LIVEआज की ताजा खबर Live 30 अक्टूबर-2024 हिंदी न्यूज़: दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा, आठ स्टेशन में 'रेड जोन'; सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी
आज की ताजा खबर लाइव 30 अक्टूबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: राष्ट्रीय राजधानी में दिवाली से एक दिन पहले बुधवार को वायु प्रदूषण काफी बढ़ गया और आठ निगरानी स्टेशनों के अनुसार, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली में सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 278 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले मंगलवार को 268 दर्ज किया गया था। वहीं अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर जानलेवा धमकी मिली है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल को मंगलवार के दिन एक मैसेज आया, जिसमें अज्ञात शख्स ने सलमान को जान से मारने की धमकी दी है। मैसेज करने वाले ने 2 करोड़ रुपये की मांग की है। वहीं भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक विवाद और बढ़ता जा रहा है। भारत के साथ जारी कूटनीतिक विवाद के मद्देनजर, कनाडा के विपक्ष के नेता पियरे पोलीवरे के कार्यालय ने संसद भवन में होने वाले दिवाली समारोह को रद्द कर दिया है। ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ इंडिया कनाडा ने इसकी निंदा की है। इसके अलावा महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीट के लिए लगभग 8,000 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि थी। महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 148 सीट पर और कांग्रेस 103 सीट पर चुनाव लड़ रही है। वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए कुल 634 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आज की ताजा खबर Live 30 अक्टूबर-2024 हिंदी न्यूज़: दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा, आठ स्टेशन में 'रेड जोन'; सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी
आज की ताजा खबर लाइव 30 अक्टूबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर जानलेवा धमकी मिली है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल को मंगलवार के दिन एक मैसेज आया, जिसमें अज्ञात शख्स ने सलमान को जान से मारने की धमकी दी है। मैसेज करने वाले ने 2 करोड़ रुपये की मांग की है। वहीं भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक विवाद और बढ़ता जा रहा है। भारत के साथ जारी कूटनीतिक विवाद के मद्देनजर, कनाडा के विपक्ष के नेता पियरे पोलीवरे के कार्यालय ने संसद भवन में होने वाले दिवाली समारोह को रद्द कर दिया है। ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ इंडिया कनाडा ने इसकी निंदा की है। इसके अलावा महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीट के लिए लगभग 8,000 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि थी। महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 148 सीट पर और कांग्रेस 103 सीट पर चुनाव लड़ रही है। वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए कुल 634 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आज की अहम और बड़ी खबरें पढें लाइव
- राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा, आठ स्टेशन में 'रेड जोन'
- सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, दो करोड़ रुपये की रखी डिमांड
- महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीट के लिए करीब 8,000 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
- झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 634 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
- महाराष्ट्र: भाजपा 148, कांग्रेस 103 सीट पर लड़ेगी चुनाव, कुछ सीट पर स्थिति स्पष्ट नहीं
- कनाडा में विपक्ष के नेता की अजीबो-गरीब हरकत, संसद भवन में होने वाले दिवाली समारोह को किया रद्द
यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 30 अक्टूबर 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।
ब्रिटेन के महाराज चार्ल्स ने बेंगलुरु में किया अपना तीन दिवसीय निजी दौरा
ब्रिटेन के महाराज चार्ल्स यहां बेंगलुरु में अपनी निजी यात्रा पर आए और ‘व्हाइटफील्ड’ के पास एक एकीकृत चिकित्सा सुविधा केंद्र में ठहरे थे। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उनके साथ महारानी कैमिला भी यहां पहुंची थी। एक अधिकारी ने बताया कि दंपति जहां अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान ठहरे हुए थे, वह समग्र स्वास्थ्य केंद्र योग और ध्यान सत्रों तथा उपचारों सहित कायाकल्प उपचार के लिए प्रसिद्ध है। अधिकारी ने कहा ‘‘दंपति पहले भी कई बार इस चिकित्सा सुविधा में रह चुके हैं और उन्होंने आयुर्वेद तथा प्राकृतिक चिकित्सा सहित विभिन्न स्वास्थ्य उपचार लिए हैं। उनकी सुबह की दिनचर्या में योग सत्र शामिल था। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने यहां विभिन्न स्वास्थ्य उपचारों के तहत विशेष आहार लिया। उन्होंने कायाकल्प उपचार लिया, जिसमें ध्यान और चिकित्सा भी शामिल थी।’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने 30 एकड़ के परिसर में लंबी सैर का आनंद लिया और जैविक खेतों में भी सैर पर गए।’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘वे तीन दिनों तक वहां रहे और बुधवार की सुबह शहर से चले गए।’’ ‘व्हाइटफील्ड’ के पास समेथनहल्ली में स्थित अंतरराष्ट्रीय समग्र केंद्र ‘सौक्या’ में यह महाराज की पहली यात्रा नहीं है। उन्होंने 2019 में अपना 71वां जन्मदिन यहीं मनाया था। इस केंद्र का संचालन डॉ. इसाक मथाई करते हैं, जो भारत के उन कुछ लोगों में से हैं जिन्हें ब्रिटेन के महाराज के रूप में चार्ल्स के राज्याभिषेक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। कैंसर से पीड़ित चार्ल्स पिछले कई सालों से आयुर्वेद के मुखर समर्थक रहे हैं। अप्रैल 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान चार्ल्स उनके साथ लंदन के ‘साइंस म्यूजियम’ में एक नए ‘आयुर्वेदिक उत्कृष्टता केंद्र’ के उद्घाटन के लिए शामिल हुए थे, जिसका उद्देश्य योग और आयुर्वेद पर साक्ष्य-आधारित शोध के लिए अपनी तरह का पहला वैश्विक नेटवर्क बनाना था।
ताजा खबर Live: दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा, आठ स्टेशन में ‘रेड जोन'
राष्ट्रीय राजधानी में दिवाली से एक दिन पहले बुधवार को वायु प्रदूषण काफी बढ़ गया और आठ निगरानी स्टेशनों के अनुसार, वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली में सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 278 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले मंगलवार को 268 दर्ज किया गया था। दिल्ली का समग्र एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में रहा - हालांकि कई दिनों तक ‘बहुत खराब’ वायु गुणवत्ता के बाद अनुकूल हवा के कारण अन्य दिनों की तुलना में मंगलवार से इसमें मामूली सुधार हुआ है। सोमवार को दिल्ली में एक्यूआई 304 दर्ज किया गया और रविवार को यह 359 था। शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, जिन 36 निगरानी स्टेशनों से आंकड़े प्राप्त हुए, उनमें से - आनंद विहार, अशोक विहार, आया नगर, बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, विवेक विहार और वजीरपुर... कुल आठ केंद्रों में सुबह वायु गुणवत्ता ‘‘बहुत खराब’’ श्रेणी में रही। इस बीच, तापमान में अभी भी गिरावट शुरू नहीं हुई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 4.9 डिग्री अधिक है। सुबह आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता का स्तर 83 प्रतिशत रहा। दिल्ली में दिन में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश: नाबालिग से दुष्कर्म करने के दोषी को दस साल कारावास
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर की जिला अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में एक व्यक्ति को दोषी ठहराते हुए उसे 10 साल कैद और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। पुलिस के एक प्रवक्त ने बुधवार को बताया कि अपर सत्र विशेष न्यायाधीश (पॉस्को-दो) की अदालत ने इस मामले में सुनवाई करते हुए मंगलवार को गांव धूम मानिकपुर के निवासी विकास को सजा सुनाई। प्रवक्ता ने बताया कि विकास ने 2018 में बादलपुर पुलिस थाना क्षेत्र की निवासी एक नाबालिग छात्रा को उस समय अगवा कर लिया जब वह स्कूल जा रही थी। उसने कई माह तक उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि कुछ माह बाद बादलपुर थाना पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा उसके खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दायर किया। प्रवक्ता ने बताया कि दोनों पक्षों के वकीलों, गवाहों और चिकित्सकों के बयान दर्ज करने के बाद अदालत ने विकास को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष कारावास और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। उन्होंने बताया कि जुर्माना न देने की सूरत में उसे सात माह की अतिरिक्त सजा काटनी पड़ेगी।
पुलिस की पिटाई से जान गंवाने वाले युवक के परिजनों ने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने पिछले दिनों लखनऊ के चिनहट थाने में पुलिस द्वारा कथित रूप से पीटे जाने के कारण जान गंवाने वाले मोहित पांडेय के परिजनों से बुधवार को मुलाकात की और सरकार पर पीड़ित परिवार को मदद के बजाय सिर्फ ‘जुमला’ देने का आरोप लगाया। राय की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने मोहित पांडेय के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। राय ने परिजनों से मुलाकात के बाद ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा, “पूरा परिवार दुखी है। परिवार के साथ अत्याचार और अन्याय किया जा रहा है। उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। लखनऊ में इससे पहले अमन गौतम की भी पुलिस हिरासत में मौत हुई थी। दूसरी मोहित पांडेय की हुई है।” उन्होंने कहा, “इन लोगों (मोहित के परिजन) को बुलाकर केवल जुमला दिया जा रहा है। उनका कोई सहयोग नहीं किया गया। ना ही उन्हें नौकरी की बात पक्की की गई और ना ही अभी तक उनको पैसे मिले हैं।” राय ने मोहित पांडेय और अमन गौतम की संदिग्ध हालात में पुलिस हिरासत में मौतों को हत्या करार देते हुए कहा, “यह हिरासत में हुई मौतें नहीं बल्कि हत्यायें हैं। पुलिस हिरासत में पहली घटना अमन गौतम के साथ हुई और दूसरी मोहित पांडेय के साथ हुई। अमन गौतम की पत्नी गर्भवती थी। वह परेशान है। उससे ना तो मुख्यमंत्री मिले और ना ही उसका आर्थिक सहयोग किया।” उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पीड़ित परिजन के साथ खड़ी है। प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने कहा, “मैंने मोहित पांडेय की मां और भाई से कहा है कि हम स्थानीय न्यायपालिका से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक उनकी मदद करेंगे और जहां भी जरूरत पड़ेगी हम तन, मन, धन से उनके साथ खड़े हैं।” चिनहट क्षेत्र के जैनाबाद में रहने वाले मोहित कुमार पांडेय (30) को पुलिस ने पिछले शनिवार को एक मामले में हिरासत में लिया था। उसी दिन हिरासत में ही मोहित की तबीयत खराब हो गयी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मोहित के परिजनों ने पुलिस पर उसकी पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया था।
छत्तीसगढ़ : एक इनामी महिला नक्सली समेत पांच नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में पांच लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली समेत पांच नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गढ़चिरौली डिवीजन के अंतर्गत अहेरी एरिया कमेटी की सदस्य (एसीएम) सुशीला उर्फ बुज्जी ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उसके सर पर पांच लाख रुपए का इनाम था। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही जिले में चार अन्य नक्सलियों सुखराम मोड़ियाम, सुददू कोरसा, लक्खू फरसा और सन्नू माड़वी ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने माओवादियों की भेदभाव पूर्ण नीति, उपेक्षा तथा विचारधारा से क्षुब्ध होकर और राज्य शासन की "नियद नेल्ला नार” (आपका अच्छा गांव) योजना से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, हत्या और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को उत्साहवर्धन के लिए राज्य शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 25 25 हजार रुपए नगद प्रदान किये गये हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में जिले में अब तक कुल 185 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है तथा विभिन्न माओवादी घटनाओं में शामिल 411 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
आज की ताजा खबर Live: महाराष्ट्र के ठाणे के एक बाजार में आग लगी, कोई हताहत नहीं
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में बुधवार की सुबह एक बाजार में कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि आग से अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारी ने उल्हासनगर आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के हवाले से बताया कि गजानन बाजार में सुबह करीब साढ़े नौ बजे आग लग गई। उन्होंने बताया कि उल्हासनगर और अंबरनाथ से बचाव दल दमकल के वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारी के अनुसार, ऐसा संदेह है कि आग पटाखों के कारण लगी, लेकिन वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।
कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हो गया : नायब सैनी ने निर्वाचन आयोग के पत्र पर कहा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य विधानसभा चुनाव में अनियमितता के आरोपों को खारिज किए जाने के एक दिन बाद बुधवार को यहां कहा कि कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हो गया है और चुनाव प्रक्रिया को कमजोर करने की उसकी कोशिशें नाकाम हो गयी हैं। निर्वाचन आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में अनियमितता से संबंधित कांग्रेस के आरोपों को मंगलवार को खारिज कर दिया और कहा कि पार्टी पूरे चुनाव नतीजों की विश्वसनीयता के बारे में उसी तरह का संदेह पैदा कर रही है, जैसा उसने अतीत में किया था। सैनी ने हरियाणा सिविल सचिवालय में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ शपथ ग्रहण समारोह के इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘...माननीय निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश कर दिया है।’’ सैनी ने कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि कांग्रेस जमीन पर कहीं भी दिखाई नहीं दे रही है, भले ही उसके नेताओं ने दावा किया था कि ‘‘कांग्रेस की लहर’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (कांग्रेस) देश को लूटा, देश में भ्रष्टाचार और घोटाले किए, उन्होंने महज एक गैस सिलेंडर पाने के लिए कई दिनों तक लोगों को कतारों में खड़ा रखा।’’
अदालत ने सास की हत्या करने वाली महिला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई
केरल की एक अदालत ने 45 वर्षीय एक महिला को दिसंबर 2019 में अपनी सास की हत्या करने का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। शासकीय अधिवक्ता सिसिन जी मुंदकल ने बताया कि कोल्लम के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) पी.एन. विनोद ने मृतका के छोटे बेटे की पत्नी गिरिता कुमारी को सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष के अनुसार, जब सास को गिरिता के पड़ोसी के साथ अवैध संबंधों के बारे में पता चला तो उसने उसे काफी डांटा जिसके कारण गिरिता ने इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर 2019 को अपराह्न में जब सास अपने कमरे में सो रही थी तभी गिरिता ने उसके सिर और चेहरे पर पत्थर से वार किया। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि महिला की चीख पुकार सुनकर उसका पति और अन्य लोग रसोई का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए तो देखा कि वह खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ी थी। उसे तिरुवनंतपुरम के एक अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि महिला की चीख सुनने के बाद घर में घुसने वाले लोगों के बयानों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरिता को दोषी ठहराया गया।
यात्री का सामान निर्धारित सीमा से अधिक होने पर जुर्माना लगाया जाएगा: पश्चिमी रेलवे
महाराष्ट्र के बांद्रा टर्मिनस पर बीते दिनों हुई भगदड़ के कुछ दिनों बाद पश्चिमी रेलवे ने कहा है कि अगर यात्रियों का सामान उनकी संबंधित यात्रा श्रेणी के लिए स्वीकार्य व तय सीमा से अधिक होगा तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। रेलवे ने लोगों से स्टेशनों पर अधिक भीड़ न लगाने का आग्रह किया है। पश्चिम रेलवे ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि रेलवे अपने प्रत्येक यात्री को अपनी यात्रा के दौरान एक निश्चित मात्रा में ही बिना किसी शुल्क के सामान ले जाने की अनुमति देता है, लेकिन स्कूटर और साइकिल जैसी वस्तुओं समेत 100 सेंटीमीटर की लंबाई, 100 सेमी की चौड़ाई और 70 सेमी की ऊंचाई से बड़े आकार के सामान को नि:शुल्क ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘पश्चिम रेलवे सभी यात्रियों से आग्रह करता है कि वे स्टेशनों पर अधिक भीड़भाड़ से बचें और ट्रेन की समय सारणी के अनुसार केवल आवश्यक होने पर ही परिसर में प्रवेश करें तथा निर्धारित सामान सीमा का भी पालन करें।’’ पश्चिम रेलवे ने सभी यात्रियों से नि:शुल्क सामान की अधिकतम सीमा से संबंधित नियमों का पालन करने की अपील की है। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘यात्रा के विभिन्न वर्गों के लिए नि:शुल्क छूट अलग-अलग होती है। अगर सामान नि:शुल्क छूट से अधिक होगा, तो उसके अनुसार जुर्माना लगाया जाएगा।’’ यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आठ नवंबर तक लागू रहेगा। त्योहारी सीजन के दौरान पार्सल बुकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, खासकर बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना और सूरत के पार्सल कार्यालयों में बुकिंग में अधिक वृद्धि हुई है। विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से पहले पार्सल खेप को प्लेटफार्मों पर लंबे समय तक जमा न रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर रविवार को गोरखपुर जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के दौरान मची भगदड़ में 10 लोग घायल हो गए थे। पश्चिम रेलवे ने पहले ही चुनिंदा प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी प्रतिबंध लागू कर दिया है, जो आठ नवंबर तक प्रभावी रहेगा।
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवानों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 29 घायल
उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के बैरिया क्षेत्र में ड्यूटी पर जाते समय बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की एक टुकड़ी के जवानों से भरी बस मंगलवार देर रात को दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिसमें 29 जवान घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बुधवार को बताया कि बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 18वीं बटालियन की एक टुकड़ी के जवान मंगलवार को दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था संबंधी ड्यूटी के लिये बिहार के रोहतास से निजी बस से सीवान जा रहे थे। रास्ते में मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे बैरिया थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास उनकी बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक खाई में पलट गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में 29 जवान घायल हो गये। उनमें से गंभीर रूप से घायल 10 जवानों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी के 19 जवानों का इलाज बैरिया के सोनबरसा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। दुर्घटना में घायल जवान अमित पांडेय ने बताया कि जवानों से भरी बस सीवान जा रही थी और रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गई। एक अन्य घायल पुलिसकर्मी आशुतोष कुमार ने बताया कि यह घटना चालक की लापरवाही से हुई है।
पालघर में आठ वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, पूर्व सरपंच का बेटा गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में अपनी मित्र की जन्मदिन की पार्टी में गयी आठ वर्षीय बच्ची से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि उन्होंने इस संबंध में पूर्व सरपंच के 21 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया है। मोखाडा तालुक के एक गांव में रहने वाली बच्ची रविवार को गांव में ही अपनी एक मित्र की जन्मदिन की पार्टी में गयी थी लेकिन फिर घर नहीं लौटी। इसके बाद उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश की। मोखाडा पुलिस थाने के सहायक निरीक्षक प्रेमनाथ धोले ने बताया कि बच्ची का शव रविवार देर रात गांव में एक कब्रिस्तान के समीप मिला। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस के एक जांच दल ने कई सूचनाओं पर कार्रवाई की और मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने रविवार को लड़की का कथित तौर पीछा किया और फिर रात को उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां एक स्थानीय काउंसिलर रह चुकी है। धोले ने बताया कि आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 65(2) (12 वर्ष से कम की आयु की लड़की से दुष्कर्म) और 66 (मौत के लिए सजा) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ताजा खबर Live: नोएडा के बैंक्वेट हॉल में लगी भीषण आग, इलेक्ट्रिशियन की मौत
नोएडा में बुधवार तड़के एक बैंक्वेट हॉल में आग लगने से एक इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे सेक्टर-113 पुलिस थाना क्षेत्र के सर्फाबाद गांव के निकट की है जब अचानक ‘लोटस ग्रेनेडियोर’ बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रामबदन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तीन बजकर 40 मिनट पर दमकल विभाग के कर्मचारी पांच गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की विकराल लपटों को देखते हुए 10 और गाड़ियां मंगवानी पड़ी। उन्होंने कहा, ‘‘हॉल में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन प्रवेंद्र नामक एक व्यक्ति अंदर फंसा रह गया और उसकी मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि प्रवेंद्र पेशे से इलेक्ट्रिशियन था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया, ‘‘बैंक्वेट हॉल का ढांचा अधिकांश रूप से लकड़ियों से बना था जिसके चलते कम समय में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।’’ पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। एक वर्ष पहले 21 नवंबर को भी इसी बैंक्वेट हॉल में वेल्डिंग का काम करने के दौरान आग लग गई थी, हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था।
आज की ताजा खबर Live: दिल्ली के रोहिणी की झुग्गी-बस्ती में आग लगी
दिल्ली में रोहिणी की एक झुग्गी बस्ती में आग लग गयी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। डीएफएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हमें रात नौ बजे रिठाला के समीप विजय विहार इलाके में कुछ झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली। हमने दमकल की कुल सात गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा।’’ उन्होंने बताया, ‘‘आग पर काबू पाने में एक घंटे से ज्यादा का वक्त लगा। किसी को चोटें नहीं आयी हैं। पुलिस अभी तक आग लगने की वजह का पता नहीं लगा पायी है।’’
कनाडा में विपक्ष के नेता ने संसद भवन में होने वाले दिवाली समारोह को किया रद्द
भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक विवाद और बढ़ता जा रहा है। भारत के साथ जारी कूटनीतिक विवाद के मद्देनजर, कनाडा के विपक्ष के नेता पियरे पोलीवरे के कार्यालय ने संसद भवन में होने वाले दिवाली समारोह को रद्द कर दिया है। ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ इंडिया कनाडा ने इसकी निंदा की है।
पढ़ें पूरी खबरआज की ताजा खबर Live: सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने धमकी मिली है। इस बार उनसे दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें पूरी खबरहमास ने जताई गाजा में स्थायी युद्धविराम समझौते पर विचार करने की इच्छा
हमास ने गाजा पट्टी में स्थायी युद्धविराम के लिए किसी भी समझौते पर विचार करने की इच्छा जताई है। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हमास के वरिष्ठ नेता सामी अबू ज़ुहरी ने मंगलवार को एक टेलीविजन स्पीच में कहा कि उनका संगठन गाज़ा के लोगों की पीड़ा को समाप्त करने और एक स्थायी युद्ध विराम स्थापित करने के लिए किसी भी समझौते या प्रस्ताव का स्वागत करता है। अबू ज़ुहरी ने कहा कि इन समझौतों में पूरे गाज़ा क्षेत्र से इजरायली सेना की वापसी, गाज़ा पर लगी नाकाबंदी हटाने और जनता को राहत, सहायता, आश्रय, पुनर्निर्माण और एक कैदियों के विनिमय के लिए गंभीर डील शामिल होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि उनके संगठन ने मध्यस्थों की युद्धविराम पर नए प्रस्तावों पर चर्चा करने के अनुरोध का जवाब दिया है और इस पर कुछ बैठकें हो चुकी हैं, जबकि अन्य बैठकें भी होंगी। रविवार को, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फत्ताह अल-सीसी ने गाज़ा में दो दिवसीय युद्ध विराम का प्रस्ताव रखा, जिसमें चार इजरायली बंधकों को फिलिस्तीनी कैदियों के साथ अदला-बदली करने का विचार शामिल था, और दस दिनों के भीतर स्थायी संघर्ष विराम के लिए वार्ता करने की योजना बनाई गई। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब गाजा में युद्ध विराम को फिर से शुरू करने के प्रयास जारी हैं। हाल ही में, हमास के एक प्रतिनिधिमंडल ने काहिरा में संघर्ष विराम में बाधा बन रहे मुद्दों को सुलझाने के तरीकों पर चर्चा की थी। पिछले साल अक्टूबर में हमास और इजरायल के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से मिस्र, कतर और अमेरिका ने गाजा में युद्ध विराम के लिए मध्यस्थता के प्रयास किए हैं। इसके लिए पिछले कुछ महीनों में दोहा और काहिरा में कई दौर की वार्ताएं हुई थी, लेकिन इस लंबे संघर्ष को समाप्त करने के लिए कोई ठोस समझौता नहीं हो पाया।
भारत-चीन एलएसी समझौते से संबंधित घटनाक्रम पर करीबी नजर: अमेरिका
अमेरिका ने कहा है कि वह भारत-चीन के बीच एलएसी समझौते पर "गहरी नजर" बनाए हुए है और सीमा पर तनाव कम होने का "स्वागत" करता है। यह बात मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कही। उन्होंने कहा, "हम घटनाओं पर करीबी नजर रखे हुए हैं। हम समझते हैं कि दोनों देश नियंत्रण रेखा पर तनाव वाले स्थानों से अपनी सेनाएं हटाने के शुरुआती कदम उठा चुके हैं। हम सीमा पर तनाव कम होने का स्वागत करते हैं।" जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले में अमेरिका की कोई भूमिका है, तो उन्होंने जवाब दिया, "नहीं, हमने भारतीय साझेदारों से इस बारे में जानकारी ली है, लेकिन इसमें हमारी कोई भूमिका नहीं है।" इससे पहले मंगलवार को रक्षा सूत्रों ने बताया था कि दोनों देशों के सैनिकों ने पूर्वी लद्दाख के देपसांग मैदानों और डेमचोक में अस्थायी ढांचों को हटा दिया है। सैनिकों को अब पीछे के क्षेत्रों में तैनात किया गया है, और पेट्रोलिंग छोटे-छोटे दलों के साथ होगी, जिनमें 10 से 15 सैनिक शामिल होंगे। गौरतलब है कि जून 2020 से भारत और चीन के बीच एलएसी पर तनाव बना हुआ है। तब गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच संघर्ष हुआ था और दोनों ओर से सैनिक हताहत हुए थे। एलएसी पेट्रोलिंग समझौता 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले घोषित किया गया था। सम्मेलन रूस के कजान में 22 से 24 अक्टूबर के बीच हुआ था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भाग लिया।
अर्जेंटीना के विला गेसेल में 10 मंजिला होटल ढहा, एक व्यक्ति की मौत; कई लोग मलबे में फंसे
स्थानीय अधिकारियों के हवाले से सीएनएन ने मंगलवार को बताया कि अर्जेंटीना में 10 मंजिला होटल ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम नौ अन्य लापता हो गए। अटलांटिक तट पर ब्यूनस आयर्स से लगभग 370 किलोमीटर दूर स्थित विला गेसेल में डबरोवनिक होटल मंगलवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) ढह गया।
पढ़ें पूरी खबरतमिलनाडु: आज थेवर जयंती समारोह से पहले पासुमपोन गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली के आईटीओ पर AQI 284 पर 'खराब' श्रेणी में है