LIVE

आज की ताजा खबर, 23 अप्रैल 2025: पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ, PM आवास पर CCS की बैठक

शिशुपाल कुमारUpdated Apr 23, 2025, 18:46 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 23 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 23 अप्रैल (बुधवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 23 अप्रैल 2025: पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ, PM आवास पर CCS की बैठक
आज की ताजा खबर, 23 अप्रैल 2025: पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ, PM आवास पर CCS की बैठक

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 23 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: पहलगाम आतंकी हमले में एक बार फिर से पाकिस्तान का कनेक्शन सामने आया है। पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड के तौर पर लश्कर-ए-तैयबा एक प्रमुख कमांडर और डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी का नाम सामने आ रहा है। सैफुल्लाह कसूरी पाकिस्तान में रहता है और हाफिज सईद का करीबी है। इसके साथ ही सैफुल्लाह कसूरी, पाक सेना का भी खास है। पाकिस्तान भले ही कितना भी झूठ बोले, लेकिन सच यही है कि पहलगाम में टूरिस्टों पर गोलियां बरसाने वाले आतंकियों में से 2 पाकिस्तान से ही आए थे। पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड भी पाकिस्तानी सैफुल्लाह कसूरी है। इसके बाद अब जो खबर आ रही है कि उसमें कहा जा रहा है कि पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम देने में 4 टेररिस्ट शामिल थे। जिसमें से 2 पाकिस्तान से आए थे। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बृहस्पतिवार को प्रस्तावित कानपुर का दौरा रद्द कर दिया गया है। इस दौरे में उन्हें विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करना था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मोदी को 24 अप्रैल को कानपुर आना था, जहां उन्हें 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करना था। अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस ने बुधवार को सपरिवार आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार किया। जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने, अपनी पत्नी ऊषा और बच्चों के साथ आगरा पहुंचे वेंस की खेरिया हवाई अड्डे पर अगवानी की। उन्होंने बताया कि उसके बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति कार से ताजमहल परिसर पहुंचे और मोहब्बत की मिसाल मानी जाने वाली इस विश्व धरोहर का दीदार किया। वेंस ने ताजमहल का भ्रमण करने के बाद आगंतुक डायरी में लिखा, "ताजमहल अद्भुत है। यह सच्चे प्रेम, मानवीय प्रतिभा का प्रमाण है और भारत जैसे महान देश की एक लाजवाब कृति है।" आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

APR 23, 2025 18:16 IST

पहलगाम हमले के सभी पहलुओं की जांच हो: माकपा

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की और कहा कि सरकार को सुरक्षा में कमी सहित हमले के सभी पहलुओं की जांच करनी चाहिए। वाम दल ने एक बयान में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए। यह 2019 में पुलवामा हमले के बाद से कश्मीर में सबसे बड़ा हमला है। पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गये थे।
APR 23, 2025 16:27 IST

पहलगाम में हुए आतंकी हमले का देंगे करारा जवाब: राजनाथ सिंह

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि हम न आतंकवादियों को बल्कि परदे के पीछे बैठकर हिंदुस्तान की सरजमीं पर नापाक साजिश रचने वालों तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि आतंकी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा।
APR 23, 2025 15:21 IST

दिल्ली: वायु भवन के बाहर कार में लगी आग, कोई हताहत नहीं

दिल्ली के रफी मार्ग इलाके में स्थित वायु भवन के बाहर बुधवार को एक कार में आग लग गई, जिसके बाद अधिकारियों ने एक दमकल गाड़ी को मौके पर भेजा। अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना अपराह्न एक बजकर 26 मिनट पर मिली। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारी ने कहा, ‘‘फोन आने पर हमने एक दमकल गाड़ी को घटनास्थल पर भेजा। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।’’
APR 23, 2025 14:18 IST

सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि सरकार को पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी दलों के सुझाव लेने चाहिए। उन्होंने यह भी कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सभी लोग सरकार के साथ एकजुट होकर खड़े हैं। आतंकवादियों ने मंगलवार की दोपहर को कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी। आतंकी हमले में मारे गये लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे।
APR 23, 2025 14:18 IST

अमेरिकी उप राष्ट्रपति ने किया ताजमहल का दीदार

मेरिका के उप राष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस ने बुधवार को सपरिवार आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार किया। जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने, अपनी पत्नी ऊषा और बच्चों के साथ आगरा पहुंचे वेंस की खेरिया हवाई अड्डे पर अगवानी की। उन्होंने बताया कि उसके बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति कार से ताजमहल परिसर पहुंचे और मोहब्बत की मिसाल मानी जाने वाली इस विश्व धरोहर का दीदार किया। वेंस ने ताजमहल का भ्रमण करने के बाद आगंतुक डायरी में लिखा, "ताजमहल अद्भुत है। यह सच्चे प्रेम, मानवीय प्रतिभा का प्रमाण है और भारत जैसे महान देश की एक लाजवाब कृति है।"
APR 23, 2025 14:13 IST

पहलगाम आतंकी हमला : प्रधानमंत्री मोदी ने कानपुर दौरा किया रद्द

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 अप्रैल को कानपुर का अपना दौरा रद्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद यह निर्णय लिया है। एक बयान के मुताबिक, पीएम मोदी 24 अप्रैल को कानपुर में 20,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए आने वाले थे। लेकिन, पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर उन्होंने कानपुर दौरा रद्द कर दिया। बयान में आगे बताया गया है कि पहलगाम आतंकी हमले में कानपुर के युवक शुभम की गोली लगने से जान चली गई थी। लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पीएम मोदी के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। इस दुख की घड़ी में कानपुर में किसी भी प्रकार के उत्सव या औपचारिक सार्वजनिक कार्यक्रम को स्थगित करना उचित समझा गया है।
APR 23, 2025 13:25 IST

पहलगाम हमले के मद्देनजर कांग्रेस ने बुलाई कार्य समिति की आपात बैठक

कांग्रेस ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर बृहस्पतिवार को अपनी कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई है। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बुधवार को यह जानकारी दी। वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर कांग्रेस कार्य समिति की एक आपात बैठक कल, बृहस्पतिवार, 24 अप्रैल 2025 को सुबह 11:00 बजे 24, अकबर रोड पर होगी।’’
APR 23, 2025 12:41 IST

पहलगाम आतंकी हमले पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का बयान

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के निकट पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले से इस्लामाबाद का कोई संबंध नहीं है। वहीं पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर हमले में हुई जानमाल की हानि पर चिंता व्यक्त की, लेकिन इसे आतंकवादी कृत्य बताने या इसकी निंदा करने से परहेज किया। पहलगाम में मंगलवार को एक मशहूर पर्यटक स्थल पर हुए भीषण आतंकी हमले में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सत्तारूढ़ पीएमएल-एन पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के करीबी सहयोगी आसिफ ने जम्मू-कश्मीर में हिंसा के लिए के लिए 'घरेलू' ताकतों को जिम्मेदार ठहराया।
APR 23, 2025 12:10 IST

डीजीसीए ने एयरलाइन कंपनियों से श्रीनगर के लिए उड़ानें बढ़ाने को कहा

विमानन नियामक डीजीसीए ने बुधवार को एयरलाइन कंपनियों से श्रीनगर से उड़ानों की संख्या बढ़ाने को कहा, ताकि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पर्यटकों की वापसी आसान हो सके। इसके अलावा, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरलाइन कंपनियों से श्रीनगर के लिए उड़ान टिकटों के लिए रद्दीकरण और पुनर्निर्धारण शुल्क माफ करने पर विचार करने को कहा है।
APR 23, 2025 12:10 IST

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने की आतंकवादी हमले की निंदा

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और कहा कि यूरोप भारत के साथ है। पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए हैं। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने बुधवार सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘पहलगाम में आज हुए जघन्य आतंकी हमले ने कई मासूम लोगों की जान ले ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शोकाकुल हर भारतीय के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानती हूं कि भारत की भावना को तोड़ा नहीं जा सकता। आप इस मुश्किल समय में मजबूती से खड़े रहेंगे और यूरोप आपके साथ है।’’
APR 23, 2025 11:45 IST

अमित शाह पीड़ितों से मिले

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए 26 लोगों के शवों पर बुधवार को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और हमले में बचे लोगों को आश्वासन दिया कि इस नृशंस कृत्य के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। शाह ने यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के ताबूतों पर पुष्पचक्र अर्पित की।
अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी मृतकों को श्रद्धांजलि दी। गृह मंत्री ने मारे गए लोगों के परिवारों और हमले में जीवित बचे अन्य लोगों से बाद में बात की।
APR 23, 2025 10:49 IST

पहलगाम आतंकी हमले के बाद यूपी में हाई अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा और सभी जिलों के बस स्टेशनों व रेलवे स्टेशनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए यूपी पुलिस को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। उल्लेखनीय है कि जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम हिल स्टेशन पर मंगलवार को आतंकियों ने हमला किया था। हमले में दो विदेशियों सहित 16 पर्यटकों की मौत हो गई और 20 अन्य पर्यटक और स्थानीय लोग घायल हो गए। हालांकि, मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। समूचे विश्व ने इस हमले की निंदा की है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पर नजर बनाए हुए हैं।
APR 23, 2025 10:48 IST

पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ पुंछ में सड़क पर लोग

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने पर्यटकों पर कायराना हमला किया। ताबड़तोड़ फायरिंग में 16 पर्यटक मारे गए। इस आतंकी हमले के विरोध में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा स्थित पुंछ जिले में लोगों का आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस आतंकी हमले के खिलाफ बुधवार को पुंछ के नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर चक्का जाम और पूर्ण बंद का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा प्रहार करने और पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी गतिविधियों को रोकने की मांग की। 'जिला सनातन धर्म सभा' और 'व्यापार मंडल पुंछ' के आह्वान पर सभी समुदायों के लोग पुंछ बस अड्डे पर एकत्र हुए। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर चक्का जाम किया और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की।
APR 23, 2025 10:42 IST

पहलगाम आतंकी हमला: श्रीनगर से चार अतिरिक्त उड़ानों का किया ऐलान

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने प्रभावित पर्यटकों और पीड़ितों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं। मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और संबंधित अधिकारियों के साथ निकट समन्वय में काम करते हुए चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। तत्काल राहत उपायों के हिस्से के रूप में श्रीनगर से चार विशेष उड़ानों (दो दिल्ली और दो मुंबई के लिए) की व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त उड़ानों को स्टैंडबाय पर रखा गया है ताकि निकासी की आगे की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
APR 23, 2025 10:17 IST

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीतारमण ने अमेरिका दौरा छोटा किया

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए नृशंस आतंकी हमले के मद्देनजर अमेरिका की अपनी आधिकारिक यात्रा को छोटा कर दिया है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। सीतारमण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय ‘सुरक्षा पर मंत्रिमंडलीय समिति’ का हिस्सा हैं। मोदी ने अपनी दो दिवसीय सऊदी अरब यात्रा को छोटा कर दिया और बुधवार सुबह नयी दिल्ली पहुंच गए।
APR 23, 2025 10:17 IST

एनआईए की टीम आईजी के नेतृत्व में पहलगाम रवाना हुई

ष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम को एक महानिरीक्षक (आईजी) के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर के आतंकवाद प्रभावित पहलगाम के लिए रवाना किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि टीम पहलगाम के लिए रवाना हो गई है, जहां वह मंगलवार को हुए नृशंस आतंकवादी हमले की जांच कर रही स्थानीय पुलिस को सहायता प्रदान करेगी।
APR 23, 2025 10:17 IST

अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस जयपुर से आगरा के लिए रवाना हुए

अमेरिका के उप राष्ट्रपति जे डी वेंस बुधवार सुबह जयपुर से आगरा रवाना हो गए। अधिकारियों ने बताया कि वह शाम में जयपुर लौटेंगे और सिटी पैलेस का दौरा करेंगे। वेंस अपनी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों के साथ सोमवार रात जयपुर पहुंचे। उन्होंने मंगलवार को यहां अमेरिका-भारत संबंधों पर एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इससे पहले वेंस परिवार ने मंगलवार को आमेर किले का दौरा किया। वेंस का बृहस्पतिवार को अमेरिका लौटने का कार्यक्रम है।
APR 23, 2025 09:52 IST

पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के शव श्रीनगर लाए गए

कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के शव बुधवार को श्रीनगर लाए गए, जहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में अधिकारी पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें 26 शव मिले हैं जिन्हें (बुधवार को) तड़के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) श्रीनगर लाया गया। शवों को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) ले जाया जाएगा।’’
APR 23, 2025 09:24 IST

बीजिंग में पुल ढहा

बीजिंग के उत्तरपूर्वी शुनयी जिले में एक पुल ढह गया। यह जानकारी अधिकारियों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों के माध्यम से मिली है। बीजिंग नगर परिवहन आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘ वीबो’ पर लिखा कि तत्काल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
APR 23, 2025 08:10 IST

पहलगाम आतंकी हमला: पीएम मोदी की डोभाल के साथ मीटिंग

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले के बाद हालात पर चर्चा के लिए हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और विदेश मंत्री के साथ बैठक की।