LIVE

आज की ताजा खबर, 13 जुलाई 2026 हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ लाइव: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर ‘AAP' दिल्ली में हनुमान चालीसा का पाठ करेगी आयोजित, हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

Nitin AroraUpdated Jul 13, 2026, 23:18 IST

आज की ताजा खबर लाइव, 13 जुलाई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [बैंकॉक पब आग], [ईरान अमेरिका युद्ध], [राम मंदिर ट्रस्ट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई। खाड़ी में तनाव, बहरीन में बजे मिसाइल अलर्ट सायरन। अमित शाह का गुजरात दौरा। बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 मौतें।

आज की ताजा खबर, 13 जुलाई 2026 हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ लाइव: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर ‘AAP' दिल्ली में हनुमान चालीसा का पाठ करेगी आयोजित, हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट
आज की ताजा खबर, 13 जुलाई 2026 हिंदी ब्रेकिंग न्यूज़ लाइव: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर ‘AAP' दिल्ली में हनुमान चालीसा का पाठ करेगी आयोजित, हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [बैंकॉक पब आग], [ईरान अमेरिका युद्ध], [राम मंदिर ट्रस्ट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। वहीं, मध्य-पूर्व में भारी तनाव जारी है। इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य विवाद के तहत बहरीन में बजे मिसाइल अलर्ट सायरन। ईरान से हमले का डर। इसके अलावा कतर के 'फादर अमीर' शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के सम्मान में भारत में आज एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक रखा गया है। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात में करेंगे दहेगाम APMC के नए सब्जी सब-यार्ड का उद्घाटन। दूसरी ओर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पब में भीषण अग्निकांड देखने को मिला। हादसे में झुलसने से 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

JUL 13, 2026 23:18 IST

पवन कल्याण के कंधे के ऑपरेशन के बाद फडणवीस ने मुंबई के अस्पताल में उनसे मुलाकात की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से मुलाकात की। पवन कल्याण की हाल में इस अस्पताल में कंधे की सर्जरी हुई है। फडणवीस ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने कल्याण के शीघ्र और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने लिखा, "मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण जी से मुलाकात की। कंधे की सर्जरी के बाद वह अभी अस्पताल में ही भर्ती हैं। मैं उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।"
अस्पताल के मुताबिक, पवन कल्याण के दाहिने कंधे में फ्रैक्चर और अन्य जटिलताओं की वजह से 11 जुलाई को उनकी सर्जरी की गई। वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।
JUL 13, 2026 23:17 IST

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताहांत पर राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के मुताबिक, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य की 69 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा कुल्लू में 38, मंडी में 13, सिरमौर में 6, शिमला में 5, कांगड़ा में 4, ऊना में 2 और लाहौल-स्पीति में 1 सड़क शामिल है। इसके अलावा 80 पेयजल परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे जलापूर्ति ठप है। इस साल जुलाई में अब तक सामान्य (94.5 मिमी) के मुकाबले 125 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत से 32 प्रतिशत अधिक है। मानसून के इस मौसम में अब तक भूस्खलन की 25 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सोलन जिले के कसौली में सबसे अधिक 62 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद ओलिंडा में 60 मिमी, धरमपुर में 54.6 मिमी, घमरूर में 51.6 मिमी, नांगल बांध में 48.2 मिमी, ब्राह्मणी में 42.4 मिमी और ऊना में 35.4 मिमी बारिश हुई। इस दौरान शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। वहीं बिलासपुर, नेरी, शिमला, कुफरी, हमीरपुर और ताबो में 37 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। लाहौल-स्पीति का कीलोंग न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा, जबकि नेरी में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
JUL 13, 2026 22:38 IST

झारखंड में दूसरी पत्नी को घर लाने के विवाद में पहली पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में दूसरी पत्नी को घर लाने को लेकर हुए विवाद के बाद पहली पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के तोड़ागहातु गांव में 30-वर्षीय महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास ने बताया कि महिला की पहचान शुरु कुई के रूप में हुई है। वह आरोपी कानूराम दिग्गी (30) की पहली पत्नी थी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दिग्गी ने एक सप्ताह पहले दूसरी शादी की थी, जिसके बाद से ही पहली पत्नी के साथ उसका लगातार विवाद हो रहा था। रविवार रात वह दूसरी पत्नी को घर ले आया, लेकिन कुई ने उन्हें घर में आने से रोक दिया। इसे लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि विवाद के दौरान दिग्गी ने कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर अपनी पहली पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना की सूचना ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ निवासी महिला के परिजनों को दे दी है। महिला के छोटे भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दास ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की दूसरी पत्नी के खिलाफ कोई शिकायत या आरोप नहीं है। इसलिए वह पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी स्थित अपने मायके लौट गई है।
JUL 13, 2026 22:35 IST

राम मंदिर चढ़ावा ‘चोरी' को लेकर ‘AAP' दिल्ली में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित करेगी

आम आदमी पार्टी (आप) अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी के 250 वार्ड में मंगलवार से हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित करेगी। ’आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को यह जानकारी दी। भारद्वाज ने बताया कि पार्टी राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर लोगों से बातचीत करेगी और इस मुद्दे पर अपना हस्ताक्षर अभियान जारी रखेगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजा जाएगा। भारद्वाज ने कहा, "मंगलवार से दिल्ली के 250 वार्ड में 250 जगहों पर हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा और उसके बाद भगवान राम तथा हनुमान की आरती होगी। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े मुद्दे पर लोगों के साथ बातचीत भी की जाएगी।" यह घोषणा ’आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की ओर से रोहिणी के जापानी पार्क में सुंदरकांड के पाठ के बाद देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू करने के एक दिन बाद की गई है। पार्टी ने कहा कि यह अभियान दूसरे राज्यों में भी चलाया जाएगा।
JUL 13, 2026 22:34 IST

पाकिस्तान में लूटपाट के दौरान हिंदू डॉक्टर की हत्या

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सोमवार को एक लूटपाट की वारदात के दौरान 28-वर्षीय एक हिंदू डॉक्टर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना कराची के संभ्रांत क्लिफ्टन इलाके में हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेहरोज अली ने बताया कि एक निजी बैंक के बाहर लुटेरों और बैंक के सुरक्षा गार्ड के बीच हुई गोलीबारी में आकाश चंद की मौत हो गई। अली ने बताया कि चांद, अपने पिता और चचेरे भाई के साथ, एक दूसरे बैंक से 50 लाख रुपये निकालकर लाए थे और 25-25 लाख रुपये के दो पैकेट दूसरे बैंक में जमा करने के लिए ले जा रहे थे। अली ने कहा, "जैसे ही उनकी कार बैंक के बाहर रुकी, उनके पीछे एक और कार आकर रुकी और उनसे पैसे लूटने की कोशिश की गई, लेकिन दरवाजे पर खड़े बैंक के सुरक्षा गार्ड ने गोली चला दी और लुटेरों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें चंद की मौत हो गई।" लुटेरे 25 लाख रुपये का एक पैकेट लेकर भाग गए। उन्होंने कहा, "हम इस घटना की जांच कर रहे हैं कि क्या यह अंदर के किसी व्यक्ति की मिलीभगत से हुआ था और आकाश चंद की मौत किसकी गोली लगने से हुई, क्योंकि सुरक्षा गार्ड को शुरू में लगा था कि जिस कार में परिवार आया था, वह भी लुटेरों के साथियों की कार थी।"
आकाश चंद पिछले दो साल से कराची के जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट हॉस्पिटल में काम कर रहे थे और उनके चाचा खेम चंद ने कहा कि जब तक लुटेरे पकड़े नहीं जाते, तब तक परिवार उनका अंतिम संस्कार नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "हमने उनके शव को मुर्दाघर में रखवाया है और जब तक उनकी मौत के जिम्मेदार लोग पकड़े नहीं जाते, हम प्रदर्शन करेंगे।" कई संभ्रांत और पढ़े-लिखे हिंदू परिवार क्लिफ्टन के पॉश इलाके में बने रिहायशी अपार्टमेंट और घरों में रहते हैं, क्योंकि वहां सुरक्षा बहुत अच्छी मानी जाती है।
JUL 13, 2026 22:33 IST

हापुड़ में सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

हापुड़ जिले में सोमवार को दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोटरसाइकिल के डिवाइडर और खंभे से टकरा जाने से एक व्यक्ति और उसकी तीन संतानों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एक ही मोटरसाइकिल पर पांच लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन पहले डिवाइडर से टकराया, फिर राजमार्ग के किनारे लगे लोहे के खंभे से जा भिड़ा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे में हसनपुर निवासी अशोक (45) और बेटी राधिका (चार) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी मीनाक्षी (आठ), बेटे अनुज (14) और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मीनाक्षी और अनुज ने भी दम तोड़ दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
JUL 13, 2026 17:27 IST

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सभी आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ी

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सभी आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी गई। आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए। ऐसे में उनकी अगली पेशी 27 जुलाई को होनी है।
JUL 13, 2026 17:03 IST

बांकीपुर उपचुनाव : प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर सीट से विधायक थे, लेकिन राज्यसभा के लिये चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे की वजह से यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी। पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने अपनी पत्नी जाह्नवी दास की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। असम की रहने वाली और पेशे से चिकित्सक जाह्नवी दास आमतौर पर सार्वजनिक जीवन से दूर रहती हैं, लेकिन अपने पति के राजनीतिक अखाड़े में पहली बार उतरने के मौके पर वह उनके साथ रहीं।
प्रशांत किशोर नामांकन दाखिल करने के लिए एक विशाल जुलूस के साथ समाहरणालय पहुंचे। यह जुलूस समाहरणालय से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित भीड़भाड़ वाले डाकबंगला चौराहे से शुरू हुआ था। वहीं, भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मौजूद थे। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के बत्तीस वर्षीय नेता नीरज कुमार सिन्हा को भाजपा ने अभिषेक कुमार ’बंटी’ के नाम वापस लेने के बाद उम्मीदवार बनाया। अभिषेक कुमार ’बंटी’ ने पिछले सप्ताह नामांकन पत्र दाखिल किया था, लेकिन बाद में पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और तीन अगस्त को मतगणना होगी।
JUL 13, 2026 15:47 IST

महिला समृद्धि योजना का नाम बदला, अब दिल्ली लक्ष्मी योजना

दिल्ली सरकार ने अपनी महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना कर दिया है, जिसके तहत 21 से 60 साल की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये मिलेंगे। सरकार ने स्कीम का नाम बदलने को मंजूरी दे दी है, जो रक्षा बंधन (28 अगस्त) से लागू होगी। इसका लाभ उठाने के लिए, एप्लीकेंट का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए, वे कम से कम 10 साल से दिल्ली में रह रहे हों और उनके परिवार की सालाना इनकम 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
JUL 13, 2026 15:43 IST

बंगाल में राज्यसभा उपचुनाव के लिए BJP के तीन उम्मीदवारों ने नॉमिनेशन पेपर फाइल किया

अधिकारियों ने बताया कि BJP के तीन उम्मीदवारों- सुखेंदु शेखर रे, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक ने पश्चिम बंगाल में 24 जुलाई को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को अपने नॉमिनेशन पेपर फाइल किए।
JUL 13, 2026 15:47 IST

BJP के आशुतोष तिवारी ने दतिया में अपना नामंकन भरा

दतिया में बीजेपी के आशुतोष तिवारी ने अपना आज नामांकन भरा। उनके साथ में मोहन यादव और नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद रहे। इसी के साथ स्टार प्रचारकों की सूची में 16वें नंबर पर नरोत्तम मिश्रा का नाम है।
JUL 13, 2026 14:55 IST

दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या

दिल्ली के मधु विहार थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर (SI) सोमेश ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
JUL 13, 2026 12:07 IST

बीड में पुलिस का बड़ा एक्शन: गन्ने के खेत में लहलहा रही ₹48 लाख की गांजे की खेती नष्ट, किसान गिरफ्तार

महाराष्ट्र के बीड जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चकलाम्बा पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर गेवराई तालुका के सुरेगांव शिवार में स्थित एक गन्ने के खेत में छापेमारी कर वहां अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। इस विशेष ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने गन्ने की आड़ में उगाए जा रहे छोटे-बड़े कुल 253 गांजे के पौधे, सूखी और आधी सूखी गांजा जब्त की है, जिसकी कुल अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 48 लाख 27 हजार 650 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस काले कारोबार के आरोप में खेत के मालिक और स्थानीय किसान मनोज उर्फ बादल भगवान अंधले को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ चकलाम्बा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
JUL 13, 2026 12:03 IST

मुलुंड स्टेशन पर एसी लोकल में घुटन, कई महिला यात्री बेहोश

JUL 13, 2026 11:55 IST

मुलुंड स्टेशन पर एसी लोकल में घुटन, कई महिला यात्री बेहोश

मुंबई के मुलुंड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी एसी लोकल ट्रेन में एसी सिस्टम पिछले करीब 15 मिनट से बंद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एसी बंद होने से ट्रेन के भीतर घुटन बढ़ गई, जिससे कई यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इस दौरान कुछ महिला यात्री बेहोश हो गईं।

मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने तत्काल बेहोश हुई महिलाओं की मदद की और उन्हें ट्रेन से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। घटना के बाद यात्रियों में रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखी गई..सुबह 9:30 बजे की घटना। फिलहाल एसी बंद होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। रेलवे की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान का इंतजार है।
JUL 13, 2026 08:31 IST

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट सोमवार (13 जुलाई) को अयोध्या में 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' को मिलने वाले दान और चढ़ावे के प्रबंधन में कथित वित्तीय अनियमितताओं की अदालत की निगरानी में जांच की मांग करने वाली जनहित याचिकाओं (PILs) पर सुनवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी वाद सूची (Causelist) के अनुसार, भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहाना की पीठ सोमवार को इन याचिकाओं पर सुनवाई करेगी।

इस मामले में अधिवक्ता नरेंद्र कुमार गोस्वामी द्वारा व्यक्तिगत रूप से दायर एक रिट याचिका, अजय कुमार राय व अन्य द्वारा ट्रस्ट के खिलाफ दायर एक आपराधिक रिट याचिका और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह द्वारा दायर एक अलग याचिका शामिल है।

इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था, लेकिन याचिकाकर्ताओं द्वारा आरोपों को "बेहद गंभीर" बताए जाने के बाद इसे नियमित सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
JUL 13, 2026 08:30 IST

मध्य-पूर्व में भारी तनाव: होर्मुज जलडमरूमध्य विवाद के बीच बहरीन में बजे मिसाइल अलर्ट सायरन

अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर जारी गतिरोध सोमवार सुबह एक बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। वीकेंड पर ईरान द्वारा एक कंटेनर जहाज पर किए गए हमले (जिसमें जहाज धू-धू कर जल उठा और एक क्रू मेंबर लापता है) के जवाब में अमेरिका ने सोमवार तड़के ईरान पर हवाई हमलों की कई लहरें दागीं। इसके बाद ईरान ने भी मध्य-पूर्व (Middle East) के कई देशों को निशाना बनाकर जवाबी कार्रवाई की।

अमेरिकी हमलों के बाद सोमवार तड़के बहरीन में मिसाइल अलर्ट के सायरन गूंज उठे। बहरीन अमेरिकी नौसेना के शक्तिशाली 5वें बेड़े (5th Fleet) का मुख्यालय है। फिलहाल वहां किसी बड़े नुकसान की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।

ईरानी सरकारी मीडिया ने भी देश के कई हिस्सों में धमाकों और कम से कम एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। ईरान के जवाबी हमलों का दायरा बहरीन, कुवैत, कतर, जॉर्डन और ओमान तक फैल गया है। यह विवाद दोनों देशों के बीच युद्ध को रोकने के लिए किए गए 60 दिनों के अंतरिम समझौते के ठीक मध्य में हुआ है, जिससे अब व्यापक युद्ध छिड़ने की आशंका से वैश्विक नेता चिंतित हैं।
JUL 13, 2026 08:30 IST

कतर के 'फादर अमीर' शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के सम्मान में भारत में आज एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक

भारत सरकार ने कतर के पूर्व अमीर (फादर अमीर) शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए आज (13 जुलाई) देश भर में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से भारत और कतर के मजबूत द्विपक्षीय संबंधों में शेख हमद के ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। राष्ट्रीय शोक के मद्देनजर आज देश भर में उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) आधा झुका रहेगा जहां यह नियमित रूप से फहराया जाता है, और आज कोई भी आधिकारिक मनोरंजन या मनोरंजन से जुड़े सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
JUL 13, 2026 08:29 IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात में करेंगे दहेगाम APMC के नए सब्जी सब-यार्ड का उद्घाटन

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को गुजरात के गांधीनगर जिले के दहेगाम शहर में कृषि उपज बाजार समिति (APMC) के नए सब्जी सब-यार्ड का भव्य उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम दहेगाम एपीएमसी के 'अमृत महोत्सव' समारोह के हिस्से के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, यह उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सहकार से समृद्धि" के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य आधुनिक विपणन बुनियादी ढांचे के जरिए किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

इस दौरान अमित शाह केंद्र सरकार के देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत एक पौधा भी लगाएंगे। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और सहकारिता क्षेत्र के कई दिग्गज मौजूद रहेंगे।
JUL 13, 2026 08:28 IST

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पब में भीषण अग्निकांड; झुलसने से 27 लोगों की दर्दनाक मौत

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से एक बेहद दुखद अंतरराष्ट्रीय खबर सामने आ रही है, जहां रविवार देर रात एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की जलकर मौत हो गई।

बचावकर्मियों के अनुसार, आग लगने की घटना आधी रात के आसपास बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित एक बेहद व्यस्त पब में हुई। सोशल मीडिया पर आए भयावह वीडियो में पब के मुख्य दरवाजे से आग की भीषण लपटें बाहर निकलती दिख रही हैं और लोग जान बचाने के लिए बदहवास भाग रहे हैं।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने खुद दुर्घटना स्थल का दौरा किया और 27 मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पब के भीतर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच के कड़े आदेश दिए गए हैं।