LIVE
पुतिन ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल संबंधी नयी नीति पर हस्ताक्षर किये; ब्राजील में पीएम मोदी ने कई वैश्विक नेताओं से की मुलाकात
दिल्ली में आज सुबह छह बजे का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 494 दर्ज किया गया। यानी यहां की वायु गुणवत्ता बहुत खराब स्थिति में है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए डीयू और जेएनयू में ऑनलाइन क्लासेस चलाने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा नोएडा और गुरुग्राम में भी स्कूलों को बंद कर ऑनलाइन क्लासेस आयोजित की जाएंगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे की बात करें तो पीएम मोदी ने ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में जी-20 बैठक से इतर इंडोनेशिया के नवनिर्वायित राष्ट्रपति से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह दोनों नेताओं की पहली मुलाकात थी। प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील दौरे के बाद गुयाना जाएंगे, यह 1968 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला गुयाना दौरा होगा। वहीं, इजराइली ने देर रात लेबनान की राजधानी में घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र को निशाना बनाया गया। हमलों में बेरूत के जिस क्षेत्र को निशाना बनाया गया वहां से पास में ही संयुक्त राष्ट्र कार्यालय, संसद भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय और कई दूतावास हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के नेता अनिल देशमुख पर सोमवार रात हमला हुआ। यह हमला नागपुर में हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के सभी अपडेट्स...
- आज की ताजा खबर लाइव, 19 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार:
- दिल्ली की एयर क्वालिटी का लगातार खराब स्थिति में, AQI 494 पहुंचा।
- बढ़ते प्रदूषण के चलते नोएडा-गुरुग्राम में स्कूल बंद, ऑनलाइन क्लासेस चलाने का आदेश।
- महाराष्ट्र चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अनिल देशमुख पर हमला, गंभीर रूप से घायल।
- ब्राजील में पीएम मोदी ने दुनिया के कई नेताओं से की मुलाकात।
- इजराइल ने बेरूत में घनी आबादी वाले क्षेत्रों में किया हमला।
NOV 19, 2024 17:26 IST
अगले साल भारत की यात्रा पर आ सकते हैं रूस के राष्ट्रपति पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले साल भारत की यात्रा कर सकते हैं। राजनयिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्ष इस यात्रा की संभावनाएं तलाश रहे हैं, लेकिन अभी इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस साल जुलाई में मॉस्को में जब पुतिन से मिले थे तो उन्हें भारत यात्रा के लिए आमंत्रित किया था।
NOV 19, 2024 16:16 IST
अदालत का दिल्ली के हिमाचल भवन को जब्त करने का आदेश
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार द्वारा ‘सेली हाइड्रोपावर इलेक्ट्रिकल कंपनी’ को दिए जाने वाले 150 करोड़ रुपये की वसूली के लिए दिल्ली स्थित हिमाचल भवन को जब्त करने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल की एकल पीठ ने सोमवार को आदेश देते हुए कहा कि कंपनी मध्य दिल्ली के मंडी हाउस क्षेत्र में स्थित हिमाचल भवन की नीलामी के लिए उचित कदम उठा सकती है।
NOV 19, 2024 15:46 IST
पुतिन ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल संबंधी नयी नीति पर हस्ताक्षर किये
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को एक नयी परमाणु नीति पर हस्ताक्षर किए, जिसमें घोषणा की गई है कि किसी भी परमाणु शक्ति द्वारा समर्थित देश अगर रूस पर हमला करता है तो इसे उनके देश पर संयुक्त हमला माना जाएगा। पुतिन ने परमाणु निवारक संबंधी नयी नीति का समर्थन 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन में सैनिकों को भेजने वाले हमले के 1,000वें दिन पर किया है।
NOV 19, 2024 15:45 IST
इंटरनेशनल माइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बने नंदन कुमार झा
भारत के नंदन कुमार झा को इंटरनेशनल माइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन (आईएमसीए) का अध्यक्ष चुना गया है जो ‘माइंड खेलों’ के संचालन और इनकों बढ़ावा देने की वैश्विक संस्था है। मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार झा के चुनाव की घोषणा ब्राजील के साओ पाउलो में आईएमएसए की वार्षिक आम बैठक के दौरान की गई।
NOV 19, 2024 14:27 IST
NOV 19, 2024 12:34 IST
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सत्येंद्र जैन को झटका
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ा झटका दिया है। अदालत ने सत्येंद्र जैन के खिलाफ निचली अदालत में चल रहे ट्रायल पर फिलहाल रोक लगाने से इनकार कर दिया है।
NOV 19, 2024 12:07 IST
दुनियाभर में इंस्टाग्राम की सेवाएं डाउन
मेटा के स्वामित्व वाला फोटो वीडियो प्लेटफार्म इंस्टाग्राम आउटेज का सामना कर रहा है, जिससे भारत सहित दुनिया भर में हजारों यूजर्स प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या की रिपोर्ट में तेजी आई है। यूजर्स का कहना है कि वह अपने ही अकाउंट को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
NOV 19, 2024 11:58 IST
वायु प्रदूषण: जामिया विवि में ऑनलाइन आयोजित होंगी क्लासेस
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए जामिया मिलिया इस्लामिया ने घोषणा की है कि शनिवार, 23 नवंबर तक कक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। 25 नवंबर 2024 से फिजिकल मोड में नियमित कक्षाएं फिर से शुरू होंगी। परीक्षाओं और साक्षात्कारों का कार्यक्रम अपरिवर्तित रहेगा।
NOV 19, 2024 11:13 IST
कर्नाटक: नक्सली कमांडर विक्रम गौड़ा ढेर
र्नाटक पुलिस की एंटी नक्सल फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबल के जवानों ने नक्सली कमांडर विक्रम गौड़ा को उडुपी जिले स्थित हेब्री कबीनाले में एक नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मुठभेड़ में मार गिराया है।
NOV 19, 2024 10:12 IST
उपचुनाव में वोटिंग से पहले सपा ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी
उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। इसमें सपा ने चुनाव आयोग से पुलिस द्वारा शक्तियों के गलत इस्तेमाल को रोकने की मांग की है। सपा की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि मतदान के दौरान मुस्लिम महिलाओं की बुर्का हटाकर चेकिंग न की जाए। इस तरह की चेकिंग से मुस्लिम महिलाएं डर जाती हैं और मतदान नहीं कर पाती हैं।
NOV 19, 2024 08:41 IST
ब्राजील में चीनी विदेश मंत्री से मिले जयशंकर
ब्राजील में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई।
NOV 19, 2024 07:59 IST
मणिपुर में हिंसा के बीच कुकी समुदाय निकालेगा ताबूत रैली
मणिपुर में कुकी सुमदाय की ओर से ताबूत रैली निकालने का ऐलान किया गया है। कुकी संगठनों के एक मंच ने कहा कि जिरीबाम जिले में सीआरपीएफ के साथ कथित गोलीबारी में मारे गए 10 कुकी-जो युवकों के प्रति श्रद्धांजलि और एकजुटता प्रकट करने के लिए वे मंगलवार को चुराचांदपुर में एक ताबूत रैली निकालेंगे।
NOV 19, 2024 07:42 IST
NOV 19, 2024 07:41 IST
महाराष्ट्र चुनाव: मतदान से पहले नासिक के होटल से जब्त हुए करोड़ों रुपये
20 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान से पहले 18 नवंबर को नासिक के एक होटल से 1.98 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए।
NOV 19, 2024 07:12 IST
सावरकर के खिलाफ टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को समन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुणे की एक अदालत ने समन जारी किया है। अदालत ने 2 दिसंबर को राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, यह समन हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर के पोते सत्यकी सावरकर द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि की शिकायत के बाद जारी किया गया है।
NOV 19, 2024 06:41 IST
बेरूत के प्रमुख सरकारी भवनों, दूतावासों के पास इजराइल का हमला
इजराइली हवाई हमले में सोमवार देर रात लेबनान की राजधानी में घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र को निशाना बनाया गया। हमलों में बेरूत के जिस क्षेत्र को निशाना बनाया गया वहां से पास में ही संयुक्त राष्ट्र कार्यालय, संसद भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय और कई दूतावास हैं।
NOV 19, 2024 06:40 IST
दिल्ली: वायु प्रदूषण के चलते DU और JNU में ऑनलाइन क्लासेज
दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते दिल्ली विश्वविद्यालय व जेएनयू में भी कक्षाएं ऑनलाइन चलाने का आदेश दिया गया है।
NOV 19, 2024 06:40 IST
ब्राजील में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी
विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान इंडोनेशिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो से मुलाकात की। यह दोनों नेताओं की पहली मुलाकात थी।
NOV 19, 2024 06:39 IST
आज फिर दिल्ली का AQI 494 पहुंचा
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर आज भी बढ़ा हुआ है। सुबह 6 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 494 दर्ज किया गया।
NOV 19, 2024 06:37 IST
नोएडा में 23 नवंबर तक स्कूल बंद
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के कारण अब नोएडा में भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक, कक्षा 12वीं तक कक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी।
