LIVE

आज की ताजा खबर, 6 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: ठाणे में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; मध्य प्रदेश के शाजापुर में ट्रक से टकराई बस चालक की मौत, 18 यात्री घायल

Piyush KumarUpdated Jun 6, 2026, 21:47 IST

आज की ताजा खबर, 6 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज (6 जून) को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग उठाते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। अमेरिकी सैन्य कमान ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर बढ़ रहे ईरान के चार खतरनाक ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया। बहरीन और कुवैत पर भी यूएस ने मिसाइलें दागी हैं।

आज की ताजा खबर, 6 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: ठाणे में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; मध्य प्रदेश के शाजापुर में ट्रक से टकराई बस चालक की मौत, 18 यात्री घायल
आज की ताजा खबर, 6 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: ठाणे में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; मध्य प्रदेश के शाजापुर में ट्रक से टकराई बस चालक की मौत, 18 यात्री घायल

आज की ताजा खबर, 6 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज (6 जून) को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग उठाते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। अमेरिकी सैन्य कमान ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर बढ़ रहे ईरान के चार खतरनाक ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया।

JUN 06, 2026 21:47 IST

ठाणे में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार, 13 हिरासत में

महाराष्ट्र के ठाणे में 23-वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लंबी दूरी की एक ट्रेन से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया। पुलिस के मुताबिक, पोखरण रोड नंबर-दो स्थित गांधी नगर निवासी दीपक जायसवाल पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे उपवन झील के पास मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। उसने बताया कि दीपक लोगों को धमकाता भी था।
अपराध शाखा इकाई-पांच (वागले एस्टेट) के वरिष्ठ निरीक्षक सलिल भोसले ने कहा कि स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एक समानांतर जांच शुरू की गई।

भोसले ने कहा, "हमें एक सूचना मिली और हमने एक तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे पुष्टि हुई कि मुख्य संदिग्ध गोरखपुर एक्सप्रेस से महाराष्ट्र से भागने की कोशिश कर रहे थे।" अपराध शाखा की एक टीम ने शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे कसारा रेलवे स्टेशन पर दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा। उनकी पहचान अजय देवकीलाल गिरि (28) और शिव संजय गोस्वामी (25) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के निवासी हैं।

ट्रेन में दोनों के साथ मौजूद तेरह अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। अधिकारी ने बताया, "पीड़ित इलाके में लोगों को धमकाने और परेशान करने के लिए जाना जाता था, जिसके कारण उसके ऊपर यह जानलेवा हमला हुआ। (दीपक) जायसवाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।" अधिकारियों ने बताया कि वर्तक नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए दो व्यक्ति कथित तौर पर हमले में सीधे तौर पर शामिल थे, जबकि पुलिस हिरासत में लिये गए 13 अन्य संदिग्धों की सटीक भूमिका की जांच कर रही है।
JUN 06, 2026 18:54 IST

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बारिश से गर्मी से राहत मिली

JUN 06, 2026 18:28 IST

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी के आवास के पास विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

JUN 06, 2026 18:02 IST

मध्यप्रदेश के शाजापुर में ट्रक से टकराई बस, चालक की मौत, 18 यात्री घायल

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक ट्रक के पिछले से एक निजी बस के टकरा जाने से बस चालक की मौत हो गई जबकि 18 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सुनेरा थानाक्षेत्र में जिले के मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर एक ढाबे के पास रात करीब दो बजे हुई। सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने बताया कि बस मध्यप्रदेश के इंदौर से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जा रही थी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान बस आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में अशोकनगर जिले के निवासी बस चालक मनोहर सिंह (40) की मौके पर ही मौत हो गई। मुकाती ने बताया कि हादसे में दो गर्भवती महिलाओं समेत 18 यात्री घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस संबंध में एक मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
JUN 06, 2026 17:32 IST

हवाई अड्डे पर 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार

लखनऊ, छह जून (भाषा) चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग की वायु खुफिया इकाई (एआईयू) ने एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार करके उसके पास से करीब 10.39 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, शुक्रवार को खुफिया जानकारी के आधार पर एआईयू अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। आरोपी ओमान एयर की एक उड़ान से बैंकॉक होते हुए मस्कट के रास्ते लखनऊ पहुंचा था। बयान के अनुसार ग्रीन चैनल पर रोककर उसके सामान की एक्स-रे जांच की गई।

बयान के मुताबिक तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से हरे रंग के पदार्थ से भरे 13 पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए जिसके हाइड्रोपोनिक गांजा होने का संदेह है। बयान के अनुसार जब्त पदार्थ का कुल वजन 10.397 किलोग्राम है। बयान में कहा गया कि जांच में प्रथम दृष्टया इसके गांजा होने का संदेह उत्पन्न हुआ। सीमा शुल्क अधिकारियों ने बताया कि यात्री नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थ जब्त करके और एक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई एक जून को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई बड़ी बरामदगी के बाद सामने आई है। तब बैंकॉक से आई एक उड़ान से आये थाईलैंड के छह नागरिकों को गिरफ्तार करके 19.7 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया था। इसकी कीमत 19 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी। जांच एजेंसियों का आरोप है कि आरोपी पहले भी कोलकाता-गया मार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी कर चुके हैं। जांच एजेंसियों ने कहा था कि हाइड्रोपोनिक गांजा की तस्करी में शामिल व्यापक नेटवर्क की जांच की जा रही है।
JUN 06, 2026 17:31 IST

महाराष्ट्र के बीड में पहाड़ी इलाके में बस पलटी, 30 यात्री बाल-बाल बचे

महाराष्ट्र के बीड जिले में शनिवार तड़के एक पहाड़ी इलाके में तीव्र मोड़ पर एक निजी बस पलट गई और उसमें सवार तीस यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुणे से नांदेड़ जा रही एक बस बीड से लगभग 85 किलोमीटर दूर आष्टी तहसील के कनिफनाथ घाट में तड़के चार बजे पलट गई। दुर्घटना कथित तौर पर एक तीव्र मोड़ पर चालक के वाहन से नियंत्रण खोने से हुई। एक अधिकारी ने बताया, "वाहन सड़क किनारे पलट गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई, जिनमें से अधिकांश उस समय सो रहे थे।" सूचना मिलते ही अम्भोरा थाने से पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं और उन्हें अहिल्यानगर के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। यात्रियों का उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने एक वैकल्पिक निजी बस की व्यवस्था की। बाद में क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सड़क किनारे से हटाया गया।
JUN 06, 2026 16:42 IST

टीम इंडिया में चयन से झूम उठा समस्तीपुर, वैभव सूर्यवंशी के घर जश्न का माहौल

JUN 06, 2026 15:27 IST

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद बोले पवन खेड़ा- बेंगलुरु आकर बेहद खुशी हुई

JUN 06, 2026 13:47 IST

Delhi: नरेला की फैक्ट्री में लगी आग

दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में आग लग गई है। सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं लेकिन आग की भयावहता देखते हुए मौके पर चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई हैं।
JUN 06, 2026 12:51 IST

आजमगढ़ में 13 पुलिसकर्मी सस्पेंड


आजमगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लापरवाह पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की है। रात्रि ड्यूटी से गायब रहने और पीआरवी से अनुपस्थित पाए जाने पर 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि 19 के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कदम से पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया है।
JUN 06, 2026 12:56 IST

Delhi: बच्चे को मारकर पिता ने की आत्महत्या

दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय परवीन ने अपने 8 वर्षीय बेटे नैतिक की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परवीन काफी समय से अपनी पत्नी से अलग रह रहा था और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। फिलहाल पुलिस इस घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। यह घटना कई सवाल खड़े करती है कि आखिर परवीन को ऐसा कदम उठाने के लिए किसने मजबूर किया।
JUN 06, 2026 12:27 IST

जालंधर में क्रॉस फायर में मारा गया आरोपी

जालंधर देहात के मेहतपुर थाना क्षेत्र के गांव बंगीवाल में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प के दौरान आरोपी लवप्रीत उर्फ लवी की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा गया था, लेकिन भीड़ ने गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस दौरान लवप्रीत को गोली लगी और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे बाथरूम से बाहर निकालकर पिटाई की और पीछे से गोली मारी। मामले को लेकर पुलिस और परिवार के बयान अलग-अलग हैं। जालंधर एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि विवाद के दौरान भीड़ ने हाथापाई की और गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पुलिस ने दो राउंड फायर किए। घायल लवप्रीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
JUN 06, 2026 11:20 IST

NEET पेपर लीक मामले में आरोपी शुभम खैरनार की न्यायिक हिरासत बढ़ी

नीट-यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज़ एवेन्यू अदालत ने आरोपी शुभम खैरनार की न्यायिक हिरासत को 15 जून तक बढ़ा दिया है। पिछली न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद अदालत ने यह आदेश दिया।
JUN 06, 2026 11:17 IST

ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में मां पर चाकू से हमला कर युवक ने पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में शुक्रवार रात घरेलू विवाद के बाद एक दर्दनाक घटना हुई। 21 वर्षीय सागर यादव ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला किया और फिर पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्मघाती कदम उठा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सागर मानसिक तनाव में था और विवाद के दौरान यह कदम उठाया। घटना की सूचना पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल मां का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
JUN 06, 2026 11:07 IST

Ferozpur News: पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड हादसे में 8 लोगों की मौत

पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जलालाबाद से ब्यास अस्थि विसर्जन के जा रहे एक ही परिवार के 25-28 लोगों से भरी पिकअप गाड़ी और ट्राले की टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा घायल हैं।
JUN 06, 2026 08:51 IST

Karnal Accident: करनाल बस हादसे में आठ घायल

हरियाणा के करनाल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस हादसे में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह बस दिल्ली से मनाली जा रही थी और शुक्रवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बस के चालक से पूछताछ की जाएगी।
JUN 06, 2026 08:45 IST

CJP Protest:दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

शनिवार को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सीमा प्रवेश बिंदुओं और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए हैं। यह कदम डिजिटल संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले उठाया गया है।
JUN 06, 2026 08:35 IST

कुवैत और बहरीन ने मिसाइल हमले की पुष्टि की

कुवैत सशस्त्र बल और बहरीन गृह मंत्रालय ने आपातकालीन बयान जारी कर क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की पुष्टि की है। अमेरिकी सेना द्वारा ईरानी रडार साइटों पर किए गए हमलों के बाद ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे, जिनका निशाना कुवैत का हवाई क्षेत्र और बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय था। इसके चलते व्यापक स्तर पर वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय हुई और नागरिकों को घरों में सुरक्षित रहने के आदेश दिए गए।
JUN 06, 2026 07:57 IST

पटना एम्स में महिला कर्मी और उसकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का मामला

पटना एम्स में महिला कर्मी और उसकी नाबालिग बेटी से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने आउटसोर्स कनीय प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। महिला कर्मी ने आरोप लगाया कि आरोपी पिछले दो वर्षों से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और अनुचित व्यवहार करता था। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती थी। शिकायत में नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का आरोप भी शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एम्स प्रशासन ने छह सदस्यीय जांच समिति बनाई, जिसने व्हाट्सएप चैट और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जैसे साक्ष्यों की जांच की। आंतरिक जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद फुलवारी शरीफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पोक्सो एक्ट समेत महिला उत्पीड़न और छेड़छाड़ की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
JUN 06, 2026 07:19 IST

Himachal News: व्यास नदी में डूब रहे युवक को बचाने गया शख्स डूबा

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के भुंतर में पुराने पुल के पास शुक्रवार देर शाम एक व्यक्ति को ब्यास नदी में डूबता देख मौके पर मौजूद दो युवकों ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी।
रेस्क्यू के दौरान डूब रहे व्यक्ति को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया लेकिन बचाने गया एक युवक नदी के तेज बहाव में समा गया। उसके बाद नदी में लापता चल रहे युवक के लिए लोगों ने सर्च ऑपरेशन चलाया है लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। लोगों का कहना है कि नदी का तेज बहाव होने के कारण युवक संभल नहीं पाया।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके के लिए भेजी गई है। लापता को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।