LIVE

आज की ताजा खबर लाइव, 24 अक्टूबर 2026 : इंडिगो ने 31 अक्टूबर तक के लिए रद्द कीं उड़ानें, कुख्यात गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया भी US में गिरफ्तार

आलोक कुमार रावUpdated Oct 24, 2026, 08:25 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 24 अक्टूबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज मुख्य समाचार Latest News in Hindi: उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने औपचारिक बातचीत शुरू कर दी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने 175 से अधिक सीट की प्रारंभिक सूची सौंपी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा है कि दुनिया भर में उन्होंने आठ युद्ध रुकवाए लेकिन उन्हें शांति का नोबेल पुरस्कार नहीं मिला। तिब्बत में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया है। 22 अक्टूबर को यहां सात तीव्रता का भूकंप आया था। अरुणाचल प्रदेश में चीन के साथ आमना-सामना होने के दावे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

aaj ki taza khabar 24 october 2026 hindi news
आज की ताजा खबर लाइव, 24 अक्टूबर 2026 : इंडिगो ने 31 अक्टूबर तक के लिए रद्द कीं उड़ानें, कुख्यात गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया भी US में गिरफ्तार

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़),(Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शुक्रवार को कहा कि वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया को 'भारत विरोधी’ गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने देगी। विहिप का यह बयान विश्वविद्यालय परिसर की दीवारों पर कथित तौर पर ’कश्मीर को आजाद करो’ और 'शरजील इमाम को रिहा करो’ जैसे भित्तिचित्र उकेरे जाने के बाद सामने आया है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें कथित तौर पर परिसर की दीवारों पर 'कश्मीर को आजाद करो’, 'फलस्तीन को आजाद करो’, ’शरजील इमाम को रिहा करो’ और ’आरएसएस वापस जाओ’ जैसे भित्तिचित्र उकेरे गए दिखाई दिए। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को हिरासत में लिया है। वे जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने भी आरोप लगाया कि छात्रों से मिलने जाते समय पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लिया।

OCT 24, 2026 08:25 IST

फिरोजपुर में 15 किलो हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार

फिरोजपुर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनटीएफ (नारकोटिक्स कंट्रोल टास्क फोर्स) की टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 किलो हेरोइन बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान नशीले पदार्थों के 30 पैकेट बरामद हुए हैं। इसके अलावा, आरोपियों के पास से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य जानकारियां सामने आने की संभावना है।
OCT 24, 2026 08:00 IST

कुख्यात गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया भी US में गिरफ्तार

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स की विदेशी धरती पर बड़ी कामयाबी का सिलसिला जारी है। मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की अमेरिका में हुई गिरफ्तारी के तुरंत बाद, उसके करीबी सहयोगी और कुख्यात गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने दबोच लिया है। सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई हरियाणा STF और भारतीय केंद्रीय एजेंसियों द्वारा दिए गए सटीक इंटेलिजेंस इनपुट और रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर की गई है। दोनों गैंगस्टरों की गिरफ्तारी से दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में सक्रिय उनके आपराधिक सिंडिकेट को बड़ा झटका लगा है
OCT 24, 2026 07:52 IST

दिल्ली SIR : ड्राफ्ट रोल से करीब 47.6 लाख नाम कटे

दिल्ली की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चौंकाने वाली बात सामने आई है। 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट रोल से करीब 47.6 लाख नाम हटाए गए थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि 31 अगस्त से 22 अक्टूबर के बीच फॉर्म-6 के सिर्फ 2,50,754 आवेदन मिले हैं। इनमें नए मतदाता और SIR में नाम कटने के बाद दोबारा जुड़ना चाहने वाले, दोनों शामिल हैं।
OCT 24, 2026 07:03 IST

रिश्वत लेने के आरोप में ईडी के लखनऊ कार्यालय के 2 अधिकारी गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ कार्यालय के दो अधिकारियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार और मुख्य आरक्षी मनोज द्विवेदी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि द्विवेद्वी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से प्रतिनियुक्ति पर ईडी में आए हैं। सीबीआई ने इससे पहले एक शिकायत के आधार पर द्विवेदी और ईडी के अन्य अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
OCT 24, 2026 07:03 IST

इंडिगो ने सऊदी अरब के लिए उड़ानें 31 अक्टूबर तक के लिए रद्द कीं

भारतीय विमानन कंपनी ’इंडिगो’ ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों के निलंबित रहने की अवधि बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दूतावास ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी, जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी।’
OCT 24, 2026 07:02 IST

बालासोर में दुष्कर्म-हत्या मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा के बालासोर जिले में 14 वर्षीय लड़की से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मामले से निपटने में कथित लापरवाही के आरोप में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि लड़की का अधजला शव उसके गांव के पास झाड़ियों वाले इलाके में मिला था। उन्होंने बताया कि वह 16 अक्टूबर की शाम से लापता थी, जिसके बाद जलेश्वर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
OCT 24, 2026 07:02 IST

12 राज्यों में नागरिक सुरक्षा नेटवर्क तैयार करेगा गृह मंत्रालय

केंद्रीय गृह मंत्रालय एक प्रायोगिक परियोजना के तहत, 12 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में लगभग 60,000 स्वयंसेवकों का एक नागरिक सुरक्षा नेटवर्क तैयार करने के लिए सेना के साथ मिलकर अपनी तरह का पहला संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित करेगा। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पहले चरण में शामिल राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के नागरिक सुरक्षा मास्टर प्रशिक्षकों को तीन दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में किए गए आह्वान पर आधारित है। उन्होंने उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक प्रणालियों, प्रौद्योगिकियों और समकालीन तैयारियों से लैस एक सशक्त नागरिक सुरक्षा नेटवर्क का दृष्टिकोण पेश किया था।
OCT 24, 2026 07:02 IST

हरियाणा के करनाल में पुलिस और संदिग्ध के बीच मुठभेड़


हरियाणा के करनाल में शुक्रवार शाम भैणी खुर्द गांव में CIA-2 पुलिस टीम और एक संदिग्ध के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अनिल कुमार नामक संदिग्ध घायल हो गया। यह घटना तरावड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध हथियार और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और CIA की टीमें जुटी हुई हैं।