LIVEआज की ताजा खबर Live 18 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार शख्स से जुड़ा खुलासा, राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर लाइव 18 जनवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: कोलकाता के आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में बहुप्रतीक्षित फैसला आज सुनाया जाएगा। इस घटना के कारण देश भर में आक्रोश फैल गया था और लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन हुए थे। वहीं इसरो ने शुक्रवार को अपने ‘स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट’ (स्पेडेक्स) के तहत उपग्रहों की सफल ‘डॉकिंग’ का एक वीडियो जारी किया। इसके अलावा हरियाणा में नूंह पुलिस ने विस्फोटक सामग्री रखने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि वे इसे खनन माफिया को बेचने जा रहे थे।

आज की ताजा खबर Live 18 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार शख्स से जुड़ा खुलासा, राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर लाइव 18 जनवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: सैफ अली खान पर हमला मामले में जिस संदिग्ध (शाहिद) को पुलिस ने पूछताछ के लिए लाया था, उसकी एक सीसीटीवी तस्वीर सामने आई है जो वर्सोवा इलाका की बताई जा रही है। वर्सोवा की एक इमारत में चोरी करने के लिए ये संदिग्ध गया था, जहां से इसने एक घर के बाहर से जूते चुराए थे। चोरी के दौरान सीसीटीवी में कैद हो गया था। इसका हुलिया सैफ के घर में घुसे चोर से हूबहू मिलता है। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। कांग्रेस सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी शनिवार को पटना में ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय -सदाकत आश्रम- में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा कोलकाता के आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में बहुप्रतीक्षित फैसला आज सुनाया जाएगा। इस घटना के कारण देश भर में आक्रोश फैल गया था और लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन हुए थे।
आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव
- बिहार: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे
- अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार शख्स से जुड़ा खुलासा
- आरजी कर रेप-मर्डर केस में आज आएगा अदालत का फैसला
- प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष मिशन की सफलता को लेकर ‘स्टार्टअप' को बधाई दी
- इसरो ने ‘स्पेडेक्स' मिशन के तहत उपग्रहों के ऐतिहासिक ‘डॉकिंग' परीक्षण का वीडियो जारी किया
- टीवी अभिनेता अमन जायसवाल की मुंबई में सड़क दुर्घटना में मौत
लाड़की बहिन लाभार्थियों की जांच पड़ताल जारी है: मंत्री
महाराष्ट्र सरकार की मंत्री अदिति तटकरे ने शनिवार को कहा कि परिवहन एवं आयकर विभागों की मदद से मुख्यमंत्री माझी लाड़की बहिन योजना के लाभार्थियों की जांच की प्रक्रिया जारी है। पत्रकारों से यहां बात करते हुए राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि 4,500 महिलाओं ने योजना से बाहर निकलने के लिए आवेदन किया है। पिछले साल अगस्त में प्रदेश के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री माझी लाड़की बहिन योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये का मासिक भत्ता दिया जाता है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है । मंत्री ने कहा कि योजना के फर्जी लाभार्थियों के बारे में शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है। तटकरे ने कहा, ‘‘कुछ लाभार्थियों की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक होने, कुछ के पास एक से अधिक निजी वाहन होने, सरकारी नौकरी में कार्यरत होने और विवाह के बाद दूसरे राज्यों में चले जाने की शिकायतें मिली हैं।’’ उन्होंने कहा कि जांच एक सतत प्रक्रिया है और आगे भी जारी रहेगी। मंत्री ने कहा कि इस योजना से बाहर निकलने के लिए 4,500 महिलाओं ने आवेदन किया है। पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों से पहले शुरू की गई लाड़की बहिन योजना ने सत्तारूढ़ महायुति की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लाड़की बहिन योजना के 2.43 करोड़ से अधिक लाभार्थी हैं, जिससे राज्य के खजाने पर हर महीने लगभग 3,700 करोड़ रुपये का बोझ आता है।
बिहार: राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। कांग्रेस सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी शनिवार को पटना में ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय -सदाकत आश्रम- में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे । इसके साथ ही वह नवनिर्मित स्टाफ क्वार्टर एवं एक नवीनीकृत सभागार का उद्घाटन करेंगे, जिनका नाम क्रमशः उनकी दादी इंदिरा गांधी और उनके पिता राजीव गांधी के नाम पर रखा गया है। लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी पहली बार बिहार के दौरे पर आये हैं। पटना पहुंचने पर बिहार कांग्रेस प्रमुख अखिलेश प्रसाद सिंह एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हवाई अड्डे पर राहुल गांधी का स्वागत किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने हवाई अड्डे के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी का झंडा लेकर एकत्र हुए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
राजस्थान में सर्द हवाओं के बीच कड़ाके की सर्दी जारी
राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक इलाकों में सर्द हवाओं के बीच कड़ाके की सर्दी जारी है। सिरोही में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। इस दौरान कई जगह घने से अति घना कोहरा दर्ज किया गया। सर्द हवाओं और तापमान में गिरावट के कारण अनेक जगह शीत व अति शीत दिवस रहा। इस दौरान सिरोही में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 6.5 डिग्री, पिलानी में 6.7 डिग्री, संगरिया व अजमेर में 6.8 डिग्री, अलवर में 7.0 डिग्री, फतेहपुर व गंगानगर में 7.4 डिग्री, चूरू में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम केन्द्र के अनुसार 21-22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
इसरो ने विकास तरल इंजन को पुनः चालू करने संबंधी परीक्षण किया
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने महेंद्रगिरि के ‘प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स’ में एक परीक्षण केन्द्र में अपने विकास तरल इंजन को फिर से चालू करने संबंधी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। इसरो ने शनिवार को यह जानकारी दी। विकास इंजन का उपयोग प्रक्षेपण यानों के तरल चरणों (लिक्विड स्टेज) को शक्ति प्रदान करने में किया जाता है। इसरो की ओर से जारी एक बयान के अनुसार यह परीक्षण 17 जनवरी को किया गया। यह चरणों की पुनर्प्राप्ति के वास्ते प्रौद्योगिकियों के विकास में मील का पत्थर है। विभिन्न परिस्थितियों में इंजन को पुनः चालू करने के लिए कई परीक्षण किए जा रहे हैं। इसरो ने कहा,‘‘ इस परीक्षण में इंजन को 60 सेकंड के लिए चालू किया गया फिर इसे 120 सेकंड के लिए बंद किया गया, फिर पुनः चालू किया गया। परीक्षण के दौरान इंजन के सभी मानक सामान्य और अपेक्षा के अनुरूप थे।’’ इससे पहले पिछले वर्ष दिसंबर में भी यह परीक्षण किया गया था। इसके अलावा, इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन ने शुक्रवार को इसरो के एलवीएम3 प्रक्षेपण यान के ‘कोर लिक्विड स्टेज’ (एल110) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महुआ मोइत्रा ने ‘एक्स' पर पिघली आइसक्रीम पहुंचाने की शिकायत की
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने ऑनलाइन माध्यम से खाद्य सामग्री मंगाने और आपूर्ति सेवा के बारे में ‘एक्स’ पर शिकायत करते हुए कहा कि उन्होंने जो महंगी आइसक्रीम ऑर्डर की थी, वह “खराब” हो गई। मोइत्रा ने बृहस्पतिवार देर रात ‘एक्स’ पर ऑनलाइन खाद्यसामग्री सेवा प्रदाता कंपनी ‘स्विगी’ को संलग्न करते हुए पोस्ट कर कहा, ‘‘माफ करना स्विगी, आपको अपनी सेवा सुधारनी होगी। मैंने महंगी आइसक्रीम ‘माइनस थर्टी मिनी स्टिक’ मंगवाई थी और वह खराब हालत में मेरे पास पहुंची जो कि खाने लायक बिल्कुल नहीं थी, इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जल्द से जल्द रकम वापसी या दूसरी आइसक्रीम मिलने की उम्मीद है।’’ स्विगी ने तृणमूल सांसद को जवाब देते हुए कहा कि वे इस मुद्दे पर उनकी मदद करेंगे। स्विगी ने मोइत्रा की पोस्ट के जवाब में कहा, ‘‘यह जानकर खेद है कि आपको यह समस्या आई। कृपया अपना ‘ऑर्डर नंबर’ साझा कीजिए। हम मदद करेंगे।’’
दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा, 47 रेलगाड़ियों के परिचालन में देरी
राष्ट्रीय राजधानी के कुछ बाहरी इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और 47 रेलगाड़ियों के परिचालन में देरी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2.6 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की है। भारतीय रेलवे के अनुसार राजधानी में कोहरे के कारण सुबह छह बजे तक 47 रेलगाड़ियां देरी से चल रही थीं। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 247 रहा जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच वायु एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
इजराइली मंत्रिमंडल ने गाजा में संघर्ष विराम, बंधकों की रिहाई संबंधी समझौते को मंजूरी दी
इजराइल के मंत्रिमंडल ने शनिवार को गाजा में संघर्ष विराम के लिए एक समझौते को मंजूरी दे दी, जिससे वहां बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों को रिहा किया जा सकेगा और हमास के साथ 15 महीने से जारी लड़ाई रुक जाएगी। इस समझौते से दोनों पक्ष अपने सबसे घातक और विनाशकारी संघर्ष को समाप्त करने के एक कदम और करीब पहुंच जाएंगे। मध्यस्थता कर रहे कतर और अमेरिका ने बुधवार को संघर्ष विराम की घोषणा की लेकिन यह समझौता कुछ वक्त के लिए अधर में लटका रहा क्योंकि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जोर देकर कहा कि अंतिम समय में कुछ जटिलताएं उत्पन्न हो गईं। उन्होंने इसके लिए आतंकवादी समूह हमास को जिम्मेदार ठहराया। संघर्ष विराम रविवार से लागू हो जाएगा, हालांकि प्रमुख प्रश्न अब भी बने हुए हैं मसलन पहले चरण में कौन से 33 बंधक रिहा किए जाएंगे और उनमें से कितने अभी जीवित हैं। मंत्रिमंडल की बैठक यहूदी ‘सब्बाथ’ की शुरुआत के बाद हुई, जो इस मौके की अहमियत को दर्शाता है। यहूदी कानून के अनुसार, इजराइली सरकार आमतौर पर जीवन या मृत्यु के आपातकालीन मामलों को छोड़कर सब्बाथ में सभी काम रोक देती है। सब्बाथ का अर्थ होता है सप्ताह का सातवां दिन जो शुक्रवार शाम से शनिवार शाम तक यहूदियों और कुछ ईसाइयों द्वारा विश्राम और पूजा के दिन के रूप में मनाया जाता है। नेतन्याहू ने एक विशेष कार्य बल को गाजा से लौटने वाले बंधकों को लेने के लिए तैयारी करने का निर्देश दिया और कहा कि उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है कि समझौता हो गया है। संघर्ष विराम के दौरान सैकड़ों फलस्तीनी बंदियों को भी रिहा किया जाना है, तथा बड़े पैमाने पर तबाह हुए गाजा में मानवीय सहायता में वृद्धि होनी चाहिए। इजराइल के न्याय मंत्रालय ने रिहा किए जाने वाले 95 फलस्तीनी कैदियों की सूची प्रकाशित की और कहा कि रिहाई रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम चार बजे से पहले शुरू नहीं होगी। सूची में शामिल सभी लोग युवा या महिला हैं।
ठाणे जिले में बस से 9.37 लाख रुपये का गुटखा जब्त, चालक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से लाया जा रहा 9.37 लाख रुपये की कीमत का गुटखा जब्त किया और एक बस के चालक को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ठाणे ग्रामीण) डॉ. डी.एस. स्वामी ने बताया कि स्थानीय अपराध शाखा की एक टीम ने बृहस्पतिवार रात शाहपुर में मुंबई-नासिक राजमार्ग पर गोलबण गांव में इंदौर से ठाणे जा रही एक बस को रुकवाया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान वाहन से 9.37 लाख रुपये का गुटखा जब्त किया गया। अधिकारी ने बताया कि बस चालक जोगिंदर प्रसाद शाह (54) को भारतीय न्याय संहिता और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के नियमों के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
साउथ सूडान में हिंसा को रोकने के लिए पूरे देश में रात्रि कर्फ्यू
साउथ सूडान की राजधानी जुबा में सूडानी कारोबारियों के प्रतिष्ठानों में लूटपाट और हिंसा के बाद पूरे देश में रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है। पुलिस प्रमुख जनरल अब्राहम मन्युयात ने शुक्रवार को कहा कि जुबा और अन्य प्रमुख शहरों में लूटपाट की घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे से सुबह तक कर्फ्यू लागू रहेगा। अब व्यापारियों को दुकानें शाम पांच बजे तक बंद करनी होंगी। सरकारी टेलीविजन पर मन्युयात ने कहा, ‘‘ हम सभी बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखेंगे। ’’ माना जाता है कि इस सप्ताह की शुरुआत में सूडान में स्थानीय लड़ाकों द्वारा की गई साउथ सूडान के नागरिकों की कथित हत्याओं के बाद ही यहां सूडान के नागरिकों को निशाना बनाते हुए हिंसा की गई। गेजीरा प्रांत जैसे क्षेत्रों में साउथ सूडान के नागरिकों को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने को लेकर राष्ट्रपति की प्रेस सचिव लिली एडहेउ मार्टिन मैनियल ने देश के लोगों से संयम बरतने की अपील की।
दिल्ली : वायु गुणवत्ता में सुधार, हटाई गई ग्रैप 3 की पाबंदियां
वायु गुणवत्ता में सुधार के साथ ही केंद्र के वायु गुणवत्ता पैनल ने शुक्रवार को दिल्ली और पड़ोसी क्षेत्रों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के चरण 3 की पाबंदियों को हटा दिया। यह कदम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्तर में गिरावट के बाद ग्रैप 4 को वापस लेने के एक दिन बाद उठाया गया है। सीएक्यूएम ने एक बयान में कहा कि ग्रैप को लेकर उसकी उप-समिति ने शुक्रवार को बैठक की और क्षेत्र में वायु गुणवत्ता परिदृश्य के साथ-साथ आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमानों की समीक्षा की। सीएक्यूएम ने बयान में कहा, "आईएमडी/आईआईटीएम द्वारा प्रदान किए गए वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अनुकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों और तेज हवा की गति के कारण आने वाले दिनों में दिल्ली का एक्यूआई 'बहुत खराब' श्रेणी के निचले स्तर पर रहने की संभावना है।" सीएक्यूएम ने बयान में कहा, "निर्माण और विध्वंस परियोजना स्थल आदि जिन्हें विभिन्न वैधानिक निर्देशों, नियमों, दिशानिर्देशों आदि के उल्लंघन/गैर-अनुपालन के कारण बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं, वे किसी भी परिस्थिति में अगला आदेश आने तक अपना संचालन फिर से शुरू नहीं करेंगे।" केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा उपलब्ध कराए गए एक्यूआई बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली के औसत एक्यूआई में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, तथा एक्यूआई 289 पर पहुंच गया, जो स्पष्ट रूप से गिरावट का संकेत है। ग्रैप 3 और 4 को 15 जनवरी को लागू किया गया था, जब दिल्ली का औसत एक्यूआई 350 अंक को पार कर गया था तथा इसमें तेजी से वृद्धि होने लगी थी, जो 400 अंक को भी पार करने की संभावना को दर्शाता है।
ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं विवेक रामास्वामी
भारतीय-अमेरिकी नेता विवेक रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं। मीडिया में आई अनेक खबरों में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। रामास्वामी ने इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से उम्मीदवारी पेश की थी लेकिन बाद में वह इस दौड़ से हट गए थे। रामास्वामी को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जे डी वेंस का करीबी माना जाता है। ट्रंप ने उन्हें टेस्ला के मालिक एलन मस्क के साथ मिलकर शासन में सुधार की दिशा में काम करने की जिम्मेदारी सौंपी है। ‘वाशिंगटन पोस्ट’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि रामास्वामी, ओहायो के गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं जिसकी घोषणा भी वह जल्द कर सकते हैं। रामास्वामी की इस योजना के बारे में जानकारी रखने वाले उनके एक करीबी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर वाशिंगटन पोस्ट को बताया, ‘‘वह (रामास्वामी) जल्द ही गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा करेंगे।’’ उन्हें बताया, ‘‘घोषणा का मसौदा तैयार है।’’ अगर वह चुने जाते हैं, तो वह ओहायो के गवर्नर माइक डेविन की जगह लेंगे। ओहायो में चुनाव नवंबर 2026 में होने हैं।
महाभियोग का सामना कर रहे दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति अदालत में होंगे पेश
महाभियोग का सामना कर रहे दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक येओल शनिवार को सियोल की एक अदालत में पेश होंगे। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने यून को बुधवार को उनके आवास से व्यापक अभियान के बाद हिरासत में लिया था। उच्च पदस्थ अधिकारियों से संबंधित भ्रष्टाचार जांच कार्यालय ने सियोल पश्चिमी जिला न्यायालय से यून की औपचारिक गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी करने का अनुरोध किया है। भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी और पुलिस संयुक्त रूप से इस बात की जांच करेंगे कि क्या तीन दिसंबर को यून द्वारा कुछ समय के लिए लागू किया गया ‘मार्शल लॉ’ विद्रोह के समान था? यून आज अपराह्न दो बजे प्रारंभ होने वाली सुनवाई में पेश होंगे और उम्मीद की जा रही है कि वह यह दलील दे सकते हैं कि जांच के दौरान उन्हें हिरासत में रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। न्यायाधीश इस मामले में शनिवार देर रात या रविवार सुबह तक कोई फैसला ले सकते हैं। यून को यदि औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया जाता है तो जांचकर्ता उनकी हिरासत अवधि को 20 दिन तक बढ़ा सकते हैं। इस दौरान मामला अभियोग के लिए सरकारी अभियोजकों को सौंप दिया जाएगा। वहीं इसके विपरीत यदि अदालत जांचकर्ताओं के अनुरोध को अस्वीकार कर देती है तो यून को रिहा कर दिया जाएगा और वह अपने आवास पर लौट जाएंगे।
अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार शख्स से जुड़ा खुलासा
सैफ अली खान पर हमला मामले में जिस संदिग्ध (शाहिद) को पुलिस ने पूछताछ के लिए लाया था, उसकी एक सीसीटीवी तस्वीर सामने आई है जो वर्सोवा इलाका की बताई जा रही है। वर्सोवा की एक इमारत में चोरी करने के लिए ये संदिग्ध गया था, जहां से इसने एक घर के बाहर से जूते चुराए थे। चोरी के दौरान सीसीटीवी में कैद हो गया था। इसका हुलिया सैफ के घर में घुसे चोर से हुबहू मिलता है। भले ही इस संदिग्ध के सैफ अली खान के केस से जुड़े सबूत अभी पुलिस को नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस ने इसे क्लीन चिट नहीं दी है।
कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली कई ट्रेन देरी से चल रही
सैफ अली खान के घर के बाहर फिलहाल कैसा है माहौल? देखें वीडियो
उत्तर प्रदेश के बस्ती में डंपर से टकराई कार; उप निरीक्षक की मौत और हेड कांस्टेबल घायल
बस्ती जिले में एक कार और डंपर की टक्कर हो गई जिससे कार में सवार एक पुलिस उप निरीक्षक की मौत हो गई तथा हेड कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उप निरीक्षक हरि नारायण मिश्रा (57) गोरखपुर से कार से पैकोलिया थाने आ रहे थे तभी रास्ते में हर्रैया क्षेत्र में हर्रैया-बभनान मार्ग पर उनकी कार एक डंपर से टकरा गई। उसने बताया कि इस घटना में मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि कार चला रहे हेड कांस्टेबल राम कुमार दुबे घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने बताया कि मिश्रा पैकोलिया थाने में तैनात थे। उसने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड का रिहर्सल जारी, देखें झलकियां
आर. जी. कर महिला चिकित्सक से दुष्कर्म-हत्या मामले में आज फैसला सुनाया जाएगा
कोलकाता के आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में बहुप्रतीक्षित फैसला शनिवार को सुनाया जाएगा। इस घटना के कारण देश भर में आक्रोश फैल गया था और लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन हुए थे। नागरिक स्वयंसेवक के रूप में कार्यरत संजय रॉय पर पिछले वर्ष नौ अगस्त को उत्तर कोलकाता के सरकारी अस्पताल में स्नातकोत्तर महिला प्रशिक्षु चिकित्सक पर अपराध करने का आरोप लगाया गया था। मुकदमा दर्ज होने के 57 दिन बाद सियालदह अदालत के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिर्बन दास की अदालत में शनिवार को फैसला सुनाया जाएगा। मामले की जांच कर रही कोलकाता पुलिस ने अस्पताल के सेमिनार कक्ष में महिला चिकित्सक का शव बरामद होने के एक दिन बाद 10 अगस्त को रॉय को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को स्थानांतरित कर दिया और एजेंसी ने आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग की है।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की भाजपा और आरएसएस को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से जोड़ने संबंधी उनकी टिप्पणी को लेकर निशाना साधा। किशन रेड्डी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस देश और लोगों के लिए काम करते हैं। किशन रेड्डी से रेवंत रेड्डी के नई दिल्ली में दिए गए इस कथित बयान के बारे में पूछा गया था कि बीआरएस, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा एक ही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘रेवंत रेड्डी के बयानों को गंभीरता से लेने की कोई जरूरत नहीं है। वह क्या कहते हैं, क्यों कहते हैं और किस संदर्भ में कहते हैं, इसे गंभीरता से लेने की कोई जरूरत नहीं है। हमें मुख्यमंत्री क्या कहते हैं, इसका जवाब देने की कोई जरूरत नहीं है।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि न तो आरएसएस और न ही भाजपा को रेवंत रेड्डी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत है।
नोएडा: वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में रह रहे तीन चीनी नागरिक गिरफ्तार
गौतम बुद्ध नगर पुलिस की ‘स्वाट’ टीम और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) ने वीजा अवधि समाप्त होने के बाद अवैध रूप से भारत में रह रहे तीन चीनी नागरिकों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन-3) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि खेरली भाव क्षेत्र में वीवो कंपनी में काम करने वाले तीन चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जो वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम यूसिंगबो, चैन चाऊ, पेंगशाओ है।