LIVEआज की ताजा खबर 19 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी; दिल्ली के मुस्तफाबाद में इमारत गिरने से 4 की मौत, पढ़ें हर मुख्य समाचार सबसे पहले
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 19 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें : यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 19 अप्रैल (शनिवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर 19 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज़: सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी; दिल्ली के मुस्तफाबाद में इमारत गिरने से 4 की मौत, पढ़ें हर मुख्य समाचार सबसे पहले
19 अप्रैल 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22-23 अप्रैल को सऊदी अरब के दौरे पर रहेंगे। उन्हें इस यात्रा का निमंत्रण क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री महामहिम प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने दिया है। 2016 और 2019 के बाद यह पीएम मोदी की सऊदी अरब की तीसरी यात्रा होगी। 2023 में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस नई दिल्ली की राजकीय यात्रा पर आए थे। वहीं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा शनिवार को घोषित इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई-मेन) के परिणाम में 24 परीक्षार्थियों ने पूरे 100 ‘स्कोर’ हासिल किए। पूरे 100 ‘स्कोर’ हासिल करने वालों में राजस्थान के परीक्षार्थियों की संख्या सबसे अधिक रही। इसके साथ ही दिल्ली के मुस्तफाबाद में शनिवार तड़के एक इमारत के गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने कहा है कि गिरफ्तार हैप्पी पासिया का पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन बीकेआई के साथ कनेक्शन है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) उसे प्रत्यर्पित कर भारत लाने की तैयारी में है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज बिहार दौरे पर रवाना हो रहे हैं। खरगे बिहार में दो दिन रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष की दो जगहों पटना और बक्सर में रैली है। यूक्रेन शांति समझौते पर अमेरिका का कहना है कि वह रूस के अधीन वाले क्रीमिया को मान्यता देने के लिए तैयार है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) चुनाव को शुक्रवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। गाजा में शुक्रवार को इजराइली हवाई हमलों में बच्चों सहित कम से कम 25 लोग मारे जाने की खबर है।
- जेईई (मेन) के नतीजे घोषित, 24 परीक्षार्थियों ने हासिल किए पूरे 100 'स्कोर'
- दिल्ली के मुस्तफाबाद में इमारत गिरने से कम से कम 4 की मौत, कई घायल
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे आज से दो दिन के बिहार के दौरे पर
- एफबीआई ने कहा कि पासिया का कनेक्शन से आईएसआई-बीकेआई से
- राज्यपाल, महिला आयोग की टीम का आज मुर्शिदाबाद दौरा
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चार मंजिला इमारत गिरने से चार लोगों की मौत
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शक्ति विहार इलाके में शनिवार तड़के चार मंजिला इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग मलबे में दब गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी के मुस्तफाबाद क्षेत्र में इमारत ढहने की घटना के बाद बचावकर्मियों ने लगभग 11 लोगों को बचा लिया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) संदीप लामा ने बताया कि मलबे में करीब 8-10 लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस ने कहा कि तड़के करीब तीन बजकर दो मिनट पर दयालपुर थाने में इमारत ढहने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस की एक टीम शक्ति विहार की गली नंबर-1 पहुंची, जहां चार मंजिला इमारत ढही थी।
सपा नेता पर इनाम घोषित करने के आरोप में करणी सेना का कार्यकर्ता गिरफ्तार
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर इनाम रखने की घोषणा करने वाले करणी सेना के कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। करणी सेना के इसी कार्यकर्ता ने अखिलेश यादव के खिलाफ भी इस तरह आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए बयान दिया था। सोशल मीडिया पर कार्यकर्ता मोहन चौहान के आपत्तिजनक बयान के बाद शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए शुक्रवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे ने शुक्रवार रात बताया कि चौहान के खिलाफ मामला सपा की जिला इकाई की अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर द्वारा बुधवार को दी गई शिकायत पर दर्ज किया गया था।
उत्तर प्रदेश में भाजपा नेता के भाई की फैक्टरी में छापा
उत्तर प्रदेश के संभल जिले की केला देवी थाने की पुलिस ने भाजपा पदाधिकारी राजेश सिंघल के भाई कपिल सिंघल की कबाड़ फैक्ट्री में छापा मारकर चोरी के वाहनों के पुर्जे बरामद किए हैं। राजेश सिंघल भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वह संभल जिले के भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं और संभल विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार भी रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में कपिल सिंघल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
महाराष्ट्र में हिंदी को अनिवार्य नहीं बनाने देंगे: उद्धव
शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में हिंदी को अनिवार्य नहीं बनाने देगी। ठाकरे का यह बयान राज्य सरकार द्वारा कक्षा एक से पांचवीं तक के छात्रों के लिए हिंदी को तीसरी भाषा के तौर पर अनिवार्य करने के फैसले के बाद आया है। शिवसेना (उबाठा) की श्रमिक शाखा ‘भारतीय कामगार सेना’ के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी को हिंदी भाषा से कोई परहेज नहीं है, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि इसे क्यों थोपा जा रहा है? ठाकरे की यह टिप्पणी महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य भर के मराठी और अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हिंदी को अनिवार्य तीसरी भाषा बनाने के निर्णय पर विपक्ष के विरोध के बीच आयी है, जो दो भाषा अध्ययन की प्रथा से हटकर है।
सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22-23 अप्रैल को सऊदी अरब के दौरे पर रहेंगे। उन्हें इस यात्रा का निमंत्रण क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री महामहिम प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने दिया है। 2016 और 2019 के बाद यह पीएम मोदी की सऊदी अरब की तीसरी यात्रा होगी। 2023 में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस नई दिल्ली की राजकीय यात्रा पर आए थे। उन्होंने जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लिया था और भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी परिषद की पहली बैठक की सह-अध्यक्षता की थी। भारत और सऊदी अरब के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देशों के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक और व्यापारिक संपर्कों का लंबा इतिहास है। रणनीतिक साझेदारों के रूप में, नई दिल्ली और रियाद राजनीतिक, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्कों सहित विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत द्विपक्षीय संबंध साझा करते हैं। प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत की ओर से सऊदी अरब के द्विपक्षीय संबंधों दिए जाने वाले महत्व को दर्शाती है। यह दोनों देशों की बहुआयामी साझेदारी को अधिक गहरा और मजबूत बनाने के साथ-साथ आपसी हितों के विभिन्न क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री की आगामी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका और ईरान, वार्ता कर रहे हैं। दोनों ताकि तेहरान के परमाणु कार्यक्रम और पश्चिम एशिया में हमास-इजरायल संघर्ष के कारण तनाव को कम किया जा सके। प्रधानमंत्री की आगामी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब ईरान और अमेरिका अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा अगले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सऊदी अरब यात्रा से पहले हो रही है। भारत और सऊदी अरब ने 1947 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। 2010 में द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदल दिया गया।
NCW टीम ने बंगाल के मुर्शिदाबाद में दंगा प्रभावित लोगों से मुलाकात की
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में दंगा प्रभावित लोगों से शनिवार को मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि भविष्य में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र हर आवश्यक कदम उठाएगा। दंगा प्रभावित महिलाओं ने अपनी व्यथा बताई और मांग की कि जिले के चुनिंदा इलाकों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के स्थायी शिविर स्थापित किए जाएं और सांप्रदायिक झड़पों की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराई जाए। इन झड़पों में तीन लोगों की जान चली गई थी। एनसीडब्ल्यू प्रमुख विजया रहाटकर ने पीड़ितों से कहा, ‘‘उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है’’ क्योंकि केंद्र उनके साथ है। उन्होंने मुर्शिदाबाद के बेतबोना कस्बे में पीड़ितों से कहा, ‘‘हम आपकी दुर्दशा का पता लगाने आए हैं। कृपया चिंता न करें। देश और आयोग आपके साथ है। ऐसा न सोचें कि आप अकेले हैं।’’ उन्होंने कहा कि एनसीडब्ल्यू अपनी रिपोर्ट केंद्र को सौंपेगा। एनसीडब्ल्यू टीम ने शुक्रवार को मालदा जिले में एक राहत शिविर का भी दौरा किया और मुर्शिदाबाद दंगों के कारण विस्थापित लोगों से मुलाकात की। वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ 11 और 12 अप्रैल को मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज, सुती, धुलियान और जंगीपुर सहित अन्य इलाकों में हिंसा भड़क उठी थी। इस हिंसा में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। आयोग ने इस हिंसा का स्वत: संज्ञान लिया है।
भारतीय पर्यटकों को ले जा रही बस नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त, 25 लोग घायल
भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही बस नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें कम से कम 25 भारतीय पर्यटक घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों को इलाज के लिए बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उसने बताया कि घटना शुक्रवार को नेपाल के डांग जिले के चिसापानी के पास की है जब भारतीय पर्यटकों को लेकर पोखरा जा रही बस के ब्रेक फेल हो गए जिससे वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में 25 पर्यटक घायल हो गए जिनमें अधिकांश लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी जिलों के निवासी हैं। तुलसीपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजनंदन राय ने बताया कि घायलों को नेपाल के गढ़वा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया जहां से 19 लोगों को एंबुलेंस के जरिए बलरामपुर के तुलसीपुर सामुदायिक केंद्र लाया गया। उन्होंने बताया कि कुछ पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि तीन की हालत गंभीर है जिनका इलाज नेपाल के अस्पताल में किया जा रहा है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 60 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाएं चली और बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। नरेला, पीतमपुरा और मयूर विहार स्थित वेधशालाओं ने 0.5 मिमी बारिश दर्ज की। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, ‘‘दिल्ली में बादलों के एक नए तंत्र ने प्रवेश किया है जिससे हल्की बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी। इस तंत्र के दिल्ली से समान तीव्रता के साथ गुजरने की उम्मीद है।’’ इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता सुबह नौ बजे 162 रही जो 'मध्यम' श्रेणी में आती है।
कांगो में नाव दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 148 हुई
कांगो में इस सप्ताह के शुरुआत में हुई नाव दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 50 से बढ़कर 148 हो गई है तथा 100 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी कांगो में आग लगने के बाद नाव पलट गई, जिससे कम से कम 148 लोग मारे गए और सैकड़ों लापता हो गए। कांगो नदी में हुए हादसे के बाद दर्जनों लोगों को बचा लिया गया हालांकि इनमें से कई बुरी तरह जल गए। रेड क्रॉस और प्रांतीय अधिकारियों की मदद से बचाव दलों ने बुधवार को लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी। नदी आयुक्त कॉम्पेटेंट लोयोको ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि मोटर चालित लकड़ी की नाव में मबंडाका शहर के पास आग लग गई। इसमें लगभग 400 यात्री सवार थे। ‘एचबी कोंगोलो’ नामक नाव मटनकुमु बंदरगाह से बोलोम्बा क्षेत्र के लिए रवाना हुई थी।
भारतीय वायुसेना की टीम ने रांची में शानदार ‘एयर शो' से मंत्रमुग्ध किया
भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित ‘सूर्य किरण एरोबैटिक टीम’ (एसकेएटी) ने शनिवार सुबह ‘नामकुम आर्मी ग्राउंड’ में शानदार ‘एयर शो’ से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह समेत वरिष्ठ रक्षा एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। इस कार्यक्रम को दो चरणों में विभाजित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के एक चरण में छह विमानों ने करीबी संरचना में उड़ान भरी जबकि दूसरे चरण में इन विमानों ने जमीन से मात्र 100 फुट की ऊंचाई पर करतब दिखाए। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इस ‘एयर शो’ का आयोजन केवल करतब दिखाने के लिए नहीं किया गया बल्कि इस दौरान वायुसेना के जुनून, अनुशासन और उसकी भावना को दर्शाया गया।’’ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हालांकि बताया कि नौ विमानों में से तीन विमान शुक्रवार को रांची में बारिश और ओलावृष्टि के कारण आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे। उन्होंने कहा कि रांची में पहली बार विमानों ने इतनी कम ऊंचाई पर करतब दिखाए। अधिकारी ने बताया कि 1996 में गठित एसकेएटी ने भारत और श्रीलंका, म्यांमा, चीन, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात सहित दुनिया भर में 500 से अधिक ऐसे शो किए हैं। उन्होंने कहा कि अपने आदर्श वाक्य ‘सदैव सर्वोत्तम’ के लिए जानी जाने वाली इस टीम का ‘एयर शो’ युवाओं को प्रेरित करने और सशस्त्र बलों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के भारतीय वायुसेना के कार्यक्रम के तहत किया गया। यह कार्यक्रम रांची में रविवार को पुन: होगा। इसके बाद 22-23 अप्रैल को पटना में ‘एयर शो’ होगा।
नोएडा की एक सोसाइटी में छात्रा ने 21वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली
नोएडा की एक सोसाइटी में 21 वर्षीय छात्रा ने 21वीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। पुलिस के एक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे सेक्टर-39 पुलिस थाना क्षेत्र के सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी की है जहां टावर नंबर-12 में रहने वाली उन्नति (21) ने अपने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि मूलरूप से मुरादाबाद की निवासी उन्नति गुरुग्राम के एक शिक्षण संस्थान से जनसंचार की पढ़ाई कर रही थी और यहां अपनी सहेली अनन्या के साथ रहती थी। उन्होंने बताया कि सहेली से पूछताछ में पता चला कि वे दोनों पब में पार्टी करने के बाद देर रात फ्लैट पर लौटे थे। प्रवक्ता ने बताया कि हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उन्नति ने ऐसा कदम क्यों उठाया? उन्होंने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई और शव को शवगृह में रखवा दिया है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ के बाद गो तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर जिले के खतौली क्षेत्र में पुलिस ने मठभेड़ के बाद एक संदिग्ध गो तस्कर को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि एक कंटेनर ट्रक भी जब्त किया गया है जिसमें दो जीवित गाय और नौ मृत मवेशी बरामद हुए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी (जानसठ) यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि ट्रक के सह-चालक इमरान ने पुलिस पर गोलियां चला दी जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पुलिस की गोली से वह घायल हो गया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इमरान और अन्य के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और उत्तर प्रदेश गो वध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
छात्रों को शराब देने का वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल शिक्षक निलंबित
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक द्वारा अपने छात्रों को कथित तौर पर शराब दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। बरवारा ब्लॉक के खिरहनी गांव में सरकारी प्राथमिक स्कूल के शिक्षक लाल नवीन प्रताप सिंह का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। अधिकारी ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी दिलीप कुमार यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी ओ पी सिंह को शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि वीडियो को विभिन्न खंडों के अधिकारियों को भेजा गया और बाद में शिक्षक की पहचान लाल नवीन प्रताप सिंह के रूप में हुई। अधिकारी ने बताया कि सिंह को कदाचार, बच्चों को शराब पीने के लिए प्रोत्साहित करने और शिक्षक की गरिमा को धूमिल करने के आरोप में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों के तहत तत्काल निलंबित कर दिया गया। कथित वीडियो में एक व्यक्ति एक कमरे में लड़कों को कप में पेय पदार्थ देते दिखाई दे रहा है और उसे एक लड़के से यह कहते भी सुना जा सकता है कि वह पेय पदार्थ पीने से पहले उसमें पानी मिला ले।
कर्नाटक में अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी
अंडरवर्ल्ड डॉन एन मुथप्पा राय के बेटे को कर्नाटक के रामनगर में बिदादी स्थित उसके घर के पास अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मुथप्पा राय की 2020 में मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय का बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। यह घटना शुक्रवार देर रात एक से डेढ़ बजे के बीच उस समय हुई जब रिकी अपनी कार से बिदादी से बेंगलुरु जा रहा था। उसने बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर गोलियां चलाईं और एक गोली वाहन में लगी। पुलिस ने बताया कि रिकी अपने गनमैन के साथ पीछे की सीट पर बैठा था तभी गोली कार चालक की सीट को भेदती हुई निकल गई, जिससे चालक और रिकी दोनों घायल हो गए। उसने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल करेंगे मुर्शिदाबाद के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज के दंगा प्रभावित क्षेत्रों का आज दौरा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे तथा प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद बोस जिले के धुलियान, सुती और जंगीपुर में हिंसा प्रभावित अन्य इलाकों का दौरा करेंगे। इन मुस्लिम बहुल इलाकों में 8-12 अप्रैल को वक्फ (संशोधन) अधिनियम के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान भड़की हिंसा में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। इसके बाद इस सिलसिले में 274 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारी ने बताया कि शमशेरगंज के लिए अपना दौरा शुरू करने से पहले बोस फरक्का के अतिथि गृह में प्रभावित परिवारों के कुछ सदस्यों से बात करेंगे। राज्यपाल शुक्रवार रात से फरक्का के अतिथि गृह में ठहरे हुए हैं। राजभवन के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘राज्यपाल आज मुर्शिदाबाद के दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। वह खुद स्थिति की समीक्षा करेंगे और स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे।’’
कासगंज गैंगरेप मामले का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
कासगंज पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गए जिसकी पहचान योगेश उर्फ ब्लॉक प्रमुख के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भारती के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे ततारपुर मार्ग पर मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध आता दिखा जिसे रुकने का इशारा किया, लेकिन रुकने के बजाय उसने अपना वाहन विपरीत दिशा में भगा दी और पुलिस टीम पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। मुठभेड़ को कासगंज के कोतवाली थाना पुलिस, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और ‘सर्विलांस सेल’ की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और दो खोखे, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल और पीड़िता से लूटी गई कान की बालियां बरामद की हैं। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नाबालिग पीड़िता 10 अप्रैल को अपने 17 वर्षीय मंगेतर के साथ राशन कार्ड बनवाने गई थी। जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) के कार्यालय से लौटने के बाद वे एक नहर के पास बैठ गए तभी करीब 10 लोग आए और कथित तौर पर उन्हें झाड़ियों में ले गए। शिकायत के अनुसार, तीन लोगों ने कथित तौर पर पीड़िता से दुष्कर्म किया, जबकि अन्य ने उसकी सोने की बालियां और 5,000 रुपये छीन लिए। उन्होंने यूपीआई के जरिए उसके मंगेतर के फोन से पांच हजार रुपये भी निकाल लिये।
मुंबई पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में कोलकाता से दंत चिकित्सक को पकड़ा
मुंबई पुलिस ने दो बच्चों की तस्करी के सिलसिले में कोलकाता से एक महिला दंत चिकित्सक को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि वडाला ट्रक टर्मिनस पुलिस थाने की एक टीम ने पिछले सप्ताह आरोपी रेशमा संतोष कुमार बनर्जी को गिरफ्तार किया और इस अभियान में दो साल के एक लड़के और तीन साल की एक लड़की को भी बचाया गया। पुलिस के अनुसार, एक ठेकेदार ने मई 2024 में अपने दामाद और नाती के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता के दामाद ने बच्चे को आरोपी असमा शेख, शरीफ शेख और आशा पवार को 1.6 लाख रुपये में बेच दिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाद में बच्चे के पिता और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने बच्चे को ओडिशा के भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर एक महिला को बेच दिया था। इस साल पांच अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि महिला भुवनेश्वर में दांतों के एक अस्पताल में काम करती है और शहर पहुंचने पर उन्हें महिला के बारे में और कोलकाता में उसके ठिकाने के बारे में पता चला। पुलिस ने आरोपी महिला को पकड़ लिया और शिकायतकर्ता के नाती और एक अज्ञात तीन वर्षीय बच्ची को छुड़ा लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला और बच्चों को मुंबई लाया गया और 13 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर लिया।
जेईई (मेन) के नतीजे घोषित, 24 परीक्षार्थियों ने पूरे 100 ‘स्कोर' हासिल किए
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा शनिवार को घोषित इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई-मेन) के परिणाम में 24 परीक्षार्थियों ने पूरे 100 ‘स्कोर’ हासिल किए। पूरे 100 ‘स्कोर’ हासिल करने वालों में राजस्थान के परीक्षार्थियों की संख्या सबसे अधिक रही। इनमें एक छात्रा भी शामिल है। जाली दस्तावेजों समेत अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले 110 परीक्षार्थियों के नतीजे रोक दिए गए हैं। इस अहम परीक्षा के दूसरे सत्र में 9.92 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों के अनुसार, एनटीए ‘स्कोर’ अंकों के प्रतिशत के समान नहीं, बल्कि सामान्यीकृत ‘स्कोर’ है। उन्होंने बताया कि एनटीए ‘स्कोर’ बहु-सत्रीय परीक्षा में सामान्यीकृत ‘स्कोर’ होता है और एक सत्र में परीक्षा के लिए उपस्थित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के सापेक्ष प्रदर्शन पर आधारित होता है। अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए प्राप्त ‘स्कोर’ को 100 से 0 तक के पैमाने पर परिवर्तित किया जाता है। जेईई (मेन) पेपर-एक और पेपर-दो के परिणामों के आधार पर, जेईई (एडवांस्ड) परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को छांटा जाएगा। सफल परीक्षार्थियों को 23 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश मिलता है।
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के नेता का अपहरण, पीट-पीटकर हत्या
उत्तरी बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में हिंदू समुदाय के एक प्रमुख नेता को कथित तौर पर उनके घर से अगवा कर लिया गया और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई। शुक्रवार को एक खबर में यह दावा किया गया। ‘द डेली स्टार’ अखबार ने पुलिस और परिवार के सदस्यों के हवाले से बताया कि ढाका से लगभग 330 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में दिनाजपुर के बसुदेबपुर गांव के निवासी भाबेश चंद्र रॉय (58) का शव बृहस्पतिवार रात बरामद किया गया। रॉय की पत्नी शांतना ने ‘द डेली स्टार’ को बताया कि उन्हें (रॉय) शाम करीब 4:30 बजे एक फोन आया और उन्होंने (शांतना) दावा किया कि अपराधियों ने घर पर उनकी मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए यह फोन किया था। खबर में लिखा गया है, ‘‘लगभग 30 मिनट बाद, दो मोटरसाइकिल पर चार लोग आए और कथित तौर पर भाबेश को परिसर से अगवा कर ले गए।’’ इसमें बताया गया कि रॉय को नाराबारी गांव ले जाया गया, जहां उनके साथ क्रूरता से मारपीट की गई। रॉय बांग्लादेश पूजा उद्यापन परिषद की बिराल इकाई के उपाध्यक्ष और क्षेत्र में हिंदू समुदाय के एक प्रमुख नेता थे। अखबार ने बिराल पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी अब्दुस सबूर के हवाले से कहा कि मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
कनाडा के ओंटारियो में गोली लगने से भारतीय छात्रा की मौत
कनाडा में 21 वर्षीय भारतीय छात्रा की गोलीबारी की एक घटना में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। छात्रा काम पर जाने के लिए बस अड्डे पर खड़ी थी और तभी एक कार सवार द्वारा एक अन्य वाहन पर चलाई गई गोली उसे लग गयी जिससे उसकी मौत हो गई। छात्रा की पहचान हरसिमरत रंधावा के रूप में हुई है जो ओंटारियो के हैमिल्टन में मोहॉक कॉलेज की छात्रा थी। हैमिल्टन पुलिस बुधवार को हुई इस घटना की जांच कर रही है। टोरंटो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ओंटारियो के हैमिल्टन में भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की मौत की घटना से हम अत्यंत दुखी हैं।’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थानीय पुलिस के अनुसार, वह निर्दोष थी और दो वाहनों में सवार लोगों के बीच गोलीबारी की घटना के दौरान एक गोली लगने से उसकी मौत हो गई। हत्या के इस मामले की जांच जारी है। हम उसके परिजन के निकट संपर्क में हैं और उन्हें सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।’’ हैमिल्टन पुलिस ने एक बयान में बताया कि स्थानीय समयानुसार बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे उसे हैमिल्टन में अपर जेम्स और साउथ बेंड रोड के पास गोलीबारी की खबर मिली। बयान के अनुसार जब पुलिस वहां पहुंची तो उसे रंधावा घायल अवस्था में मिली जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। बयान के अनुसार, घटनास्थल के वीडियो के जरिए जांचकर्ताओं ने पता लगाया कि एक काली कार में सवार यात्री ने एक सफेद कार में बैठे लोगों पर गोली चलाई। इसमें बताया कि दोनों वाहन घटनास्थल से फरार हो गए। गोलीबारी की इस घटना के दौरान पास के एक मकान की खिड़की में गोलियां लगी जहां रहने वाले लोग कुछ ही फुट की दूरी पर बैठकर टेलीविजन देख रहे थे। उनमें से कोई घायल नहीं हुआ।