LIVE

आज की ताजा खबर, 24 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी चरमपंथी गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ पुलिस केस, IMD ने कोहरे और ठंड को लेकर जारी किया अलर्ट

Nitin AroraUpdated Jan 24, 2026, 18:17 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 24 जनवरी 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [गुरपतवंत पन्नू], [कोहरा ठंड], [डोनाल्ड ट्रंप] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: शनिवार सुबह दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में आसमान साफ ​​रहा। आगे का मौसम कैसा रहेगा नीचे पढें। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ FIR दर्ज की है। उधर मुंबई में आवासीय इमारत पर गोलीबारी के आरोप में अभिनेता कमाल आर. खान गिरफ्तार किए गए हैं।

आज की ताजा खबर, 24 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी चरमपंथी गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ पुलिस केस, IMD ने कोहरे और ठंड को लेकर जारी किया अलर्ट
आज की ताजा खबर, 24 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी चरमपंथी गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ पुलिस केस, IMD ने कोहरे और ठंड को लेकर जारी किया अलर्ट

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [गुरपतवंत पन्नू], [कोहरा ठंड], [डोनाल्ड ट्रंप] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: गुरपतवंत पन्नू ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें दावा किया गया था कि 'स्लीपर सेल' ने रोहिणी और डाबरी इलाकों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर चिपकाए हैं। इसको लेकर दिल्ली ने जांच तेज कर दी है, पूरा मामला नीचे पढ़ें। वहीं, दिल्ली के लिए आज बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। पढ़ें- देश विदेश की अन्य सभी बड़ी छोटी खबरें


-दिल्ली-NCR का मौसम
-गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस अलर्ट
-अभिनेता कमाल आर. खान गिरफ्तार

JAN 24, 2026 18:17 IST

हैदराबाद के नामपल्ली में एक फर्नीचर गोदाम में लगी आग

हैदराबाद के नामपल्ली में एक फर्नीचर गोदाम में आग लगने के बाद बचाव अभियान जारी है।
JAN 24, 2026 16:02 IST

यूनेस्को की संभावित सूची में तीन बौद्ध स्थलों को शामिल किया

ओडिशा सरकार ने राज्य के तीन प्रमुख बौद्ध स्थलों- रत्नागिरि, ललितगिरि और उदयगिरि, को विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता देने पर विचार करने के लिए भारत की संभावित सूची में शामिल किए जाने के यूनेस्को के कदम का शनिवार को स्वागत किया। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा कि तीनों बौद्ध स्थलों ने प्राचीन ज्ञान से लेकर वैश्विक मान्यता तक का सफर तय किया है।

परिदा राज्य के पर्यटन विभाग की प्रभारी मंत्री भी हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “रत्नागिरि, उदयगिरि और ललितगिरि को यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल किया गया है।” परिदा ने कहा कि यूनेस्को की संभावित सूची में राज्य के तीन बौद्ध स्थलों को जगह दिया जाना विरासत, संरक्षण और सतत पर्यटन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
JAN 24, 2026 14:12 IST

पार्टी लाइन का कभी उल्लंघन नहीं किया, ऑपरेशन सिंदूर पर अपने रुख पर खेद नहीं: शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को कहा कि उन्होंने संसद में पार्टी के घोषित रुख का कभी उल्लंघन नहीं किया और सैद्धांतिक रूप से उनकी एकमात्र सार्वजनिक असहमति ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर थी।
थरूर ने यहां केरल साहित्य महोत्सव के एक सत्र के दौरान सवालों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने उस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया था और उन्हें इसका ‘‘खेद नहीं’’ है।

उनका यह बयान इन हालिया खबरों के बीच आया है जिनमें ‘‘थरूर के पार्टी नेतृत्व से मतभेद’’ की बात कही गई है। ऐसी अटकलें हैं कि थरूर इस बात से ‘‘आहत’’ हैं कि राहुल गांधी ने हाल में कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर उनके मौजूद होने के बावजूद उनके नाम का उल्लेख नहीं किया और राज्य के नेताओं द्वारा बार-बार उन्हें ‘‘दरकिनार’’ करने की कोशिश की जा रही है।

थरूर ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि एक पर्यवेक्षक और लेखक के रूप में उन्होंने पहलगाम घटना के बाद एक अखबार में स्तंभ लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था कि इसकी सजा मिलनी चाहिए और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, ऐसे में उसे पाकिस्तान के साथ लंबे टकराव में नहीं पड़ना चाहिए और कोई भी कार्रवाई आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाने तक सीमित होनी चाहिए।
JAN 24, 2026 14:11 IST

सनी देओल की ‘बॉर्डर 2' ने पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये की कमाई की

अभिनेता सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार आगाज किया है। फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन 32.10 करोड़ रुपये की कुल कमाई दर्ज की है। फिल्म के निर्माताओं ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह फिल्म शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। ‘बॉर्डर 2’, सनी देओल की वर्ष 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की अगली कड़ी है।

‘बॉर्डर’ का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था जबकि इसकी अगली कड़ी यानी ‘बॉर्डर 2’ का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। इसे टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स के सहयोग से तैयार किया गया है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए।
JAN 24, 2026 14:10 IST

दीपक जायसवाल बने संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने नयी अधिसूचना जारी करते हुए कौशांबी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) दीपक कुमार जायसवाल का स्थानांतरण मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, संभल के पद पर कर दिया है।
सीजेएम संभल के पद पर आदित्य सिंह का स्थानांतरण तीन दिन पूर्व कर दिया गया था, लेकिन नयी अधिसूचना के तहत अब उनका स्थानांतरण वापस सिविल जज (सीनियर डिवीजन), संभल के पद पर कर दिया गया है।

इससे पूर्व, संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विभांशु सुधीर का स्थानांतरण सिविल जज (सीनियर डिवीजन), सुल्तानपुर के तौर पर कर दिया गया।

इस प्रकार से, तीन दिनों में दूसरी बार संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को बदला गया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सिविल जज, सीनियर डिवीजन/मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और सिविल जज, जूनियर डिवीजन/न्यायिक मजिस्ट्रेट के पदों पर काम कर रहे करीब 633 न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं।

उल्लेखनीय है कि संभल के सीजेएम के तौर पर काम करते हुए विभांशु सुधीर ने नवंबर, 2024 में संभल में हुई हिंसा के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए थे। उनके स्थानांतरण को लेकर जिला अदालत के वकीलों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया था और स्थानांतरण रोके जाने की मांग की थी।
JAN 24, 2026 13:10 IST

अमेरिका में ठंड का कहर, तूफान, बर्फबारी एवं बिजली कटौती की आशंका

अमेरिकी प्रांत टेक्सास के कुछ हिस्सों में शीतकालीन तूफान के दस्तक देने के साथ ही शुक्रवार को बारिश हुई तथा इस तूफान के कारण बर्फबारी, ओलावृष्टि, तापमान में भारी गिरावट और अमेरिका की लगभग आधी आबादी को बड़े पैमाने पर बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन इलाकों में भारी बर्फ जमने की स्थिति बनी है और वहां गंभीर नुकसान हो सकता है।

तापमान में गिरावट के बीच टेक्सास के लब्बॉक शहर में दोपहर में बारिश हुई, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गईं।

यह शीतकालीन तूफान दक्षिणी इलाकों से गुजरने के बाद उत्तर-पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ सकता है।
JAN 24, 2026 13:07 IST

दिल्ली में बारिश के बाद रात के तापमान में गिरावट, वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार

दिल्ली में शनिवार को तापमान में काफी गिरावट देखी गई और एक दिन पहले हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार दिखा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सफदरजंग स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के सामान्य तापमान से 0.1 डिग्री अधिक है। तापमान में यह कमी शुक्रवार के 13.7 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान से काफी कम है, जो पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक था।

अन्य प्रमुख स्टेशनों में पालम और लोधी रोड दोनों में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रिज में 6.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में छह डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा स्थान रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया और औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शुक्रवार के 293 के मुकाबले 256 पर रहा जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

वहीं, 29 स्टेशन पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई जबकि चार स्टेशन पर यह ‘बहुत खराब’ थी। इस रिपोर्ट को लिखते समय तीन स्टेशन के एक्यूआई आंकड़े उपलब्ध नहीं थे। इन स्टेशन में द्वारका में सबसे कम एक्यूआई 113 दर्ज किया गया।

वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता अगले दो दिनों तक ‘खराब’ श्रेणी में रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद के छह दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
JAN 24, 2026 13:07 IST

युवाओं के लिए नए अवसर खोल रहे व्यापार समझौते: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत देश के भीतर और विदेश में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के लिए विभिन्न देशों के साथ व्यापार और आवागमन संबंधी समझौते कर रहा है।

मोदी ने यह बात 18वें रोजगार मेले में कही जहां उन्होंने विभिन्न सरकारी नौकरियों के 61,000 नियुक्ति पत्र इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सौंपे।

मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश भर के 45 स्थानों पर रोजगार मेलों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत कई देशों के साथ व्यापार और आवागमन संबंधी समझौते कर रहा है। ये व्यापार समझौते देश के युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आ रहे हैं।’’

मोदी ने कहा कि दुनिया में युवाओं की सबसे अधिक संख्या भारत में है और उनकी सरकार देश के भीतर और विदेश में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के प्रयास कर रही है।
JAN 24, 2026 13:06 IST

ट्रंप ने ‘शांति बोर्ड' में शामिल होने का कनाडा को दिया निमंत्रण वापस लिया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के ‘‘आक्रामक’’ रुख से नाराज होकर उन्हें अपने शांति बोर्ड में शामिल होने के लिए दिया गया निमंत्रण वापस ले लिया। इस बीच, ट्रंप की अगुवाई वाले इस संगठन को उनके कई पश्चिमी सहयोगी देश संदेह की दृष्टि से देख रहे हैं। ट्रंप की अध्यक्षता वाले इस बोर्ड का शुरुआत में गठन हमास में इजराइल के युद्ध पर विराम लगाने पर केंद्रित था लेकिन आलोचकों को संदेह है कि यह संयुक्त राष्ट्र जैसी वैश्विक संस्थाओं के विकल्प के तौर पर उभर सकता है।

कार्नी उन देशों के नेता के रूप में तेजी से उभर रहे हैं जो अमेरिका का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने के तरीके खोज रहे हैं। कार्नी ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान कहा, ‘‘मध्यम शक्ति वाले देशों को मिलकर कदम उठाना होगा, क्योंकि अगर आप बातचीत की मेज पर नहीं हैं, तो आप दांव पर हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महाशक्तियों की प्रतिद्वंद्विता के दौर से गुजर रही दुनिया में, मध्यम शक्ति वाले देशों के पास एक विकल्प है- या तो वे कृपा पाने के लिए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करें या फिर एक प्रभावशाली तीसरा मार्ग बनाने के लिए एकजुट हों।’’ कार्नी ने कहा, ‘‘हमें कठोर शक्तियों के उदय के बीच इस तथ्य को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए कि वैधता, ईमानदारी और नियमों की शक्ति मजबूत बनी रहेगी, यदि हम इसे मिलकर इस्तेमाल करने का फैसला करें।’’ ट्रंप ने इन टिप्पणियों को लेकर दावोस में धमकी भरे लहजे में प्रतिक्रिया दी और कनाडा को दिया ‘शांति बोर्ड’ का निमंत्रण वापस ले लिया।
JAN 24, 2026 13:04 IST

ओडिशा का नवरंगपुर जिला ‘नक्सल-मुक्त' घोषित

ओडिशा के नवरंगपुर जिले को ‘नक्सल-मुक्त’ घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घोषणा नौ माओवादियों के छत्तीसगढ़ में आत्मसमर्पण करने के बाद की गई। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में सात महिला नक्सली भी शामिल हैं और इन पर कुल 47 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली नवरंगपुर और छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सक्रिय थे। पुलिस ने एक बयान में कहा, 'उनके आत्मसमर्पण के साथ ही नवरंगपुर जिला नक्सली गतिविधियों से मुक्त हो गया है।'
JAN 24, 2026 13:04 IST

मोदी का केरल दौरा: फ्लेक्स बोर्ड को लेकर मामला दर्ज, भाजपा शासित नगर निकाय का पार्टी पर जुर्माना

केरल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे के सिलसिले में तिरुवनंतपुरम के फुटपाथों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाने के मामले में पार्टी पर जुर्माना लगाया है और पुलिस में मामला दर्ज कराया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

तिरुवनंतपुरम नगर निगम सचिव द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस ने शुक्रवार देर रात भाजपा की जिला इकाई के अध्यक्ष करमना जयन के खिलाफ एक मामला दर्ज किया।

प्राथमिकी के अनुसार केरल उच्च न्यायालय के कई आदेशों और स्थानीय स्वशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन करते हुए भाजपा जिला समिति ने प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान फुटपाथों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए जिससे पालयम जंक्शन से पुलिमूडु जंक्शन तक लोगों को असुविधा हुई।
इसमें कहा गया है कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा विधिवत रूप से जारी किए गए आदेशों की अवज्ञा) और 285 (सार्वजनिक मार्गों में खतरा, बाधा और जोखिम पैदा करना) तथा केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120(बी) (जनता को बाधा, असुविधा और खतरा पैदा करना) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच शुरू की जाएगी।
JAN 24, 2026 10:18 IST

नोएडा के एक छात्रावास की चौथी मंजिल से कूदकर छात्र ने की आत्महत्या

गौतमबुद्ध नगर जिले में नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के एक छात्रावास में रहने वाले बी-टेक द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने शुक्रवार देर रात कथित रूप से चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस उपयुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के नॉलेज पार्क-3 में स्थित एक छात्रावास में बी-टेक द्वितीय वर्ष का छात्र उदित सोनी रहता था जो मूल रूप से झांसी का रहने वाला था।

कुमार ने बताया कि वह अपने मित्रों के साथ शराब पीकर देर रात छात्रावास में आया था जिसके कारण छात्रावास प्रबंधन ने उसे फटकार लगाई और उसका वीडियो बनाकर उसके पिता विजय सोनी को भेज दिया। उन्होंने बताया कि वीडियो मिलने पर विजय ने अपने बेटे को डांटा और इस घटना से क्षुब्ध होकर उदित छात्रावास की चौथी मंजिल से नीचे कूद गया। कुमार ने बताया कि छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। कुमार ने बताया कि इस घटना के बाद छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने बताया कि मृतक छात्र के परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है।
JAN 24, 2026 10:17 IST

विश्वास है कि उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के लोगों को शनिवार को उनके राज्य स्थापना दिवस पर बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि यह राज्य प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मैं इस राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।’’ उत्तर प्रदेश को पहले ‘यूनाइटेड प्रोविंस’ (संयुक्त प्रांत) के नाम से जाना जाता था। इसे 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश के रूप में मान्यता मिली।
JAN 24, 2026 10:17 IST

भागवत रांची में आदिवासी समूहों से बातचीत करेंगे

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत शनिवार को रांची में विभिन्न आदिवासी समूहों के साथ बंद कमरे में संवाद करेंगे। झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर आए भागवत ने शुक्रवार को आरएसएस के प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात की थी।

संगठन के एक पदाधिकारी ने कहा, ‘‘वह विभिन्न आदिवासी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बंद कमरे में ‘जनजातीय संवाद’ नामक बैठक करेंगे। कार्यक्रम में आरएसएस नेताओं सहित करीब 500 लोग मौजूद रहेंगे।’’ उन्होंने बताया कि पांच घंटे का यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 10.30 बजे शुरू होगा। भागवत के शाम को पटना रवाना होने का कार्यक्रम है।
JAN 24, 2026 10:16 IST

नोएडा में चलती कार में लगी आग, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान

नोएडा में चलती कार में अचानक आग लगने के बाद उसमें सवार दो लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात सेक्टर-25ए के पास उस समय हुई, जब मेरठ जिले के हस्तिनापुर निवासी राहुल शर्मा अपने एक साथी के संग कार से सेक्टर-18 की ओर जा रहे थे।
JAN 24, 2026 10:16 IST

मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने चानंग पर्वतमाला की तलहटी से हथियार बरामद किए।

बरामद हथियारों में मैगजीन सहित एक .303 राइफल, एक एसएलआर, आठ सिंगल बैरल ब्रीच लोडिंग (एसबीबीएल) राइफल, एक रिवॉल्वर और मैगजीन सहित .22 बोर की पिस्तौल शामिल थी।
JAN 24, 2026 10:15 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें शनिवार को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने ठाकुर को याद करते हुए कहा कि समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों का उत्थान उनकी राजनीति के केंद्र में हमेशा रहा।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनकी जयंती पर सादर नमन।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपनी सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण भाव को लेकर वह सदैव स्मरणीय एवं अनुकरणीय रहेंगे।’’ ‘जननायक’ के नाम से लोकप्रिय ठाकुर को 2024 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। कर्पूरी ठाकुर का जन्म बिहार के समस्तीपुर जिले के एक गांव में 24 जनवरी 1924 को हुआ था।
JAN 24, 2026 10:11 IST

मुंबई में आवासीय इमारत पर गोलीबारी के आरोप में अभिनेता कमाल आर. खान गिरफ्तार

KRK के नाम से मशहूर अभिनेता कमाल राशिद खान को यहां पश्चिमी उपनगर में एक आवासीय इमारत पर हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि खान को शुक्रवार देर रात पूछताछ के लिए ओशिवारा थाने लाया गया था और अभिनेता ने अपने बयान में अपने लाइसेंसी हथियार से दो गोलियां चलाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी को अंधेरी के ओशिवारा इलाके स्थित नालंदा सोसाइटी पर दो गोलियां चलाई गईं। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सोसाइटी परिसर पर दो गोलियां चलाये जाने की बात सामने आयी।पुलिस ने बताया कि एक गोली दूसरी मंजिल पर जबकि दूसरी चौथी मंजिल पर लगी थी। उन्होंने बताया कि जहां ये गोलियां लगी थीं उनमें से एक फ्लैट एक लेखक-निर्देशक का है, जबकि दूसरा फ्लैट एक मॉडल का है।

अधिकारी ने बताया कि शुरू में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में उन्हें कुछ भी नहीं मिला। उन्होंने बताया कि हालांकि, एक फोरेंसिक विश्लेषण से संकेत मिला कि हो सकता है कि गोलियां पास में स्थित खान के बंगले से चलाई गई हों।

उन्होंने कहा कि गोलीबारी का वास्तविक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि अभिनेता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
JAN 24, 2026 10:11 IST

'स्लीपर सेल' के दावे, PM को 'गाली': गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी चरमपंथी के खिलाफ पुलिस केस

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ FIR दर्ज की है। उनपर गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी में अशांति फैलाने को लेकर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने एक वीडियो जारी किया था जिसमें दावा किया गया था कि 'स्लीपर सेल' ने रोहिणी और डाबरी इलाकों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर चिपकाए हैं।

यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (दुश्मनी को बढ़ावा देना), 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए नुकसानदायक आरोप), 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले काम) और 61 (आपराधिक साज़िश) के तहत दर्ज किया गया है।

मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी के अनुसार, अमेरिका में रहने वाले पन्नू ने हाल ही में सोशल मीडिया पर यह वीडियो जारी किया था, हालांकि, पुलिस को बताई गई जगहों पर ऐसे कोई पोस्टर नहीं मिले। वीडियो में, उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक नारे भी लगाए। हालांकि, Times Now Navbharat ऐसे किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

अधिकारियों ने बताया कि 26 जनवरी को प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय झंडा फहराने से रोकने की धमकी और पंजाब में रेलवे ट्रैक पर खालिस्तान के झंडे लगाने जैसे कामों के लिए 111,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया है।
JAN 24, 2026 10:10 IST

दिल्ली-NCR का मौसम

शनिवार सुबह दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में आसमान साफ ​​रहा, जबकि एक दिन पहले ही राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर बारिश हुई थी। मौसम में अचानक बदलाव से शहर में तापमान कम हो गया, लेकिन पूरे इलाके में प्रदूषण के स्तर से थोड़ी राहत मिली।

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा कि शनिवार को दिल्ली-NCR में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है, सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध रहेगी और सतह पर 10-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

हालांकि, शहर के लिए दिन में बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए दिल्ली के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

मौसम अधिकारियों ने अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान लगाया है, जिसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा। IMD ने कहा कि शनिवार और सोमवार के बीच ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की उम्मीद है, जिससे रातें ठंडी होंगी।