LIVE

महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव तारीखों का ऐलान...महाराष्ट्र में एक चरण में मतदान; झारखंड में 2 चरणों में होगी वोटिंग

अमित कुमार मंडलUpdated Oct 15, 2024, 22:17 IST

खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या मामले में कनाडा के आरोपों का भारत ने सख्त जवाब दिया है। भारत ने कनाडा से अपने राजनयिक संबंध खत्म करने के संकेत दे दिए हैं। भारत ने एक ओर जहां कनाडा के राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया है, वहीं कनाडा से अपने राजनयिकों को बुला भी लिया है। तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी के बीच वर्षा शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने पहले ही 16 अक्टूबर को चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित तीसरे हमलावर की तलाश में मध्यप्रदेश के उज्जैन और खंडवा में पूजा स्थलों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी पर छह राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से दो गोलियां उनकी छाती पर लगीं। यह घटना शनिवार रात 9:15 से 9:30 बजे के बीच निर्मल नगर में बाबा सिद्दीकी के विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर हुई। खंडवा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए हमलावरों ने पूछताछ में बताया है कि वे कुछ धार्मिक स्थलों पर गए थे। उन्होंने कहा कि इस बात की संभावना है कि फरार होने के दौरान आरोपी फिर से इन स्थानों पर जा सकते हैं। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव तारीखों का ऐलान...महाराष्ट्र में एक चरण में मतदान; झारखंड में 2 चरणों में होगी वोटिंग
महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव तारीखों का ऐलान...महाराष्ट्र में एक चरण में मतदान; झारखंड में 2 चरणों में होगी वोटिंग

  • भारत ने कनाडा से अपने उच्चायुक्त व अन्य अधिकारियों को बुलाया; कनाडा के छह राजनयिक निष्कासित
  • मिस्र: छात्रों को ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 12 विद्यार्थियों की मौत और 33 घायल
  • बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में मुंबई पुलिस तीसरे हमलावर की कर रही तलाश
  • बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश पुणे में रची गई, 'शूटरों' को दी गई थी उनकी तस्वीर
  • पंजाब में ग्राम पंचायतों के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी

OCT 15, 2024 16:36 IST

झारखंड में 2 चरणों में चुनाव, 23 नवंबर को आएगा परिणाम

निर्वाचन आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य में 2 चरणों क्रमश: 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर नतीजे आएंगे।
OCT 15, 2024 16:35 IST

महाराष्ट्र में एक चरण में मतदान, 23 नवंबर को आएंगे नतीजें

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होंगे और 23 नवंबर को रिजल्ट आएगा।
OCT 15, 2024 15:43 IST

अयोध्या एयरपोर्ट पर प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग

एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली, अयोध्या हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई
OCT 15, 2024 15:11 IST

राजस्‍थान: कृषि मंत्री मीणा की आपत्ति के बाद शिक्षक तबादलों के आदेश वापस

शिक्षा विभाग ने 50 से अधिक प्रधानाचार्यों और व्याख्याताओं के तबादलों के आदेश मंगलवार को वापस ले लिए। विभाग ने यह कदम कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद उठाया। अधिकारियों ने कहा कि तबादलों के आदेश सरकार के निर्देशानुसार वापस लिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने तबादलों के लिए मंगलवार को तीन आदेश जारी किए जिनमें 40 प्रधानाचार्यों और आठ व्याख्याताओं के नाम शामिल थे। इस तबादला सूची में उल्लेखित 40 प्रधानाचार्यों में से 35 दौसा के हैं। आदेश जारी होने के कुछ देर बाद ही दौसा से ताल्लुक रखने वाले कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को पत्र लिखकर 40 प्रधानाचार्यों की तबादला सूची को रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनहित में आदेश को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।
OCT 15, 2024 14:57 IST

बहराइच दंगे में मारे गए युवक के परिजनों से मुख्यमंत्री योगी ने की मुलाकात

CM Yogi Meets Family Members of Bahraich Riots: बहराइच दंगे में मारे गए युवक के परिजनों ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा, आज लखनऊ में मैंने जनपद बहराइच में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मृत युवक के परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोषियों को सजा होगी और किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
OCT 15, 2024 14:34 IST

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बहराइच से दो लोगों को हिरासत में लिया गया

मुंबई क्राइम ब्रांच ने कहा है कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बहराइच से दो लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए दो लोगों में से एक हरीश है, जिसकी पुणे में स्क्रैप की दुकान थी, जहां आरोपी धर्मराज और शिवप्रसाद गौतम काम करते थे। अपराध करने से कुछ दिन पहले हरीश ने शिवप्रसाद और धर्मराज के लिए नए मोबाइल फोन खरीदे थे और हरीश को अपराध की पूरी जानकारी भी थी।
OCT 15, 2024 14:04 IST

राजनाथ सिंह तेलंगाना में रडार स्टेशन की आधारशिला रखेंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को तेलंगाना के दामागुंडम वन क्षेत्र में भारतीय नौसेना के प्रस्तावित बेहद कम आवृत्ति (वीएलएफ) वाले रडार स्टेशन की आधारशिला रखेंगे। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह तेलंगाना के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि यह देश में इस तरह का दूसरा केंद्र है जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और किशन रेड्डी भी शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेंगे। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता के. टी. रामा राव ने रडार स्टेशन की स्थापना से पारिस्थितिकी असंतुलन पैदा होने का आरोप लगाते हुए इस निर्माण का विरोध किया। राव के आरोपों का खंडन करते हुए रेड्डी ने कहा कि चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार ही थी जिसने केंद्र को रडार स्टेशन की स्थापना के लिए जमीन और मंजूरी दी थी।
OCT 15, 2024 12:28 IST

केरल: सड़क दुर्घटना मामले में गिरफ्तार अभिनेता जमानत पर रिहा

अभिनेता श्रीनाथ भासी को एक सड़क दुर्घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किए जाने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया है। दुर्घटना में कथित तौर पर उनकी कार एक मोटरसाइकिल से टकरा गई थी। एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने कहा कि पिछले महीने हुई इस घटना के बाद उन्होंने अभिनेता के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कार से मोटरसाइकिल को टक्कर मारे जाने के कारण पीड़ित को चोटें आईं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को भासी पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए और उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई। इसके बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
OCT 15, 2024 12:21 IST

चुनाव में मुफ्त उपहार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका

Freebies in Elections: लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मुफ्त उपहार के खिलाफ याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया। मामले को अन्य याचिकाओं के साथ जोड़ा। याचिकाकर्ता ने मांग की है कि विधानसभा या आम चुनावों के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा विशेष रूप से नकदी के रूप में मुफ्त उपहारों का वादा करना रिश्वत देना करार दिया जाए। कर्नाटक के निवासी शशांक जे श्रीधर ने ये याचिका दाखिल की है।
OCT 15, 2024 11:12 IST

लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मुफ्त उपहार के खिलाफ याचिका

लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मुफ्त उपहार के खिलाफ याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया। मामले को अन्य याचिकाओं के साथ जोड़ा।
याचिकाकर्ता ने मांग की है कि विधानसभा या आम चुनावों के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा विशेष रूप से नकदी के रूप में मुफ्त उपहारों का वादा करना रिश्वत देना करार दिया जाए। कर्नाटक के निवासी शशांक जे श्रीधर ने ये याचिका दाखिल की है।
OCT 15, 2024 10:55 IST

केरल में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए

उत्तरी केरल के कन्नूर जिले में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) नवीन बाबू मंगलवार को पल्लीकुन्नू में अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए। इससे एक दिन पहले ही कन्नूर के जिलाधिकारी समेत एडीएम के अन्य सहकर्मियों ने उन्हें स्थानांतरण के बाद विदाई दी थी। पुलिस ने बताया कि नवीन को एक दिन पहले ही अपने गृह जनपद पथनमथिट्टा में एडीएम का पदभार संभालने के लिए जाना था, लेकिन मंगलवार की सुबह उनका शव उनके सरकारी आवस पर फंदे से लटका हुआ मिला। उनके विदाई समारोह में कथित तौर पर बगैर आधिकारिक निमंत्रण के पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष पी.पी दिव्या ने एडीएम पर गलत कार्य करने का आरोप लगाया गया था। सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से संबद्ध जिला पंचायत अध्यक्ष ने चेंगलाई में एक पेट्रोल पंप की मंजूरी में कई महीनों के विलंब के लिए एडीएम की आलोचना की थी। दिव्या ने एडीएम पर स्थानांतरण के दो दिन बाद ही मंजूरी देने का आरोप लगाया और संकेत दिया कि उन्हें इस अचानक मंजूरी देने के कारणों की जानकारी है।
OCT 15, 2024 10:13 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

​प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका ‘विजन और चिंतन’ विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में देश के बहुत काम आने वाला है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उनका विजन और चिंतन विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में देश के बहुत काम आने वाला है। कलाम 2002 से 2007 तक भारत के 11वें राष्ट्रपति रहे। अपने सादे रहन-सहन तथा पक्षपात रहित आचरण के लिए विभिन्न लोगों तथा राजनीतिक दलों के बीच उनका काफी सम्मान किया जाता है। उन्हें राष्ट्रपति भवन का द्वार आम जनता के लिए खोलने का श्रेय भी दिया जाता है और उन्हें स्नेहपूर्वक ‘जनता का राष्ट्रपति’ कहा जाता है।
OCT 15, 2024 09:59 IST

चेन्नई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

OCT 15, 2024 09:43 IST

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान आज

EC to announce Maharashtra, Jharkhand polls: चुनाव आयोग आज महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान करेगा। इसे लेकर 3.30 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस होगी। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है जबकि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल अगले साल पांच जनवरी को समाप्त होने वाला है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नतीजे आए हैं। अब चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी में जुट गया है। दोनों ही राज्यों में सभी सियासी दल पहले से ही चुनाव तैयारियों में जुटे हुए हैं।
OCT 15, 2024 09:42 IST

पंजाब में ग्राम पंचायतों के लिए मतदान जारी

Punjab Gram Panchayats Polls: पंजाब में ग्राम पंचायतों के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान चल रहा है। उन्होंने कहा कि 'सरपंच' और 'पंच' पदों के लिए मतपेटियों के माध्यम से मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि मतदान के बाद मतदान केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी।
चुनाव के लिए 19,110 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 1,187 को अति संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। राज्य में 13,225 ग्राम पंचायतें हैं।
OCT 15, 2024 07:40 IST

मलकानगिरी में आदिवासी युवती से दुष्कर्म

डिशा के मलकानगिरी जिले में 19 वर्षीय आदिवासी युवती से कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को मोटू थानाक्षेत्र में उस समय हुई, जब गांव के लोग दुर्गा पूजा समारोह में व्यस्त थे। पुलिस के मुताबिक, रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
OCT 15, 2024 06:59 IST

अभिनेता अतुल परचुरे का निधन

हास्य भूमिकाओं के लिए मशहूर मराठी अभिनेता अतुल परचुरे का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि परचुरे (57) हाल ही में कैंसर से उबरे थे और पर्दे पर वापसी करने वाले थे लेकिन अचानक स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं पैदा हो गईं। उन्होंने कहा कि इसके बाद पिछले दो दिनों में उनकी हालत काफी बिगड़ गई।
OCT 15, 2024 06:57 IST

मिस्र: छात्रों को ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त

उत्तर-पूर्वी मिस्र में एक राजमार्ग पर एक विश्वविद्यालय के छात्रों को ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई, जिससे 12 विद्यार्थियों की मौत हो गई और 33 अन्य विद्यार्थी घायल हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार रात यह जानकारी दी।
OCT 15, 2024 06:57 IST

मुख्यमंत्री ने मानसून की स्थिति का जायजा लिया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के स्टालिन ने सोमवार को क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, चेन्नई द्वारा अगले चार दिनों में भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में 15 अक्टूबर को स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने साथ ही आईटी कंपनियों को यह परामर्श जारी करने को कहा है कि वे अपने कर्मचारियों को 15 से 18 अक्टूबर तक घर से काम करने की अनुमति दें।
OCT 15, 2024 06:56 IST

बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश पुणे में रची गई

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश पुणे में रची गई थी और हमलावरों (शूटर) को लक्ष्य की पहचान के लिए एक तस्वीर और एक ‘फ्लेक्स बैनर’ मुहैया कराया गया था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने 66 वर्षीय नेता की शनिवार रात हुई हत्या की जांच के दौरान साजिश में पुणे के प्रवीण लोणकर और उसके भाई शुभम लोणकर की कथित भूमिका का खुलासा किया।