LIVE

आज की ताजा खबर, 12 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़: दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन, बंगाल में चला CM योगी का बुलडोजर, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फेल

Piyush KumarUpdated Apr 12, 2026, 18:58 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ बंगाल चुनाव, अमेरिका ईरान शांति वार्ता, इजरायल, आज का आईपीएल मुकाबला, आईपीएल, शेयर बाजार, आज के मौसम से जुड़े मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): इस्लामाबाद में शनिवार देर रात अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम और तनाव कम करने को लेकर आमने-सामने की बातचीत का पहला चरण समाप्त हो गया। हालांकि, बातचीत के बाद कोई नतीजा नहीं निकला। बंगाल के विधान सभा चुनाव में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच चल रही कांटे की टक्कर के बीच रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने उतरेंगे।

आज की ताजा खबर, 12 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़: दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन, बंगाल में चला CM योगी का बुलडोजर, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फेल
आज की ताजा खबर, 12 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़: दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन, बंगाल में चला CM योगी का बुलडोजर, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फेल

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ बंगाल चुनाव, अमेरिका ईरान शांति वार्ता, इजरायल, आज का आईपीएल मुकाबला, आईपीएल, शेयर बाजार, आज के मौसम से जुड़े मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से अबू धाबी में मुलाकात की और क्षेत्रीय स्थिति में हो रहे बदलावों और इसके प्रभावों पर चर्चा की। जयशंकर नौ से 12 अप्रैल तक मॉरीशस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अपनी चार दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में अबू धाबी में हैं।

उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ’’आज शाम अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से मिलकर बहुत खुशी हुई। हमारी बातचीत क्षेत्रीय स्थिति में हो रहे बदलावों और उनके प्रभावों पर केंद्रित रही।’’
जयशंकर ने कहा कि उन्होंने खाड़ी देश में भारतीय समुदाय का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर भारत की ओर से गहरी सराहना व्यक्त की।


इस्लामाबाद में शनिवार देर रात अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम और तनाव कम करने को लेकर आमने-सामने की बातचीत का पहला चरण समाप्त हो गया। हालांकि, बातचीत के बाद कोई नतीजा नहीं निकला।

बंगाल के विधान सभा चुनाव में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच चल रही कांटे की टक्कर के बीच रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने उतरेंगे। वह दो जिलों में चुनावी जनसभाएं कर प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। मतदाताओं से भाजपा को जिताने की अपील करेंगे। योगी की सभाओं पर विरोधी दलों की भी नजरें टिकी हुई हैं।

APR 12, 2026 18:58 IST

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया

लश्कर-ए-तैयबा आतंकी समूह के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करते हुए, जम्मू कश्मीर पुलिस ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय में हरियाणा और राजस्थान से कई लोगों को हिरासत में लिया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने आतंकियों को पासपोर्ट समेत फर्जी पहचान पत्र हासिल करने में मदद की थी।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों ने आधार कार्ड, स्थायी खाता संख्या (पैन) कार्ड और मतदाता कार्ड जैसे दस्तावेज बनाकर आतंकवादियों को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।

इस जांच का नेतृत्व श्रीनगर पुलिस ने किया, जिसने पूरी खुफिया जानकारी जुटाई। हालांकि, जैसे-जैसे इस अभियान का दायरा और इसके व्यापक सुरक्षा प्रभाव स्पष्ट होते गए, मामले में केंद्रीय एजेंसियों और अन्य राज्यों की पुलिस को शामिल किया गया, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों में फैले इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

आधिकारियों के अनुसार, आतंकियों में से एक, जिसकी पहचान उमर उर्फ ’खरगोश’ के रूप में हुई है, ने पासपोर्ट हासिल कर लिया था और इसके बाद वह इंडोनेशिया फरार हो गया। माना जा रहा कि वहां से उसने एक और फर्जी यात्रा दस्तावेज का इस्तेमाल किया और फिलहाल वह किसी खाड़ी देश में छिपा हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के कराची निवासी उमर ने 2012 के बाद भारत में घुसपैठ की थी और राजस्थान के जयपुर से प्राप्त जाली पासपोर्ट का इस्तेमाल करके 2024 में भाग गया था।
APR 12, 2026 18:57 IST

डाक विभाग ने भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम पर स्मारक डाक टिकट जारी किये

डाक विभाग ने रविवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नेतृत्व में भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की उल्लेखनीय प्रगति का जश्न मनाने के लिए दो स्मारक डाक टिकट की शृंखला जारी की।

कर्नाटक डाक परिक्षेत्र के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल के. प्रकाश ने इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की उपस्थिति में स्मारक डाक टिकट की शृंखला जारी की।

डाक विभाग के मुताबिक, स्मारक डाक टिकट में भारत की प्रारंभिक उपलब्धियों, जैसे आर्यभट उपग्रह का प्रक्षेपण, से लेकर मानव अंतरिक्ष उड़ान और कक्षीय अवसंरचना में भविष्य की महत्वाकांक्षाओं तक की यात्रा को दर्शाया गया है।

बयान में कहा गया कि ये भारत की समृद्ध वैज्ञानिक विरासत को भी प्रतिबिंबित करते हैं, जिसका प्रतीक जंतर-मंतर जैसे स्थल हैं।

भारतीय डाक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ’’ये डाक टिकट डॉ. विक्रम साराभाई के नेतृत्व में भारत की शुरुआती प्रगति से लेकर वैश्विक अंतरिक्ष शक्ति बनने तक के सफर को दर्शाते हैं। ये चंद्रयान-3 और आगामी मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान जैसी प्रमुख उपलब्धियों को उजागर करते हैं, जो देश की बढ़ती तकनीकी क्षमता और महत्वाकांक्षा का प्रतीक हैं।’’
APR 12, 2026 18:06 IST

खंडवा, मध्य प्रदेश: खंडवा सेल्स टैक्स कार्यालय की इमारत में आग लग गई।

APR 12, 2026 17:35 IST

महाराष्ट्र सीएम फडणवीस का Rahul Gandhi पर बड़ा दावा

गपुर में रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी के अंदर ही राहुल गांधी को हटाने की चर्चा चल रही है, क्योंकि वह पार्टी को चुनाव में जीत दिलाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं।

फडणवीस ने एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी इस समय अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
APR 12, 2026 17:09 IST

मोदी सरकार जातिगत गणना को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है : कांग्रेस

कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि सरकार जातिगत गणना को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को ’गुमराह’ करने और ’बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी’ करने के एजेंडे के साथ महिला आरक्षण कानून में संशोधन करना चाहते हैं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि मोदी सरकार यह कहकर अनुच्छेद 334-ए में संशोधन करना चाहती है कि जातिगत गणना के परिणाम कुछ वर्षों तक उपलब्ध नहीं होंगे,लेकिन वह इस तथ्य को नजरअंदाज कर रही है कि बिहार और तेलंगाना दोनों राज्यों ने छह महीने से भी कम समय में व्यापक जाति सर्वेक्षण पूरा कर लिया है।
APR 12, 2026 17:06 IST

अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल शांति समझौते के बिना पाकिस्तान से रवाना

वैश्विक ऊर्जा व्यवधान का कारण बने पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के लिए इस्लामाबाद में हुई ऐतिहासिक वार्ता में दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो पाने के बाद अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल रविवार को पाकिस्तान से रवाना हो गए।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने कहा कि वार्ता शांति समझौते तक पहुंचने में विफल रही। उन्होंने तेहरान द्वारा अपने परमाणु कार्यक्रम को नहीं छोड़ने को इसकी प्रमुख अड़चनों में से एक बताया।

वेंस ने वार्ता के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ’’हम यहां से एक बहुत ही सरल प्रस्ताव लेकर जा रहे हैं, एक ऐसा तरीका जिससे यह स्पष्ट हो जाए कि यह हमारा अंतिम और सर्वोत्तम प्रस्ताव है। हम देखेंगे कि ईरानी इसे स्वीकार करते हैं या नहीं।"

वेंस संवाददाता सम्मेलन संबोधित करने के लगभग एक घंटे बाद रवाना हुए।
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी उन्हें विदाई देने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे।

सूत्रों के अनुसार, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल भी पाकिस्तान से रवाना हो चुका है।

सुरक्षा कारणों से ईरानी प्रतिनिधिमंडल के रवाना होने के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ’मेहर’ ने भी ’एक्स’ पर बताया कि कई दौर की बातचीत के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान से रवाना हो गया है।

ईरान ने कहा कि अमेरिकी पक्ष की "अत्यधिक मांगों" के कारण इस्लामाबाद वार्ता विफल रही।

हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने इस बात पर जोर दिया कि "कूटनीति कभी समाप्त नहीं होती।"

ईरानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार रात इस्लामाबाद पहुंचा था, जबकि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल शनिवार तड़के पहुंचा था।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि ईरान-अमेरिका शांति वार्ता पहले पाकिस्तान के माध्यम से अप्रत्यक्ष रूप से और बाद में दोनों पक्षों के बीच प्रत्यक्ष वार्ता के माध्यम से संपन्न हुई।

पाकिस्तान की मध्यस्थता में वार्ता शनिवार को दोनों पक्षों द्वारा छह दिवसीय युद्धविराम की घोषणा के चार दिन बाद शुरू हुई।
APR 12, 2026 17:03 IST

आयुष बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में हारे

भारत के आयुष शेट्टी को रविवार को यहां बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी शि युकी के खिलाफ सीधे गेम में हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

मंगलुरु के 20 साल आयुष को लय हासिल करने में परेशानी हुई और वह चीन के मौजूदा विश्व चैंपियन से 8-21, 10-21 से हार गए जिससे इस प्रतियोगिता में भारत का पुरुष एकल स्वर्ण पदक का 61 साल का इंतजार जारी रहा।

हार के बावजूद गौरवरीय आयुष का अभियान शानदार रहा। वह दिनेश खन्ना के बाद इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बने।
APR 12, 2026 17:03 IST

बंगाल को तीन भागों में बांटने के लिए परिसीमन करना चाहती है भाजपा: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार राज्य को तीन भागों में बांटने के लिए परिसीमन करना चाहती है।

बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों का विलय बिहार या ओडिशा में किया जा सकता है, जिससे उन क्षेत्रों में रहने वाले बंगालियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

बांकुडा जिले के छटना और ओंडा तथा पूर्वी बर्धमान के खंडघोष में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, "भाजपा पश्चिम बंगाल को तीन भागों में बांटने के लिए परिसीमन विधेयक लाने की योजना बना रही है। वह बंगाल के कुछ हिस्सों का बिहार या ओडिशा में विलय कर सकती है और वहां के बंगालियों को प्रताड़ित कर सकती है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को पश्चिम बंगाल की सत्ता से हटाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का सौदा किया है।

बनर्जी का परोक्ष रूप से यह इशारा, सोशल मीडिया पर सामने आये आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) प्रमुख हुमांयू कबीर के उस वीडियो की ओर था जिसमें वह कथित तौर पर यह कहते हुए सुने गए कि वह बनर्जी को सत्ता से हटाने के लिए शुभेंदु अधिकारी सहित भाजपा नेताओं से निकट संपर्क में हैं और उन्होंने तृणमूल को हराने के लिए अल्पसंख्यक मतों को विभाजित करने के वास्ते 1,000 करोड़ रुपये के सौदे के अग्रिम भुगतान के रूप में 200 करोड़ रुपये प्राप्त किए हैं।
APR 12, 2026 17:02 IST

महिला आरक्षण कानून में संशोधन: भाजपा ने कांग्रेस पर अवरोध पैदा करने का लगाया आरोप

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने में बाधाएं खड़ी कर रही है।

सत्तारूढ़ दल ने ऐसे वक्त हमला किया है जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बताया कि परिसीमन और अन्य पहलुओं के विवरण के बिना महिला आरक्षण कानून पर कोई भी सार्थक चर्चा करना ’’असंभव’’ होगा, और मांग की कि 29 अप्रैल को राज्य चुनावों का मौजूदा दौर समाप्त होने के बाद इस मामले पर एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए।

प्रधानमंत्री को लिखे खरगे के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ’’16, 17 और 18 अप्रैल को संसद में एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिलेगा, जब महिलाओं के सशक्तिकरण और समानता की दिशा में सबसे बड़ा कदम उठाया जाएगा। यह कदम नारी शक्ति वंदन अधिनियम के कार्यान्वयन को तेजी से आगे बढ़ाने के जरिए उठाया जाएगा, जिसे वर्ष 2023 में संसद द्वारा पारित किया गया था।’’

पूनावाला ने एक वीडियो बयान में कहा, ’’उस समय भी और अब भी, इस बात पर आम सहमति है कि हमें इस ऐतिहासिक कदम में देरी नहीं करनी चाहिए, जिसमें पहले ही दशकों की देरी हो चुकी है। और हमें इसे तुरंत लागू करना चाहिए ताकि 2029 में होने वाले अगले लोकसभा चुनाव में महिलाओं को उनका उचित हिस्सा मिल सके।’’
APR 12, 2026 17:01 IST

नौसेना कमांडरों के सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट, भूराजनीतिक उथल-पुथल प्रमुख एजेंडे में शामिल

भारतीय नौसेना के शीर्ष कमांडर मंगलवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान भारत की ऊर्जा सुरक्षा की रक्षा के संदर्भ में पश्चिम एशिया संकट के निहितार्थों पर विचार-विमर्श करेंगे।

कमांडर राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा उद्देश्यों के अनुरूप क्षमता विकास के लिए नौसेना की परिचालन स्थिति की व्यापक समीक्षा भी करेंगे।

भारतीय नौसेना के छमाही कमांडर्स सम्मेलन 2026 का पहला संस्करण 14 से 16 अप्रैल 2026 तक तीन दिनों के लिए नयी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

नौसेना ने रविवार को कहा, "पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और हिंद महासागर क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय बलों (एमएनएफ) के आने के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा की रक्षा के लिए त्वरित नौसैनिक तैनाती को देखते हुए, इस सम्मेलन का विशेष महत्व है।"

हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के आवागमन में व्यवधान को देखते हुए भारत की ऊर्जा सुरक्षा की रक्षा में इसकी क्या भूमिका है, इस बारे में नौसेना ने विस्तार से नहीं बताया।
APR 12, 2026 17:01 IST

राजघाट बस डिपो के पास झाड़ियों में लगी आग, कोई हताहत नहीं

राष्ट्रीय राजधानी में राजघाट बस डिपो के पास झाड़ियों में रविवार दोपहर आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

एक अधिकारी ने बताया, "अपराह्न एक बजकर 35 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की 11 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।"
अधिकारियों ने कहा कि आग लगने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
APR 12, 2026 16:59 IST

मेदिनीपुर रैली में CM Yogi ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी साउथ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की मौजूदा स्थिति पर तीखा हमला बोला और कहा कि बंगाल की हालत पहले जैसी नहीं रही।

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा कि एक समय था जब पश्चिम बंगाल देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार माना जाता था। उन्होंने बताया कि कभी देश की कुल अर्थव्यवस्था में बंगाल का योगदान बहुत बड़ा था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उनके मुताबिक, राज्य अब विकास के रास्ते से भटक गया है।
APR 12, 2026 16:09 IST

बिहार में नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होगी: जदयू नेता संजय झा

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने रविवार को कहा कि बिहार में नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया ’’13 अप्रैल के बाद शुरू होगी’’।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए चुने जाने के कारण राज्य में नयी सरकार का गठन आवश्यक हो गया है।

झा ने जदयू प्रमुख कुमार से मुलाकात के तुरंत बाद यहां पत्रकारों से बात की। कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की उम्मीद है ताकि भाजपा के नेतृत्व वाली नयी सरकार के लिए रास्ता साफ हो सके। पूर्व मंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सदस्य झा ने कहा, ’’मुझे लगता है कि यह प्रक्रिया 13 अप्रैल के बाद शुरू होगी। लेकिन अधिक जानकारी के लिए आपको राज्य सरकार में शामिल लोगों से बात करनी चाहिए।’’
APR 12, 2026 16:03 IST

नीतीश कुमार को लेकर तेजस्वी यादव का बड़ा दावा

बिहार की राजनीति एक बार फिर चर्चा में है। तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के राज्यसभा जाने के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से ही नीतीश कुमार के लिए सहानुभूति रही है और वे पहले भी उन्हें चेतावनी देते रहे थे।

तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने कई बार नीतीश कुमार से कहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री पद पर बने रहने नहीं दिया जाएगा। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार खुद भी इस बात को समझते थे। अब जब वे राज्यसभा जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह फैसला दबाव में लिया गया लगता है।
APR 12, 2026 15:13 IST

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 21 अवैध बंकर ध्वस्त

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उखरुल जिले में 21 अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया है। पुलिस ने रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, ये बंकर सशस्त्र उपद्रवियों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए थे और सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान शनिवार को उखरुल जिले के लिटान थाना क्षेत्र के सिकिबंग गांव और मोंगकोट चेपु गांव में चलाया गया। इस दौरान सिकिबंग गांव में 14 और मोंगकोट चेपु गांव में सात बंकरों को ध्वस्त किया गया। सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाकर इन ठिकानों को चिन्हित किया
APR 12, 2026 15:12 IST

मथुरा हादसे के बाद संतों ने शुरू की अनोखी पहल

उत्तर प्रदेश के मथुरा में हाल ही में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद अब जागरूकता बढ़ाने की पहल शुरू हो गई है। अयोध्या के संतों ने इस घटना से सबक लेते हुए लोगों को सतर्क करने के लिए खास अभियान (Ayodhya saints campaign) चलाया है।

यह अभियान सरयू नदी (Saryu River) के किनारे चलाया जा रहा है, जहां संत खुद लाइफ जैकेट पहनकर नाव में सवार हो रहे हैं और लोगों को सुरक्षा के नियम समझा रहे हैं। संत भजन गाते हुए नदी में घूमते हैं और यात्रियों को बताते हैं कि नाव यात्रा के दौरान सावधानी बहुत जरूरी है।
APR 12, 2026 14:24 IST

सिलीगुड़ी में दिखा PM Modi का मजेदार अंदाज

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने सबसे पहले बंगाल की कला और संस्कृति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बंगाल कलाकारों की भूमि है और यहां के लोग कला को दिल से मानते हैं।

मोदी ने बताया कि सभा में कई कलाकार अपनी बनाई हुई पेंटिंग्स लेकर आए थे। कुछ पेंटिंग्स इतनी खास थीं कि उन्होंने सभी का ध्यान खींच लिया। एक कलाकार ने तो उन्हें नेपाली रूप में भी चित्रित किया था, जिसे देखकर उन्होंने खुशी जाहिर की।
APR 12, 2026 13:43 IST

महान संगीत प्रतिभा के जाने से अत्यंत दुखी-सीएम ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि महान संगीत प्रतिभा आशा भोसले के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं। उन्होंने कहा, 'वे एक प्रेरणादायक और मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायिका थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक हमारे दिलों पर राज किया।' उन्होंने कई बंगाली गीत भी गाए और बंगाल में भी वे बेहद लोकप्रिय हैं। वर्ष 2018 में हमने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बंगविभूषण' से सम्मानित किया था।' 'उनके परिवार, उनके संगीत जगत के साथियों और दुनिया भर में फैले उनके लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।'
APR 12, 2026 13:33 IST

आशा भोसले की मौत से देशभर में दौड़ी शोक की लहर

दिग्गज गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle) के निधन की खबर ने पूरे देश को शोक में डूबा दिया है। उनके जाने की खबर सुनकर संगीत जगत और उनके करोड़ों फैंस दुखी हैं। सोशल मीडिया पर लोग आशा भोसले को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी याद में भावुक संदेश पोस्ट कर रहे हैं।

बता दें कि कुछ देर पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आशा भोसले के लिए मंगल कामना की थी। अब उनकी मौत से सभी लोगों को झटका लगा है।
APR 12, 2026 13:30 IST

संसद के 3 दिन के विशेष सत्र के लिए BJP ने जारी किया व्हिप

भाजपा ने अपने सभी सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इस व्हिप के तहत पार्टी ने साफ निर्देश दिया है कि सभी सांसद 16 से 18 अप्रैल तक संसद के विशेष सत्र के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहें। यह विशेष सत्र प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली सरकार ने बुलाया है।

यह सत्र तीन दिनों तक चलेगा और इसमें कुछ अहम विधेयकों पर चर्चा और उन्हें पास करने की योजना है। सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा महिला आरक्षण से जुड़ा है।