LIVE

आज की ताजा खबर Live: नेपाल में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 939, लगभग 4,000 लोग लापता; राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

अमित कुमार मंडलUpdated Aug 31, 2026, 23:37 IST

आज की ताजा खबर Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की और भारतीय समुदाय सहित शिक्षाविदों व योग प्रेमियों से मुलाकात की। नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 903 हो गया है, जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं। भारत में राजनीतिक मोर्चे पर कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी को लेकर भाजपा और राज्य सरकार पर सवाल उठाए। वहीं, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने पश्चिम एशिया संकट के बीच समुद्री क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की।

आज की ताजा खबर Live: नेपाल में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 939, लगभग 4,000 लोग लापता; राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी
आज की ताजा खबर Live: नेपाल में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 939, लगभग 4,000 लोग लापता; राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

आज की ताजा खबर Live: आज की खबरों पर अगर गौर फरमाएं तो शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए किर्गिस्तान आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और भारतीय समुदाय के सदस्यों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं तथा योग प्रेमियों समेत भारत से करीबी जुड़ाव रखने वाले लोगों से बातचीत की। नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 903 हो गई, जबकि 4,247 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर सोमवार को भाजपा एवं राज्य सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि आखिर ’शुद्धीकरण’ करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने से इतना डर क्यों है और क्या दलित गरिमा एवं न्याय सुनिश्चित करने की सरकार की कोई मंशा नहीं है ? पश्चिम एशिया में संकट के बीच नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने सोमवार को कहा कि यह महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव का दौर है, जिसमें समुद्री क्षेत्र तेजी से प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है।


हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो संदिग्ध शार्प शूटरों को पुलिस ने शामली जिले में सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची सोमवार को प्रकाशित की गई, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी के 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47.7 लाख के नाम काट दिए गए हैं। सरकार ने सेमीकॉन 2.0 योजना को सोमवार को अधिसूचित किया। इसके साथ ही 1,27,500 करोड़ रुपये की इस योजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया है।



  • अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने ढेर किया
  • RSS सरसंघचालक मोहन भागवत टोरंटो में भाषण, कहा- हिंदू सभी का सम्मान करते हैं
  • नेपाल के चितवन में करीब 250 शव अब भी पहचान का इंतजार कर रहे हैं
  • देश में चुनावी फंडिंग और पारदर्शिता को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई

AUG 31, 2026 23:37 IST

मुंबई क्षेत्र में मंगलवार से बढ़ेगा टैक्सी, ऑटो-रिक्शा का किराया

मुंबई महानगर क्षेत्र में तिपहिया (ऑटो-रिक्शा) का न्यूनतम किराया एक रुपये बढ़कर 27 रुपये और काली-पीले रंग वाली टैक्सी का न्यूनतम किराया दो रुपये बढ़कर 33 रुपये हो जाएगा। संशोधित किराया एक सितंबर से लागू होगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (एमएमआरटीए) ने ऑटो-रिक्शा और काली-पीले रंग वाली टैक्सी के किराये में क्रमश: एक और दो रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के एक अधिकारी के अनुसार, टैक्सी का किराया 20.66 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़कर 21.90 रुपये प्रति किलोमीटर और ऑटो-रिक्शा का किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर हो जाएगा। ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो जाएगा, जबकि टैक्सी में शुरुआती 1.5 किलोमीटर का किराया 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये होगा। आरटीओ अधिकारी ने कहा कि टैक्सी और ऑटो-रिक्शा चालक अपने इलेक्ट्रॉनिक किराया मीटर को संशोधित दरों के अनुसार समायोजित कराने के बाद या आरटीओ द्वारा मंजूर किराया तालिका प्रदर्शित करके नया किराया ले सकेंगे।
AUG 31, 2026 23:27 IST

नेपाल में मृतकों की संख्या बढ़कर 939 हुई, लगभग 4,000 लोग लापता

नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 939 हो गई जबकि करीब 4,000 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक 10,000 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है और बचाव दल रुक-रुक कर हो रही बारिश, उफनती नदियों, क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों के बीच फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के टूटने के कारण 26 अगस्त को आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया था। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी बाढ़ के पानी को अपने साथ नीचे की ओर ले गई, जिससे घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए तथा जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा। इस आपदा में चीनी क्षेत्र में भी 16 लोगों की मौत हुई है जबकि चीनी मीडिया में आईं खबरों के अनुसार तिब्बत में करीब 550 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि बचाव दल नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न जलविद्युत परियोजना स्थलों पर 639 श्रमिकों और कर्मचारियों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इनमें से कई लोगों के सुरंगों में फंसे होने की आशंका है।
AUG 31, 2026 18:33 IST

तिरुवनंतपुरम में चलती कार में आग लगने से व्यक्ति की जलकर मौत

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के पास वेंगानूर में सोमवार तड़के चलती कार में आग लगने से एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना पूर्वाह्न करीब पांच बजे वेंगानूर में महात्मा अय्यंकाली स्मारक के पास हुई जब चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी एक ऑटो-रिक्शा चालक ने पुलिस को घटना की सूचना दी जिसके बाद दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि आग पर काबू पा लिया गया लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और उसके भीतर मौजूद व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। शव और कार के पूरी तरह जल जाने के कारण पुलिस शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं कर पाई। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने वाहन का पंजीकरण नंबर पता करने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर पता चला कि कार कोट्टायम के थेलाकोम निवासी टाइटस कुरियन के नाम पर पंजीकृत थी। जांच में पुष्टि हुई कि वह शव कुरियन का ही था। पुलिस ने बताया कि कुरियन का रविवार रात परिवार के सदस्यों से झगड़ा हो गया था जिसके बाद वह घर से चला गया। पुलिस इस मामले में आत्महत्या की आशंका के कोण से भी जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि आग का शिकार हुए वाहन में कोई ज्वलनशील पदार्थ तो मौजूद नहीं रखा था। शव को तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और पोस्टमार्टम के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
AUG 31, 2026 18:31 IST

मध्य प्रदेश के उमरिया में तीन छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक पर मामला दर्ज

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक पर तीन छात्राओं से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने और उन्हें अश्लील वीडियो दिखाने का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि एक छात्रा के अभिभावक की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मानपुर के प्रखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सहायक शिक्षक कोमलचंद्र गुप्ता ने 22 अगस्त को चॉकलेट देने के बहाने तीन छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की और उन्हें अश्लील वीडियो दिखाए। अधिकारी ने बताया कि शिक्षक ने छात्राओं को घटना के बारे में किसी को बताने पर डंडे से पीटने की धमकी भी दी। सुल्तानपुर गांव की एक महिला ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक से शिकायत की थी कि सहायक शिक्षक गुप्ता ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की है। अधिकारी ने बताया कि बाद में जांच में गुप्ता के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए।
AUG 31, 2026 18:27 IST

असम में मवेशियों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, 33 संदिग्ध गिरफ्तार

असम में मवेशियों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए तीन अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने कम से कम 33 संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया और करीब 300 मवेशियों को मुक्त कराया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को यह जानकारी दी। शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ’’22 वाहन जब्त किए गए, 298 गायों को मुक्त कराया गया और इस सिलसिले में 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक साथ तीन स्थानों पर असम पुलिस की कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि मवेशी तस्करी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गायों की सुरक्षा और किसानों के हितों की रक्षा के लिए असम सरकार के संकल्प को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ’’मवेशी तस्कर ध्यान रखें-असम की धरती पर मवेशियों की तस्करी के लिए कोई जगह नहीं है। गायों की सुरक्षा असम का संकल्प है।’’
AUG 31, 2026 18:12 IST

महराजगंज में नारायणी नदी में मिले चार शवों को नेपाल प्रशासन को सौंपा गया

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में नारायणी-गंडक नदी से मिले चार अज्ञात शवों को पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात नेपाल प्रशासन को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, निचलौल थाना इलाके में नदी से 27 अगस्त को मिले इन शवों में तीन शव महिलाओं के और एक शव पुरुष का था। पहचान न हो पाने के कारण उन्हें जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया था। बाद में पहचान करने में आसानी के लिए पोस्टमार्टम के दौरान चारों लाशों से डीएनए नमूने लिए गए। इस अभियान की अगुवाई करने वाले निचलौल के तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि लाशों को दो एम्बुलेंस में ले जाया गया और रविवार देर रात जिले ठूठीबारी सीमा के पास महेशपुर बॉर्डर पर नवलपरासी (नेपाल) प्रशासन को सौंप दिया गया। अपर ज़िलाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि नेपाल पुलिस को लाशें सौंपने से पहले सभी ज़रूरी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थीं। अधिकारियों ने कहा कि प्रक्रिया के अनुसार डीएनए डेटा भी नेपाल प्रशासन के साथ साझा किया जाएगा, ताकि लापता लोगों की तलाश कर रहे परिवारों के सैंपल से उनका मिलान किया जा सके।
AUG 31, 2026 18:11 IST

टीवीके राहुल गांधी व कांग्रेस के रहते विजय को कैसे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बता सकती है- द्रमुक

तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता टी.के.एस. एलंगोवन ने सोमवार को कांग्रेस के उस रुख का समर्थन किया, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बजाय राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की बात कही गई है। एलंगोवन ने ’पीटीआई वीडियो’ से बात करते हुए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में कांग्रेस नेता राजेश कुमार की राय का समर्थन किया और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) द्वारा अपने नेता का नाम इस शीर्ष पद के लिए आगे करने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ’’कांग्रेस देश की एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी है और उसने सालों तक देश पर शासन किया है। टीवीके कैसे विजय को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की इच्छा व्यक्त कर सकती है? कांग्रेस नेतृत्व जो कह रहा है, वह सही है।’’ कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर के प्रधानमंत्री पद के लिये हालिया ’ओपिनियन पोल’ को फर्जी बताने पर द्रमुक नेता ने सहमति जताई और इसे ’हेरफेर किया गया ओपिनियन पोल’ करार दिया, जो सभी राज्यों की राय को नहीं दर्शाता है।
AUG 31, 2026 17:36 IST

नेपाल सुख-दुख का साथी, राहत व बचाव कार्य में सहायता के लिए भारत प्रतिबद्ध- राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को भारत को नेपाल का करीबी दोस्त और ’’सुख-दुख का साथी’’ बताते हुए कहा कि नयी दिल्ली ’’हमारे नेपाली भाई-बहनों’’ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई भारी तबाही के बाद वहां खोज, बचाव और पुनर्वास की कोशिशों में मदद करने के लिए भारत प्रतिबद्ध है। सिंह ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’नयी दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास में गया और शोक पुस्तिका में हस्ताक्षर करके अपनी संवेदना व्यक्त की।’’ उन्होंने लिखा, ’’भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से, मैं 26 अगस्त 2026 को अचानक आई बाढ़ से हुई जान-माल की भारी क्षति और तबाही पर नेपाल के लोगों और वहां की सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि इस दुखद प्राकृतिक आपदा ने नेपाल के नागरिकों के साथ-साथ भारतीयों सहित कई विदेशी नागरिकों को भी प्रभावित किया है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 903 हो गई है, जबकि लगभग 4,250 लोग अभी भी लापता हैं। सिंह ने पोस्ट में कहा, ’’इस आपदा में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं। हम घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। एक करीबी दोस्त और साझेदार, और ’सुख-दुख के साथी’ के तौर पर भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है। इस मुश्किल समय में भी हम अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं तथा खोज, बचाव और पुनर्वास की कोशिशों में नेपाल की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
AUG 31, 2026 17:35 IST

नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म मामले में वडोदरा की अदालत ने 5 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई

वडोदरा की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने सोमवार को शहर में 2024 में नवरात्रि की रात एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पांच लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई और इस अपराध को "सबसे घिनौना कृत्य" बताया। विशेष लोक अभियोजक नयन सुखदवाला ने बताया कि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सी.एम. पवार ने पांचों दोषियों में से हर एक पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया और सरकार को पीड़िता को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी आदेश दिया। सुखदवाला ने पत्रकारों से कहा, "अदालत ने कहा कि समाज में महिलाओं की अहम भूमिका होती है और किसी महिला या नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म एक बेहद गंभीर मामला है। अदालत ने इसे बहुत ही घिनौनी घटना बताया।" उन्होंने कहा, "अदालत ने टिप्पणी की कि देवी अंबा को समर्पित नवरात्रि जैसे पर्व के दौरान सामूहिक दुष्कर्म की घटना को हल्के में नहीं लिया जा सकता, पेश किए गए साक्ष्य पुख्ता थे और संदेह से परे साबित होते हैं।"
AUG 31, 2026 17:34 IST

यूपी के ललितपुर में शादीशुदा युवक और महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के जखौरा थाना में सोमवार को शादीशुदा एक युवक और एक महिला ने एक ही दुपट्टे से फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। ललितपुर सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय कुमार ने बताया कि जखौरा थाना क्षेत्र के थनवारा गांव में सोमवार को पुराने मकान के अंदर एक ही दुपट्टे से युवक महेंद्र (26) और नैगांव निवासी महिला छाया (25) के शव फांसी के फंदे पर लटके पाए गए। उन्होंने दोनों के परिजनों के हवाले से बताया कि महेंद्र और छाया के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों शादीशुदा थे। महेंद्र की तीन बेटियां हैं जबकि छाया शादी के छह साल बाद भी निःसंतान थी। सीओ ने बताया कि महेंद्र अपने घर से शनिवार (29 अगस्त) से लापता था, उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
AUG 31, 2026 16:45 IST

गाजीपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, दो बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सोमवार को गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार धमाके में दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा जमानिया कोतवाली क्षेत्र के देवरी गांव में हुआ। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय सुंदरम यादव और 14 वर्षीय विशाल शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुंदरम अपनी बहन रेखा के साथ विशाल के घर दूध देने गया था। दोनों बच्चे घर के आंगन में मौजूद थे, जबकि विशाल की मां मीना देवी घर के अंदर खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर में रिसाव होने लगा और अचानक उसमें आग लग गई। आग लगने के बाद रेखा और मीना देवी किसी तरह घर से बाहर निकल गईं। वहीं, दोनों बच्चे घबराकर एक कमरे में चले गए और वहां बने चबूतरे पर चढ़ गए। इसी बीच आग की लपटें घर के अंदर खड़ी मोटरसाइकिल तक पहुंच गईं। मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, इलाज से पहले ही दोनों की मौत हो गई। हादसे में मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। जमानिया कोतवाली के थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद जमानिया तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
AUG 31, 2026 15:09 IST

बिश्केक में मिले पीएम मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान

सोमवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच मुलाकात हुई। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई।

बिश्केक में हुई इस उच्चस्तरीय मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-ईरान के आपसी संबंधों को मजबूत करने, व्यापार, चाबहार पोर्ट कनेक्टिविटी और पश्चिम एशिया के ताजा हालात पर विस्तृत चर्चा की।

अमेरिका के साथ जारी जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति की भारत के पीएम के साथ मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। खासकर हॉर्मुज को लेकर, जहां इस वक्त ईरान और अमेरिका उलझे हैं और जहाजें निकल नहीं पा रही हैं।
AUG 31, 2026 14:37 IST

जज बनकर जमानत कार्यवाही प्रभावित करने की कोशिश के मामले में ठग सुकेश को आठ साल की जेल

दिल्ली की एक अदालत ने ठग सुकेश चंद्रशेखर को उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनकर एक अन्य आपराधिक मामले में जमानत की कार्यवाही को प्रभावित करने की कोशिश के मामले में आठ साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। तीस हजारी अदालत की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हर्षिता मिश्रा ने चंद्रशेखर को भारतीय दंड संहिता (भादंसं) की धारा 170 के तहत दो साल के कठोर कारावास और 5,000 रुपये के जुर्माने, धारा 189 के तहत दो साल के कठोर कारावास और 5,000 रुपये के जुर्माने तथा धारा 507 के तहत चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। यह आदेश 29 अगस्त को आया, जिसे सोमवार को उपलब्ध हुआ है। इसमें अदालत ने कहा, सजा से यह स्पष्ट होना चाहिए कि आपराधिक न्याय व्यवस्था एक बार किए गए सामान्य गैरकानूनी कृत्य और सार्वजनिक संस्थाओं के कामकाज को जानबूझकर प्रभावित करने, डराने या उसमें दखल देने के लिए लगातार और सुनियोजित तरीके से किए गए कृत्यों के बीच अंतर करती है।
अदालत ने निर्देश दिया कि तीनों सजाएं एक के बाद एक लगातार चलेंगी, जिससे कुल जेल की सजा आठ साल होगी। जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में चंद्रशेखर को एक महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। अदालत ने 20 अगस्त को चंद्रशेखर को भादंसं की धारा 170, 189 और 507 के तहत दोषी ठहराया था। ये धाराएं किसी अन्य व्यक्ति या पदाधिकारी का रूप धारण करने तथा धमकी देने से संबंधित हैं। सजा संबंधी आदेश के अनुसार, चंद्रशेखर ने 28 अप्रैल, 2017 को न्यायिक अधिकारी पूनम चौधरी को कई फोन किए थे। उसने खुद को दक्षिण भारत से उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बताया और अपने दावे को विश्वसनीय बनाने के लिए उसी क्षेत्र के लहजे में बात की।
AUG 31, 2026 14:21 IST

बाढ़ प्रभावित रसुवा गांव से नेपाली सेना ने तीन भारतीय नागरिकों को बचाया : राजदूत

नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि बाढ़ प्रभावित रसुवा जिले के चिलिमे गांव से नेपाली सेना द्वारा बचाए गए चार लोगों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। नेपाल के उत्तरी और मध्य हिस्सों में 26 अगस्त को अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत बचाव और राहत अभियानों में पड़ोसी देश की लगातार सहायता कर रहा है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, सोमवार को इस आपदा में मरने वालों की संख्या 900 के पार पहुंच गई, जबकि 4,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। श्रीवास्तव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, नेपाली सेना द्वारा चिलिमे गांव से बचाए गए तीन भारतीय नागरिकों और उनके नेपाली सहयोगी से मुलाकात की। रसुवा का यह गांव अचानक आयी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हम नेपाली सेना की मदद के लिए उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने बताया कि काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास इन लोगों की भारत वापसी की व्यवस्था कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि भारत ने नेपाल में बचाव अभियानों और आपदा में मारे गए लोगों की पहचान में सहायता के लिए विशेषज्ञ दल भी भेजे हैं।
मंत्रालय ने कहा कि 19 सदस्यीय भारतीय फोरेंसिक टीम ने रविवार से काठमांडू में काम शुरू कर दिया है। यह टीम शवों की पहचान के लिए डीएनए नमूनों के विश्लेषण में सहायता करेगी। इसके अलावा, भारतीय सुरंग बचाव दल चिलिमे और लांगटांग स्थित जलविद्युत परियोजनाओं में अपना अभियान जारी रखे हुए है।
AUG 31, 2026 13:40 IST

CJP के इंडिया गेट मार्च पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने 5 सितंबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के मार्च के खिलाफ फिलहाल कोई निर्देश जारी करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि अभी ऐसी कोई मजबूर परिस्थिति सामने नहीं है, जिसके आधार पर यह माना जाए कि मार्च के दौरान कुछ गलत होगा। CJI सूर्यकांत ने कहा ने कहा कि हम यह मानकर चलेंगे कि सभी लोग जिम्मेदारी और शांतिपूर्ण तरीके से व्यवहार करेंगे। कोर्ट ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। CJI ने कहा कि यह सरकार का कर्तव्य है कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखे। हमें पूरा भरोसा है कि वे कानूनी दायरे में रहकर कार्रवाई करेंगे।
AUG 31, 2026 13:39 IST

सुप्रीम कोर्ट से देहरादून के जिम मालिक मोहम्मद दीपक को राहत

Mohammad Deepak News: सुप्रीम कोर्ट ने देहरादून के जिम मालिक मोहम्मद दीपक के खिलाफ दर्ज FIR में आगे की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। यह मामला जनवरी में एक मुस्लिम दुकानदार के साथ कथित उत्पीड़न की घटना से जुड़ा है। दीपक का आरोप है कि वह दुकानदार की मदद के लिए पहुंचे थे, लेकिन बाद में उन्हीं के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड हाई कोर्ट के उस आदेश पर भी रोक लगा दी है, जिसमें उन्हें घटना से जुड़े वीडियो या संदेश सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से रोका गया था।
AUG 31, 2026 12:28 IST

गोवा के नाइटक्लब अग्निकांड मामले में तीन मालिकों को झटका

Goa nightclub fire: सुप्रीम कोर्ट ने गोवा के चर्चित नाइटक्लब अग्निकांड मामले में तीन मालिकों की जमानत रद्द करने के बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा है। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को दो हफ्ते के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इस हादसे में दिसंबर 2025 में 25 लोगों की मौत हुई थी। गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने क्लब के तीन सह-मालिकों को बड़ा झटका दिया है। शीर्ष अदालत ने बॉम्बे हाई कोर्ट के उस फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया, जिसमें आरोपियों की जमानत रद्द कर दी गई थी।

जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने सौरभ लूथरा, गौरव लूथरा और अजय गुप्ता की अपील खारिज कर दी। कोर्ट ने तीनों को दो सप्ताह के भीतर अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
AUG 31, 2026 12:05 IST

मणिपुर मशाल रैली में हिंसा, पत्थरबाजी और आंसू गैस के गोले

Manipur Torchlight Rally: मणिपुर के काकचिंग जिले में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) को अपडेट करने की मांग को लेकर निकाला गया एक विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। रविवार रात 'नो एनआरसी, नो सेन्सस' (एनआरसी नहीं, तो जनगणना नहीं) के नारों के साथ निकाली गई मशाल रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तीखी झड़प हुई। भीड़ को बेकाबू होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े, जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। इस रैली में वबागई (Wabagai), हियांगलाम (Hiyanglam) और आसपास के ग्रामीण इलाकों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राज्य में जनगणना शुरू करने से पहले एनआरसी अपडेट किया जाए और जातीय हिंसा से विस्थापित हुए लोगों का पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। लगभग 3 किलोमीटर लंबी यह मशाल रैली जैसे ही काकचिंग जिला मुख्यालय की ओर बढ़ने लगी, पुलिस बल ने 'केइराक बांध' इलाके के पास बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और उन्हें वापस लौटने का निर्देश दिया। रास्ता रोके जाने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों में शामिल कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने हवा में आंसू गैस के कई गोले दागे। इस अफरातफरी और झड़प में कई प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आई हैं।
AUG 31, 2026 11:17 IST

यह रणनीतिक बदलाव का दौर; समुद्री क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही: एडमिरल स्वामीनाथन

पश्चिम एशिया में संकट के बीच नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने सोमवार को कहा कि यह महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव का दौर है, जिसमें समुद्री क्षेत्र तेजी से प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है। एडमिरल स्वामीनाथन ने गहरे समुद्र में जाने में सक्षम पोत आईएनएस निपुण को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने के बाद कहा कि खतरों को लेकर धारणा लगातार बदल रही है और वे नयी चुनौतियों और जटिलताओं के रूप में सामने आ रही हैं। यह जहाज समुद्र में 300 मीटर की गहराई तक जाने की क्षमता रखता है। इसमें पनडुब्बियों को तुरंत राहत प्रदान करने की भी क्षमता है। इसके अलावा इसे आपदा राहत और मानवीय सहायता अभियानों के लिए भी तैनात किया जा सकता है। एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा, आज हम महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं; समुद्री क्षेत्र लगातार अधिक प्रतिस्पर्धी और चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
AUG 31, 2026 11:03 IST

भारतीय नौसेना में शामिल हुआ पोत ‘आईएनएस निपुण'

हरे समुद्र में जाने और पनडुब्बियों को त्वरित सहायता प्रदान करने में सक्षम पोत आईएनएस निपुण को सोमवार को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया।
भारतीय नौसेना में शामिल किया गया यह इस तरह का दूसरा पोत है जो गहरे समुद्र में जाने में सक्षम है। आईएनएस निपुण को नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की उपस्थिति में नौसेना में शामिल किया गया। हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित यह पोत 119.4 मीटर लंबा है और इसकी क्षमता 10,500 टन है। यह जहाज समुद्र में 300 मीटर की गहराई तक जाने की क्षमता रखता है। इसमें पनडुब्बियों को तुरंत राहत प्रदान करने की भी क्षमता है। इसके अलावा इसे आपदा राहत और मानवीय सहायता अभियानों के लिए भी तैनात किया जा सकता है।