LIVE

आज की ताजा खबर, 16 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: प्रधानमंत्री मोदी का कल पंजाब दौरा; बरेली में ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर ने जीप को रौंदा, 3 की मौत

Nitin AroraUpdated Jul 16, 2026, 23:38 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 16 जुलाई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [पुरी जगन्नाथ यात्रा], [सोनम वांगचुक अनशन], [राम मंदिर चोरी अपडेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला अजेय स्पेन से होगा। वहीं, नीट धांधली के खिलाफ अनशन के 19वें दिन कमजोर पड़े सोनम वांगचुक ने 20 जुलाई को 'चलो संसद' शांतिपूर्ण मार्च का एलान किया है। रूस से तेल खरीदने के कारण अमेरिका ने भारत और चीन समेत 5 देशों पर 100% तक सीमा शुल्क लगाने का नया बिल पेश किया है। ओडिशा के पुरी और गुजरात के अहमदाबाद में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा शुरू हो गई है।

आज की ताजा खबर, 16 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: प्रधानमंत्री मोदी का कल पंजाब दौरा; बरेली में ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर ने जीप को रौंदा, 3 की मौत
आज की ताजा खबर, 16 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: प्रधानमंत्री मोदी का कल पंजाब दौरा; बरेली में ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर ने जीप को रौंदा, 3 की मौत

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [पुरी जगन्नाथ यात्रा], [सोनम वांगचुक अनशन], [राम मंदिर चोरी अपडेट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: वैश्विक खेल जगत और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में इस समय भारी हलचल है। एक तरफ जहाँ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है, वहीं दूसरी तरफ अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ा सैन्य टकराव अब पूर्ण युद्ध का रूप ले चुका है। अमेरिकी नौसेना द्वारा स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में तेल टैंकरों की नाकेबंदी और हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन स्थित अमेरिकी ठिकानों पर भीषण मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार खतरे में पड़ गया है; इसी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी नागरिक डेना करारी को रिहा भी किया है। इस भू-राजनीतिक संकट के बीच अमेरिकी सांसदों ने रूस से रियायती तेल खरीदने वाले भारत और चीन सहित पांच देशों पर 100% तक का भारी आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने का नया प्रतिबंध विधेयक भी संसद में पेश कर दिया है जिसने वैश्विक व्यापारिक समीकरणों को गरमा दिया है।

राष्ट्रीय मोर्चे पर, देश में आस्था के महाकुंभ और प्रशासनिक चुनौतियों का मिश्रण देखा जा रहा है। ओडिशा के पुरी और गुजरात के अहमदाबाद में 'जय जगन्नाथ' के उद्घोष और पारंपरिक 'छेरा पहनरा' रस्म के साथ विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का भव्य शुभारंभ हो गया है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। दूसरी ओर, दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आमरण अनशन का आज 19वां दिन है; उनका वजन करीब 9 किलो घट चुका है और बिगड़ती सेहत के बीच उन्होंने 20 जुलाई को समर्थकों से 'चलो संसद' मार्च में जुटने की अपील की है।

JUL 16, 2026 23:38 IST

ग्रेटर नोएडा में नाले की खुदाई के दौरान निर्माणाधीन इमारत ढही, कोई हताहत नहीं

ग्रेटर नोएडा में बृहस्पतिवार को एक नाले की खुदाई के दौरान दो मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तिलपता गांव में साकीपुर रोड पर हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य नोएडा) स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि इलाके में सड़क और नाले के निर्माण का काम किया जा रहा था और इस दौरान नाले के लिए मिट्टी खोद रही जेसीबी मशीन ने इमारत के सामने से मिट्टी हटा दी। सिंह ने कहा, ’’खुदाई के दौरान ओमवीर की निर्माणाधीन दुकान अचानक ढह गई। उसकी नींव नाले के ऊपर ही टिकी थी और मिट्टी हटाए जाने के कारण पूरा ढांचा गिर गया।’’ उन्होंने कहा कि घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। इमारत ढहने का एक कथित वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें दो मंजिला ढांचा जमीन पर गिरता दिखाई दे रहा है। सिंह ने बताया कि मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
JUL 16, 2026 19:11 IST

नेशनल ऑनर के अपमान की रोकथाम एक्ट में बदलाव करने की मांग

सरकार ने लोकसभा में एक बिल लिस्ट किया है जिसमें नेशनल ऑनर के अपमान की रोकथाम एक्ट में बदलाव करने की मांग की गई है। फॉरेन कंट्रीब्यूशन (रेगुलेशन) एक्ट में संशोधन के लिए एक बिल भी लोकसभा में विचार और पास होने के लिए लिस्टेड है। सरकार ने लोकसभा में पेश करने के लिए एक बिल भी लिस्ट किया है, ताकि ग्लोबल कैपिटल इनफ्लो को स्थिर करने के लिए भारत के सॉवरेन डेट मार्केट को और मजबूत किया जा सके।
JUL 16, 2026 19:07 IST

प्रधानमंत्री मोदी का कल पंजाब दौरा

JUL 16, 2026 19:06 IST

विपक्षी पार्टियों के नेताओं की मानसून सत्र के पहले दिन मीटिंग

JUL 16, 2026 18:44 IST

बरेली में ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर ने जीप को रौंदा, पंजाब के तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बृहस्पतिवार को ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे एक कैंटर और एक जीप की आमने-सामने की टक्कर में पंजाब के रहने वाले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत राजमार्ग पर निर्माणाधीन वन-वे रास्ते पर ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर और सामने से आ रही एक जीप की भीषण टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। मिश्रा के मुताबिक, हादसे में पंजाब के फतेहगढ़ निवासी हरजीत सिंह (60) और भूपेंद्र कौर (62) तथा लुधियाना निवासी संतोष सिंह (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीप चालक मुकुंद सिंह और लाडी सिंह नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिश्रा ने बताया कि जीप सवार सभी लोग लखीमपुर-खीरी के पलिया से पंजाब लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां सड़क की मरम्मत की जा रही थी, जिसकी वजह से उसे एकल दिशा मार्ग (वनवे) कर दिया गया था। मिश्रा के अनुसार, तेज रफ्तार और वनवे व्यवस्था के बीच हुई चूक इस भीषण दुर्घटना की बड़ी वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कैंटर चालक पंचम लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
JUL 16, 2026 17:46 IST

देवरिया में नवविवाहिता ने की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बृहस्पतिवार को एक नवविवाहिता ने पति से झगड़े के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि भटनी थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी नेहा चौरसिया (22) की दो महीने पहले उसी गांव के रहने वाले अमित चौरसिया से शादी हुई थी। उसने परिजन के हवाले से बताया कि बुधवार रात घर आए एक रिश्तेदार के लौटने के बाद नेहा और अमित के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह परिजन ने नेहा का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया, जिसके बाद उसके घरवालों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। उसने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भटनी थाना प्रभारी पंकज गुप्ता ने बताया कि एक नवविवाहिता के पारिवारिक कलह के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
JUL 16, 2026 17:44 IST

बुलंदशहर में सिपाही ने खुद को गोली मारी, मौत

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद थाने में तैनात 2025 बैच के आरक्षी सुधीर ठाकुर ने बृहस्पतिवार को अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आगरा जिले के इरादतनगर थाना क्षेत्र के सीकेचा गांव के रहने वाले सुधीर (25) ने तड़के लगभग तीन बजे अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, सुधीर से जुड़ी एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वह अपने वरिष्ठ अधिकारी पर प्रताड़ना और बीमारी के बावजूद छुट्टी नहीं देने का आरोप लगाते हुए नौकरी और जिंदगी से त्यागपत्र देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में सुधीर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उनके पेट में तेज दर्द था, लेकिन थाना प्रभारी और दो अन्य पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी। हालांकि, पुलिस ने कहा कि ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच की जा रही है और इसकी पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी राहुल कुमार और कांस्टेबल अंकित गुर्जर एवं सुधीर को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
JUL 16, 2026 15:51 IST

गाय को माता नहीं मानने वाले सत्ता में बैठे लोग हिंदू हृदय सम्राट् नहीं हो सकते- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बड़े पैमाने पर पशु हत्या और मांस का व्यापार हो रहा है। गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा के दौरान गोंडा पहुंचे शंकराचार्य ने बुधवार देर शाम एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा,“सत्ता में बैठे लोग हिंदू हृदय सम्राट नहीं हो सकते क्योंकि वे गाय को माता नहीं बल्कि पशु मानते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि जिन-जिन मंदिरों में संघ और सरकार के लोग बैठे हैं, वहां कार्यकर्ताओं के बढ़े हुए खर्चे और शौक पूरे करने के लिए मंदिरों के धन पर नजर गड़ाई जा रही है। राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उन्होंने तंज कसा कि वहां चोरी नहीं बल्कि “पहले से सेट किए गए कलाकारों द्वारा कलाकारी” की गयी है। अमरनाथ में मात्र पांच दिन में शिवलिंग के अंतर्ध्यान होने के लिए भी शंकराचार्य ने भाजपा सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में 200 वर्षों से गौमाता की रक्षा का एक सख्त कानून था, जिसमें गौहत्या पर 10 साल की सजा और एक किलो मांस मिलने पर एक साल के कारावास का प्रावधान था। उनके अनुसार, भाजपा सरकार ने इस कानून को हटाकर गौहत्या की खुली छूट दे दी है। शंकराचार्य ने स्पष्ट कहा कि जहां खुलेआम गौहत्या को बढ़ावा दिया जाएगा, वहां भगवान कैसे दर्शन दे सकते हैं। इसी कारण शिवलिंग अंतर्ध्यान हो गया। उन्होंने मांग की कि सनातन धर्म के मंदिरों का प्रबंधन केवल सनातन धर्म के आचार्यों और उसका पालन करने वालों के हाथों में ही होना चाहिए।
JUL 16, 2026 15:46 IST

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दर्दनाक हादसा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्कूटर के ट्रैक्टर से टकराने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।
JUL 16, 2026 15:30 IST

आबकारी नीति मामले में केजरीवाल, सिसोदिया और पाठक को अंतिम मौका

दिल्ली आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक को अपना जवाब दाखिल करने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने अंतिम मौका दिया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि उसे अभी केजरीवाल, सिसोदिया, दुर्गेश पाठक का जवाब नहीं मिला है। दिल्ली हाईकोर्ट में केजरीवाल, सिसोदिया, पाठक और अन्य आरोपियों की ओर से कोई पेश नहीं हुआ। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि उन्हें कई बार पहले ही जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका दिया जा चुका है। दिल्ली हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान SG तुषार मेहता, ASG DP सिंग, ASG SV राजू पेश हुए। दिल्ली हाई कोर्ट ने आबकारी नीति मामले में सीबीआई की ओर से निचली अदालत द्वारा सभी आरोपियों को डिस्चार्ज करने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई स्थगित की। दिल्ली हाईकोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 17 और 18 अगस्त को होगी।
JUL 16, 2026 15:06 IST

कांग्रेस राम मंदिर, पेपर लीक और एथनॉल के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को फैसला किया कि वह संसद के आगामी मानसून सत्र में केंद्र सरकार को शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी अनियमितता, पेपर लीक, राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी, एथनॉल से जुड़े विषय तथा कई अन्य मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी। पार्टी का यह भी कहना है कि वह इस सत्र में विदेश नीति, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यकों के अधिकारों से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी की संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास ’10, जनपथ’ पर बृहस्पतिवार पूर्वाह्न एक बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने ’एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि ’’चंदा चोरी–आस्था से धोखा, प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा व्यवस्था का सुनियोजित पतन, संस्थानों पर कब्जा, राजनीतिक दलों को तोड़ना, अनेक घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोप, कमरतोड़ महंगाई, विदेश नीति की विफलताएं और रणनीतिक भूलें, 3.5 करोड़ वाहन मालिकों पर एथेनॉल मिश्रण (ब्लेंडिंग) थोपना, बेलगाम वनों की कटाई तथा एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर लगातार हमले’’ ऐसे प्रमुख मुद्दे हैं जिन पर कांग्रेस मानसून सत्र में मोदी सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में जनता के जीवन और भविष्य से जुड़े इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, बैठक में संसद के भीतर विपक्षी दलों के साथ समन्वय, विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तथा सदन में पार्टी की प्राथमिकताओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलने की संभावना है। सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी गठबंधन ’इंडिया’ की भी सोमवार को बैठक प्रस्तावित है, जबकि सरकार ने रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
JUL 16, 2026 15:05 IST

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से दो सगे भाई-बहन समेत तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतलाव क्षेत्र के गांधीनगर गांव में हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार वर्षीय एक बच्चा और आठ-आठ वर्ष के दो सगे भाई खेलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की और कई घंटे की खोजबीन के बाद रात में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे से तीनों के शव बरामद किए। अधिकारी ने बताया कि यह गड्ढा कुछ महीने पहले किसी काम के लिए मिट्टी खोदे जाने के कारण बना था। हाल में हुई बारिश के बाद इसमें पानी भर गया था। अधिकारी ने बताया कि तीनों शव देर रात बरामद किए गए और पोस्टमार्टम के लिए डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि खुदाई के बाद गहरे गड्ढे को बिना सुरक्षा इंतजाम के छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अधिकारी ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल सकेगा।
JUL 16, 2026 12:25 IST

BLO को काम करने से रोका, चार लोगों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके में 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) के दौरान एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को उनके सरकारी काम करने से रोकने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह मामला चांदनी महल पुलिस स्टेशन में BLO के तौर पर तैनात एक पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (स्पेशल एजुकेशन) की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत करने वाली टीचर का आरोप है कि यह घटना 5 जुलाई को फाटक तेलियान में हुई, जब वह SIR का काम कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों में से एक ने BLO रजिस्टर उनकी गोद में रख दिया और उनके मना करने के बावजूद उस पर साइन कर दिया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे आरोपी ने उनके साथ बदसलूकी की, SIR फॉर्म लेने से इनकार कर दिया और ऐसा व्यवहार किया जिससे उन्हें शर्मिंदगी महसूस हुई और उन्हें अपना सरकारी काम करने से रोका गया।
JUL 16, 2026 11:11 IST

IRCTC घोटाले से जुड़े मामले पर फैसला टला

IRCTC घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने पर राऊज एवेन्यू कोर्ट मे फैसला आज टला। 31 जुलाई को आएगा फैसला। ED ने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव, तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव, तेज प्रताप यादव और अन्य के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
JUL 16, 2026 09:11 IST

अर्जेंटीना का धमाकेदार कमबैक, इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के एक बेहद रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में थॉमस ट्यूशेल की रणनीति पर पानी फेरते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हरा दिया है। मैच के दूसरे हाफ में एंथनी गॉर्डन ने शानदार गोल दागकर इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिलाई थी और ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड 1966 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचेगा। लेकिन लियोनेल मेसी की जादुई कप्तानी और सूझबूझ ने मैच का पासा पलट दिया। मेसी ने खुद गोल करने के बजाय मिडफील्ड से खेल को नियंत्रित किया और उनके दो बेहतरीन असिस्ट की बदौलत एंजो फर्नांडीज ने बराबरी का गोल दागा, जबकि लुटारो मार्टिनेज ने अंतिम क्षणों में विनिंग गोल कर अर्जेंटीना को लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट दिला दिया।
JUL 16, 2026 09:11 IST

सोनम वांगचुक के आमरण अनशन का 19वां दिन, 20 जुलाई को 'चलो संसद' मार्च का एलान

नीट (NEET) परीक्षा में हुई धांधलियों और पेपर लीक के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन का आज 19वां दिन है। डॉक्टरों की निगरानी में रह रहे वांगचुक का वजन घटकर 57.15 किलोग्राम हो गया है और उनकी हालत काफी कमजोर हो गई है। एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने समर्थकों से अनशन तोड़ने का अनुरोध न करने की अपील की है, बल्कि 20 जुलाई को होने वाले शांतिपूर्ण 'चलो संसद' मार्च में शामिल होने का आह्वान किया है। इस बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई विपक्षी नेताओं ने उनसे अनशन खत्म करने की अपील की है।
JUL 16, 2026 09:10 IST

अमेरिकी सांसदों ने भारत और चीन समेत 5 देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने का पेश किया बिल

रूसी तेल खरीद को लेकर अमेरिका ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। अमेरिकी सीनेटरों के एक द्विदलीय समूह ने संसद में एक नया प्रतिबंध विधेयक पेश किया है, जिसमें रूस से तेल खरीदने वाले शीर्ष 5 देशों- भारत, चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबैजान से आने वाले सामानों पर 100% तक का आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने का प्रस्ताव है। यह बिल पूर्व सीनेटर लिंडसे ग्राहम के सम्मान में लाया गया है। गौरतलब है कि खाड़ी देशों से तेल आपूर्ति बाधित होने के कारण हाल के दिनों में भारत द्वारा रूसी कच्चे तेल की खरीद में 34 प्रतिशत का रिकॉर्ड उछाल देखा गया था, जिसे रोकने के लिए अमेरिका यह दबाव बना रहा है। हालांकि, कुछ अमेरिकी सांसदों ने इसे राष्ट्रपति को असीमित अधिकार देने वाला 'ट्रोजन हॉर्स' बताकर इसकी आलोचना भी की है।
JUL 16, 2026 09:10 IST

पुरी और अहमदाबाद में 'जय जगन्नाथ' के जयकारों के साथ विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा शुरू

पुरी/अहमदाबाद: ओडिशा के पवित्र शहर पुरी में महाप्रभु श्री जगन्नाथ, उनके बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा की विश्व प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा आज पूरे धार्मिक उत्साह और परंपरा के साथ शुरू हो गई है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन और उनके विशाल रथों (नंदीघोष, तालध्वज और दर्पदलन) को खींचने के लिए उमड़ पड़े हैं। परंपरा के अनुसार, पुरी के गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव ने सोने की झाड़ू से रथ के रास्तों की सफाई (छेरा पहनरा अनुष्ठान) की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को इसकी शुभकामनाएं दी हैं। वहीं गुजरात के अहमदाबाद में भी गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में मंगला आरती के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोने की झाड़ू से रास्ता साफ कर 149वीं रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाई।