LIVEआज की ताजा खबर, 21 फरवरी 2025 LIVE: सोल लीडरशिप कॉन्क्लेव का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, विदेश मंत्रालय ने कहा- यूएसएड के बारे में खुलासे बेहद परेशान करने वाले
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 21 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 21 फरवरी (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 21 फरवरी 2025 LIVE: सोल लीडरशिप कॉन्क्लेव का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, विदेश मंत्रालय ने कहा- यूएसएड के बारे में खुलासे बेहद परेशान करने वाले
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 21 फरवरी 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने कांग्रेस को भाजपा की बी टीम बताया है। एक्स पोस्ट में बसपा सुप्रीमो ने सांसद राहुल गांधी को अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत भी दी है। दरअसल, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को रायबरेली में कहा कि हम चाहते थे कि मायावती हमारे साथ मिलकर चुनाव लड़ें। अगर तीनों पार्टियां एक साथ चुनाव लड़तीं, तो भाजपा कभी नहीं जीत पाती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत मंडपम में सोल लीडरशिप कॉन्क्लेव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 'सोल' को विकसित भारत की यात्रा के लिए अहम माना। पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए नागरिकों का विकास बहुत महत्वपूर्ण है। विभिन्न क्षेत्रों में नेताओं का विकास भी बहुत महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो से जुड़े विवाद मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत को तलब किया है। साइबर सेल ने उन्हें 27 फरवरी को पेश होने के लिए कहा है। अभिनेत्री राखी सावंत भी 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो में जज बनकर जा चुकी हैं। उनके शॉर्ट वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे।आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
यूएसएड पर विदेश मंत्रालय का बयान
MEA on USAID: यूएसएड (USAID) को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में जुबानी जंग के बीच विदेश मंत्रालय ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यूएसएड के बारे में खुलासे बेहद परेशान करने वाले हैं, संबंधित विभाग और अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। जायसवाल ने कहा कि यूएसएड के वित्तपोषण की जानकारी से भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप से जुड़ी चिंता पैदा हुई है।
गुजरात सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत
Bus Accident in Gujarat: गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार को एक निजी बस और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे केरा गांव के पास राजमार्ग पर हुई और घायलों को भुज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराष्ट्रपति से मुलाकात की
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यहां शुक्रवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। उपराष्ट्रपति के सचिवालय ने धनखड़ के आधिकारिक आवास पर हुई इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। इस महीने के शुरू में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल कर आम आदमी पार्टी से सत्ता छीन ली थी।
NCP नेता धनंजय मुंडे ‘बेल्स पाल्सी’ बीमारी से हुए ग्रस्त
महाराष्ट्र के मंत्री और NCP नेता धनंजय मुंडे ‘बेल्स पाल्सी’ नामक बीमारी से हुए ग्रस्त। इस बात की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर खुद दी। मुंडे ने लिखा, 'फिलहाल मैं दो मिनट भी ठीक से बोल नहीं पा रहा हूं'..बता दें कि ‘बेल्स पाल्सी’ में चेहरे की मांसपेशियों में कमजोरी हो जाती हैं।
भीड़ को उकसाने के आरोप में मौलवी गिरफ्तार
कर्नाटक के मैसूरु में एक मौलवी को कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। मौलवी मुफ्ती मुश्ताक पर आरोप हैं कि उसके भड़काऊ भाषण के बाद भीड़ ने एक पुलिस थाने पर हमला कर दिया था। मुफ्ती मुश्ताक को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मौलवी की भड़काऊ टिप्पणियों ने कथित तौर पर भीड़ को 10 फरवरी की रात को उदयगिरि पुलिस थाने के बाहर इकट्ठा होने के लिए उकसाया।
बेंगलुरू में नाइजीरियाई नागरिक की हत्या
बेंगलुरु में 40 वर्षीय एक नाइजीरियाई नागरिक की हत्या किए जाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को संदेह था कि नाइजीरियाई नागरिक मादक पदार्थों का तस्कर था। उसने बताया कि यह घटना बुधवार को बेल्लाहल्ली में हुई जो भागलुरु पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
पुलिस ने बताया कि ‘चिकन’ की दुकान पर काम करने वाले यासीन खान को इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। उसने बताया कि आदियाको मासालियो अपने सहयोगी के साथ ‘चिकन’ की एक स्थानीय दुकान पर आया था और उसने कथित तौर पर संदिग्ध व्यवहार किया।
दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र में कैग रिपोर्ट पेश की जाएंगी
नवगठित दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू होगा जिसमें लंबित कैग रिपोर्ट पेश की जाएंगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सत्र 24, 25, 27 फरवरी को आयोजित किया जाएगा तथा आम आदमी पार्टी (आप) की पिछली सरकार के प्रदर्शन से जुड़ी 14 लंबित कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) रिपोर्ट सदन में पेश की जाएंगी।
नवनिर्वाचित विधायकों को 24-25 फरवरी को शपथ दिलाई जाएगी और 26 फरवरी को शिवरात्रि की छुट्टी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार कैग रिपोर्ट पेश करेगी।
वाराणसी: तेज रफ्तार क्रूजर जीप खड़े ट्रक में घुसी
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार को मिर्जामुराद हाईवे पर सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, क्रूजर जीप में सवार होकर श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ जा रहे थे। जीप हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। क्रूजर जीप में चालक समेत 11 लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु कर्नाटक के बताए जा रहे हैं।
सांसद पर हमले में 10 संदिग्धों की पहचान की: हिमंत विश्व शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि नगांव जिले में कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन और उनके निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) पर हमला करने के मामले में अब तक कुल 10 लोगों की पहचान कर ली गई है। शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पुलिस ने कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन पर हमले की कथित घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर ली है।” उन्होंने आरोपियों के नाम और स्थानों को साझा करते हुए कहा कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। धुबरी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद हुसैन, उनके बेटे तंजील और उनके पीएसओ पर बृहस्पतिवार को नगांव जिले के रूपाहीहाट इलाके में ‘रकीबुल हुसैन वापस जाओ’ के नारे लगाते हुए नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया।
राखी सावंत को महाराष्ट्र साइबर सेल ने किया तलब
महाराष्ट्र साइबर सेल ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो से जुड़े विवाद मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सावंत को तलब किया है। साइबर सेल ने उन्हें 27 फरवरी को पेश होने के लिए कहा है। अभिनेत्री राखी सावंत भी 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो में जज बनकर जा चुकी हैं। उनके शॉर्ट वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे। जानकारी के अनुसार, 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर चल रहे विवाद के आरोपी रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मुखीजा और समय रैना महाराष्ट्र साइबर के संपर्क में हैं। इनका शुक्रवार को बयान दर्ज किया जाएगा। वे अपना बयान दर्ज कराने के लिए महाराष्ट्र साइबर कार्यालय जाएंगे। ये सभी अधिकारियों द्वारा दिए गए वक्त पर पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराएंगे।
पार्थ चटर्जी की जमानत याचिका पर सीबीआई को नोटिस
पश्चिम बंगाल में कैश फॉर स्कूल जॉब घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार (CBI) मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी किया। पिछली साल 13 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले मे पार्था चटर्जी को जमानत देते हुए कहा था कि ईडी मामले मे जमानत 1 फरवरी से लागू होगी। सीबीआई मामले मे जमानत मिलने के बाद ही पार्था चटर्जी जेल से बाहर आ पाएगा। पार्थ चटर्जी पिछले ढाई साल से जेल में बंद है। ममता बनर्जी के करीबी रहे पार्था की जमानत याचिका कलकत्ता हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है।
बुमराह के साथ गेंदबाजी करके काफी कुछ सीखा : हर्षित राणा
बेहद कम समय में तीनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने अपनी निरंतरता और शीर्ष स्तर पर खेल के अनुकूल ढलने का श्रेय जसप्रीत बुमराह को दिया । तेईस वर्ष के राणा ने दिसंबर में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न टी20 और वनडे श्रृंखला में सीमित ओवरों की टीम में पदार्पण किया ।
कनाडा में सोने की ‘चोरी' के मामले में ईडी ने छापेमारी की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को मोहाली में उस व्यक्ति के परिसरों पर छापे मारे जो कनाडा में दो करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक के सोने की चोरी के मामले में कथित संदिग्ध है। यह कनाडा में सोने की चोरी का अब तक का सबसे बड़ा मामला है। सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान 30 वर्षीय सिमरन प्रीत पानेसर के रूप में की गई है। इन आरोपों के संबंध में प्रतिक्रिया लेने के लिए कथित संदिग्ध से संपर्क नहीं हो सका।
कतर ओपन में कार्लोस अल्काराज को जिरि लेहेका ने हराया
शीर्ष वरीयता प्राप्त कार्लोस अल्काराज को इस साल की दूसरी पराजय का सामना करना पड़ा जब 25वीं रैंकिंग वाले जिरि लेहेका ने उन्हें कतर ओपन टेनिस के क्वार्टर फाइनल में 6 . 3, 3 . 6, 6 . 4 से हराया । स्पेन के 21 वर्ष के अल्काराज को 2025 में आस्ट्रेलियाई ओपन क्वार्टर फाइनल में नोवाक जोकोविच ने हराया था । इस महीने की शुरूआत में दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी ने रोटरडम ओपन जीता था ।
बिहार: भोजपुर में भीषण सड़क दुर्घटना
बिहार में भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरा-मोहनिया हाईवे पर दुल्हिनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक कार से प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर पटना लौट रहे थे। शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे ये हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से कार से मृत लोगों के शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, मृतकों में दंपती, उनकी दो बेटियां समेत छह लोग बताए जा रहे हैं।
एकनाथ शिंदे की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी मामले में दो लोग गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल के सिलसिले में बुलढाणा से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गोरेगांव पुलिस को अज्ञात शख्स द्वारा शिंदे की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था। इसके बाद कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की। अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल शुरू किए और धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की। ईमेल के जवाब में, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 351(4) और 353(2) के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज की गई। मुंबई क्राइम ब्रांच ने बुलढाणा पुलिस के साथ मिलकर मामले के सिलसिले में दो संदिग्धों को सफलतापूर्वक ट्रैक कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मंगेश अच्युतराव वय (35) और अभय गजानन शिंगणे वय (22) के रूप में हुई है।
सोनभद्र में चार वर्षीय बच्ची से उसके गांव के युवक ने दुष्कर्म किया
सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में चार साल की बच्ची से उसके गांव के ही 25 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कालू सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को रात लगभग आठ बजे राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के एक गांव में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना हुई है।
इटावा में सड़क हादसा
इटावा जिले के उसराहार थाना इलाके में एक सड़क हादसे में दो किशोरों समेत चार लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात उसराहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत रुद्रपुर गांव के पास उसराहार सरसई नावर मार्ग पर एक अज्ञात वाहन द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारने से यह हादसा हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने कहा, ‘‘दौलतपुर गांव के पांच लोग उसराहार कस्बे के पास एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रुद्रपुर गांव के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे पांचों सड़क पर गिर गए।’’
इजराइल: तीन बसों में सिलसिलेवार विस्फोट
मध्य इजराइल में बृहस्पतिवार को तीन खड़ी बसों में सिलसिलेवार बम विस्फोट हुए और प्राधिकारियों को इनके पीछे चरमपंथियों का हाथ होने का संदेह है। इन विस्फोटों में कोई हताहत नहीं हुआ। ये विस्फोट उस दिन हुए जब युद्ध विराम समझौते के तहत हमास द्वारा गाजा से चार बंधकों के शव लौटाए जाने के बाद इजराइल शोक में हैं। ये विस्फोट 2000 के दशक में फलस्तीनी विद्रोह के दौरान हुए विस्फोटों की याद दिलाते हैं। पुलिस प्रवक्ता असी अहरोनी ने ‘चैनल 13 टीवी’ को बताया कि दो अन्य बसों में विस्फोटक बरामद किये गये। इजराइली पुलिस ने बताया कि पांचों बम एक जैसे थे और उनमें ‘टाइमर’ लगे हुए थे। पुलिस के मुताबिक, बम निरोधक दस्ता बरामद किये गये बमों को निष्क्रिय करने में जुटा है। शहर के मेयर त्जिवका ब्रॉट ने कहा कि यह चमत्कार है कि इन विस्फोटों में कोई हताहत नहीं हुआ।
गंगोत्री नैशनल हाइवे सुक्खी के बाद बंद
उत्त्तरकाशी-गुरुवार को हुई बर्फबारी के बाद गंगोत्री नैशनल हाइवे सुक्खी के बाद बंद हो गया है। BRO बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन स्नो कटर मशीन और JCB से सड़क मार्ग खोलने में जुटा है। हर्षिल से मुखबा जाने वाली सड़क भी बंद है जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 27 फरबरी को कार्यक्रम प्रस्तवित है।