LIVEआज की ताजा खबर, 2 मई 2025 LIVE: पीएम मोदी ने किया विझिनजम पोर्ट का उद्घाटन, दिल्ली-यूपी-हरियाणा समेत कई राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश, कांग्रेस CWC की आज होगी मीटिंग
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 2 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 2 मई (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 2 मई 2025 LIVE: पीएम मोदी ने किया विझिनजम पोर्ट का उद्घाटन, दिल्ली-यूपी-हरियाणा समेत कई राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश, कांग्रेस CWC की आज होगी मीटिंग
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 2 मई 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां विझिनजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया, जिसका निर्माण 8,867 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री सुबह 10.15 बजे तिरुवनंतपुरम शहर से हेलीकॉप्टर द्वारा बंदरगाह क्षेत्र में पहुंचे और ‘हार्ड हैट’ पहनकर बंदरगाह केंद्र का चक्कर लगाया तथा यहां की सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद, पूर्वाह्न 11.33 बजे उन्होंने केरल के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर की मौजूदगी में सुविधा के पहले चरण का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। तिरुवनंतपुरम जिले में स्थित इस बंदरगाह से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और नौवहन के क्षेत्र में भारत की भूमिका बदलने की उम्मीद है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत देश के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट भी जारी किया है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट जारी किया, 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भयंकर तूफान की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने लोगों से तूफान के दौरान घर के अंदर रहने, खिड़कियां बंद रखने और यात्रा से बचने की सलाह दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 3 घंटों के लिए भयंकर तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने के लिए रेड से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कांग्रेस CWC की आज शाम मीटिंग होगी। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
चंबा : खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लाहड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 154ए पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दवालु पुल के पास एक मारुति कार (एचपी 39 ए 7914) गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार बनीखेत से लाहड़ की ओर जा रही थी। कार को अमित कुमार उर्फ लकी चला रहा था। दवालु पुल के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कार में अमित कुमार के साथ अशोक कुमार (निवासी लाहड़), महेंद्र सिंह (निवासी त्रिठ्ठा) और देवराज (निवासी बैटणा) सवार थे।
ओडिशा सरकार पारादीप में हरित हवाई अड्डा और 14 जिलों में हेलीपोर्ट बनाएगी
ओडिशा में विमानन बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए, राज्य सरकार ने बंदरगाह शहर पारादीप में एक ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा तैयार करने और पुरी में श्री जगन्नाथ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास में तेजी लाने और 14 जिलों में हेलीपोर्ट बनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को ‘विमानन और नेटवर्क निर्माण प्रबंधन’ की बैठक में ये निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार बैठक में पुरी में प्रस्तावित श्री जगन्नाथ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसजेआईए) और राउरकेला हवाई अड्डे के उन्नयन पर चर्चा के अलावा, पारादीप में एक ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा तैयार करने का निर्णय लिया गया।
थरूर की मौजूदगी कई लोगों की रातों की नींद हराम कर देगी: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर की मौजूदगी में विड़िण्गम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के मौके पर उनकी (दोनों नेताओं की) मौजूदगी से कई लोगों की ‘‘रातों की नींद उड़ जाएगी’’। मोदी ने विजयन को विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन का ‘‘स्तंभ’’ भी बताया।
अंगोला के राष्ट्रपति आधिकारिक राजकीय यात्रा पर पहुंचे नई दिल्ली
अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। यह 38 वर्षों में अंगोला के किसी राष्ट्रपति की पहली आधिकारिक राजकीय यात्रा है। चार दिवसीय इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच कूटनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देना है। हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति लौरेंको का विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है जिसमें कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख व्यापारिक घरानों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
अगरमेल में आठ बांग्लादेशी गिरफ्तार
तमिलनाडु के अगरमेल के नाजरथपेट्टई इलाके में अवैध रूप से रहने के आरोप में आठ बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना वैध दस्तावेजों के एक किराए के मकान में रह रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और आठ व्यक्तियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये लोग बांग्लादेश के नागरिक हैं और इनके पास भारत में रहने के लिए आवश्यक दस्तावेज नहीं थे।
संदीप दीक्षित ने पंजाब और हरियाणा सरकार पर उठाए सवाल
पंजाब और हरियाणा के बीच पानी को लेकर बढ़े तनाव के बीच पंजाब सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) पहले दिल्ली में झगड़ा करती थी और अब हरियाणा में भी यही हो रहा है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "हरियाणा और पंजाब के बीच पानी को लेकर चल रहा मामला पुराना है, लेकिन बाद में इसे सुलझा भी लिया गया था। हालांकि, जब से आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में और हरियाणा में भाजपा की सरकार आई है, तबसे कभी उनका ये मन नहीं करता है कि दोनों राज्य राजनीति से ऊपर उठकर बात करें। आम आदमी पार्टी दिल्ली में भी झगड़ा करती थी, अब हरियाणा के साथ भी यही कर रही है। पहले बातचीत करें फिर कोर्ट जाकर हल करें। अगर झगड़ा करेंगे तो उससे दोनों राज्यों के नागरिकों को परेशानी होगी।"
विदिशा में बारातियों का वाहन पलटा
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार की देर रात को बारातियों से भरा वाहन पलट गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, वहीं 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है और सहायता राशि का भी ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विझिनजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां विझिनजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया, जिसका निर्माण 8,867 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री सुबह 10.15 बजे तिरुवनंतपुरम शहर से हेलीकॉप्टर द्वारा बंदरगाह क्षेत्र में पहुंचे और ‘हार्ड हैट’ पहनकर बंदरगाह केंद्र का चक्कर लगाया तथा यहां की सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद, पूर्वाह्न 11.33 बजे उन्होंने केरल के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर की मौजूदगी में सुविधा के पहले चरण का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया।
बंगाल में दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 86 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी पास हुए
पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीबीएसई) ने शुक्रवार सुबह 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया जिसमें 9,69,425 विद्यार्थियों में से 86.57 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए। डब्ल्यूबीबीएसई के अध्यक्ष रामानुज गांगुली ने यहां संवाददाताओं को बताया कि सफल परीक्षार्थियों के उच्चतम प्रतिशत वाले शीर्ष तीन जिलों में पूर्व मेदिनीपुर, कलिम्पोंग और कोलकाता शामिल हैं। शीर्ष 10 पर 66 विद्यार्थी हैं। उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज कोरोनेशन हाई स्कूल के अदृत सरकार ने 696 अंक (99.43 प्रतिशत) के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अनुभव विश्वास और सौम्य पाल 694 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। विश्वास मालदा के विवेकानंद विद्यामंदिर का छात्र है, जबकि पाल ने बांकुड़ा के विष्णुपुर हाई स्कूल से पढ़ाई की।
फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली ने ली दो मजदूरों की जान
उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही तेज हवाओं के बीच मूसलाधार बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मनरेगा मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि एक मजदूर घायल हुआ है। मामला थाना नसीरपुर क्षेत्र के कुतकपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह एक ही गांव के 15 मनरेगा मजदूर एक साथ काम करने के लिए निकले थे, तभी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इस बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, एक मजदूर घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एप्पल ने भारत में मार्च तिमाही में किया रिकॉर्ड प्रदर्शन
एप्पल ने जनवरी-मार्च तिमाही में भारत सहित दुनिया के कई देशों में रिकॉर्ड ग्रोथ दर्ज की है। इसके साथ ही कंपनी दुनियाभर में नए रिटेल स्टोर खोलने की योजना बना रही है। एप्पल के सीईओ टिम कुक ने कहा, "तिमाही के दौरान एप्पल ने दो नए रिटेल स्टोर खोले हैं। हम यूएई में एक नया रिटेल स्टोर, सउदी अरब में ऑनलाइन स्टोर और इस वर्ष के अंत में भारत में नए रिटेल स्टोर शुरू करेंगे।" सॉफ्टवेयर में कंपनी ने अभी आईओएस 18.4 जारी किया है, जिसने एप्पल इंटेलिजेंस को फ्रेंच, जर्मन, इतालवी, पुर्तगाली, स्पेनिश, जापानी, कोरियाई और चीनी सहित अधिक भाषाओं में पेश किया है।
दिल्ली में भारी बारिश के कारण मकान ढहने से चार लोगों की मौत
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के कारण नजफगढ़ इलाके में एक मकान ढहने से तीन बच्चों एवं एक महिला की मौत हो गई। खराब मौसम के कारण विमान परिचालन भी प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने मौसम के अचानक बदलने के कारण दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। दिल्ली में सुबह गरज के साथ भारी बारिश होने एवं तेज हवा चलने के कारण तीन उड़ानों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा और 100 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। दिल्ली के कई हिस्सों में पानी भरने और पेड़ उखड़ने की सूचना मिली है। मिंटो रोड, आर के पुरम में मेजर सोमनाथ मार्ग और खानपुर बारिश से खास तौर पर प्रभावित हुए।
गॉफ मैड्रिड ओपन के फाइनल में
अमेरिका की स्टार खिलाड़ी कोको गॉफ ने गत चैंपियन इगा स्वियातेक को 6-1, 6-1 से हराकर पहली बार मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के फाइनल में प्रवेश किया। गॉफ ने पहले सेट में तीन बार और दूसरे सेट में दो बार स्वियातेक की सर्विस तोड़ी। उन्होंने इस क्ले-कोर्ट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल का यह मुकाबला केवल 64 मिनट में अपने नाम किया।
सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में तेजी
घरेलू बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। संभावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर आशावाद, अप्रैल में रिकॉर्ड उच्च जीएसटी संग्रह और विदेशी पूंजी के निरंतर प्रवाह से निवेशकों की धारणाओं को बल मिला। इसके अलावा, वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख ने भी बाजारों में आशावाद को बढ़ाया।
पाली जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
राजस्थान के पाली जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा सुमेरपुर सदर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब सवा तीन बजे ब्यावर-पिंडवाड़ा राजमार्ग पर जाखा नगर बाईपास पर हुआ। थाना प्रभारी भगाराम ने बताया कि मुंबई की तरफ से आ रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रैलर से जा टकराई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई।
महराजगंज में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत और पांच घायल
महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा क्षेत्र में अनाज से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह के अनुसार गोरखपुर से महराजगंज की ओर जा रही एक कार बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे बसहिया खुर्द गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
दिल्ली में हवाई अड्डे पर विमान परिचालन प्रभावित
) दिल्ली में शुक्रवार सुबह गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने और तेज हवाएं चलने के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान परिचालन प्रभावित हुआ। हवाई अड्डे का संचालन करने वाले ‘दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ ने बताया कि खराब मौसम की वजह से कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। उसने सुबह पांच बजकर 20 मिनट पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमारे दल सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यात्रियों के लिए निर्बाध सेवा सुनिश्चित हो सके।’’ विमानन कंपनी ‘एअर इंडिया’ ने भी कहा कि प्रतिकूल मौसम की वजह से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में विमान परिचालन प्रभावित हुआ है।
हिमाचल में तेज आंधी-बारिश के बाद ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और इसके आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थल कुफरी व छराबड़ा में बृहस्पतिवार को तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, दृश्यता कुछ ही मीटर रह गई और लोग घरों के अंदर ही रहने को मजबूर हो गए। स्थानीय मौसम विभाग के कार्यालय ने यह जानकारी दी।
हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद घोटाले में चार अधिकारी निलंबित
हरिद्वार नगर निगम द्वारा बाजार भाव से अधिक दर पर भूमि खरीदे जाने के प्रकरण में प्रथमद्रष्टया दोषी पाए गए चार अधिकारियों को निलंबित किया गया है जबकि एक अन्य अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है । यहां बृहस्पतिवार को जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशे पर नगर निगम हरिद्वार द्वारा सराय गांव में भूमि खरीद मामले में यह सख्त कार्रवाई की गई है।
मथुरा में मुस्लिम परिवार के आठ सदस्यों ने हिंदू धर्म अपनाया
मथुरा के जमुनापार क्षेत्र में एक मुस्लिम परिवार के आठ सदस्यों ने बृहस्पतिवार को वृंदावन के एक आश्रम में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित धार्मिक समारोह में हिंदू धर्म अपना लिया।
परिवार के सदस्यों ने अपना नाम भी बदल लिया और कहा कि यह निर्णय स्वैच्छिक है और उनके पैतृक धर्म पर आधारित है। परिवार के मुखिया 50 वर्षीय जाकिर ने अपना नाम बदलकर अब जगदीश कर लिया है। वह मूल रूप से जिले के शेरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं, लेकिन सालों से अपनी ससुराल के गांव में रहकर दुकान चलाते हैं।