हो गयी।
MAY 06, 2025 12:59 IST

गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषियों की याचिका खारिज की

उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कुछ दोषियों की इस जोरदार दलील को खारिज कर दिया कि दो न्यायाधीशों की पीठ दोषसिद्धि के खिलाफ उनकी अपील पर सुनवाई नहीं कर सकती क्योंकि यह मामला 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड में 11 अभियुक्तों को मृत्युदंड दिए जाने से संबंधित है। दो दोषियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े ने न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की पीठ को बताया कि लाल किला आतंकवादी हमला मामले में यह माना गया है कि मौत की सजा देने से संबंधित मामलों की सुनवाई तीन न्यायाधीशों की पीठ को करनी चाहिए। लाल किला आतंकवादी हमला मामले में मोहम्मद आरिफ उर्फ ​​अशफाक को मौत की सजा सुनाई गई थी।
MAY 06, 2025 12:58 IST

नवी मुंबई में अवैध रूप से रह रहे पांच बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

नवी मुंबई के पनवेल क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में पांच बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार, नवी मुंबई पुलिस की मानव तस्करी विरोधी प्रकोष्ठ (एएचटीसी) की एक टीम ने रविवार सुबह पनवेल क्षेत्र के करंजाडे इलाके में एक ठिकाने पर छापा मारा जहां दो महिलाएं समेत छह बांग्लादेशी नागरिक रह रहे थे। प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
MAY 06, 2025 12:58 IST

झुंझुनू जिले में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

राजस्थान के झुंझुनू जिले में मंगलवार सुबह एक एसयूवी गाड़ी और एक ट्रक के बीच हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार हादसा बबाई थाना क्षेत्र में गाडराटा गांव के पास हुआ, जहां तीनों कल रात आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि उनकी एसयूवी गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई, जिसमें सक्षम (21) की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल राजेश (27) ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायल अंकित का इलाज चल रहा है।
MAY 06, 2025 12:36 IST

एअर इंडिया ने तेल अवीव के लिए उड़ानें आठ मई तक निलंबित कीं

एअर इंडिया ने सोमवार को घोषणा की कि तेल अवीव और भारत के बीच उसकी उड़ान सेवाएं आठ मई तक के निलंबित रहेंगी। एयरलाइन ने रविवार को विमान सेवाओं को छह मई तक निलंबित करने का निर्णय लिया था। तब दिल्ली से तेल अवीव जा रही उसकी एक उड़ान को तेल अवीव में हवाईअड्डे के पास मिसाइल हमले के कारण अबू धाबी की ओर मोड़ना पड़ा था। एअर इंडिया सामान्य रूप से तेल अवीव के लिए सप्ताह में पांच उड़ानें संचालित करती है।
MAY 06, 2025 12:28 IST

अमरेली जिले में नदी में नहाने गए चार युवकों की डूबने से मौत

गुजरात के अमरेली जिले में शेत्रुंजी नदी में नहाने गए चार युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अमरेली तालुका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम गवडका गांव के पास उस समय हुई जब चारों युवक नदी में नहाने के लिए उतरे थे। उन्होंने बताया कि जिला अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और देर रात तक खोज अभियान के बाद चारों शवों को बाहर निकाला गया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान नरेंद्र वाला (18), कौशिक राठौड़ (21), भार्गव राठौड़ (20) और कमलेश डाफडा (27) के रूप में हुई है।
MAY 06, 2025 12:27 IST

मॉक ड्रिल को लेकर गृह मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक शुरू

7 मई को होने वाली मॉक ड्रिल पर गृह मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक शुरू हो गई है। गृह सचिव 244 सिविल डिफेंस जिलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक ले रहे हैं। दरअसल, 7 मई को होने वाली मॉक ड्रिल को लेकर यह एक महत्वपूर्ण बैठक है, जो गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में नॉर्थ ब्लॉक में आयोजित की गई है। बैठक में राज्यों के मुख्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति से यह स्पष्ट है कि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ा यह एक राष्ट्रीय स्तर का समन्वय प्रयास है। इस बैठक का उद्देश्य 7 मई को होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारी और समन्वय को सुनिश्चित करना है। इसी के चलते एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस डीजी, डीजी फायर और एयर डिफेंस के अधिकारियों के साथ ही राज्य सरकारों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हुए हैं।
MAY 06, 2025 11:27 IST

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया

मणिपुर में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 11 लोगों को राज्य के इंफाल-ईस्ट, काकचिंग और थौबल जिलों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी गिरफ्तारियां सोमवार को की गईं। उन्होंने बताया कि इंफाल-ईस्ट जिले के मंत्रीपुखरी फ्रेंच कॉलोनी से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के चार उग्रवादियों को पकड़ा गया। पुलिस बयान के अनुसार, ये लोग ‘‘घाटी क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर हथगोला रखकर आम जनता को धमकाने में शामिल थे’’। उनके पास से दो पिस्तौल, दो मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
MAY 06, 2025 11:27 IST

एसबीएस नगर में दो आरपीजी, पांच हथगोले समेत भारी विस्फोटक बरामद

पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले से दो 'रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड' (आरपीजी) और पांच हैंड ग्रेनेड समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया, “प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और उससे जुड़े आतंकवादी संगठनों द्वारा पंजाब में स्लीपर सेल को दोबारा सक्रिय करने की साज़िश है।”
MAY 06, 2025 10:24 IST

मोटरसाइकिल और कार की जोरदार टक्कर

शाहजहांपुर जिले के मदनापुर क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल और कार की जबरदस्त टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात मदनापुर थाना क्षेत्र के बरेली-इटावा मार्ग पर काविलपुर गांव के पास कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने से टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर की वजह से कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड्ड में जा गिरी। द्विवेदी के अनुसार मोटरसाइकिल पर चार युवक सवार थे और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल की पेट्रोल की टंकी में विस्फोट के साथ आग लग गई।
Related News