LIVE

उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, बृज बिहारी हत्याकांड में RJD नेता मुन्ना शुक्ला ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

शिशुपाल कुमारUpdated Oct 16, 2024, 18:34 IST

गाजा में मानवीय सहायता को लेकर अमेरिका, इजराइल पर भड़क गया है। अमेरिका ने इजराइल को इस मामले पर सुधरने के लिए 30 दिनों का समय दिया है। वहीं निज्जर हत्याकांड पर भारत ने कनाडा के खिलाफ और सख्ती बरते हुए उसके सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। भारत सरकार के सूत्रों ने कहा कि कनाडाई अधिकारियों का यह दावा सच नहीं है कि कनाडा ने निज्जर मामले में भारत को प्रामाणिक सबूत दिए हैं। विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस की जीत के बाद उमर अब्दुल्ला के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पूर्वाह्न 11:30 बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, बृज बिहारी हत्याकांड में RJD नेता मुन्ना शुक्ला ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, बृज बिहारी हत्याकांड में RJD नेता मुन्ना शुक्ला ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

  • उमर अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
  • अमेरिका ने इजराइल को गाजा में मानवीय सहायता बढ़ाने को कहा
  • भारत-कनाडा के बीच विवाद बढ़ा, नयी दिल्ली ने ओटावा के ताजा आरोपों को सिरे से खारिज किया
  • विदेश मंत्री जयशंकर और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज ने एक-दूसरे का अभिवादन किया, बातचीत की

OCT 16, 2024 18:02 IST

बिहार में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत

बिहार के सीवान और सारण जिले में जहरीली शराब का कहर जारी है। अब तक जहरीली शराब के सेवन से पांच लोग अपनी जान गवां चुके हैं और कईयों का अस्पताल में इलाज जारी है।
OCT 16, 2024 16:17 IST

बृज बिहारी हत्याकांड: RJD नेता मुन्ना शुक्ला ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

सुप्रीम कोर्ट ने मुन्ना शुक्ला को बृज बिहारी हत्याकांड में दोषी करार देते हुए उम्र क़ैद की सजा सुनाई थी और 16 अक्टूबर को आत्म समर्पण करने का आदेश दिया था।मुन्ना शुक्ला ने कहा कि यह बात गलत है कि राष्ट्रीय जनता दल में आने पर हमें सजा मिली है। यह न्यायालय का फैसला है ।
OCT 16, 2024 14:33 IST

आकासा एयर के विमान में भी बम की धमकी, दिल्ली लौटा

बेंगलुरु जा रहा आकासा एयर का विमान बम की धमकी मिलने के बाद बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। सूत्रों ने यह जानकारी दी । मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि विमान क्यूपी1335 में 180 से अधिक लोग सवार थे। विमान बम की धमकी मिलने के बाद बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी लौट आया और दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। उन्होंने बताया कि बम की धमकी मिलने के बाद विमान के लिए हवाई अड्डे पर आपात स्थिति घोषित की गई।
OCT 16, 2024 14:28 IST

विजय जोगडंडे की हेलीकाप्टर की हुई इमरजेंसी लैंडिंग

पिथौरागढ़ में निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड विजय जोगडंडे की हेलीकाप्टर की हुई इमरजेंसी लैंडिंग। ट्रैकिंग के लिए जा रहे थे। रालम हैलीपैड पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग।
OCT 16, 2024 14:25 IST

तमिलनाडु में थमी बारिश, राहत-बचाव अभियान जारी

तमिलनाडु के चेन्नई सहित उत्तरी क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को बारिश थम गई जिससे लोगों को राहत मिली। वहीं, मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है। स्टालिन ने घोषणा की कि गरीब और आम लोगों की मदद करने के लिए चेन्नई की अम्मा कैंटीन में 16 और 17 अक्टूबर को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मंगलवार को भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जोर-शोर से जारी है। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत केंद्रों में भेजा है और उन्हें भोजन सहित सभी प्रकार की मदद दी जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र अब चेन्नई से लगभग 360 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, पुडुचेरी से 390 किलोमीटर पूर्व तथा आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से 450 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में है।
OCT 16, 2024 14:24 IST

गुजरात में गंदे पानी के टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से पांच श्रमिकों की मौत

गुजरात के कच्छ जिले में एक कृषि प्रौद्योगिकी कंपनी के गंदे पानी के टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से पांच श्रमिकों की मौत : पुलिस।
OCT 16, 2024 13:16 IST

शिअद ने विरसा सिंह वल्टोहा का इस्तीफा स्वीकार किया

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदड़ ने पार्टी नेता विरसा सिंह वल्टोहा का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। वल्टोहा को सिख धर्मगुरुओं का चरित्र हनन करने का दोषी पाया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने बुधवार को यह जानकारी दी। अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने वल्टोहा को तलब किया था और आपात बैठक के दौरान उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। सिख धर्मगुरुओं के चरित्र हनन का दोषी पाए जाने पर अकाल तख्त ने उन्हें शिरोमणि अकाली दल से निष्कासित करने का निर्देश जारी किया था जिसके बाद वल्टोहा ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
OCT 16, 2024 13:15 IST

नायब सिंह सैनी होंगे हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री

नायब सिंह सैनी हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री होंगे। आज बीजेपी विधायक दल की बैठक में नायब सैनी को नेता चुना गया। अनिल विज ने नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
OCT 16, 2024 12:15 IST

उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उमर अब्दुल्ला, पांच मंत्रियों को पूर्वाह्न 11.30 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने उमर अब्दुल्ला और पांच मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई सरकार में उमर अब्दुल्ला ने जम्मू क्षेत्र से आने वाले सुरेंद्र चौधरी को डिप्टी सीएम बनाया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर बीजेपी के अध्यक्ष रविंद्र रैना को नौशेरा सीट से हराया था।
OCT 16, 2024 10:47 IST

दिल्ली: विकासपुरी इलाके में झगड़े के दौरान एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में कथित तौर पर छह लोगों ने एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विकासपुरी के इंदिरा कैंप निवासी संजय के रूप में हुई है और वह पेशे से वाहन चालक था। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया कि विकास पुरी में हुई इस घटना के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में मंगलवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी। अधिकारी ने कहा, संजय अपने दोस्त मनीष के साथ इलाके में घूम रहा था, तभी वहां कुछ स्थानीय लोगों से उसकी बहस हो गई जिसके बाद संजय को बुरी तरह पीटा गया और उसे चाकू मार दिया गया। मनीष अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा। डीसीपी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
OCT 16, 2024 10:45 IST

मुंबई में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से तीन लोगों की मौत

मुंबई के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में 14 मंजिला आवासीय इमारत में बुधवार की सुबह आग लग जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आग सुबह करीब आठ बजे अंधेरी इलाके में लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के फोर्थ क्रॉस रोड पर स्थित रिया पैलेस बिल्डिंग की 10वीं मंजिल पर एक फ्लैट में लगी।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की घटना में घायल तीन लोगों को कूपर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत लाया हुआ घोषित कर दिया।
OCT 16, 2024 07:57 IST

क्योंझर में दो गुटों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत

ओडिशा के क्योंझर जिले के एक गांव में मंगलवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो समूहों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार शाम को पांडुआ गांव में उस समय हुई, जब एक समूह के एक युवक की प्रतिद्वंद्वी गुट के एक सदस्य ने कथित तौर पर हत्या कर दी।
OCT 16, 2024 07:38 IST

भाजपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मध्यप्रदेश के भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता के खिलाफ नहर से अवैध जल कनेक्शन बंद किए जाने के दौरान एक महिला अधिकारी को कथित तौर पर धमकाने का मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। जल संसाधन विभाग की उपमंडल अधिकारी रविनीता जैन द्वारा कटारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत पर पूर्व नगर निगम पार्षद कामता पाटीदार और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
OCT 16, 2024 06:45 IST

आगरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिसकर्मी पर हमला

उत्तर प्रदेश के आगरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि रविवार को समोगर घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान बिसेरीभाड़ चौकी प्रभारी मुकेश कुमार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये।
OCT 16, 2024 06:45 IST

41 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने की चारधाम यात्रा

उत्तराखंड में इस सत्र में चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या मंगलवार को 41 लाख के आंकड़े को पार कर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन ने बताया कि इस वर्ष अब तक कुल 41,13081 तीर्थयात्री केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित चारधाम मंदिरों के दर्शन कर चुके हैं।
OCT 16, 2024 06:44 IST

उमर के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी

तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के 2019 में निरस्त होने के बाद पहली बार हुए विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस की जीत के बाद उमर अब्दुल्ला के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
OCT 16, 2024 06:44 IST

अमेरिका ने इजराइल को दी चेतावनी

मेरिका ने इजराइल को आगाह किया है कि उसे अगले 30 दिन के भीतर गाजा में मानवीय सहायता की मात्रा बढ़ानी होगी अन्यथा उसके लिए अमेरिकी हथियार तक पहुंच खत्म होने का जोखिम पैदा हो सकता है। विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने रविवार को लिखे पत्र में अपने इजराइली समकक्षों को आगाह किया है कि ये बदलाव होने चाहिए। इस पत्र में मानवीय सहायता और हथियारों के हस्तांतरण के प्रति अमेरिकी नीति को दोहराया गया है।
OCT 16, 2024 06:44 IST

भारत-कनाडा के बीच विवाद बढ़ा

सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मुद्दे को लेकर भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक विवाद मंगलवार को और गहरा गया जब ओटावा ने मामले में कुछ निष्कर्षों के मद्देनजर भारत के खिलाफ संभावित प्रतिबंधों का इशारा किया और नयी दिल्ली ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।