LIVE

आज की ताजा खबर: जापान में PM मोदी बोले- भारत में कई गुना बढ़ती है पूंजी; PM अपशब्द मामले में अमित शाह ने राहुल को घेरा तो कांग्रेस ने दी सफाई

Aaj Ki Taza Khabar 29 August 2025: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और जापान मिलकर स्थिरता, वृद्धि और समृद्धि के लिए एशियाई सदी को आकार देंगे। मोदी ने टोक्यो में आयोजित भारत-जापान आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए कहा कि जापान की उत्कृष्टता एवं भारत की व्यापकता एक आदर्श साझेदारी और पारस्परिक वृद्धि का निर्माण कर सकती है। प्रधानमंत्री आज सुबह दो दिवसीय यात्रा पर जापान की राजधानी तोक्यो पहुंचे। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और शुल्क नीतियों को लेकर अमेरिका के साथ भारत के संबंधों में तनाव है।

आज की ताजा खबर: जापान में PM मोदी बोले- भारत में कई गुना बढ़ती है पूंजी; PM अपशब्द मामले में अमित शाह ने राहुल को घेरा तो कांग्रेस ने दी सफाई
आज की ताजा खबर: जापान में PM मोदी बोले- भारत में कई गुना बढ़ती है पूंजी; PM अपशब्द मामले में अमित शाह ने राहुल को घेरा तो कांग्रेस ने दी सफाई

Aaj Ki Taza Khabar 29 August 2025: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और जापान मिलकर स्थिरता, वृद्धि और समृद्धि के लिए एशियाई सदी को आकार देंगे। मोदी ने टोक्यो में आयोजित भारत-जापान आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए कहा कि जापान की उत्कृष्टता एवं भारत की व्यापकता एक आदर्श साझेदारी और पारस्परिक वृद्धि का निर्माण कर सकती है। प्रधानमंत्री आज सुबह दो दिवसीय यात्रा पर जापान की राजधानी तोक्यो पहुंचे। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और शुल्क नीतियों को लेकर अमेरिका के साथ भारत के संबंधों में तनाव है।

AUG 29, 2025 14:48 IST

PM मोदी ने पूर्व जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से की मुलाकात

AUG 29, 2025 14:44 IST

यूक्रेन हार नहीं मानेगा, किसी भी क्षेत्र पर कब्जा स्वीकार नहीं करेगा: राजदूत

रूस-यूक्रेन तनाव के बीच भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने कहा कि उनका देश "हार नहीं मानेगा और किसी भी क्षेत्र पर कब्जा स्वीकार नहीं करेगा।” बृहस्पतिवार रात पीटीआई वीडियो से बातचीत में उन्होंने कहा कि रूस को भारत के साथ व्यापार करने से फायदा हुआ है। यूक्रेनी राजदूत ने कहा, “बेशक, (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर) पुतिन को भारत के साथ व्यापार करने और तेल पर भारी छूट देने से फायदा हुआ, लेकिन समस्या यह है कि पुतिन इस पैसे का इस्तेमाल रूस में सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए नहीं करते।”
AUG 29, 2025 14:43 IST

पटना में भाजपा का मार्च, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से झड़प

राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां के लिए अभद्र भाषा के इस्तेमाल के विरोध में सत्तारूढ़ दल ने यहां विरोध मार्च निकाला और इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। मंत्री नितिन नवीन और संजय सरावगी जैसे वरिष्ठ नेताओं तथा विधायक संजीव चौरसिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दो दिन पहले दरभंगा में हुई घटना के खिलाफ नारे लगाते हुए कुछ किलोमीटर दूर स्थित राज्य कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम तक मार्च किया। नवीन ने कहा, ‘‘ हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। राहुल गांधी और उनके साथियों को देश से माफी मांगनी चाहिए।’’
AUG 29, 2025 14:23 IST

हम दुनिया के सबसे उन्नत स्वच्छ ऊर्जा परिवेश का कर रहे निर्माण: मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में मुकेश अंबानी ने कहा कि हम दुनिया के सबसे उन्नत स्वच्छ ऊर्जा परिवेश का निर्माण कर रहे हैं। साथ ही एआई को नए विकास इंजन के रूप में विकसित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिलायंस ने पिछले तीन वर्ष में 5.6 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया, 125 अरब डॉलर का वार्षिक राजस्व पार करने वाली भारत की पहली कंपनी बनी।
AUG 29, 2025 13:35 IST

पुलिस ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया

बिहार पुलिस ने राज्य में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवी उर्फ ​​रजा (20) के रूप में हुई है, जिसे दरभंगा शहर के सिंहवाड़ा इलाके से गिरफ्तार किया गया।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दरभंगा जिला इकाई के अध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी की शिकायत के आधार पर उसके और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
AUG 29, 2025 13:03 IST

अमित शाह ने असम राजभवन की नयी इकाई का उद्घाटन किया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को यहां राजभवन की नवनिर्मित ब्रह्मपुत्र इकाई का उद्धघाटन किया। शाह ने डेरगांव स्थित लचित बरफुकन पुलिस अकादमी में स्थापित ‘राष्ट्रीय साइबर फॉरेंसिक प्रयोगशाला-उत्तर पूर्व’ का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। शाह ने आईटीबीपी, एसएसबी और असम राइफल्स की विभिन्न विकास परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें आवास परिसर, बैरक और अस्पताल शामिल हैं।
AUG 29, 2025 12:12 IST

चेन्नई एयरपोर्ट पर कांच का पैनल टूटा

चेन्नई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक कांच का पैनल टूटकर गिर गया, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। यहां एयरपोर्ट पर कांच के पैनल टूटना कोई नई बात नहीं है और गुरुवार को हुई यह घटना 89वीं घटना थी। यह घटना एयरपोर्ट के एक रेस्टोरेंट के पास हुई। तेज आवाज सुनकर यात्री घबरा गए और वहां से भाग गए।
AUG 29, 2025 12:04 IST

ओडिशा में नदियों जलस्तर घटा, लेकिन सौ गांव अब भी जलमग्न

उत्तरी ओडिशा की प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने के बावजूद बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों के लगभग 100 गांवों में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी बाढ़ का पानी भरा हुआ है। अधिकारी के अनुसार, इन गांवों के लगभग 30,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बालासोर जिले के बलियापाल और भोगराई खंड के 80 गांवों में लगभग चार फुट तक बाढ़ का पानी भरा हुआ है, जबकि जाजपुर जिले के दशरथपुर खंड के 14 गांवों में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। भद्रक जिले के धामनगर खंड के कुछ इलाके भी अब तक पानी में डूबे हुए हैं। दशरथपुर खंड के बाढ़ प्रभावित ग्रामीण रवींद्र सामल ने बताया, “वैतरणी नदी का जलस्तर तो कम हो गया है, लेकिन हमारे गांवों में बाढ़ का पानी पिछले पांच दिनों से जमा है। इससे मेरा घर क्षतिग्रस्त हो गया, घर का सारा सामान, अनाज और मवेशियों के लिए रखा चारा भी बर्बाद हो गया।”
AUG 29, 2025 11:58 IST

PM मोदी ने जापानी मैन्युफैक्चरर्स को भारत आने का दिया न्योता

India Japan Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत-जापान आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की विकास यात्रा में जापान हमेशा एक अहम पार्टनर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि ऑटो सेक्टर में हमारी भागीदारी बेहद सफल रही है। हम साथ मिलकर, वही मैजिक, बैटरीज़, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, शिप-बिल्डिंग और न्यूक्लियर एनर्जी में भी दोहरा सकते हैं। साथ मिलकर, हम ग्लोबल साउथ, विशेषकर अफ्रीका के विकास में अहम योगदान दे सकते हैं। मैं आप सबसे आग्रह करता हूं- Come, Make in India, Make for The World.
AUG 29, 2025 11:34 IST

दिल्ली में होगा भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन

राजधानी दिल्ली में इस साल भी भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा और इसकी तैयारियों की शुरुआत बृहस्पतिवार को रोहिणी स्थित डीडीए रामलीला मैदान में भूमि पूजन कार्यक्रम से हो गई। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘सनातन संस्कारम परिवार’ की ओर से किया गया, जिसमें केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी तथा दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। आयोजकों के अनुसार, इस रामलीला में दिल्ली की सबसे भव्य प्रस्तुति होगी। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण वर्तमान पीढ़ी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि रामलीला समाज को भगवान राम के आदर्शों और मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
AUG 29, 2025 11:26 IST

पूर्वी राजस्थान में कई जगह पर भारी बारिश

मानसून की सक्रियता के चलते बीते चौबीस घंटे में राजस्थान के पूर्वी भागों में कई जगह भारी बारिश हुई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शुक्रवार की सुबह तक बीते चौबीस घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और कहीं कहीं पर भारी से अतिभारी बारिश हुई। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में कहीं कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सर्वाधिक 136 मिलीमीटर वर्षा सज्जनगढ़, बांसवाड़ा में दर्ज की गई। मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी एक सप्ताह हल्की-मध्यम बारिश व दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
AUG 29, 2025 10:35 IST

चमोली में भूस्खलन में दो लोग लापता

उत्तराखंड के अनेक हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच चमोली जिले में भूस्खलन की चपेट में आकर एक परिवार के दो सदस्य लापता हो गए, जबकि टिहरी के बूढ़ाकेदार क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान की सूचना है अधिकारियों ने बताया कि चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी जिलों में कई स्थानों पर देर रात से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि चमोली जिले की थराली तहसील के देवाल विकास खंड के मोपाटा गांव‌ में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में कुछ मकान आ गए। चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि मोपाटा में एक मकान और गोशाला के भूस्खलन की चपेट में आने से उसमें रह रहा एक दंपति मलबे में दब गया। उन्होंने बताया कि घटना में एक अन्य दंपति को भी मलबे से बाहर निकाला गया और उन्हें चोटें आयी हैं।
AUG 29, 2025 10:00 IST

आरबीआई के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को आईएमएफ का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया

भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गयी है। पटेल ने चार सितंबर 2016 को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 24वें गवर्नर के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के एक दिन बाद 10 दिसंबर 2018 को उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था।
AUG 29, 2025 09:39 IST

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार एवं गोला-बारूद जब्त

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम, काकचिंग और इंफाल पूर्व जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि वसूली की गतिविधियों में शामिल प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय सदस्य को बृहस्पतिवार को इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग से गिरफ्तार किया गया। केसीपी (ताइबांगनबा) गुट के एक उग्रवादी को बृहस्पतिवार को काकचिंग जिले के काकचिंग डीएसए रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इंफाल पश्चिम जिले से केसीपी (पीएससी) के एक सक्रिय सदस्य और इंफाल पूर्वी जिले के बामोन लेइकाई से कांगलेई यावोल कन्ना लुप के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि दोनों वसूली में शामिल थे।
AUG 29, 2025 09:32 IST

गाजा में दाने-दाने को तरस रहे बच्चे, भुखमरी का शिकार हो रहीं महिलाएं

संयुक्त राष्ट्र खाद्य एजेंसी की प्रमुख ने कहा कि इस सप्ताह गाजा की उनकी यात्रा के दौरान यह ‘‘बहुत स्पष्ट’’ था कि फलस्तीनी क्षेत्र में पर्याप्त भोजन नहीं है तथा उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से और अधिक सहायता की तत्काल जरूरत पर चर्चा की। संयुक्त राष्ट्र खाद्य एजेंसी ने पिछले सप्ताह कहा था कि गाजा पट्टी का सबसे बड़ा शहर अकाल की चपेट में है और यदि युद्धविराम नहीं हुआ या मानवीय सहायता पर प्रतिबंध समाप्त नहीं किए गए तो यह पूरे क्षेत्र में फैल सकता है। विश्व खाद्य कार्यक्रम की कार्यकारी निदेशक सिंडी मैकेन ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि गाजा में भुखमरी जारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने गाजा में भुखमरी से जूझ रही माताओं और बच्चों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और पूरी स्थिति खुद देखी।’’ उन्होंने कहा कि नेतन्याहू ‘‘ इस बात से बहुत चिंतित थे कि लोगों को पर्याप्त भोजन नहीं मिल रहा है।’’ इससे पहले उन्होंने गाजा में अकाल की बात से इनकार किया था और कहा था कि भुखमरी के दावे हमास का दुष्प्रचार अभियान है।
AUG 29, 2025 09:19 IST

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने ट्रंप टैरिफ को बताया अनुचित और गलत

US Tariffs on India: विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ को गलत और अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने जो किया वह गलत और अनुचित है। उन्होंने जो कारण बताए और जो आरोप हम पर लगाए हैं, वह पूरी तरह से गलत हैं। ऐसे कई देश हैं, जो उन देशों से तेल आयात करते हैं जिन पर अमेरिका को आपत्ति है।
AUG 29, 2025 09:13 IST

मराठा आरक्षण आंदोलन से पहले जरांगे मुंबई पहुंचे

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे शुक्रवार सुबह मुंबई के आजाद मैदान में अपने विरोध-प्रदर्शन से कुछ घंटे पहले महानगर पहुंच गए। जरांगे सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ मुंबई पहुंचे और उनके पहुंचने पर वाशी में उनके समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जरांगे ने बुधवार को जालना जिले के अपने गांव अंतरवाली सराटी से यह यात्रा शुरू की थी, जो मुंबई से करीब 400 किलोमीटर दूर है। वह अपने समर्थकों के साथ अनशन शुरू करने के लिए रवाना हुए थे। उनके हजारों समर्थक पहले ही मुंबई पहुंच चुके हैं। मनोज जरांगे अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के तहत मराठा समुदाय के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि उनके समर्थक शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे और गणेश उत्सव में किसी प्रकार का विघ्न नहीं डालेंगे।
AUG 29, 2025 08:23 IST

जम्मू में बाढ़ के बाद बचाव कार्य जारी

जम्मू और साम्बा में बाढ़ से क्षतिग्रस्त संपत्तियों को बचाने और पुनर्वास के लिए विभिन्न एजेंसियों द्वारा अभियान शुरू किया गया। इस क्षेत्र में बृहस्पतिवार को अचानक आई बाढ़ में चार और लोग बह गए। पिछले दो दिन में जम्मू क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण 45 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से अधिकतर की मौत वैष्णो देवी तीर्थयात्रा मार्ग पर भूस्खलन के कारण हुई।
बारिश कम होने के बाद बुधवार को राहत कार्यों में तेजी आई।
AUG 29, 2025 07:52 IST

PM मोदी का जापानी कलाकारों ने राजस्थानी लोकगीत से किया स्वागत

AUG 29, 2025 07:03 IST

दहेज के लिए पत्नी का गला घोंटने के जुर्म में व्यक्ति को आजीवन कारावास

बहराइच की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी का गला घोंटने के जुर्म में एक व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने बताया कि 27 जनवरी 2024 को तुलसीराम निषाद नामक व्यक्ति ने पुलिस के समक्ष रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके दामाद लवलेश ने फोन पर सूचना दी कि उनकी पुत्री अंजली ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। तुलसीराम ने आरोप लगाया था कि दामाद लवलेश उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था।