आज की ताजा खबर, 30 मार्च 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: PMK ने उम्मीदवारों की सूची जारी की, नितिन नवीन-नीतीश कुमार ने इस्तीफा दिया...संजय राउत बोले- ईरान के आसमान पर छाये काले बादल भारत पर कहर ढा सकते हैं; युद्ध में भारतीय की मौत, CM योगी बोले- एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे
-नीतीश कुमार का इस्तीफा
-ईरान हमले में भारतीय की मौत
-ट्रंप बोले- आसानी से ले लेंगे खर्ग द्वीप
-देश में गैस और तेल को लेकर अपडेट
ईरान ने जल्द संघर्ष विराम नहीं किया तो उसके असैन्य ढांचे को निशाना बनाया जाएगा : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान को नए सिरे से धमकी देते हुए कहा कि अगर शांति समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों, तेल के कुओं और खार्ग द्वीप को नेस्तनाबूद कर देगा।ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच पर कहा कि उनका प्रशासन सैन्य अभियानों को समाप्त करने के लिए ईरान के साथ ’’गंभीर बातचीत’’ कर रहा है। उन्होंने साथ ही धमकी दी कि यदि ’शीघ्र’ कोई समझौता नहीं होता है तो खाड़ी देश के ऊर्जा संसाधनों को बड़े पैमाने पर नष्ट कर दिया जाएगा।
रुपया पहली बार कारोबार के दौरान 95 प्रति डॉलर के पार
रुपये ने सोमवार को कारोबार के दौरान शुरुआती बढ़त गंवा दी और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95 के स्तर को पार कर 95.22 पर आ गया। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, जारी भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत डॉलर के माहौल के कारण घरेलू मुद्रा दबाव में है।रुपये ने हालांकि बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन बाद में इसने शुरुआती लाभ गंवा दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.62 प्रति डॉलर पर खुला और फिर 93.57 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद स्तर से 128 पैसे की बढ़त दर्शाता है।
यह बढ़त हालांकि बरकरार नहीं रह सकी और रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले दिन के कारोबार में 95.22 के सर्वकालिक निचले स्तर तक गिर गया।
इससे पहले शुक्रवार को रुपया 89 पैसे की भारी गिरावट के साथ 94.85 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।
ईरान के मिसाइल हमले के बाद इजराइली तेल रिफाइनरी के निकट आग जलती दिखी
उत्तरी इजराइल के हाइफा शहर में एक तेल रिफाइनरी पर सोमवार को आग लग गई। घटनास्थल की वीडियो फुटेज में यह आग दिख रही है।वीडियो में एक बड़े रिफाइनरी टैंक में आग की लपटें और घना काला धुआं दिखाई दिया, जिसे इजराइल की अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं ने जल्दी ही बुझा दिया।
यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आग मिसाइल हमले से लगी थी या किसी मलबे के गिरने से।
इजराइल में केवल दो ही रिफाइनरियां हैं और यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब इजराइल ने ईरान के साउथ पार्स प्राकृतिक गैस क्षेत्र और अन्य पेट्रोकेमिकल स्थलों पर हमले किए हैं।
ग्राहकों के लॉकर में रखे सामान को बैंक नहीं देख सकते: सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि ग्राहकों के लॉकर में रखे सामान को बैंक नहीं देख सकते और ना ही उसका रिकॉर्ड रख सकते हैं क्योंकि इससे बैंकिंग नियमों का उल्लंघन होगा।सीतारमण लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सदस्य किरसन नामदेव के पूरक प्रश्न उत्तर दे रही थीं।
उन्होंने कहा, ’’किसी ग्राहक के लॉकर में रखे कीमती सामान पर नजर रखना बैंकिंग नियमों का उल्लंघन है, और बैंक ऐसा नहीं करेंगे।’’
वित्त मंत्री ने कहा कि किसी भी नुकसान की स्थिति में लॉकर धारकों के लिए उनके सामान की क्षति या लॉकर टूटने जैसे मामलों में मानक कवरेज लॉकर के सालाना किराये का 100 गुना तय है।
उन्होंने कहा, ’’हमें नहीं पता कि लॉकर के अंदर क्या है। इस आधार पर बीमा कवर नहीं दिया जा सकता। लॉकर टूटने या सामान की क्षति होने पर मुआवजा देने का यही मानक है।’’
उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि बैंक लॉकर के सामान की जांच नहीं कर सकते या उसका आकलन नहीं कर सकते, जिस कारण वास्तविक कीमत के आधार पर बीमा देना व्यावहारिक नहीं है।
सीतारमण ने कहा, ’’उनमें से हर एक (लॉकर) के लिए अलग-अलग यह मुमकिन नहीं है, इसलिए यह तय किया गया है कि अगर कोई नुकसान होता है, अगर लॉकर टूटने से नुकसान होता है या ऐसा कुछ होता है, तो सालाना किराये का 100 गुना दिया जाएगा।’’
सोशल मीडिया मंचों ने डीपफेक हटाने की कार्रवाई को लगभग दो से तीन गुना बढ़ाया: वैष्णव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कृत्रिम मेधा (एआई) से तैयार किए जाने वाले ’डीपफेक’ पर बढ़ती चिंताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया मंचों ने भी अपनी ओर से डीपफेक सामग्री को हटाने के प्रयासों को काफी तेज कर दिया है।सूचना प्रौद्योगिकी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णव ने पत्रकारों से बातचीत में डीपफेक को समाज के लिए एक नया खतरा और अभिशाप बताया।
डीपफेक वह प्रौद्योगिकी है जिसके जरिये किसी व्यक्ति की फोटो, आवाज या वीडियो को डिजिटल माध्यम से बदलकर बिल्कुल असली जैसा दिखने वाला फर्जी रूप दे दिया जाता है।
शीर्ष नौ शहरों में जनवरी-मार्च में घरों की बिक्री 13 प्रतिशत घटी
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और नई परियोजनाओं की कम आपूर्ति के कारण देश के नौ प्रमुख शहरों में जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान घरों की बिक्री सालाना आधार पर 13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98,761 इकाइयों पर आ गई। रियल एस्टेट क्षेत्र की शोध कंपनी प्रॉपइक्विटी की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई।प्रॉपइक्विटी के अनुसार, 18 तिमाहियों के बाद पहली बार बिक्री एक लाख इकाइयों से नीचे आई है। इन शहरों में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,13,602 इकाइयों की तुलना में इस वर्ष बिक्री घटकर 98,761 इकाइयों रह गई। वहीं, पिछली तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) के 1,05,527 इकाइयों के मुकाबले भी इसमें छह प्रतिशत की कमी आई है।
प्रॉपइक्विटी के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) समीर जसूजा ने कहा कि 2026 की पहली तिमाही में आवास क्षेत्र की बिक्री में नरमी बनी रही। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु इसका अपवाद रहे।
PMK ने उम्मीदवारों की सूची जारी की
भारत में सरसों का उत्पादन बढ़कर 119.4 लाख टन होने का अनुमान
भारत में राई-सरसों का उत्पादन 2025-26 के रबी सत्र में बढ़कर 119.4 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 115.2 लाख टन से अधिक है। यह जानकारी उद्योग संगठन सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने सोमवार को दी।एसईए के अध्यक्ष संजीव अस्थाना ने कहा कि यह पहला उत्पादन अनुमान एक अध्ययन पर आधारित है। सरसों उत्पादक जिलों में जमीनों के सर्वेक्षण, फसल कटाई और रिमोट सेंसिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करके विस्तृत अध्ययन किया गया।
उन्होंने कहा, ’’अनुमान के अनुसार, राई-सरसों का कुल क्षेत्रफल 2024-25 के 92.15 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 93.91 लाख हेक्टेयर हो गया है। औसत उत्पादकता भी बेहतर मौसम और उन्नत कृषि पद्धतियों के चलते 1,250 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 1,271 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर होने का अनुमान है।’’
एसईए के अध्यक्ष ने कहा कि देश में सरसों का उत्पादन वर्षों से लगातार बढ़ रहा है, जो 2019-20 में लगभग 86 लाख टन था और 2025-26 में करीब 120 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने कहा, "अधिक सरसों की फसल घरेलू खाद्य तेल की उपलब्धता बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद करेगी।"
एसईए रैपसीड मस्टर्ड प्रमोशन काउंसिल के चेयरमैन विजय डाटा ने कहा कि राज्य स्तर पर राजस्थान देश में सरसों के उत्पादन में सबसे आगे बना हुआ है, जहां उत्पादन का अनुमान 53.9 लाख टन है। जबकि उत्तर प्रदेश में उत्पादन में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो कि 18.1 लाख टन तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश का उत्पादन थोड़ा कम होकर 13.9 लाख टन और हरियाणा का उत्पादन 12.7 लाख टन तक पहुंच गया।
एसईए, मुंबई के कार्यकारी निदेशक डॉ. बी.वी. मेहता ने कहा कि ये अनुमान अस्थायी हैं और आगे के फील्ड सर्वे और अद्यतन आंकड़ों के आधार पर संशोधित किए जा सकते हैं। अंतिम सर्वे अप्रैल-मई में किया जाएगा ताकि उत्पादन अनुमानों की पुष्टि हो सके।
पश्चिम एशिया संकट से प्रौद्योगिकी उद्योग पर फिलहाल असर नहीं: वैष्ण्व
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि सरकार उच्च प्रौद्योगिकी उद्योग संगठनों के साथ पश्चिम एशिया संघर्ष और इसके पड़ने वाले प्रभाव को लेकर बातचीत कर रही है। उद्योग निकायों ने अपने संचालन पर किसी भी प्रतिकूल प्रभाव की सूचना नहीं दी है।इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री की यह टिप्पणी उन खबरों के बीच आई है कि हीलियम की कमी ने वैश्विक प्रौद्योगिकी आपूर्ति श्रृंखलाओं को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
वैष्णव ने संवाददाताओं से कहा, ’’हमने यहां मौजूद हर उद्योग संगठन से बात की है और सभी ने कहा है कि अभी तक कोई प्रभाव नहीं पड़ा है...। इसमें सेमीकंडक्टर, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जे और हार्डवेयर क्षेत्र शामिल हैं...। यह एक बदलती हुई स्थिति है। इसलिए, हम उद्योग के साथ बातचीत जारी रखेंगे।’’
वैष्णव के अनुसार, उद्योग का मानना है कि पश्चिम एशिया संकट लंबा नहीं चलेगा।
प्रधानमंत्री के बयान पर प्रियंका ने कहा: युद्ध पर राजनीति नहीं होनी चाहिए
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक टिप्पणी को लेकर सोमवार को उनपर पलटवार करते हुए कहा कि युद्ध पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष पश्चिम एशिया संकट पर संसद में चर्चा चाहता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को केरल की एक चुनावी सभा में कांग्रेस पर ’’राजनीतिक फायदे’’ के लिए खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने वाली ’’खतरनाक’’ टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था।
मोदी ने कहा था कि केरल के कई लोग संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में काम कर रहे हैं और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ’’जान को खतरा इसलिए है कि ऊपर से बम गिर रहे हैं। उनको सुरक्षित निकालने के लिए क्या कर रहे हैं? युद्ध पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ’’हम पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध पर सदन में चर्चा चाहते हैं। हम चाहते हैं कि सदन में इस मुद्दे पर बात हो, हम अपने सुझाव रखें और साथ में कोई समाधान ढूंढें। जैसे-जैसे युद्ध बढ़ रहा है, समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। आज लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। ऐसा ही चलता रहा तो पेट्रोल-डीजल में कमी होगी।’’
प्रियंका गांधी ने सवाल किया, ’’इस ऊर्जा संकट से निपटने के लिए क्या योजना बनाई जा रही है? हमारे लोगों को युद्ध क्षेत्र से सुरक्षित निकालने के लिए क्या कर रहे हैं? ’’
पाकिस्तान : खैबर पख्तूनख्वा में भारी बारिश के कारण नौ लोगों की मौत
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले सप्ताह से हो रही भारी बारिश के कारण आठ बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) द्वारा जारी प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, 25 मार्च से खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लगातार हो रही बारिश के कारण घरों की छतों और दीवारों के गिरने से अधिकांश लोगों की मौत हुई।
बयान के मुताबिक, मृतकों में आठ बच्चे और एक महिला शामिल है, जबकि 47 लोग घायल हुए।
अधिकारियों ने आवासीय संपत्तियों को संरचनात्मक क्षति की भी सूचना दी है, जिसमें बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम छह मकानों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
बारिश के कारण प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में बन्नू और उत्तरी वजीरिस्तान जिले शामिल हैं। अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासनों को निर्देश दिया है कि प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए।
प्रांत के विभिन्न जिलों में मंगलवार तक रुक-रुककर बारिश जारी रहने की आशंका है।
अधिकारियों ने आम लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, संवेदनशील पर्यटन स्थलों से दूर रहने और सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है।
इंडिगो ने शंघाई-कोलकाता के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने सोमवार को शंघाई और कोलकाता के बीच अपनी दैनिक उड़ान सेवा शुरू की, जिससे भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क को मजबूती मिलेगी।शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने ’इंडिगो6ई’ उड़ान सेवा का उद्घाटन किया।
शंघाई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर जानकारी दी कि इंडिगो के प्रबंधन से मुलाकात में माथुर ने कहा कि यह नई उड़ान सेवा भारत और क्षेत्र के बीच हवाई संपर्क बढ़ने और आर्थिक संबंधों में सकारात्मक संकेत है।
इंडिगो और एयर इंडिया जैसी भारतीय एयरलाइन कंपनियों ने शंघाई को नयी दिल्ली और कोलकाता जैसे महानगरों से जोड़ना शुरू कर दिया है।
नयी दिल्ली के बाद कोलकाता दूसरा भारतीय महानगर है जो अब चीन की वाणिज्यिक राजधानी शंघाई से जुड़ा है।
अधिकारियों के अनुसार, एयर चाइना 21 अप्रैल को बीजिंग और नयी दिल्ली के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की योजना बना रही है।
माथुर ने कहा कि शंघाई-कोलकाता नई उड़ान भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी विकास को बढ़ावा देगी।
भारत और चीन ने पांच साल के गतिरोध के बाद पिछले साल अक्टूबर में दोनों देशों के विभिन्न शहरों के बीच उड़ानों को फिर से शुरू किया था।
झांसी में कई वाहन आपस में भिड़े, 13 लोग घायल
झांसी जिले में सोमवार सुबह कई वाहनों के आपस में टकरा जाने के कारण कम से कम 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब छह बजे कानपुर रोड पर बड़ागांव थाना क्षेत्र में जब झांसी से कानपुर जा रही रोडवेज बस बचावली के पास सामने से लेन तोड़कर आए एक ट्रक से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मारुति कार भी बस से जा टकराई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि इस हादसे में रोडवेज बस की परिचालक रिचा साहू और कार सवार तीन लोग सहित 13 लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग का रुख किया, तृणमूल पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को निर्वाचन आयोग का रुख कर आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस राज्य विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को भाजपा को वोट देने से रोकने के लिए डरा-धमका रही हैं।इस संबंध में एक याचिका सौंपते हुए, भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग से राज्य में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू, पीयूष गोयल और सुकांत मजूमदार तथा भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी शामिल थे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रीजीजू ने कहा, ’’चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहीं ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने और चुनाव को हाईजैक करने के लिए अराजकता फैला रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि बनर्जी, उनके मंत्री और तृणमूल कार्यकर्ता विधानसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान करने से रोकने के लिए लोगों को डरा-धमका रहे हैं।
रीजीजू ने कहा, ’’वहां मुख्यमंत्री खुद मतदाताओं को धमका रही हैं... हमने इस संबंध में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।’’
उन्होंने बताया कि आयोग ने प्रतिनिधिमंडल को ’’सकारात्मक जवाब’’ दिया और आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव के तहत दो चरणों में, 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है तथा मतगणना 4 मई को होगी।
चीन ने छह साल बाद उत्तर कोरिया के लिए उड़ान सेवा शुरू की
चीन ने सोमवार को बीजिंग से उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की। इससे कुछ समय पहले दोनों देशों की राजधानियों के बीच ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू की गई थीं।चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार चीनी राजदूत वांग याजून और अन्य राजनयिकों ने उत्तर कोरिया में एयर चाइना की उड़ान का स्वागत किया।
इससे पहले 12 मार्च को चीन और उत्तर कोरिया के बीच यात्री ट्रेन सेवा शुरू की गई थी।
साल 2020 में कोविड-19 महामारी की शुरुआत से उत्तर कोरिया तक उड़ान और ट्रेन सेवाएं बंद थीं।
उत्तर कोरिया की विमानन कंपनी एयर कोर्यो ने 2023 में दोनों राजधानियों के बीच सेवाएं फिर से शुरू की थीं।
देश को नीचा दिखाने का प्रयत्न नहीं करे विपक्ष, प्रधानमंत्री की साख दुनिया में सबसे ऊपर: सीतारमण
विपक्ष पर देश को नीचा दिखाने का प्रयत्न करने का आरोप लगाते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि देश की अर्थव्यवस्था के सभी संकेतक मजबूत स्थिति में हैं और दुनिया के सभी देशों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की साख सबसे ऊपर है।सीतारमण ने लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह बात कही।
समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य धर्मेंद्र यादव ने पूरक प्रश्न पूछते हुए कहा कि केंद्र में राजग सरकार बनने से पहले भाजपा के नेता कहते थे कि डॉलर के मुकाबले रुपये का मूल्य गिरने से प्रधानमंत्री की साख भी गिरती है तो क्या आज जब भारतीय मुद्रा अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले इतने निचले स्तर पर है तो क्या वित्त मंत्री आज भी इस बात पर कायम हैं कि प्रधानमंत्री की साख गिर रही है।
सीतारमण ने जवाब में कहा कि एक हालिया वैश्विक सर्वेक्षण में दुनिया के सभी प्रधानमंत्रियों, राष्ट्रपतियों की लोकप्रियता में भारत के प्रधानमंत्री की साख सबसे ऊपर है। इस पर विपक्षी सदस्यों ने टोकाटोकी की।
वित्त मंत्री ने कहा, ’’भारत के प्रधानमंत्री की साख सबसे ऊपर है। इनके लिए यह बात पचा पाना मुश्किल है। इसलिए बार-बार प्रश्नचिह्न उठाया जा रहा है।’’
उन्होंने कहा कि राजकोषीय स्थिति, राजकोषीय घांटे के पांच साल के प्रबंधन पर दुनियाभर में हो रही प्रशंसा को देखें तो भारत की अर्थव्यवस्था एकदम मजबूत है।
वित्त मंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस नीत सरकार के समय अर्थव्यव्था के सभी आधारभूत तत्व कमजोर थे और देश पांच सबसे कजोर अर्थव्यवस्था में गिना जाने लगा था, तब भाजपा ने चिंता जताई थी।
विशाखापत्तनम में नौसेना के कर्मी ने महिला की हत्या कर शव के टुकड़े किए
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के गाजुवाका इलाके में भारतीय नौसेना के एक कर्मी ने रविवार को एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी तथा उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ऑनलाइन एक चाकू खरीदा और शव के टुकड़े किए।
इसके बाद शव के कुछ हिस्सों को फ्रिज में रखा और अदविवारम के पास एक स्थान पर सिर और हाथ जला दिए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान ’आईएनएस डेगा’ पर तैनात चिंतदा रवींद्र के रूप में हुई है। वह 2021 में एक ’डेटिंग एप’ के माध्यम से मिलने के बाद से महिला पोलिपल्ली मोनिका (28) के संपर्क में था।
एक अधिकारी ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, "नौसेना कर्मी (रवींद्र) ने रविवार को अपने आवास पर विवाद के बाद मोनिका की हत्या कर दी और बाद में शव के टुकड़े-टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया।"
अधिकारी के अनुसार,आरोपी ने बताया कि महिला ने कथित तौर पर उससे 3.5 लाख रुपये लिए थे और उनके रिश्ते का खुलासा उसकी पत्नी से करने की धमकी दे रही थी, जिससे उनके बीच अकसर विवाद होता था।
अधिकारी ने बताया कि घटना के दिन आरोपी ने महिला को अपने फ्लैट पर बुलाया था, जहां उनके बीच तीखी बहस हुई और उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
टीवीके प्रमुख विजय ने चेन्नई के पेरम्बूर से नामांकन दाखिल किया
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख और अभिनेता से नेता बने विजय ने सोमवार को चेन्नई के पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया।विजय का यह पहला चुनाव है और उन्होंने उत्तरी चेन्नई के पेरम्बुर से चुनाव लड़ने का निर्णय किया है, जहां कामकाजी वर्ग की अच्छी-खासी आबादी है।
गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के पहले मुकाबले में खुद को साबित करने उतरेंगे गिल और अय्यर
भारतीय टीम से बाहर टी20 बल्लेबाज शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जब इंडियन प्रीमियर लीग के पहले मैच में क्रमश: गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की अगुवाई करेंगे तो उनका इरादा खुद को साबित करने का भी होगा ।भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था लेकिन बाद में विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया । उनकी जगह संजू सैमसन को चुना गया था जिनका भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान रहा ।
वर्ष 2023 के बाद से आईपीएल में गिल से ज्यादा रन सिर्फ विराट कोहली ने बनाये हैं लेकिन अब फोकस निरंतरता की बजाय स्ट्राइक रेट पर है । गिल का टी20 कैरियर का स्ट्राइक रेट 138 है लेकिन पिछले साल उन्होंने 155 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये ।
अब बल्लेबाजी कोच के तौर पर मैथ्यू हेडन स्टाफ का हिस्सा है लिहाजा गिल की छक्के मारने के कौशल और बल्लेबाजी पर नजर रखी जायेगी । हार्दिक पंड्या के जाने के बाद से गिल ने कप्तानी का जिम्मा भी बखूबी संभाला है ।
अपने पदार्पण वर्ष 2022 में आईपीएल खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस पिछले साल तीसरे स्थान पर रही । एक बार फिर टीम काफी संतुलित लग रही है । सलामी बल्लेबाज गिल और साइ सुदर्शन सबसे बड़ी ताकत हैं ।सुदर्शन ने पिछले सत्र में सर्वाधिक 759 रन बनाये थे । वह पसली के फ्रेक्चर से उबरकर लौट रहे हैं लेकिन घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है ।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के दो सप्ताह बाद सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।बांकीपुर सीट से उनका इस्तीफा भाजपा की बिहार इकाई के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा।
प्रेम कुमार ने संवाददाताओं से कहा, "नितिन नवीन का इस्तीफा मुझे सरावगी द्वारा सौंपा गया है। इसे स्वीकार कर लिया गया है। आगे की औपचारिकताओं के लिए मैंने इसे संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है।"
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सोमवार को राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। नवीन और जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख दोनों 16 मार्च को संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे।
ईरान के आसमान पर छाये काले बादल भारत पर कहर ढा सकते हैं : संजय राउत
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ईरान के आसमान में छाये घने काले बादलों की वजह से पर्यावरण एवं स्वास्थ्य की समस्या का गहरा संकट होने की आशंका जताते हुए राज्यसभा में सोमवार को शिवसेना के संजय राउत ने कहा कि ईरान-इजराइल, अमेरिका युद्ध ने पूरी दुनिया को संकट में डाल दिया है।राउत ने कहा ’’लेकिन भारत के सामने एक अलग संकट है। भारत पर मिसाइल या ड्रोन हमले नहीं हो रहे हैं लेकिन ईरान के आसमान पर छाये काले बादल भारत पर कहर ढा सकते हैं। दूसरे जो कुछ कर रहे हैं, उसका खामियाजा भारत को भुगतना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि ईरान में बार बार हो रहे हमलों के कारण आसमान में उठने वाला काला धुआं कई जहरीली गैस लिए हुए है। इस जहरीली गैस के कारण ईरान के लोगों को सांस लेना मुश्किल हो रहा है और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी चेतावनी दी है कि यह धुआं जानलेवा साबित हो सकता है।
राउत ने कहा कि भारत के सीमावर्ती राज्यों, खास कर गुजरात, राजस्थान, पंजाब जैसे राज्यों में इसका गहरा असर पड़ सकता है। ’’ईरान के आसमान पर छाये गहरे काले बादल पूरी मानवता के लिए खतरा हैं।’’
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहा युद्ध अब वैश्विक पर्यावरण एवं स्वास्थ्य संकट खड़ा कर रहा है।
शिवेसना सदस्य ने मांग की एक पर्यावरण विशेषज्ञ समिति बनाई जाए, ईरान के गहरे धुएं का हमारे देश के पर्यावरण एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को लेकर व्यापक अध्ययन करे।। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस आपदा के खिलााफ आवाज उठाई जाए।
नक्सल मुक्त भारत को लेकर लोकसभा में चर्चा शुरू
नक्सल मुक्त भारत को लेकर लोकसभा में चर्चा शुरू हुई। श्रीकांत शिंदे ने मामले पर बोला। श्रीकांत शिंदे ने कहा कि माओवाद कम करने की कोशिश हमारी सरकार की है।सरकार में वरिष्ठ पदों पर बहुजनों की हिस्सेदारी नहीं: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दावा किया कि सरकार की प्रमुख संस्थाओं में वरिष्ठ पदों पर बहुजनों की हिस्सेदारी नहीं है।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने अपने ’जनसंसद’ कार्यक्रम में ग्रामीण बैंक के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कर्मचारियों के एक समूह से मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की। वह समाज के विभिन्न वर्गों के समूहों से अक्सर मुलाकात करते हैं और इसे उन्होंने ’जनसंसद’ का नाम दिया है।
राहुल गांधी ने फेसबुक पर पोस्ट किया, ’’जनसंसद में कुछ दिनों पहले ग्रामीण बैंक के एसी-एसटी वेलफेयर एसोशिएसन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात हुई। उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं तो वही बात स्थापित हुई जो मैं हमेशा से कहता आया हूं कि बहुजनों की हिस्सेदारी किसी भी संस्था के वरिष्ठ पदों पर है ही नहीं।’’
उन्होंने कहा, ’’प्रतिनिधिमंडल में आए साथियों ने बताया कि किस तरह नीतिगत तरीके से प्रोन्नति के लिए नियम होने के बावजूद उनके साथ इसमें भेदभाव किया जाता है। कभी कामकाज, कभी योग्यता के बहाने से उनकी तरक्की रोक दी जाती है। और तो और अगर ये दलित-आदिवासी संगठन के पदाधिकारी आवाज़ उठाते हैं तो उनका बार-बार और सुदूर क्षेत्रों में तबादला करके सज़ा दी जाती है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि आरक्षण के कारण इन समुदायों को शुरुआती स्तर के पदों की नौकरियां तो मिल जाती हैं, मगर उसके बाद इनके लिए बड़े पदों तक पहुंच पाना नीतिगत भेदभाव के कारण लगभग असंभव हो जाता है।
नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया
इस माह की शुरुआत में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी और जनता दल (यूनाइटेड) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) संजय कुमार ने कुमार का इस्तीफा विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंपा।
बाद में संवाददाताओं से बातचीत में अवधेश नारायण सिंह ने कहा, "हां, मुझे नीतीश कुमार जी का विधान परिषद सदस्य पद से इस्तीफा प्राप्त हुआ है और इसे स्वीकार कर लिया गया है। उनकी परिषद की सीट को जल्द ही आधिकारिक रूप से रिक्त घोषित किया जाएगा।"
जद(यू) प्रमुख 16 मार्च को संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे और एमएलसी पद छोड़ने के लिए निर्धारित 14 दिन की अवधि सोमवार को समाप्त हो रही थी।
जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पिछले सप्ताह संवाददाताओं से कहा था, "संविधान में प्रावधान है कि आपको 14 दिनों के भीतर इस्तीफा देना चाहिए। उसी के अनुसार चीजें होंगी।"
हालांकि, झा ने इस संबंध में सवालों को टाल दिया कि 75 वर्षीय जद(यू) प्रमुख मुख्यमंत्री पद से कब इस्तीफा दे सकते हैं।
इस बीच, बिहार के बांकीपुर से विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी सोमवार को अपनी विधानसभा सदस्यता छोड़ेंगे।
नवीन दो सप्ताह पहले राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।
उनका इस्तीफा सोमवार को किसी भी समय भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा जा सकता है।
देहरादून में कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की मौत
देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह कथित तौर पर रास्ता देने को लेकर दो कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सेना के एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार घटना मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सुबह उस समय हुई जब दिल्ली पंजीकरण नंबर वाली एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे आ रही एक स्कॉर्पियो एन में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसके टायर पर गोलियां चलाईं जो सुबह की सैर पर निकले सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (74) को लग गईं।
उसने बताया कि जोशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के मुताबिक, टायर पर गोली लगने से फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
दिल्ली में पति ने सिलेंडर से वार करके पत्नी की हत्या की
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गैस सिलेंडर से हमला करके पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।सूत्रों ने बताया कि पुलिस को इलाके में घरेलू विवाद के हिंसक रूप लेने की सूचना मिली, जिसके बाद इस घटना के बारे में पता चला।
एक सूत्र ने बताया कि पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली।
सूत्र ने बताया कि महिला को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी ने घर में झगड़े के दौरान अपनी पत्नी पर कथित तौर पर गैस सिलेंडर से हमला किया था।
सूत्रों के अनुसार, अपराध का मकसद अब तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी करके विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
केंद्र ने एलपीजी पर दबाव कम करने के लिए 60 दिन के लिए पीडीएस के तहत केरोसिन आवंटित किया
केंद्र सरकार ने घरेलू उपयोग के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत केरोसिन का अस्थायी आवंटन किया है।यह 60 दिन की आपातकालीन व्यवस्था रसोई गैस (एलपीजी) पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए की गई है।
एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, केरोसिन का उपयोग खाना पकाने और रोशनी के लिए किया जाएगा। यह उन 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अस्थायी रूप से फिर से उपलब्ध कराया जाएगा, जिन्हें पहले ’पीडीएस एसकेओ (केरोसिन-मुक्त)’ घोषित किया गया था।
इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एलपीजी की कमी का सामना कर रहे परिवारों को बुनियादी घरेलू आवश्यकताओं के लिए आवश्यक ईंधन मिल सके।
वाराणसी में मोबाइल चोरी के शक में नाबालिग को पीट-पीटकर मार डाला, एक आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर में कथित तौर पर मोबाइल चोरी के शक में एक नाबालिग किशोर को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पंडितपुर निवासी सोनू अली (16) के रूप में हुई है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि किशोर की मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि सोनू अली शनिवार रात जब अपने घर पर था तभी घमहापुर निवासी रमेश उर्फ बबलू पटेल अपने साथियों संग वहां पहुंचा और उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाने लगा।
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने सोनू को जबरन ले जाकर पंडितपुर पेट्रोल पंप के पास एक अंडरपास में लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद आरोपी उसे भदवार पुलिस चौकी ले गए और मोबाइल चोरी का आरोप लगाने लगे।
पुलिस ने सोनू को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विधानसभा सदस्यता से सोमवार को इस्तीफा देने से पहले नितिन नवीन की भावुक अपील
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने से पहले विधानसभा क्षेत्र की जनता से भावुक अपील की।दो सप्ताह पहले राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए नवीन ने ’एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ’’आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’’
अपने राजनीतिक को याद करते हुए उन्होंने लिखा, ’’जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया और 27 अप्रैल 2006 को पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर मैंने सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।’’
उन्होंने कहा, ’’पिछले 20 वर्षों में पिताजी दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है।’’
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ’’मैंने सदैव अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। इसी का प्रतिफल है कि यहां की देवतुल्य जनता ने मुझे लगातार पांच बार सदन में अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का सौभाग्य प्रदान किया। सदन के अंदर हो या सदन के बाहर, दोनों ही स्थानों का उपयोग मैंने अपने क्षेत्र और बिहार की जनता की आवाज उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान का मार्ग निकालने के लिए किया।’’
उन्होंने कहा, ’’बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में मुझे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ विधायकों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। मैंने अपने क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विषयों का समाधान जनता और कार्यकर्ताओं के सुझावों से ही निकाला है।’’
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई।विदेशी निवेशकों द्वारा बड़े पैमाने पर निवेश निकालने से घरेलू शेयर बाजार कमजोर हुआ।
शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,191.24 अंक गिरकर 72,391.98 पर आ गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 349.45 अंक गिरकर 22,470.15 पर रहा।
सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक सबसे अधिक नुकसान में रहीं।
वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, टीसीएस और हिंदुस्तान यूनिलीवर लाभ में रहीं।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 2.32 प्रतिशत गिरकर 115.3 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहीं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भारी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में था।"
अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स में 2.15 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 1.73 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 1.67 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,367.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,566.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव, कमजोर होते रुपये और भारत की वृद्धि दर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के प्रभाव को लेकर चिंताओं के कारण विदेशी निवेशकों ने मार्च में घरेलू शेयरों से 1.14 लाख करोड़ रुपये (लगभग 12.3 अरब अमेरिकी डॉलर) निकाल लिए हैं, जो अब तक का सबसे खराब मासिक बहिर्वाह है।
सेंसेक्स शुक्रवार को 1,690.23 अंक गिरकर 73,583.22 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 486.85 अंक की गिरावट के साथ 22,819.60 पर बंद हुआ था।
शाहीन अफरीदी, सिकंदर रजा ने होटल का सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ा
पाकिस्तान सुपर लीग की लाहौर कलंदर्स टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी और विदेशी खिलाड़ी सिकंदर रजा को उनके होटल का टीम सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने का दोषी पाया गया है ।मोहम्मद फैसल (लाहौर डीआईजी ,आपरेशंस) ने पीएसएल के सीईओ को बताया कि शहर के पांच सितारा होटल में जहां आठ टीमें ठहरी हैं, सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन हुआ है ।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्व चेतावनी और मनाही के बावजूद शाहीन और सिकंदर ने रजा के आठवें माले स्थित कमरे में रात डेढ बजे तक चार मेहमानों की मेजबानी की ।
लाहौर कलंदर्स के मीडिया अधिकारी ने रजा के कमरे में 10 . 35 तक और फिर रात 11 बजे तक मेहमानों के रहने की अनुमति मांगी थी लेकिन दोनों खारिज कर दी गई थी ।
इसके बाद टीम के मालिक ने पीएसएल सीईओ सलमान नसीर से यही अनुरोध किया था जो सुरक्षा कारणों से खारिज कर दिया गया था । इसके बावजूद चार मेहमान रजा के कमरे में गए और रात डेढ बजे तक रूके ।
रूस में नौकरी का झांसा देकर ठाणे के व्यक्ति से ठगी, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक व्यक्ति को रूस में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 2.92 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय शिकायतकर्ता बदलापुर (पूर्व) का निवासी है और पेशे से बढ़ई है। आरोपियों ने उसे एक ट्रैवल कंपनी के माध्यम से रूस के एक मॉल में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने पासपोर्ट, वीजा और हवाई टिकट सहित रोजगार वीजा उपलब्ध कराने का वादा किया और नवंबर 2025 से इस साल जनवरी के बीच उससे कुल 2.92 लाख रुपये ले लिए।
भिवंडी थाने के एक अधिकारी ने बताया, ’’शिकायतकर्ता को रोजगार वीजा के बजाय अस्थायी वीजा पर विदेश भेज दिया गया।’’
अधिकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया कि रूस पहुंचने के बाद उससे कड़ा श्रम कराया गया, लेकिन वादे के अनुसार नौकरी नहीं दी गई।
साथ ही, आरोपियों ने उससे ली गई रकम भी वापस नहीं की।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर दो पुरुषों और एक महिला के खिलाफ शनिवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में संबंधित ट्रैवल कंपनी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
रुपया 128 पैसे मजबूत होकर 93.57 पर पहुंचा
शुरुआती कारोबार में सोमवार को रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से 128 पैसे मजबूत होकर 93.57 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.62 पर खुला और फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.57 तक और मजबूत हुआ, जो पिछले बंद भाव से 128 पैसे की बढ़त दर्शाता है।रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89 पैसे की भारी गिरावट के साथ अब तक के अपने निचले स्तर 94.85 पर बंद हुआ।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.09 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 2.16 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 115 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,191.24 अंक गिरकर 72,391.98 पर आ गया, जबकि निफ्टी 349.45 अंक गिरकर 22,470.15 पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को कुल 4,367.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भदोही में कालीन कंपनी के दो कर्मचारियों ने सहकर्मी की पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म किया, मामला दर्ज
भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में कालीन निर्यात कंपनी के दो कर्मचारियों पर अपने सहकर्मी के घर में घुसकर उसकी पत्नी से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि शहर के कोतवाली क्षेत्र का निवासी एक कर्मचारी कार्यस्थल के पास अपनी 32 वर्षीय पत्नी के साथ एक किराये के कमरे में रहता है।
उन्होंने बताया कि 25 मार्च को वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था और उसकी पत्नी घर पर अकेली थी।
त्यागी ने बताया कि उस व्यक्ति के सहकर्मी चित्रकूट निवासी हीरा लाल (32) और झारखंड निवासी विवेकानंद सिंह (35) महिला को अकेला पाकर कमरे में घुस गए और उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना का खुलासा 29 मार्च की शाम हुआ, जब महिला का पति घर लौटा और महिला ने उसे आपबीती बताई। इसके बाद दंपति ने थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि महिला की चिकित्सकीय जांच सोमवार को कराई जाएगी, जिसके बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और उसी दिन कंपनी के परिसर से भाग गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
दिल्ली में सोमवार को बारिश होने का अनुमान: मौसम विभाग
दिल्ली में सोमवार को तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।मौसम विभाग के अनुसार सुबह न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 166 दर्ज किया गया, जो ’मध्यम’ श्रेणी आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ’अच्छा’, 51 से 100 ’संतोषजनक’, 101 से 200 ’मध्यम’, 201 से 300 ’खराब’, 301 से 400 ’बेहद खराब’ और 401 से 500 ’गंभीर’ माना जाता है।
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
केरल में अप्रासंगिक है भाजपा, वादे पूरे करने में रही विफल: कांग्रेस नेता मुरलीधरन
कांग्रेस नेता के. मुरलीधरन ने सोमवार को कहा कि केरल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ’अप्रासंगिक’ हो गई है और वह राज्य से किए गए अपने वादे पूरा करने में विफल रही है।पलक्कड़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी रैली पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि केरल की जनता भाजपा की बातों को गंभीरता से नहीं लेती।
नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में वट्टीयोर्कावु से उम्मीदवार मुरलीधरन ने कहा, ’’भाजपा दावा करती है कि यहां जो नहीं बदला है, वह बदलेगा। पार्टी का एक सांसद चुना गया और उसे केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल किया गया। क्या त्रिशूर में मेट्रो रेल सेवा शुरू हुई? काफी समय से लंबित एम्स की मांग क्यों पूरी नहीं हुई?’’
उन्होंने बताया कि सांसद के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संसद में दो बार एम्स की मांग उठाई थी, जिस पर केंद्र सरकार ने जवाब दिया था कि प्रस्ताव वित्त विभाग के विचाराधीन है।
मुरलीधरन ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने वादा किया था कि अगर वह तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव जीतती है, तो प्रधानमंत्री शहर का दौरा करेंगे और एक विशेष पैकेज की घोषणा करेंगे।
सरकार सुनिश्चित कर रही एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को खूब पढ़ने और खेलने के लिए प्रेरित करते हुए सोमवार को कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को संबोधित एक पत्र ’एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, ’’मेरे प्यारे बच्चो, नया शैक्षणिक सत्र आरंभ हो रहा है। आप सभी को स्वर्णिम भविष्य की ढेर सारी शुभकामनाएं।’’
उन्होंने कहा, ’’नए सत्र में आप अपनी रुचि के विषय, खेल एवं विद्यालय की गतिविधियों में पूरे मनोयोग से हिस्सा लें तथा अपने सपनों में रंग भरें।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ’’सरकार सुनिश्चित कर रही है कि एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। एक अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक ’स्कूल चलो अभियान’ हमारे इसी संकल्प का प्रतिफल है।’’
उन्होंने कहा, ’’विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य तभी पूर्ण होगा, जब हर बच्चा पढ़ेगा, हर बच्चा बढ़ेगा।’’
पत्र में उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ’’कुछ दिन पूर्व मुझे अपने विद्यालय (उत्तराखंड) जाने का सौभाग्य मिला, जहां से मुझे जीवन की मूल शिक्षा एवं संस्कार मिले और आगे का मार्ग प्रशस्त हुआ।’’
उन्होंने कहा, ’’विद्यालय मात्र पढ़ाई का स्थान नहीं, अपितु व्यक्तित्व निर्माण की प्रथम पाठशाला है।’’
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ’’प्रभु श्रीराम के मर्यादा पुरुषोत्तम और भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोगी स्वरूप की पहली सीढ़ी उनका गुरुकुल ही था।’’
उन्होंने कहा, ’’आप सबके लिए भी शिक्षा इसी कर्तव्य पथ का अभिन्न अंग है। स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर आप सभी परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ असंभव लक्ष्य भी प्राप्त कर सकते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने बच्चों को तकनीक के सही उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा, ’’आज का युग तकनीक का है, इसलिए उसका सही उपयोग करना सीखें। ’स्क्रीन टाइम’ के स्थान पर ’एक्टिविटी टाइम’ पर ध्यान केंद्रित करें और खूब खेलें-खूब पढ़ें।’’
उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान करते हुए कहा, ’’अपने बच्चों को उत्तम शिक्षा दिलाने के साथ-साथ अपने आस-पड़ोस के उन बच्चों को भी विद्यालय तक पहुंचाने का संकल्प लें, जो शिक्षा से वंचित हैं।’’
उन्होंने कहा, ’’सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं होने के कारण जो बच्चे विद्यालय में प्रवेश नहीं कर पाते और सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं, उनके परिवारों को जागरूक करें।’’
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले 173 थाना प्रमुखों का तबादला किया
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 173 थानों के प्रभारी (ओसी) और प्रभारी निरीक्षकों (आईसी) का तबादला किया है, जिनमें कोलकाता पुलिस के अधीन आने वाले 31 थाने भी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।रविवार को कोलकाता के भवानीपुर और पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों के अधिकारियों का भी तबादला किया गया।
कूचबिहार, मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा और उत्तर व दक्षिण 24 परगना जिलों के आईसी और ओसी के रूप में कार्यरत निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों का भी तबादला किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को बम की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूरु से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर देशभर के स्कूलों, उच्च न्यायालयों और सरकारी कार्यालयों को 1,100 से अधिक फर्जी बम धमकियां देने का आरोप है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुइस के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, उसे शनिवार को दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया।
हाल ही में दिल्ली उच्च न्यायालय, विधानसभा और कई शैक्षणिक व सरकारी संस्थानों को धमकी भरे संदेश भेजे जाने की बढ़ती घटनाओं के बीच यह गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस ने बताया कि लुइस स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई कर चुका है और बेंगलुरु का निवासी है। वह फिलहाल बेरोजगार है और अपनी मां के साथ रहता है, जो एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि वह मानसिक तनाव में हो सकता है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने ईमेल और अन्य संचार माध्यमों के जरिए देशभर में 1,100 से अधिक धमकी भरे संदेश भेजने की बात कबूल की है।"
पुलिस के अनुसार, इन धमकियों के बाद विभिन्न राज्यों में कई प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
गाजियाबाद में बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, चालक फरार
गाजियाबाद के नगर कोतवाली क्षेत्र में नया बस अड्डा के पास सोमवार सुबह करीब 6 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नए बस अड्डे से मोहन नगर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक कई वाहनों को टक्कर मारते हुए फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक का नंबर UP17 T9685 है।हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
महाराष्ट्र एफडीए ने पुणे में सिप्ला के वेयरहाउस का ड्रग लाइसेंस किया रद्द, कंपनी ने फैसले को बताया निराशाजनक
CJP प्रदर्शन में दर्दनाक हादसा, ठाणे के 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, सीने में दर्द के बाद आया हार्ट अटैक
SIR पर पूर्व जजों का बड़ा एक्शन, मदन बी लोकुर की अगुवाई में बना स्वतंत्र आयोग; वोटर लिस्ट की गड़बड़ी की होगी जांच
पंजाब कांग्रेस को मिला नया कप्तान! परगट सिंह बने प्रदेश अध्यक्ष, राजा वड़िंग की जगह संभाली कमान
Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, राष्ट्रपति मुर्मू, PM मोदी, अमित शाह समेत इन दिग्गजों ने दी दिल खोलकर बधाई
© 2026 Times Horizon Private Limited
