LIVE

आज की ताजा खबर, 14 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: झारखंड में ट्रेन डिरेल करने की साजिश का खुलासा, नीति आयोग ने देश के राज्यों की निर्यात तैयारी पर जारी की रिपोर्ट

अमित कुमार मंडलUpdated Jan 14, 2026, 19:17 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 14 जनवरी 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान विरोध प्रदर्शन], [ईरान में मौतें], [डोनाल्ड ट्रंप] [दिल्ली एनसीआर ठंड] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विरोध प्रदर्शनों पर हो रही कार्रवाई के मद्देनजर ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत की संभावना को खारिज कर दिया है। विरोध प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 2,000 से अधिक हो गई है। साथ ही ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने प्रदर्शनकारियों को फांसी दी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को ईरान की जनता का मुख्य हत्यारा बताया। ट्रंप द्वारा ईरानियों से सरकारी संस्थानों पर कब्जा करने की अपील करने के कुछ घंटों बाद ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव और पूर्व संसद अध्यक्ष अली लारीजानी ने एक तीखा संदेश जारी किया। वहीं, ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स-फ्रेडरिक निल्सन ने कहा है कि उनका देश डेनमार्क के साथ रहना पसंद करेगा। निल्सन का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नागवार गुजरा है। उधर, विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो ने मंगलवार को व्यापार, रक्षा और सुरक्षा में सहयोग पर चर्चा की। यह चर्चा द्विपक्षीय संबंधों में महीनों से चल रहे तनाव के बीच हुई, जिसका मुख्य कारण व्यापार संबंधी मुद्दों पर मतभेद हैं। जानिए देश दुनिया की अहम खबरें-

आज की ताजा खबर, 14 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: झारखंड में ट्रेन डिरेल करने की साजिश का खुलासा, नीति आयोग ने देश के राज्यों की निर्यात तैयारी पर जारी की रिपोर्ट
आज की ताजा खबर, 14 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज Live: झारखंड में ट्रेन डिरेल करने की साजिश का खुलासा, नीति आयोग ने देश के राज्यों की निर्यात तैयारी पर जारी की रिपोर्ट

  • ईरान में 2000 से अधिक की मौत, ट्रंप ने दी चेतावनी
  • ट्रंप पर भड़के ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी
  • ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री का ऐलान, ट्रंप को गुजरा नागवार
  • जयशंकर और मार्को रुबियो ने की अहम चर्चा

JAN 14, 2026 19:16 IST

झारखंड में ट्रेन डिरेल करने की साजिश का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के पाकुड़ जिले में रामपुरहाट-गुमानी रेलखंड पर ट्रेन को डिरेल करने की बड़ी साजिश के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ के अनुसार, 10 जनवरी की रात करीब 10 से 10.30 बजे के बीच हावड़ा डिवीजन अंतर्गत कोटालपोखर–तिलभीट्टा स्टेशन के बीच पिलर संख्या 156/4 के पास डाउन लाइन पर करीब पांच फीट लंबा लोहे का टुकड़ा रख दिया गया था।

इसी दौरान गुजर रही एक मालगाड़ी का इंजन उस लोहे से टकरा गया, जिससे आधा दर्जन से अधिक कंक्रीट स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, ड्राइवर की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

इस दौरान पाकुड़ सदर प्रखंड के रानीपुर गांव निवासी यार मोहम्मद शेख, संग्रामपुर गांव के राहुल शेख और कुमारपुर गांव के नाजमी शेख को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरपीएफ निरीक्षक ने बताया कि तीनों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।
JAN 14, 2026 18:50 IST

नीति आयोग ने देश के राज्यों की निर्यात तैयारी पर जारी की रिपोर्ट

नीति आयोग ने बुधवार को निर्यात तैयारी सूचकांक (ईपीआई) 2024 जारी किया है। इस रिपोर्ट में यह बताया गया है कि भारत के अलग-अलग राज्य और केंद्र शासित प्रदेश निर्यात के लिए कितने तैयार हैं। यह रिपोर्ट देश के '2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य' से जुड़ी है, जो कि 'विकसित भारत 2047' के सपने को पूरा करने में भी मदद करेगा। यह रिपोर्ट आंकड़ों के आधार पर यह चेक करती है कि राज्यों में निर्यात से जुड़ी व्यवस्था कितनी मजबूत, सुरक्षित और सभी को शामिल करने वाली है।

इस इंडेक्स के जरिए यह भी पता चलता है कि राज्यों को निर्यात बढ़ाने में किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है और कौन-सी नीतियां मददगार हो सकती हैं। रिपोर्ट जारी करते समय नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत का निर्यात अब इस बात पर निर्भर करता है कि राज्य और जिले कितने तैयार हैं। उन्होंने कहा कि निर्यात से जुड़ा ढांचा मजबूत करना, लागत कम करना, अच्छी संस्थाएं बनाना और साफ नीतियां बनाना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि अगर राज्यों और जिलों में निर्यात की तैयारी अच्छी होगी, तो इससे लंबे समय तक विकास होगा, रोजगार बढ़ेगा और क्षेत्रों के बीच अंतर कम होगा।
JAN 14, 2026 17:16 IST

Chakra View With Sumit Awasthi में किस स्टोरी को आप लीड स्टोरी देखना चाहते हैं?

JAN 14, 2026 14:11 IST

सुकमा जिले में 29 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में दो लाख रुपए के एक इनामी माओवादी समेत 29 माओवादियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गोगुंडा क्षेत्र के अंतर्गत केरलापाल एरिया कमेटी में सक्रिय 29 माओवादियों ने आज सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से गोगुंडा पंचायत में दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष पोड़ियाम बुधरा के सर पर दो लाख रूपए इनाम है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी सुकमा जिले की कई बड़ी वारदातों में शामिल रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस आत्मसमर्पण में गोगुंडा क्षेत्र में सुरक्षा शिविर की स्थापना की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सुरक्षा शिविर की स्थापना के बाद क्षेत्र में प्रभावी नक्सल विरोधी अभियान, निरंतर दबाव और सघन अभियानों के परिणामस्वरूप माओवादी संगठन की गतिविधियां सीमित हुईं, जिससे कैडरों में संगठन के प्रति मोहभंग हुआ और उन्होंने आत्मसमर्पण का मार्ग अपनाया।
JAN 14, 2026 13:45 IST

ट्रंप की चेतावनी के बावजूद ईरान के तेवर सख्त, प्रदर्शनकारियों को फांसी देने के आसार

Irans Judiciary Signals Fast Trials: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बावजूद ईरान के तेवर सख्त नजर आ रहे हैं। ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने बुधवार को संकेत दिया कि देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में हिरासत में लिए गए लोगों के लिए त्वरित सुनवाई और फांसी की सजा होगी। ईरान के न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी-एजेई ने यह टिप्पणी ईरानी सरकारी टेलीविजन द्वारा ऑनलाइन साझा किए गए एक वीडियो में की। मोहसेनी-एजेई ने कहा, अगर हम कोई काम करना चाहते हैं, तो हमें उसे अभी करना चाहिए। अगर हम कुछ करना चाहते हैं, तो हमें उसे जल्दी करना होगा अगर इसमें दो-तीन महीने की देरी हो जाती है, तो इसका उतना असर नहीं होता। अगर हमें कुछ करना है, तो हमें वह तुरंत करना होगा। उनकी ये टिप्पणियां ट्रंप के लिए एक सीधी चुनौती हैं, जिन्होंने मंगलवार को प्रसारित सीबीएस के एक साक्षात्कार में ईरान को फांसी की सजा देने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि हम बहुत सख्त कार्रवाई करेंगे। अगर वे ऐसा कुछ करते हैं, तो हम बहुत सख्त कार्रवाई करेंगे।
JAN 14, 2026 13:22 IST

इनमें से किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहेंगे?

JAN 14, 2026 13:21 IST

#ChakraViewWithSumitAwasthi: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं?

JAN 14, 2026 13:16 IST

ट्रंप की चेतावनी के बावजूद ईरान के तेवर सख्त, प्रदर्शनकारियों की होगी त्वरित सुनवाई, फांसी देने के आसार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बावजूद ईरान के तेवर सख्त नजर आ रहे हैं। ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने बुधवार को संकेत दिया कि देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में हिरासत में लिए गए लोगों के लिए त्वरित सुनवाई और फांसी की सजा होगी। ईरान के न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी-एजेई ने यह टिप्पणी ईरानी सरकारी टेलीविजन द्वारा ऑनलाइन साझा किए गए एक वीडियो में की।
मोहसेनी-एजेई ने कहा, अगर हम कोई काम करना चाहते हैं, तो हमें उसे अभी करना चाहिए। अगर हम कुछ करना चाहते हैं, तो हमें उसे जल्दी करना होगा, अगर इसमें दो-तीन महीने की देरी हो जाती है, तो इसका उतना असर नहीं होता।
JAN 14, 2026 12:38 IST

ठाणे में विमान परिचारिका ने की आत्महत्या, पूर्व साथी पर केस दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 21 वर्षीय विमान परिचारिका ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसके पूर्व साथी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। युवती 28 दिसंबर 2025 को कल्याण (पूर्व) स्थित अपने आवास पर फंदे से लटकी मिली थी। एक अधिकारी ने बताया कि युवती के मोबाइल फोन और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच के बाद, कोलसेवाड़ी पुलिस ने 10 जनवरी को उसके 23 वर्षीय पूर्व साथी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। युवती की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 28 दिसंबर की रात को उनकी बेटी ने उनके फोन कॉल का जवाब नहीं दिया, जिसके बाद एक पड़ोसी कल्याण के अनुसूया निवास स्थित उसके घर पर गया जहां युवती फंदे से लटकी मिली। अधिकारी ने बताया कि उसे तत्काल रुक्मिणीबाई अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती के परिवार का दावा है कि उसके और आरोपी के बीच 2020 से रिश्ते थे।
JAN 14, 2026 11:56 IST

बॉर्डर पार कर फिर भारत पहुंची बांग्लादेशी महिला, मुंबई एटीएस ने दबोचा

मुंबई एटीएस ने एक 30 साल की बांग्लादेशी महिला को बिना वैलिड ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स के मुंबई में अवैध रूप से रहते हुए पाए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। महिला की पहचान बिलकिस बेगम सिरमिया अख्तर के रूप में हुई है, जिसे एटीएस और कफ परेड पुलिस के अधिकारियों द्वारा की गई रेड के दौरान हिरासत में लिया गया था। पुलिस अधिकारी के अनुसार, एटीएस अधिकारी और उनकी टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि एक विदेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में घुस आया है और कफ परेड इलाके में रह रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया। एक मुखबिर से उसकी पहचान कन्फर्म करने के बाद टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने शुरू में टालमटोल वाले जवाब दिए और बाद में पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि वह बांग्लादेशी नागरिक है और उसे पहले अगस्त 2025 में क्राइम ब्रांच द्वारा अवैध रूप से रहने के लिए डिपोर्ट किया गया था।
JAN 14, 2026 11:46 IST

तेज प्रताप के चूड़ा दही भोज में पहुंचे लालू यादव

लालू प्रसाद यादव बेटे तेज प्रताप के चूड़ा दही भोज में पहुंचे। लालू के बड़े बेटे, जनशक्ति जनता दल अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने आज पटना में अपने सरकारी आवास पर चूड़ा दही भोज कार्यक्रम का आयोजन रखा है। इसी आयोजन में लालू पहुंचे हैं।
JAN 14, 2026 11:45 IST

अब वैश्विक पर्व बन गया है पोंगल : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि पोंगल अब वैश्विक पर्व बन गया है और तमिल संस्कृति देश की ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की साझा विरासत है। मोदी ने कहा कि पोंगल लोगों को सिखाता है कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन का हिस्सा भी होना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के आवास पर आयोजित पोंगल उत्सव में कहा, आज पोंगल वैश्विक पर्व बन गया है। पिछले साल, मुझे तमिल संस्कृति से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिला, जो न केवल भारत की बल्कि पूरे विश्व की साझा विरासत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिल संस्कृति में किसान को जीवन का आधार माना जाता है। उन्होंने कहा, तिरुक्कुरल (तमिल काव्य) में कृषि और किसानों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया है।
JAN 14, 2026 11:21 IST

मकर संक्रांति पर गंगासागर मेले में भारी भीड़, लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान

मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार की सुबह पश्चिम बंगाल में हुगली नदी और सागर द्वीप में बंगाल की खाड़ी के संगम पर लाखों श्रद्धालुओं ने स्नान किया। श्रद्धालुओं ने कड़ाके की ठंड का सामना करते हुए सूर्योदय के समय स्नान किया और दक्षिण 24 परगना जिले के द्वीप पर स्थित कपिल मुनि आश्रम में प्रार्थना की जहां गंगासागर मेला का आयोजन हो रहा है। शाही स्नान का समय अपराह्न एक बजकर 19 मिनट से शुरू होने वाला है और यह 24 घंटे तक चलेगा। देश के विभिन्न कोनों से आने वाले भारी जनसमूह को देखते हुए राज्य सरकार ने कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित सागर द्वीप पर वृहद व्यवस्था की है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि समुद्र और गंगा की सहायक नदी हुगली नदी के संगम पर अधिक से अधिक लोगों के स्नान करने की उम्मीद है क्योंकि ‘शाही स्नान’ तो अभी शुरू होना है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा वार्षिक मेले के मद्देनजर जिलों में तथा कोलकाता के रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि पहली बार अत्याधुनिक जल ड्रोन, जिन्हें ‘बचाव ड्रोन’ के रूप में भी जाना जाता है, को तट के किनारे निरंतर निगरानी के लिए तैनात किया गया है।
JAN 14, 2026 11:20 IST

ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामित संगीतकार जॉन फोर्टे अपने घर में मृत पाए गए

‘फ्यूजीज़’ और ‘रिफ्यूजी कैंप ऑल-स्टार्स’ जैसे बैंड के साथ काम कर चुके एवं ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामित संगीतकार जॉन फोर्टे का 50 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर को मैसाचुसेट्स के चिलमार्क स्थित उनके घर में उनका शव मिला। उनके परिवार में उनकी पत्नी लारा फुलर और दो बच्चे हैं। लारा पेशे से फोटोग्राफर हैं। चिलमार्क पुलिस प्रमुख सीन स्लाविन ने एक बयान में कहा कि इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी या मौत का स्पष्ट कारण नहीं मिला है। स्लाविन के अनुसार, राज्य का चिकित्सा परीक्षक कार्यालय मामले की जांच कर रहा है। न्यूयॉर्क शहर के मूल निवासी फोर्टे में विलक्षण संगीत प्रतिभा थी। उन्होंने 20 वर्ष की आयु में ही फ्यूजीज़ के ग्रैमी-विजेता एल्बम "द स्कोर" और वाइक्लिफ जीन के ग्रैमी के लिए नामित एल्बम ‘द कार्निवाल’ में काम करके प्रसिद्धि प्राप्त की।
JAN 14, 2026 10:43 IST

थाईलैंड में बड़ा रेल हादसा

बुधवार को थाईलैंड में बड़ा रेल हादसा हुआ। थाईलैंड की राजधानी से उत्तरपूर्वी क्षेत्र की ओर जा रही एक ट्रेन पर क्रेन गिरने से यह पटरी से उतर गई। इस दुर्घटना में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। यह हादसा बुधवार सुबह बैंकॉक से 230 किलोमीटर (143 मील) उत्तर-पूर्व में स्थित नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में उबोन रत्चथानी प्रांत की ओर जा रही ट्रेन में हुआ।
JAN 14, 2026 10:07 IST

दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी, वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में

दिल्ली में बुधवार को कड़ाके की ठंड जारी है और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शहर की प्राथमिक वेधशाला सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है। पालम में तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम है। इसके अलावा रोधी रोड वेधशाला में यह 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। रिज स्टेशन में यह 4.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.5 डिग्री कम) और आयानगर में 4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम) दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है तो शीतलहर घोषित की जाती है। आईएमडी ने कहा कि शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता बिगड़कर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 354 दर्ज किया गया।
JAN 14, 2026 09:53 IST

दिल्ली में भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद के आधिकारिक आवास पर आग लगी

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग स्थित भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद के आधिकारिक आवास पर आग लग गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। यह तुरंत पता नहीं चल पाया कि घटना के समय पटना साहिब के सांसद घर पर थे या नहीं। प्रसाद के आवास पर आग लगने की सूचना सुबह करीब 8.05 बजे मिली। डीएफएस अधिकारी ने बताया कि आग घर के एक कमरे में रखे फर्नीचर में लगी। तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और सुबह 8.35 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। दिल्ली पुलिस की फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद थी।
JAN 14, 2026 09:49 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने मकर संक्रांति, माघ बिहू और उत्तरायण के अवसर पर दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मकर संक्रांति के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मकर संक्रांति फसल उत्सव है जो देश के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार मनाया जाता है। मकर संक्रांति मकर राशि में सूर्य के प्रवेश का प्रतीक है और इसे मध्य शीतकाल के फसल उत्सव के रूप में मनाया जाता है। मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा- संक्रांति का यह पवित्र अवसर देश के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार मनाया जाता है। मैं भगवान सूर्य से सभी की खुशी, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। उत्तरायण के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं! मकर संक्रांति का यह पवित्र त्योहार आपके जीवन को खुशियों से भर दे और सभी को अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली का आशीर्वाद मिले। यह आनंदमय उत्सव एकता के बंधन को मजबूत करे और सभी के लिए समृद्धि और सकारात्मकता लाए।
JAN 14, 2026 09:12 IST

ईरान में स्टारलिंक प्रदान कर रहा है मुफ्त इंटरनेट सेवा

उपग्रह इंटरनेट सेवा प्रदाता स्टारलिंक अब ईरान में मुफ्त इंटरनेट सेवा प्रदान कर रहा है। अमेरिका के मानवाधिकार संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी। लॉस एंजिलिस में मौजूद एक कार्यकर्ता मेहदी याह्यानेजाद ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि मुफ्त इंटरनेट सेवा शुरू हो गई है। अन्य कार्यकर्ताओं ने भी ऑनलाइन संदेशों के माध्यम से पुष्टि की कि यह सेवा मुफ्त है। याह्यानेजाद ने एक बयान में कहा, हम पुष्टि कर सकते हैं कि स्टारलिंक की मुफ्त सेवा पूरी तरह से काम कर रही है। हमने ईरान के अंदर हाल में सक्रिय किए गए स्टारलिंक टर्मिनल का उपयोग करके इसका परीक्षण किया। बृहस्पतिवार रात को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन बढ़ने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई शुरू होने के बाद से अधिकारियों ने इंटरनेट बंद कर दिया था जिसके बाद ईरानियों के लिए बाहरी दुनिया से संवाद करने का एकमात्र तरीका स्टारलिंक ही रहा है। हालांकि स्टारलिंक ने सेवाएं शुरू होने की पुष्टि नहीं की।
JAN 14, 2026 08:39 IST

कठुआ, जम्मू-कश्मीर: कठुआ के बिलवार इलाके में कल गोलीबारी की घटना के बाद तलाशी और छानबीन अभियान जारी है।