LIVEआज की ताजा खबर, 28 मई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: सिद्दारमैया ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, दिल्ली एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज
आज की ताजा खबर लाइव, 28 मई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [मिडिल ईस्ट तनाव], [सिद्धारमैया इस्तीफा], [दिल्ली मौसम] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: देश, दुनिया और आपके शहर की बड़ी हलचल: खाड़ी देशों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का तीखा बयान, कर्नाटक की राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत, दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न और नोएडा के चर्चित हत्याकांड में आया नया मोड़। पढ़िए आज की बड़ी खबरें।

आज की ताजा खबर, 28 मई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: सिद्दारमैया ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, दिल्ली एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [मिडिल ईस्ट तनाव], [सिद्धारमैया इस्तीफा], [दिल्ली मौसम] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर का यह कर्तव्य है कि वे अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करें, और उन्होंने संकेत दिया कि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो वे ईरान समझौते के साथ आगे नहीं बढ़ेंगे। वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस विधायकों के बयानों के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है, हालांकि पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उधर, दिल्ली-NCR में मौसम बदलने वाला है। IMD ने बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा नोएडा के निक्की भाटी मर्डर केस में नया मोड़ आया है। पीड़िता के परिवार और ससुराल पक्ष के बीच समझौते की खबर सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है।
सिद्दारमैया और कांग्रेस नेताओं को ले जा रहा विशेष विमान दिल्ली के बजाय जयपुर में उतरा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बृहस्पतिवार को बताया कि कांग्रेस नेता सिद्दारमैया, उनके बेटे यतींद्र और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित अन्य नेताओं को ले जा रहा एक विशेष विमान खराब मौसम के कारण नयी दिल्ली के बजाय जयपुर में उतरा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद सिद्दारमैया राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए थे, जहां उनके अपने उत्तराधिकारी और मंत्रिमंडल के गठन की कवायद को लेकर कांग्रेस आलाकमान से मिलने की संभावना है। सीएमओ के बयान में कहा गया, "मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को ले जा रहा विशेष विमान खराब मौसम के कारण दिल्ली के बजाय जयपुर में उतरा है। विमान में कर्नाटक के प्रभारी और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, मंत्री के जे जॉर्ज, बैरती सुरेश, कानूनी सलाहकार पोन्नन्ना, सिद्दारमैया के एमएलसी बेटे यतींद्र और कांग्रेस सचिव अभिषेक दत्त सवार थे।"
गुजरात के मंत्री पनसेरिया ने कहा- संदिग्ध इबोला मरीज की जांच में वायरस की पुष्टि नहीं हुई।
गुजरात के मंत्री प्रफुल्ल पनसेरिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि अहमदाबाद के एक पृथक वार्ड में भर्ती इबोला के संदिग्ध मरीज की जांच में वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने नागरिकों से घबराने नहीं और अफवाहों पर विश्वास न करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों को केवल राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आधिकारिक रूप से साझा की गई जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "कांगो से उत्पन्न संक्रामक रोग इबोला वायरस के एक संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट में वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी प्रकार के भय या घबराहट में न आएं और अफवाहों से दूर रहें तथा केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।" उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार और उसका स्वास्थ्य विभाग जन स्वास्थ्य की रक्षा के लिए पूरी तरह से सतर्क, तैयार और प्रतिबद्ध है। मंत्री ने बुधवार को बताया था कि कांगो के 37-वर्षीय एक व्यवसायी और उनके संपर्क में आए तीन लोगों को अहमदाबाद के अलग-अलग अस्पतालों के पृथक वार्ड में भर्ती कराया गया है और उनके नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। वह व्यवसायी लगभग पांच से सात दिन पहले कांगो से मुंबई आया था और बाद में वडोदरा चला गया था।
अमृतसर के रामबाग इलाके की मार्केट में आग लगी
चमोली के जंगलों में भीषण आग का कहर; पटियालधार सड़क पर पहुंची लपटें
चमोली के जंगलों में आग की घटनाएं लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही हैं, जिससे निपटने के लिए जहां एक ओर ग्रामीण और प्रशासन संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वन विभाग ने जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाले शरारती तत्वों और असहयोग करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। अलकनंदा वन प्रभाग क्षेत्र के अंतर्गत गोपेश्वर के पटियालधार में स्थित नर्सिंग कॉलेज को जोड़ने वाली सड़क के दोनों तरफ अचानक जंगल की भीषण आग पहुंच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां हड़कंप मच गया। मौके पर प्रशासन की टीम के पहुंचने से पहले ही सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में से एक वाहन आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते जलकर पूरी तरह राख हो गया। मौके पर फायर सर्विस की टीम ने बाकी गाड़ियों में आग की लप्टे पहुंचने से पहले ही आग पर नियंत्रण पा लिया वरना काफी ज्यादा आर्थिक नुकसान हो सकता था।
केरल के अम्यूजमेंट पार्क में बड़ा हादसा
केरल के तिरुवनंतपुरम के पास वेम्बायम स्थित हैप्पीलैंड अम्यूजमेंट पार्क में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे बड़ा हादसा हो गया। पार्क में चल रहा एक जायंट व्हील अचानक टूटकर गिर पड़ा, जिससे दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राइड के वेल्डिंग जॉइंट और सपोर्टिंग मेटल स्ट्रक्चर में खराबी होने की वजह से यह हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद केरल पुलिस और फायर एंड रेस्क्यू विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मशहूर उर्दू शायर बशीर बद्र का निधन
मशहूर उर्दू शायर बशीर बद्र का बृहस्पतिवार को भोपाल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि उन्होंने भोपाल स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 15 फरवरी 1935 को जन्मे बद्र ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में उर्दू के शिक्षक के तौर पर काम किया। वह भाषा पर अपनी पकड़, खासकर गजलों में महारत के लिए विख्यात थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। एक रिश्तेदार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शाम को किया जाएगा।
सिद्दारमैया ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। सिद्दारमैया ने लोकभवन जाकर इस्तीफा दिया।
पुंछ के बफलियाज़ जंगलों में भीषण आग, कई किलोमीटर तक फैली लपटें
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के बफलियाज़ इलाके के जंगलों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तेज गर्मी और हवाओं के कारण आग लगातार फैलती जा रही है और अब तक काबू से बाहर बनी हुई है।
मौके पर पहुंची फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की टीमें आग बुझाने की लगातार कोशिशों में जुटी हुई हैं। हालांकि आग की तीव्रता और दुर्गम जंगल क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग तेजी से जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले रही है, जिससे वन संपदा और वन्यजीवों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
👉 प्रशासन की लोगों से अपील:
प्रशासन और वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि जंगलों में किसी भी प्रकार की आग न जलाएं और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन या फॉरेस्ट विभाग को सूचना दें।
“जंगल हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं, इन्हें बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
मैनपुरी में टायर फटने से पलटी कार सवार 105 वर्षीय महिला और आठ साल की बच्ची की मौत
ब्रिटेन में महिला की गला घोंटकर हत्या करने के जुर्म में भारतीय मूल के व्यक्ति को 29 साल की कैद
ब्रिटेन के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में एक महिला की गला घोंटकर हत्या करने और शव को सड़क किनारे फेंकने के दोषी भारतीय मूल के एक चालक को बुधवार को 29 साल कैद की सजा सुनाई गई।
पिछले वर्ष अगस्त में स्मेथविक इलाके में एक राहगीर ने महिला का शव बरामद किया था। 32 वर्षीय तनवीर सिंह पर 41 वर्षीय शारा मिलर की हत्या का आरोप लगाया गया था।
वॉल्वरहैम्प्टन क्राउन कोर्ट में सजा सुनाते हुए न्यायाधीश माइकल चैंबर्स ने सिंह को ’’चालाक और निर्दयी’’ व्यक्ति बताया, जिसने अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है।
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस के खुफिया इंस्पेक्टर जो डेवनपोर्ट ने कहा, ’’शारा की एक खतरनाक अपराधी ने बेरहमी से हत्या की।’’
उन्होंने कहा कि घटना वाली रात सिंह एक पब में शराब पी रहा था और बाद में यौनकर्मियों की तलाश में सोहो रोड गया। इसके बाद उसने शारा को अपनी वैन में बैठाया, जहां उस पर जानलेवा हमला किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सिंह ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से पीड़िता के शव पर एक तरल पदार्थ डाला था, ताकि फोरेंसिक साक्ष्य नष्ट किए जा सकें।
इस महीने की शुरुआत में वॉल्वरहैम्प्टन क्राउन कोर्ट की जूरी ने सिंह को शारा की हत्या का दोषी ठहराया था। दो सप्ताह तक चले मुकदमे में अदालत को बताया गया कि शारा के सिर पर चोट के निशान थे और फोरेंसिक पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला घोंटना पाया गया।
अगले पांच साल में तापमान में होगी रिकॉर्ड वृद्धि : संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र की नयी जलवायु रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि अगले पांच वर्षों के दौरान पृथ्वी का तापमान कई बार उस अंतरराष्ट्रीय सीमा से ऊपर जा सकता है, जिसे अब तक सुरक्षित माना जाता रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान पृथ्वी के सबसे गर्म वर्ष का रिकॉर्ड भी कई बार टूट सकता है।
विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने यह भी अनुमान जताया है कि 2030 तक आर्कटिक क्षेत्र का तापमान करीब 1.66 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। इसके साथ ही अमेजन क्षेत्र में गंभीर सूखे और वनाग्नि का खतरा भी बढ़ सकता है।
वैज्ञानिकों ने कहा कि कोयला, तेल और गैस के इस्तेमाल से बढ़ रही वैश्विक गर्मी के कारण बाढ़, सूखा और भीषण गर्मी जैसी चरम मौसमी घटनाएं अधिक होंगी।
संयुक्त राष्ट्र की जलवायु एजेंसी और ब्रिटेन के मौसम विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 से 2030 के बीच औसत वैश्विक तापमान के औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की 75 प्रतिशत आशंका है। यही वह सीमा है जिसे 2015 के पेरिस जलवायु समझौते में सुरक्षित माना गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि तापमान में मामूली वृद्धि भी मौत, खतरे और जीव-जंतुओं की प्रजातियों के नुकसान का कारण बन सकती है। प्रवाल भित्तियों और ग्लेशियर जैसे कई प्राकृतिक तंत्र इस अतिरिक्त दबाव को सहन नहीं कर पाएंगे।
मैनपुरी में टायर फटने से पलटी कार सवार 105 वर्षीय महिला और आठ साल की बच्ची की मौत
मैनपुरी जिले के ऐलाऊ क्षेत्र में कुसमारा रोड पर टायर फटने से अनियंत्रित होकर एक कार पलट जाने से उसमें सवार एक वयोवृद्ध महिला और एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, बुधवार शाम हुए इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 105 वर्षीय रमा देवी और आठ वर्षीय प्रांशी के रूप में हुई। परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हुए हैं।
सिंह ने बताया कि रूपपुर भरतपुर गांव के निवासी उमेश अपनी मां रमा देवी, बेटी प्रांशी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बुधवार शाम बेवार में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार सचिन चला रहा था।
ऐलाऊ थाना क्षेत्र में कुसमारा रोड पर अचानक कार का पिछला टायर फट गया। इससे ड्राइवर का नियंत्रण हट गया और कार सड़क पर लुढ़कते हुए किनारे खाई में जा गिरी।
CM योगी ने भी की गर्मी से बचने की खास अपील
हीट वेव के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि डीएम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें। वरिष्ठ अधिकारियों को अस्पतालों, पेयजल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के लिए कहा गया है। सीएम ने सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राहत और बचाव कार्यों को लेकर सतर्क रहने की अपील करते हुए उन्होंने जनता से भी लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने को कहा। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनने और आग लगने की आशंका वाली किसी भी लापरवाही से बचने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को श्रमिकों को थकावट, डिहाइड्रेशन और लू से बचाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
दिल्ली में घर के अंदर मिली दो महिलाओं की लाशें, मौत का कारण साफ नहीं
दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर के आर ब्लॉक में दो बुजुर्ग महिलाएं मृत अवस्था में मिलीं। फोरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है और जांच जारी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं बुजुर्ग थीं, जिनमें से एक की उम्र लगभग 80 साल थी। दोनों की बॉडी मकान के अलग-अलग हिस्सों में मिली और किसी पर बाहरी चोट का निशान नहीं पाया गया। बताया गया कि पिछले दो दिनों से घर की नौकरानी नहीं आई थी, और जब वह आज सुबह पहुंची तो उसे बदबू महसूस हुई। गेट तोड़कर अंदर देखा गया तो दोनों महिलाओं की लाश घर में पड़ी हुई थी।
नादिया: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नादिया जिले के मायापुर में इस्कॉन मंदिर में 'गौ पूजा' की।
हिंसा भड़काने के आरोप में तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष गिरफ्तार; BJP कार्यकर्ताओं ने कोर्ट के बाहर "चोर, चोर" के नारे लगाए और जूते-चप्पल दिखाए; झड़प को रोकने के लिए पुलिस के साथ केंद्रीय बल तैनात।
गुरुवार को कोर्ट परिसर में उस समय भारी तनाव फैल गया, जब दुर्गापुर ब्लॉक 1 के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और नेता राजीव घोष—जिन्हें हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था—को दुर्गापुर कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। राजीव घोष के आने से पहले ही BJP कार्यकर्ता और समर्थक कोर्ट भवन के सामने जमा हो गए थे। जब राजीव घोष को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच कोर्ट के अंदर ले जाया जा रहा था, तो BJP कार्यकर्ताओं ने "चोर, चोर" के नारे लगाने शुरू कर दिए और उनकी ओर जूते-चप्पल दिखाए। स्थिति को काबू में करने के लिए, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। BJP का आरोप है कि राजीव घोष लंबे समय से इस इलाके में हिंसा, धमकी, रंगदारी और राजनीतिक उत्पीड़न की गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
ईद-उल-अज़हा 2026 के जश्न के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पर पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने क्या कहा?
लेबनान में फिर बरसे बम: इजरायली लड़ाकू विमानों का 'टायर' शहर पर हमला
लेबनानी मीडिया के हवाले से आ रही ताजा खबरों के मुताबिक, इजरायली लड़ाकू विमानों ने एक बार फिर दक्षिणी लेबनान के ऐतिहासिक तटीय शहर 'टायर' (Tyre) को निशाना बनाया है। इस क्षेत्र में हाल के दिनों में तनाव काफी बढ़ गया है, और इजरायल द्वारा हवाई हमलों का सिलसिला लगातार जारी है।
AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा, मैं ईद-उल-अजहा के मौके पर पूरे भारतवासियों को दिल की गहराइयों से मुबारकबाद देता हूं।
निक्की भाटी हत्याकांड में नया मोड़
नोएडा के चर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में अब नया मोड़ सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के परिवार और ससुराल पक्ष के बीच समझौते की बात सामने आई है। इस खबर के बाद मामले को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
हालांकि पुलिस और कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है। मामले में सामने आए नए घटनाक्रम के बाद लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस केस को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।