LIVE

27 सितंबर 2024 हिंदी न्यूज़: कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी के खिलाफ मामला दर्ज, इजराइली हमलों में मारा गया हिजबुल्लाह का एरियल कमांडर

आज की ताजा खबर LIVE
27 सितंबर 2024 हिंदी न्यूज़: कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी के खिलाफ मामला दर्ज, इजराइली हमलों में मारा गया हिजबुल्लाह का एरियल कमांडर

हिंदी न्यूज़, 27 सितंबर 2024 मुख्य समाचार (Hindi News Today Updates): कोलकाता पुलिस ने कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी के खिलाफ शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। उक्त ओएसडी की पहचान कालीचरण बनर्जी के रूप में हुई है। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कार्यालय द्वारा उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों को ठगने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई है। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का ऐलान जल्द हो सकता है। इस बाबत चुनाव आयोग की टीम आज महाराष्ट्र का दौर करने वाली है। भारत-बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच आज से शुरू होगा। यह मुकाबला कानपुर में खेला जाएगा। इजराइल और हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब इजराइली वायु सेना ने दावा किया है कि बेरूत में एयर स्ट्राइक में हिजबुल्लाह के एरियल कमांड के कमांडर मुहम्मद हुसैन सरूर को मार गिराया गया है।

  • हरियाणा के फरीदाबाद में आज बसपा प्रमुख मायावती की रैली।
  • हरियाणा में भाजपा के खिलाफ प्रचार शुरू करेगा संयुक्त किसान मोर्चा।
  • भारत-बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा टेस्ट आज से कानपुर में।
  • इजराइली हमले में हिजबुल्लाह के एरियल कमांडर मुहम्मद हुसैन सरूर की मौत।
  • इजराइल ने हिजबुल्लाह के साथ युद्ध विराम के अमेरिकी प्रस्ताव को ठुकराया।

SEPT 27, 2024 18:00 IST

अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली बाइक पर पलटी, दो भाइयों की मौत

जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक की टक्कर के बाद दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस उप निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि रिंग रोड पर खेतापुरा के पास बजरी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक की टक्कर हो गयी । उन्होंने बताया कि इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार घासी महावर (35) और उसके छोटे भाई मुकेश (34) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक घटनास्थल से भाग गया, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
SEPT 27, 2024 17:29 IST

एमसीडी की रिक्त सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की

भाजपा ने दिल्ली नगर निगम की 18 सदस्यीय स्थायी समिति की एकमात्र रिक्त सीट पर शुक्रवार को निर्विरोध जीत हासिल की क्योंकि सत्तारूढ़ आप और कांग्रेस के पार्षदों ने चुनाव का बहिष्कार किया था। भाजपा उम्मीदवार सुंदर सिंह को पार्टी के सभी 115 पार्षदों के वोट मिले, जबकि आप की निर्मला कुमारी को कोई वोट नहीं मिला। स्थायी समिति दिल्ली नगर निगम के संबंध में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है। इस चुनाव परिणाम के साथ, भाजपा के पास अब समिति में 10 सदस्य हैं जबकि सत्तारूढ़ आप के पास केवल आठ हैं। यह पहली बार है कि चुनाव आप और कांग्रेस पार्षदों की भागीदारी के बिना हुआ। भाजपा पार्षद कमलजीत सहरावत के पश्चिमी दिल्ली से लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।
SEPT 27, 2024 16:26 IST

निजी भूमि पर उगे सागौन की कटाई में छूट दें राज्य सरकारेंः ईएसी-पीएम

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) ने सुझाव दिया है कि राज्य सरकारों को निजी भूमि पर उगाए गए पेड़ों के लिए कटाई और पारगमन परमिट लेने की जरूरत से सागौन, गुर्जन और मेरांती जैसी देशी लकड़ी की उच्च मूल्य वाली प्रजातियों को छूट देनी चाहिए। ईएसी-पीएम ने 'कृषि वानिकी: वनों के लिए लुप्त वृक्ष' शीर्षक वाले एक अध्ययन पत्र में कहा कि इससे किसानों के लिए अपनी भूमि पर इन उच्च मूल्य वाली देशी प्रजातियों को उगाना आसान हो जाएगा और भारत के देशी वनों पर दबाव कम होगा। अध्ययन पत्र के मुताबिक, संरक्षण-आधारित वन नीतियों की चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकारों को निजी भूमि पर उगाए गए पेड़ों के लिए कटाई और पारगमन परमिट प्राप्त करने की आवश्यकता से सागौन, गुरजन और मेरांती जैसी उच्च मूल्य वाली देशी लकड़ी की प्रजातियों को छूट देनी चाहिए। इसमें पारगमन और कटाई परमिट पाने के लिए एकसमान प्रक्रिया के साथ केंद्रीय स्तर पर एकल खिड़की मंजूरी देने की भी वकालत की गई है। इसके अलावा भारत को सागौन आयातक से एक प्रमुख निर्यातक बनाने के लिए भूमि के स्वामित्व के बजाय पेड़ों के स्वामित्व को साबित करने के लिए एक सरकारी आदेश की सिफारिश की गई है।
SEPT 27, 2024 16:16 IST

प्रयागराज जंक्शन पर कछुओं की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से दो झोलों में रखे गये 10 कछुए बरामद कर उनकी तस्करी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जीआरपी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) अभिषेक यादव ने बताया कि रेलवे पुलिस के कर्मी बृहस्पतिवार को प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्हें दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिनसे पूछताछ पर उनके पास से दो झोले में से 10 कछुए बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान पदेश के अमेठी के रहने वाले गुड्डू कंजड़ एवं आकाश कंजड़ के रूप में हुई है। इन्हें गिरफ्तार कर वन दारोगा शिवदत्त और कपिलदेव को सौंप दिया गया। क्षेत्रीय वन दरोगा कपिलदेव ने बताया कि पूछताछ अभियुक्तों ने बताया कि इन्हें सुल्तानपुर में एक व्यक्ति ने ये कछुए सौंपे और बिहार के भागलपुर पहुंचाने को कहा था। इस काम के एवज में उनलोगों को 1500-1500 रुपये दिए गए। प्रयागराज के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अरविंद यादव ने बताया कि ये इंडियन सॉफ्टशेल प्रजाति के कछुए हैं जो अनुसूची एक में शामिल हैं और स्वच्छ पानी वाले जलाशयों में पाए जाते हैं। यादव ने बताया कि इन कछुओं को अदालत में साक्ष्य के तौर पर पेश करने के बाद प्रयागराज में साफ पानी वाले जलाशयों में छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन्यजीव संबंधित अपराधों के अधिनियम की सुसंगत धाराओं में इन अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
SEPT 27, 2024 15:27 IST

सौतेली बेटी से बलात्कार के जुर्म में बढ़ई को 10 साल जेल की सजा

यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत विशेष पॉक्सो अदालत ने अपनी किशोर सौतेली बेटी से बलात्कार कर उसे गर्भवती करने और जबरन गर्भपात करवाने के जुर्म में 50 वर्षीय बढ़ई को 10 साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई। विशेष पॉक्सो अदालत के न्यायाधीश डी. एस. देशमुख ने बृहस्पतिवार को अपने आदेश में दोषी पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। सुनवाई के दौरान विशेष सरकारी वकील संध्या एच. म्हात्रे ने अदालत को बताया कि बढ़ई ने मार्च 2016 में बार बार अपनी सौतेली बेटी से बलात्कार किया। घटना के वक्त पीड़िता 17 वर्ष की थी और वह तथा उसका सौतेला पिता कश्मीरा इलाके में एक निर्माण स्थल में रहते थे। लड़की के गर्भवती हो जाने के बाद सौतेले पिता की करतूत सामने आई और वह उसे गर्भपात के लिए मुंबई में एक अस्पताल ले गया। म्हात्रे ने कहा कि बढ़ई के खिलाफ आरोपों को साबित करने के लिए अभियोजन पक्ष के 10 गवाहों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर वह दोषी साबित हुआ।
SEPT 27, 2024 14:46 IST

त्योहार के मौसम में रेलवे करीब 6,000 विशेष ट्रेन चलाएगा : वैष्णव

त्योहारों का मौसम नजदीक आता देख भारतीय रेलवे ने दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के मौके पर एक करोड़ से अधिक यात्रियों की सुविधा के लिए 6,000 विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां पत्रकारों को बताया कि त्योहारों के दौरान अत्यधिक भीड़ भाड़ को देखते हुए 108 ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य डिब्बा जोड़ने के अलावा 12,500 डिब्बे स्वीकृत किए गए हैं। विशेष तौर पर बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जाने वाले कई रेल मार्गों पर दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के त्योहार के दौरान भारी भीड़ रहती है। वैष्णव ने कहा कि इस साल के त्योहार के मौसम के लिए अब तक कुल 5,975 विशेष ट्रेनें अधिसूचित की गई हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 4,429 थी। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पूजा के दौरान एक करोड़ से अधिक यात्रियों को घर जाने में सुविधा होगी।’’
SEPT 27, 2024 14:45 IST

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर पहुंची क्रूजर बोट, गोबिंद सागर झील में जल्द शुरू होगा संचालन

क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल के तहत गोविंद सागर झील में पहली क्रूजर नौका पहुंच चुकी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बिलासपुर के उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि मोटरबोट, जेट स्की और बचाव नौकाएं पहले ही बिलासपुर पहुंच चुकी हैं और क्रूजर बोट भी जल्द ही तैयार हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में पांच-छह दिन लगेंगे। उपायुक्त ने बताया कि बिलासपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने की नयी पहल के तहत उत्तरी जोन की पहली क्रूजर बोट आ गई है और इसे जल्द ही गोविंद सागर झील में चलाया जाएगा।
SEPT 27, 2024 14:33 IST

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी के खिलाफ मामला दर्ज

कोलकाता पुलिस ने कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी के खिलाफ शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। उक्त ओएसडी की पहचान कालीचरण बनर्जी के रूप में हुई है। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कार्यालय द्वारा उनके नाम का इस्तेमाल कर लोगों को ठगने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई है।
SEPT 27, 2024 14:25 IST

न्यायमूर्ति श्रीराम कल्पथी राजेंद्रन ने मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ

SEPT 27, 2024 14:24 IST

भागलपुर में एक और छोटा पुल ढह गया

बिहार में भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को एक छोटे पुल का एक खंभा ढह गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। भागलपुर के जिलाधिकारी (डीएम) नवल किशोर चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, "पीरपैंती-बाबूपुर इलाके को बाखरपुर रोड से जोड़ने वाली सड़क पर एक छोटे पुल का एक खंभा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे थोड़ा नीचे गिर गया। पूरा पुल नहीं गिरा है... पुल पर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और तकनीकी विशेषज्ञ क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में लगे हुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि ऐसा संभवतः गंगा नदी से बाढ़ का पानी सड़क पर आ जाने के कारण हुआ होगा । जिलाधिकारी ने कहा कि घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस पुल का निर्माण कुछ साल पहले राज्य सरकार के पथ निर्माण विभाग ने कराया था।
SEPT 27, 2024 14:23 IST

बहराइच में मानव वन्य जीव संघर्ष में तीन बच्चों सहित चार घायल

कतर्नियाघाट वन्य जीव अभ्यारण्य तथा बहराइच वन प्रभाग की महसी तहसील क्षेत्र के अलग—अलग इलाकों में बृहस्पतिवार शाम से देर रात तक मानव वन्यजीव संघर्ष में तीन बच्चों सहित चार लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कतर्नियाघाट के एक अधिकारी ने तेंदुए के दो हमलों की पुष्टि की है। बहराइच वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महसी में सियार या कुत्तों ने लोगों पर हमले किए। लेकिन गांव के लोग इसे भेड़ियों का हमला बता रहे हैं। कतर्नियाघाट सेंचुरी के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बी. शिवशंकर ने शुक्रवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम कतर्नियाघाट के धर्मापुर वन रेंज अंतर्गत हरखापुर गांव के एक खेत में किसान मधुसूदन (35) अकेले काम कर रहे थे तभी एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। मधुसूदन के गले पर चोट आई और उन्हें स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सक ने बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। डीएफओ ने बताया कि दूसरी घटना सुजौली वन रेंज के अयोध्या पुरवा गांव की है। यहां साहिबा (13) अपने घर के बाहर आंगन में अकेली सो रही थी तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। घर वालों ने शोर मचाया जिसके बाद तेंदुआ भाग गया।
SEPT 27, 2024 13:36 IST

अमेरिका में भारतीय मूल के न्यायाधीश के खिलाफ मामला दर्ज

अमेरिका में अपने चुनाव के परिणाम को प्रभावित करने के उद्देश्य से खुद के बारे में गलत जानकारी देने के लिए फोर्ट बेंड काउंटी के न्यायाधीश के.पी. जॉर्ज को बृहस्पतिवार शाम को जेल भेज दिया गया। फोर्ट बेंड काउंटी के न्यायिक रिकॉर्ड के अनुसार, न्यायाधीश के तौर पर अपने चुनाव के दौरान मतदाताओं को रिझाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर फैलाई गई गलत जानकारी से जुड़े कदाचार के लिए शाम 7:17 बजे जॉर्ज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
SEPT 27, 2024 13:07 IST

शिगेरु इशिबा होंगे जापान के अगले प्रधानमंत्री

जापान की सत्तारूढ़ पार्टी ने पूर्व रक्षा मंत्री शिगेरु इशिबा को शुक्रवार को अपना नेता चुन लिया जो प्रधानमंत्री के रूप में अगले सप्ताह कार्यभार संभालेंगे।
SEPT 27, 2024 12:04 IST

आधार और पैन का डेटा दिखाने वाली वेबसाइट्स ब्लॉक

केंद्र सरकार की ओर से व्यक्तिगत संवेदनशील जानकारी जैसे आधार और पेन का डेटा दिखाने वाली कुछ वेबसाइट्स को ब्लॉक कर दिया है। आईटी मंत्रालय को इस बात की जानकारी दी है।
SEPT 27, 2024 11:39 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: ड्वेन ब्रावो ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया

ड्वेन ब्रावो ने सीपीएल में अपने अंतिम सत्र को चोट के कारण बीच में ही छोड़ देने के बाद सभी तरह के क्रिकेट से संन्यास लेने की पुष्टि की है।
SEPT 27, 2024 11:36 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: ईडी ने तेलंगाना के मंत्री, अन्य के परिसरों पर छापे मारे

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित तस्करी गिरोह से संबंधित लगभग 100 करोड़ रुपये के धन शोधन मामले में तेलंगाना के राजस्व मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी और कुछ अन्य लोगों से जुड़े कई परिसरों पर शुक्रवार को छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
SEPT 27, 2024 10:46 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ के इस्तीफे की खबरें

पंजाब में पंचायत चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। ऐसी खबरें हैं कि पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, पार्टी की तरफ से ऐसी खबरों का खंडन किया गया है।
SEPT 27, 2024 10:17 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: भाजपा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया का निधन

प्रयागराज के मेजा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व विधायक नीलम करवरिया का बृहस्पतिवार देर रात हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 50 वर्ष की थीं।
SEPT 27, 2024 10:04 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: जम्मू-कश्मीर के दो जिलों में एनआईए की छापेमारी जारी

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जून में शिव खोड़ी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस पर हुए घातक आतंकवादी हमले की जांच के तहत शुक्रवार को राजौरी और रियासी जिलों में कई स्थानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एनआईए अधिकारी जम्मू-कश्मीर में सात स्थानों पर छापे मार रहे हैं।
SEPT 27, 2024 10:02 IST

आज की ताजा खबर लाइव हिंदी न्यूज़: जेलेंस्की से मिलेंगे डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को न्यूयॉर्क के ट्रंप टॉवर में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलेंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को न्यूयॉर्क में संवाददाताओं से कहा, "राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मुझसे मिलने का अनुरोध किया है। मैं कल (शुक्रवार को) सुबह करीब 9:45 बजे ट्रंप टॉवर में उनसे मुलाकात करूंगा। यूक्रेन में जो हो रहा है वह शर्मनाक है। इतनी मौतें, इतना विनाश। यह एक भयानक बात है।"