LIVE

आज की ताजा खबर 23 अगस्त 2024: पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच वार्ता, भारत-यूक्रेन के बीच चार समझौतों पर हस्ताक्षर

अमित कुमार मंडलUpdated Aug 23, 2024, 18:15 IST

आज की ताजा खबर 23 अगस्त  2024: पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच वार्ता, भारत-यूक्रेन के बीच चार समझौतों पर हस्ताक्षर
आज की ताजा खबर 23 अगस्त 2024: पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच वार्ता, भारत-यूक्रेन के बीच चार समझौतों पर हस्ताक्षर



  • प. बंगाल में आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल मामले में डॉक्टर अपनी हड़ताल जारी रखेंगे
  • त्रिपुरा में भारी बारिश से 22 लोगों की मौत, हजारों लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली
  • पाकिस्तान में पुलिस के वाहनों पर हमला, 11 पुलिसकर्मियों की मौत
  • भारत और अमेरिका के बीच सैन्य संबंध मजबूत: अमेरिकी रक्षा मंत्रालय
  • इंदौर में रिजॉर्ट के निर्माणाधीन कॉटेज की छत गिरी, पांच मजदूर मलबे में दबे


UP Police Constable Exam 2024 Today Live Updates


AUG 23, 2024 17:27 IST

मेरठ के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल ने की बच्ची से छेड़छाड़, हुआ गिरफ्तार

मेरठ के एक सरकारी स्कूल में बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। आरोप स्कूल के प्रिंसिपल पर लगा है। बच्ची की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। एसपी देहात मेरठ कमलेश बहादुर ने बताया कि मेरठ के मवाना में स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर 3 में पढ़ने वाली चौथी क्लास की छात्रा के साथ स्कूल के प्रिंसिपल ने छेड़छाड़ की है। बच्ची के परिजनों ने प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
AUG 23, 2024 16:49 IST

प्रधानमंत्री मोदी ऐतिहासिक दौरे पर कीव पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को युद्धग्रस्त देश यूक्रेन की ऐतिहासिक यात्रा शुरू की। मॉस्को की यात्रा के सिर्फ छह सप्ताह बाद हो रही उनकी इस यात्रा पर दुनिया भर की निगाहें हैं। इस दौरान वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ, रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर बातचीत करेंगे। बता दें कि यूक्रेन के 1991 में स्वतंत्र होने के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की देश की पहली यात्रा है और यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब यूक्रेन ने हाल ही में रूसी क्षेत्र में आक्रामक सैन्य अभियान चला रखा है।
AUG 23, 2024 15:49 IST

छत्तीसगढ़ में दो नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एक इनामी नक्सली समेत दो नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में सक्रिय दो नक्सलियों कुहराम बंडी (40) और माड़वी कोसा ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया। उन्होंने बताया कि नक्सली बंडी को पकड़ने पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की ‘नियद नेल्ला नार’ (आपका अच्छा गांव) योजना से प्रभावित होकर तथा नक्सलियों के अमानवीय, आधारहीन विचारधारा तथा उनके शोषण से तंग आकर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण करने का फैसला किया।
AUG 23, 2024 14:47 IST

झारखंड : लापता विमान की खोज में फिर जुटी भारतीय नौसेना की टीम

झारखंड के जमशेदपुर से उड़ान भरने के बाद लापता हुए प्रशिक्षण विमान की तलाश के लिए भारतीय नौसेना की टीम ने शुक्रवार को फिर से अभियान शुरू कर दिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण बृहस्पतिवार शाम छह बजे खोज अभियान रोक दिया था। विमान सवार प्रशिक्षु पायलट और उसके प्रशिक्षक के शव बृहस्पतिवार को चांडिल बांध में मिले। अधिकारी ने बताया, सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन के अनुरोध पर विशाखापत्तनम से आई भारतीय नौसेना की 19 सदस्यीय टीम ने लापता प्रशिक्षक विमान का पता लगाने के लिए तलाश अभियान फिर से शुरू कर दिया है। खराब मौसम के कारण हमें बृहस्पतिवार शाम छह बजे तलाश अभियान रोकना पड़ा था। यह दो सीटों वाला ‘सेसना-152’ विमान है। यह एक निजी विमानन कंपनी का प्रशिक्षण विमान है।
AUG 23, 2024 14:42 IST

डीजीसीए ने एअर इंडिया पर 90 लाख रुपये का लगाया जुर्माना

विमानन नियामक डीजीसीए ने अयोग्य चालक दल के सदस्यों के साथ उड़ान संचालित करने के लिए एअर इंडिया पर 90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा, नियामक ने इस चूक के लिए एअर इंडिया के परिचालन निदेशक तथा प्रशिक्षण निदेशक पर क्रमश: छह लाख रुपये और तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने संबंधित पायलट को आगाह किया कि भविष्य में ऐसी घटना न हो। इसमें कहा गया, एयर इंडिया लिमिटेड ने एक ‘नॉन-ट्रेनर लाइन कैप्टन’ द्वारा संचालित उड़ान का संचालन किया, जिसे एक ‘नॉन-लाइन-रिलीज’ प्रथम अधिकारी के साथ जोड़ा गया था। नियामक ने इसे एक गंभीर शेड्यूलिंग घटना पाया है जिसके गंभीर सुरक्षा परिणाम हो सकते हैं।
AUG 23, 2024 13:49 IST

गोविंद मोहन ने संभाला केंद्रीय गृह सचिव का पदभार

Govind Mohan: भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी गोविंद मोहन ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह सचिव का पदभार संभाला। अजय कुमार भल्ला के सेवानिवृत्त होने के बाद मोहन ने यह पद संभाला है। सिक्किम कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी मोहन इससे पहले केंद्रीय संस्कृति सचिव के पद पर कार्यरत थे। पिछले सप्ताह उन्हें केंद्रीय गृह सचिव नियुक्त किया गया था।

AUG 23, 2024 13:40 IST

दिल्ली कोचिंग सेंटर मामला: बेसमेंट के चार सहमालिकों को राहत नहीं

दिल्ली के कोचिंग सेंटर में छात्रों की मौत मामले में अदालत ने उस बेसमेंट के चार सह-मालिकों को जमानत देने से इनकार कर दिया जिसमें पानी भर जाने से तीन यूपीएससी परीक्षार्थियों की डूबने से मौत हो गई थी। दिल्ली की एक अदालत ने ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर के उस बेसमेंट के चार सह-मालिकों की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी, जिसमें पानी भरने के कारण सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन छात्रों की मौत हो गई थी।
AUG 23, 2024 13:35 IST

दिल्ली में दूसरे दिन भी टैक्सी-ऑटो की हड़ताल जारी, यात्री परेशान

दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ऑटो-टैक्सी हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी है जिसके कारण लोगों को ‘ऐप’ आधारित ‘एग्रीगेटर’ सेवाओं के माध्यम से ‘कैब’ और ऑटोरिक्शा बुक करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट कांग्रेस यूनियन ने ‘एग्रीगेटर्स’ से उचित भुगतान की मांग को लेकर दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया था। यूनियन ने आरोप लगाया है कि मोटरसाइकिल टैक्सियों की शुरुआत के साथ ही ‘कैब’ और ऑटोरिक्शा चालकों की आजीविका पर बुरा प्रभाव पड़ा है। दिल्ली और एनसीआर में 15 यूनियन हड़ताल कर रही हैं। यात्रियों ने दावा किया कि कुछ ऑटो चालक सामान्य किराए से अधिक किराया वसूल रहे हैं, जबकि कुछ निश्चित गंतव्यों पर जाने से इनकार कर रहे हैं।
AUG 23, 2024 12:57 IST

नेपाल में नदी में गिरी यूपी की बस

Indian passenger bus plunged into Marsyangdi river: नेपाल में एक भारतीय बस नदी में गिर गई है जिसमें 14 लोगों की मौत हुई है। इस बस में 40 यात्री सवार थे। नेपाल पुलिस ने पुष्टि की है कि एक भारतीय यात्री बस तनाहुन जिले में मार्स्यांगडी नदी में गिर गई है जिसमें कुल 40 यात्री सवार थे। जिला पुलिस कार्यालय तनाहुन के डीएसपी दीपकुमार राया ने पुष्टि की कि यूपी एफटी 7623 नंबर प्लेट वाली बस नदी में गिर गई और नदी के किनारे पड़ी हुई है। अधिकारी के अनुसार, बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है
AUG 23, 2024 11:24 IST

पीएम मोदी पहुंचे यूक्रेन

PM Modi in Ukraine: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन की अपनी एक दिवसीय यात्रा के लिए पोलैंड से कीव पहुंच गए हैं। पीएम मोदी ट्रेन से करीब 10 घंटे का सफर तय कर यूक्रेन पहुंचे हैं। 1991 में सोवियत संघ से आज़ादी के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यूक्रेन की पहली यात्रा है। पीएम मोदी के दौरे में दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग के साथ ही युद्धसंकट पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
AUG 23, 2024 10:45 IST

इंदौर में रिजॉर्ट के निर्माणाधीन कॉटेज की छत गिरी, पांच मजदूर मलबे में दबे

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में शुक्रवार को एक रिजॉर्ट के निर्माणाधीन कॉटेज की सीमेंट की छत गिरने से कम से कम पांच मजदूर मलबे में दब गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) उमाकांत चौधरी ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर चोरल क्षेत्र में बन रहे एक रिजॉर्ट के निर्माणाधीन कॉटेज की सीमेंट की छत गिर गई। उन्होंने बताया कि रिजॉर्ट के चौकीदार की प्राथमिक सूचना के मुताबिक इस हादसे में कम से कम पांच मजदूर मलबे में दब गए। चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
AUG 23, 2024 10:12 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनके नेतृत्व वाली सरकार ने इस क्षेत्र से संबंधित कई भविष्योन्मुखी निर्णय लिए हैं तथा आगे भी इसी प्रकार के और निर्णय लेगी। भारत पिछले वर्ष 23 अगस्‍त को चांद पर उतरने वाला दुनिया का चौथा देश और इसके दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में उतरने वाला पहला देश बना था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में प्रधानमंत्री मोदी ने 23 अगस्‍त को राष्‍ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। पीएम मोदी ने शुक्रवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर सभी को शुभकामनाएं। हम अंतरिक्ष क्षेत्र में अपने देश की उपलब्धियों को बहुत गर्व के साथ याद करते हैं। यह हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना करने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने इस क्षेत्र से संबंधित कई भविष्योन्मुखी निर्णय लिए हैं और आने वाले समय में हम और भी अधिक निर्णय लेंगे।
AUG 23, 2024 09:23 IST

कमला हैरिस ने डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी स्वीकार की

Kamala Harris: अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी औपचारिक रूप से स्वीकार कर ली। चुनाव में हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार एवं पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कड़ी टक्कर है। भारतीय-अफ्रीकी मूल की हैरिस ने शिकागो में गुरुवार रात ‘डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन’ के दौरान उम्मीदवारी स्वीकार की और इसी के साथ वह राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी की दूसरी महिला नेता बन गईं। इस दौरान कमला ने अपनी मां का भी जिक्र किया जो भारतीय मूल की हैं।
AUG 23, 2024 08:41 IST

भारत और अमेरिका के बीच सैन्य संबंध मजबूत: अमेरिकी रक्षा मंत्रालय

अमेरिका के रक्षा मंत्रालय ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके अमेरिकी समकक्ष लॉयड ऑस्टिन की बैठक की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को कहा कि अमेरिका और भारत के सैन्य संबंध बहुत मजबूत हैं। राजनाथ सिंह भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा पर बृहस्पतिवार सुबह वाशिंगटन पहुंचे। उनका शुक्रवार को ऑस्टिन से मुलाकात का कार्यक्रम है। पेंटागन की उप प्रेस सचिव सबरीना सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, अमेरिका और भारत के बीच सैन्य संबंध मजबूत हैं। सबरीना सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा, आपने देखा है कि सहयोग न सिर्फ रक्षा विभाग के नजरिए से बल्कि प्रशासन के नजरिए से भी गहरा हुआ है। हमारे बीच निकट समन्वय बरकरार है और हमारा साथ मिलकर काम करना जारी है। (रक्षा) मंत्री (ऑस्टिन) जब भारत गए थे, तब उन्होंने इनमें से कुछ योजनाओं की घोषणा की थी।
AUG 23, 2024 07:55 IST

आप, जजपा ने चुनाव पूर्व गठबंधन की अफवाहों को खारिज किया

आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी ने गुरुवार को स्पष्ट कर दिया कि वे हरियाणा में चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए बातचीत नहीं कर रहे हैं। फतेहाबाद में आप के वरिष्ठ नेता संदीप पाठक ने एक अक्टूबर को होने वाले चुनावों के लिए जजपा के साथ गठबंधन पर किसी भी चर्चा की बात को खारिज कर दिया, जबकि जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने जींद में कहा कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।
AUG 23, 2024 07:54 IST

रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड: बचाव दल ने मलबे में फंसे सभी 4 लोगों को मृत पाया। ये सभी नेपाली नागरिक हैं और उनके शवों को डीडीआरएफ टीम द्वारा रुद्रप्रयाग लाया जा रहा है।

AUG 23, 2024 06:58 IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी घुसपैठिया गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में गुरुवार की शाम नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को गिरफ्तार कर लिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उसे सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा पर चाकन दा बाग के पास से पकड़ा। अजहर नाम के इस घुसपैठिए से पूछताछ की जा रही है।
AUG 23, 2024 06:58 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पोलैंड के प्रमुख भारतविदों के साथ विचार साझा किए

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय संस्कृति के जानकार लोगों के एक समूह के साथ विचार साझा किए और उन्होंने भारतीय संस्कृति, भाषा और कला पर उनके काम के साथ-साथ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उनके प्रयासों की सराहना की। भारतविदों के समूह में प्रो. मारिया क्रिस्टोफर बायरस्की, प्रो. मोनिका ब्रोवार्स्की, प्रो. हलीना मार्लेविक्ज़, प्रो. दानुता स्टासिक और प्रो. प्रेज़ेमिस्लाव सुरेक शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ये विद्वान और भारतविद भारतीय इतिहास और संस्कृति के विभिन्न पहलुओं पर काम कर रहे हैं। हमने भारतीय संस्कृति के प्रसार के तरीकों पर चर्चा की। प्रतिष्ठित शिक्षाविदों ने पोलैंड और यूरोप में योग की बढ़ती लोकप्रियता पर भी खुशी व्यक्त की।
AUG 23, 2024 06:56 IST

तेलंगाना के मुख्यमंत्री को मानहानि मामले में निजी तौर पर पेश होने का समन

हैदराबाद की एक विशेष अदालत ने भारतीय जनता पार्टी के एक नेता द्वारा दायर मानहानि के मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को बृहस्पतिवार को समन जारी कर 25 सितंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा है। आरोप लगाया गया है कि रेड्डी ने हालिया लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के खिलाफ झूठे और निराधार आरोप लगाए। आबकारी मामलों के विशेष न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट (जेएफसीएम) ने शिकायतकर्ता द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों पर विचार करने, गवाहों से पूछताछ करने और शिकायतकर्ता के वकील की दलीलें सुनने के बाद रेड्डी को समन जारी किया और 25 सितंबर को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा।
AUG 23, 2024 06:14 IST

पाकिस्तान में पुलिस के वाहनों पर हमला, 11 पुलिसकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में गुरुवार को पुलिसकर्मियों पर रॉकेट से हमला कर दिया गया जिसमें कम से कम 11 जवानों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
लाहौर से करीब 400 किलोमीटर दूर रहीम यार खान जिले में कई पुलिसकर्मियों को उस समय बंधक भी बना लिया गया, जब माचा प्वाइंट पर पुलिस की दो वैन कीचड़ में फंस गईं। पंजाब पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, इस बीच डकैत वहां पहुंच गए और उन पर रॉकेट से हमला कर दिया। हमले में कम से कम 11 पुलिसकर्मी मौके पर ही मारे गए, जबकि उनमें से कुछ को बंधक बना लिया गया और बाकी घायल हो गए।