LIVE

23 सितंबर 2024: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, चाइल्ड पोर्न डाउनलोड करना और रखना अपराध

अमित कुमार मंडलUpdated Sep 23, 2024, 17:55 IST

23 सितंबर  2024: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, चाइल्ड पोर्न डाउनलोड करना और रखना अपराध
23 सितंबर 2024: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, चाइल्ड पोर्न डाउनलोड करना और रखना अपराध

23 सितंबर 2024, हिंदी न्यूज़ और बड़ी खबरें:

  • वैश्विक शांति प्रक्रिया को गति देने में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा: मोदी
  • प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर अनुरा कुमारा दिसानायके को बधाई दी
  • कांग्रेस ने उदय भानु चिब को भारतीय युवा कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया
  • प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाली समकक्ष और फलस्तीनी राष्ट्रपति सहित विश्व के नेताओं से मुलाकात की
  • सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, चाइल्ड पोर्न डाउनलोड करना और रखना अपराध

SEPT 23, 2024 17:54 IST

मुख्यमंत्री ने मेरी बात ध्यान से सुनी : थाने में उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला

ओडिशा के एक पुलिस थाने में अपने साथ यौन उत्पीड़न होने का आरोप लगाने वाली एक महिला ने कहा है कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उसकी बात ध्यान से सुनी जिसके बाद वह राहत महसूस कर रही है। महिला ने कहा कि अपराध में कथित तौर पर शामिल सात पुलिसकर्मियों को दंडित किए और न्याय मिलने के बाद ही उसे शांति मिलेगी। वह यहां राज्य सचिवालय में अपने पिता और कुछ सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बात कर रही थी। महिला ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने मुझे न्याय की गारंटी दी है। मैं राहत महसूस कर रही हूं। लेकिन मुझे तब खुशी और संतोष होगा जब न्यायिक जांच के माध्यम से मेरे साथ न्याय हो। मुझे खुशी है कि उन्होंने धैर्य से मेरी बात सुनी।’’ माझी ने सेना के एक अधिकारी और उनकी मंगेतर को भुवनेश्वर के भरतपुर थाने में कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के मामले में रविवार को न्यायिक जांच का आदेश दिया था। महिला ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने मेरी सभी शिकायतों को सुना। मेरी शिकायत अब भी भरतपुर थाने के उन सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ है जिन्होंने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। मुख्यमंत्री ने मुझे न्यायिक जांच के माध्यम से न्याय का आश्वासन दिया है।’’ महिला ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने उसे उसका रेस्तरां चलाने में सुरक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
SEPT 23, 2024 17:32 IST

भारत में मंकीपॉक्स का पहला मामला आया

देश में एमपॉक्स क्लेड 1B के पहले मामले की पुष्टि हो गई है। केरल में मंकीपॉक्स का पहला मामला आया है। केरल के युवक में एमपॉक्स क्लेड 1B का मामला पाया गया। मंकीपॉक्स का जो केस केरला से आया है, वो clade 1b का है। ये भारत का पहला एमपॉक्स केस है।
SEPT 23, 2024 17:22 IST

लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद आसिम मलिक ISI के नए प्रमुख नियुक्त

लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद आसिम मलिक को पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी - इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। सरकारी टेलीविजन ने सोमवार को यह घोषणा की। लेफ्टिनेंट जनरल मलिक वर्तमान में रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय में एक सहायक जनरल के रूप में कार्यरत हैं। वह 30 सितंबर को अपना नया कार्यभार संभालेंगे और मौजूदा महानिदेशक (डीजी) लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम की जगह लेंगे। आईएसआई प्रमुख की नियुक्ति प्रधानमंत्री द्वारा की जाती है, लेकिन परंपरा के अनुसार वह सेना प्रमुख के परामर्श से इस शक्ति का प्रयोग करते हैं। आईएसआई प्रमुख का पद पाकिस्तानी सेना में सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक माना जाता है, जिसने देश के 77 से अधिक वर्षों के अस्तित्व में आधे से अधिक समय तक शासन किया है तथा सुरक्षा और विदेश नीति के मामलों में अब तक काफी शक्ति का प्रयोग किया है। लेफ्टिनेंट जनरल मलिक ने पूर्व में बलूचिस्तान में इन्फैंट्री डिवीजन और वजीरिस्तान में इन्फैंट्री ब्रिगेड की कमान संभाली थी। उन्हें अपने पाठ्यक्रम में ‘स्वोर्ड ऑफ ऑनर’ भी मिला है और उन्होंने नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी (एनडीयू) में मुख्य प्रशिक्षक के साथ-साथ कमांड एंड स्टाफ कॉलेज क्वेटा में प्रशिक्षक के रूप में भी सेवा दी है। उनकी नियुक्ति पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर हुई है जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा अभियानों, दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने 2021 में डीजी आईएसआई के रूप में नियुक्त किया था।
SEPT 23, 2024 17:21 IST

डीयू के छात्र के साथ मारपीट, हाथापाई में पगड़ी उतारी गई

दिल्ली के एक कॉलेज में छात्रों के दो समूहों के बीच झड़प में एक सिख छात्र के साथ मारपीट के बाद उसकी पगड़ी उतार दी गयी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर ‘वायरल’ हो रहा है। यह घटना शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के श्री तेग बहादुर खालसा कॉलेज में हुई जहां 27 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चुनाव होने हैं। घटना के कथित वीडियो में लाल पगड़ी पहने एक छात्र को घसीटा जा रहा है और उसकी पगड़ी के जमीन पर गिरने तक उसके साथ मारपीट की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मौरिस नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, द्वितीय वर्ष के छात्र पवित्र सिंह गुजराल ने बताया कि डूसू चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान उस पर हमला किया गया। सिंह ने प्राथमिकी में कहा, ‘‘उन्होंने जबरन मेरी पगड़ी उतार दी, मुझे पीटा और मेरे केश खींचे। मुझ पर समूह ने हमला किया और मैं कॉलेज में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा हूं। मुझे लगता है कि मेरी जान को खतरा है।’’ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम का गठन किया गया है।
SEPT 23, 2024 16:14 IST

बांदा में डंपर की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत, एक घायल

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन मजदूरों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवराज ने बताया कि सोमवार को नरैनी कोतवाली क्षेत्र के करतल रोड पर लहुरेटा गांव के नजदीक छनिहा पुरवा में एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार मजदूरों को एक तेज रफ्तार डंपर कुचलता हुआ निकल गया, जिससे तीन मजदूरों विजय बहादुर (29), मनोज उर्फ बउआ (24) और प्रभु दयाल (20) की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य मजदूर रामबाबू (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। एएसपी ने बताया कि मजदूरों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है और घायल मजदूर का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना करने वाले डंपर और उसके चालक का पता लगा लिया गया है, उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी मजदूर एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर नरैनी कस्बे मजदूरी करने जा रहे थे।
SEPT 23, 2024 16:13 IST

दिल्ली में यूपीएससी अभ्यर्थी का सड़ा-गला शव बरामद

उत्तर-पश्चिम दिल्ली में मुखर्जी नगर इलाके के एक वन क्षेत्र में एक सिविल सेवा अभ्यर्थी का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि राजस्थान के दौसा के रहने वाले दीपक कुमार मीणा का शव 20 सितंबर को एक कोचिंग संस्थान के पुस्तकालय के पास वन क्षेत्र से बरामद किया गया था। वह कई दिनों से लापता था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मीणा के आत्महत्या करने का संदेह है। उन्होंने कहा, ‘‘सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है और संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला है। मामले की जांच की जा रही है।’’ मीणा के पिता सी.एल. मीणा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए जुलाई में दिल्ली आया था। मीणा के पिता ने बताया कि वह हर शाम घर पर फोन करता था और आखिरी बार उसकी परिवार के सदस्यों से 10 सितंबर को बात हुई थी। उन्होंने कहा कि 13 सितंबर तक उसने फोन नहीं किया तो वह दिल्ली पहुंचे और अपने बेटे की तलाश शुरू की।
SEPT 23, 2024 15:16 IST

शी चिनफिंग ने श्रीलंका के नए राष्ट्रपति दिसानायके को बधाई दी

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने सोमवार को श्रीलंका के नए राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके को बधाई दी। एकेडी के नाम से मशहूर 56 वर्षीय मार्क्सवादी नेता दिसानायके को कोलंबो स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में प्रधान न्यायाधीश जयंत जयसूर्या ने श्रीलंका के नौवें राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई। उन्होंने शनिवार को हुए चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समागी जन बालवेगया (एसजेबी) के साजिथ प्रेमदासा को हराया। आधिकारिक मीडिया ने बताया कि 71 वर्षीय शी ने मार्क्सवादी जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) पार्टी के व्यापक मोर्चे नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) के नेता दिसानायके को शपथ ग्रहण के तुरंत बाद बधाई दी। दिसानायके श्रीलंका के पहले मार्क्सवादी नेता हैं जो देश के राष्ट्राध्यक्ष बने हैं। पिछले साल उन्होंने चीन का दौरा किया था और द्विपक्षीय संबंधों पर चीनी अधिकारियों से बातचीत की थी। दिसानायके ने शपथ ग्रहण करने के बाद कहा कि श्रीलंका अलग-थलग नहीं रह सकता और उसे अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह कोई जादूगर नहीं हैं और उनका उद्देश्य आर्थिक संकट से जूझ रहे देश को ऊपर उठाने की सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनना है।
SEPT 23, 2024 14:30 IST

कांग्रेस को विरोध करना है तो राहुल गांधी का करे : केंद्रीय मंत्री बिट्टू

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर की गई अपनी टिप्पणी का एक तरह से बचाव करते हुए सोमवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी को विरोध करना है तो राहुल गांधी का करना चाहिए। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिट्टू के खिलाफ सीबीआई फाटक क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की लेकिन पुलिस उन्हें बसों में बैठाकर ले गई। जयपुर में एक खेल कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे मंत्री बिट्टू से हवाई अड्डे पर मीड‍िया ने जब राहुल गांधी के खिलाफ उनके बयान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, इसमें कांग्रेस या भाजपा की बात नहीं है। बात पंजाब व सिखों की है। उन्होंने कहा, राहुल गांधी तो खुद कितनी बार गुरुद्वारा दरबार साहिब जाते हैं ...कौन रोकता है? इसलिए यह पार्टी की बात नहीं है, पार्टी से ऊपर की बात है। बिट्टू ने कहा, आप कोई भी एक आदमी बताओ... किसने हमें कड़ा पहनने से रोका है? किसने हमें पगड़ी बांधने से रोका है? किसने हमें गुरुद्वारे जाने से रोका है? इसलिए अगर कांग्रेस को विरोध करना है तो राहुल गांधी का करना चाहिए।
SEPT 23, 2024 14:15 IST

खरगे को आराम करने की सलाह, सोमवार को हरियाणा में नहीं कर सकेंगे प्रचार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सोमवार को हरियाणा में अपने पहले से निर्धारित चुनावी कार्यक्रमों में भाग नहीं ले सकेंगे क्योंकि उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है। खरगे सोमवार को अंबाला शहर और करनाल जिले के घरौंदा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले थे। पार्टी के एक नेता ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष आज यात्रा करने में असमर्थ हैं क्योंकि उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है। हरियाणा में दोनों जनसभाओं को (जिन्हें खरगे को संबोधित करना था) को राज्य के नेता संबोधित करेंगे। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती आठ अक्टूबर को की जाएगी।
SEPT 23, 2024 14:11 IST

बरेली में बहन पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करने के कारण भाई की हत्या

बरेली जिले के शीशगढ़ थाना इलाके में कथित रूप से बहन पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करने के कारण एक नाबालिग छात्र की आरोपियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि दसवीं कक्षा का छात्र शीशगढ़ निवासी अर्शिल उर्फ वकील (14) रविवार रात आठ बजे मोहल्ला शरीफ नगर के पास से गुजर रहा था, तभी उसे रास्ते में 15 वर्षीय एक किशोर ने रोक लिया और उसकी बहन के बारे में अभद्र टिप्पणी करने लगा। परिजनों ने बताया कि आरोपी ने आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि वह उसकी (अर्शिल की) बहन से जबरन निकाह कर लेगा। अर्शिल के विरोध करने पर आरोपी ने अपने बड़े भाई कामरान (22) और अन्य दो छोटे भाइयों को बुला लिया और उसे जमीन पर पटककर लाठी-डंडों से पीटा। उन्होंने बताया कि इस बीच मोहल्ले के कई लोगों को वहां जमा होते देख आरोपी वहां से फरार हो गए।
SEPT 23, 2024 13:12 IST

आप नेता आतिशी ने दिल्ली के आठवें मुख्यमंत्री का प्रभार संभाला

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने सोमवार को दिल्ली की आठवीं मुख्यमंत्री का प्रभार संभाल लिया। उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब दिल्ली विधानसभा का सत्र 26 और 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। आतिशी ने केजरीवाल सरकार में उनके पास रहे 13 विभागों का प्रभार अपने पास रखा है जिनमें शिक्षा, राजस्व, वित्त, बिजली और पीडब्ल्यूडी शामिल हैं। उन्होंने प्रभार संभालने के बाद कहा, मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में चार महीने तक उसी तरह काम करूंगी, जैसे भरत ने भगवान राम की खड़ाऊं ​​को सिंहासन पर रखकर काम किया था। अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा देकर राजनीति में गरिमा की मिसाल कायम की है। भाजपा ने उनकी छवि बिगाड़ने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आतिशी मुख्यमंत्री कार्यालय में एक अलग कुर्सी पर बैठीं।
SEPT 23, 2024 13:09 IST

तमिलनाडु में पुलिस के साथ मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर की मौत

पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार किया गया घोषित अपराधी राजा सोमवार को भागने की कोशिश के दौरान यहां पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि जब राजा को छिपाकर रखे गए हथियारों की बरामदगी के लिए शहर के बाहरी इलाके में एक स्थान पर ले जाया गया, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस दल पर गोली चला दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक पुलिस अधिकारी ने आत्मरक्षा में उस पर गोली चलाई जिससे उसकी मौत हो गई।
SEPT 23, 2024 12:35 IST

सैलजा 26 सितंबर को नरवाना में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी: सुरजेवाला

हरियाणा में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा के विधानसभा चुनाव प्रचार से दूरी बनाने की खबरों के बीच पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने सोमवार को कहा कि सैलजा 26 सितंबर को नरवाना में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। सुरजेवाला ने एक्स पर लिखा, आज नरवाना में कांग्रेस प्रत्याशी सतबीर दबलैन के लिए 22 जनसभाओं को संबोधित करूंगा। पूरे ज़िले व हरियाणा में कांग्रेस की जीत का परचम फहरायेंगे। सांसद व बड़ी बहन कुमारी सैलजा भी नरवाना में 26 तारीख़ को 12 बजे जनसभा को संबोधित करेंगी व कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगी। उन्होंने कहा, राहुल गांधी जी और मल्लिकार्जुन खरगे जी के नेतृत्व में कांग्रेस लड़ेगी, जीतेगी व हरियाणा के सपनों को साकार करेगी। पिछले कुछ दिनों से सैलजा चुनाव प्रचार से दूर हैं और ऐसे में उनके नाराज होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को सैलजा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का आह्वान किया था।
SEPT 23, 2024 11:55 IST

गुजरात के कच्छ में 3.3 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं

गुजरात के कच्छ जिले में सोमवार सुबह 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भूकंपीय गतिविधि के कारण जिले में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। गांधीनगर स्थित आईएसआर ने कहा कि भूकंप सुबह 10 बजकर पांच मिनट पर दर्ज किया गया और इसका केंद्र रापर के 12 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में था। आईएसआर के आंकड़े के अनुसार, इस महीने राज्य के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में अब तक चार बार तीन तीव्रता से अधिक का भूकंप महसूस किया गया है। गुजरात भूकंपीय गतिविधि के लिहाज संवेदनशील राज्य है। गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) के द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले 200 वर्ष में क्षेत्र नौ भीषण भूकंप की घटनाएं झेल चुका है।
SEPT 23, 2024 11:16 IST

सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, चाइल्ड पोर्न डाउनलोड करना और रखना अपराध

सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, चाइल्ड पोर्न डाउनलोड करना और रखना अपराध के दायरे में। सुप्रीम कोर्ट अपने आदेश में साफ किया है कि चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़ी सामग्री डाउनलोड करना और उसे अपने पास रखना अपराध है। सुप्रीम कोर्ट ने इस बारे में मद्रास हाईकोर्ट का फैसला पलट दिया है। हाईकोर्ट ने एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज केस यह कहते हुए निरस्त कर दिया था कि उसने चाइल्ड पोर्न सिर्फ अपने पास रखा। उसे फॉरवर्ड नहीं किया था।
SEPT 23, 2024 11:01 IST

पांच रुपए को लेकर हुआ झगड़ा, तीन लोगों ने की कैब चालक की पिटाई

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक पेट्रोल पंप पर पांच रुपये को लेकर हुए झगड़े के दौरान तीन लोगों ने 32 वर्षीय एक कैब चालक की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को तब हुई जब एक कैब चालक अपने वाहन में ईंधन भराने के लिए भिवंडी स्थित एक पेट्रोल पंप पर गया था। निजामपुरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कैब चालक ने 295 रुपये के बिल के लिए 300 रुपये का भुगतान किया और शेष पांच रुपये वापस मांगे। पुलिस के अनुसार, बकाया रकम मांगने पर पेट्रोल पंप संचालक भड़क गया और वहां मौजूद उसके दो साथियों ने चालक की कथित तौर पर पिटाई कर दी।
SEPT 23, 2024 10:03 IST

श्रीलंका के प्रधानमंत्री गुणवर्धने ने इस्तीफा दिया

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में अनुरा कुमारा दिसानायके की जीत के बाद देश में सत्ता हस्तांतरण के तहत सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
दिसानायके के शपथ ग्रहण समारोह से पहले यह इस्तीफा दिया गया है। गुणवर्धने (75) जुलाई 2022 से इस द्वीप देश के प्रधानमंत्री पद पर काबिज थे।
SEPT 23, 2024 09:49 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाली समकक्ष और फलस्तीनी राष्ट्रपति सहित विश्व के नेताओं से मुलाकात की

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेपाली समकक्ष के पी शर्मा ओली और फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास सहित विश्व के कई नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें की, जिनमें द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। मोदी तीन दिवसीय यात्रा पर अमेरिका आए हैं। वह अपनी यात्रा के दूसरे चरण में न्यूयॉर्क में हैं। उन्होंने रविवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) सत्र के इतर अब्बास से मुलाकात की। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री के पी ओली के साथ बैठक बहुत अच्छी रही। भारत और नेपाल की मित्रता बहुत मजबूत है और हम अपने संबंधों को और गति देना चाहते हैं। हमारी बातचीत ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और व्यापार जैसे मुद्दों पर केंद्रित रही।
SEPT 23, 2024 09:28 IST

राजस्थान सरकार ने 22 आईएएस और 58 आईपीएस के तबादले किए

राजस्थान सरकार ने पुलिस एवं प्रशासनिक ढांचे में एक और बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 22 अधिकारियों तथा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 58 अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक विभाग ने रविवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश के तहत, दो संभागीय आयुक्त एवं छह जिलाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। पुलिस विभाग में 15 जिलों के पुलिस अधीक्षक तथा दो रेंज पुलिस महानिरीक्षक का तबादला किया गया है। आईएएस डॉ प्रतिभा सिंह को पाली के संभागीय आयुक्त पद से हटाकर जोधपुर का संभागीय आयुक्त व राजस्थान शहरी विकास व बुनियादी ढांचा निगम (रूडसिको) के कार्यकारी निदेशक राजेंद्र विजय को कोटा का संभागीय आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा सवाई माधोपुर, डीडवाना, राजसमंद, डीग, ब्यावर व चुरू के जिला जिलाधिकारी बदले गए हैं।
SEPT 23, 2024 08:44 IST

सुलतानपुर डकैती का एक और आरोपी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में पिछले माह एक सर्राफा कारोबारी की दुकान में हुई डकैती के मामले का एक और आरोपी सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के साथ उन्नाव में हुई मुठभेड़ मारा गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की शिनाख्त अमेठी के जनापुर गांव के रहने वाले अनुज प्रताप सिंह के रूप में की गई है। इसके पहले, पांच सितंबर को एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में सुलतानपुर में आरोपी मंगेश यादव मारा गया था जिसे लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। खासतौर से समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाया है।