LIVEदिवाली 2023 पर PM मोदी का पैगामः जब तक बहादुर जवान सीमाओं पर खड़े हैं, तब तक भारत सुरक्षित

दिवाली 2023 पर PM मोदी का पैगामः जब तक बहादुर जवान सीमाओं पर खड़े हैं, तब तक भारत सुरक्षित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से एक बड़ी वैश्विक ताकत के रूप में उभर रहा है और इसके सुरक्षा बलों की क्षमताएं लगातार बढ़ रही हैं। मोदी ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के लेप्चा में सुरक्षाबलों के साथ दिवाली मनाई और उनके अटूट साहस की सराहना करते हुए कहा कि जब तक देश की सीमाओं पर बहादुर जवान खड़े हैं, तब तक भारत सुरक्षित है। प्रधानमंत्री ने सीमा के पास तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाने के बाद यहां जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की परिस्थितियां ऐसी हैं कि भारत से उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की वर्दी पहने मोदी ने कहा, ‘‘ऐसे महत्वपूर्ण समय में यह जरूरी है कि भारत की सीमाएं सुरक्षित रहें और देश में शांति का माहौल रहे और इसमें आपकी बड़ी भूमिका है।’’ प्रधानमंत्री का कहना था, ‘‘भारत तब तक सुरक्षित है, जब तक मेरे बहादुर जवान हिमालय की तरह सीमाओं पर खड़े हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के बाद, इन बहादुरों (सेना के जवानों) ने कई युद्ध लड़े और देश का दिल जीता... हमारे जवानों ने चुनौतियों का सामना करते हुए विजय हासिल की है।’’ उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारा से डंडालगांव तक निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह गया। उत्तरकाशी जिले के डीएम और एसपी मौके पर मौजूद हैं। राहत कार्य के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की राजस्व टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। बचाव कार्य जारी है। वहीं दूसरी ओर देशभर में दीपावली पर्व की धूम मची हुई है, लोग हर्षोल्लास से इस त्योहार को मना रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से मनमोहक तस्वीरें सामने आ रही है। तमिलनाडु के चेन्नई में लोगों ने फुलझड़ियाँ जलाकर और पटाखे फोड़कर दिवाली मनाई। आंध्र प्रदेश में दिवाली के अवसर पर भक्तों ने तिरुपति के बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। दीपावली पर गोवा के पणजी में नरकासुर के पुतले का दहन किया गया। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में सुबह की आरती के वक्त भक्तों में भारी उत्साह देखा गया। दीपोत्सव 2023 के बाद अयोध्या में राम की पैड़ी की की जा रही सफाई। पीएम नरेंद्र मोदी देश के बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लेप्चा पहुंचे है। प्रधानमंत्री ने दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि 'देश के सभी परिवारजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। सभी को दिवाली की शुभकामनाएं! यह विशेष त्योहार सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि और अद्भुत स्वास्थ्य लाए।'
कनाडा फिलहाल भारत के साथ ‘झगड़ा' नहीं, रचनात्मक तरीके से काम करना चाहता: प्रधानमंत्री ट्रूडो
प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि भारत के साथ कनाडा कोई ‘झगड़ा’ नहीं चाहता है, बल्कि इसके साथ बहुत गंभीर मामले पर ‘रचनात्मक तरीके से काम करना’ चाहता है। ट्रूडो ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में भारत पर वियना संधि को तोड़ने का आरोप लगाया, क्योंकि नई दिल्ली ने 40 से ज्यादा कनाडा के राजनयिकों की राजनयिक छूट वापस लेने की धमकी थी, जिसके बाद कनाडा को उन्हें भारत से वापस बुलाना पड़ा था। ट्रूडो ने खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की ब्रिटिश कोलंबिया में 18 जून को की गई हत्या में भारतीय एजेंट के शामिल होने की ‘संभावना’ का आरोप लगाया था। भारत ने 2020 में निज्जर को आतंकवादी घोषित कर दिया था। भारत ने ट्रूडो के आरोपों को ‘बेतुके’ और ‘प्रेरित’ बताकर खारिज किए थे। प्रधानमंत्री ट्रूडो ने अपनी नई टिप्पणी में कहा कि उनकी सरकार ने भारत से संपर्क किया और उनसे इस मामले की तह तक जाने के लिए मिलकर काम करने को कहा।
दिवाली के दिन दिल्ली की हवा आठ साल में सबसे बेहतर रही
दिवाली के दिन रविवार को राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता आठ साल में सबसे बेहतर दर्ज की गई। हालांकि, पटाखे जलाने और रात में तापमान कम रहने से प्रदूषण के स्तर में वृद्धि हो सकती है। दिल्ली वासियों की सुबह साफ आसमान और खिली धूप के साथ हुई और शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 218 रहा, जो बीते कम से कम तीन सप्ताह में सबसे अच्छा है। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 450 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। एक्यूआई के 450 से ऊपर हो जाने पर इसे 'अति गंभीर' श्रेणी में माना जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पिछले साल दिवाली पर एक्यूआई 312, 2021 में 382, 2020 में 414, 2019 में 337, 2018 में 281, 2017 में 319 और 2016 में 431 दर्ज किया गया था। शनिवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 220 था, जो पिछले आठ वर्षों में दिवाली से एक दिन पहले सबसे कम रहा था।
पाकिस्तान की जेल से रिहा हुए 80 मछुआरे गुजरात पहुंचे
पाकिस्तान की कराची जेल से रिहा हुए 80 मछुआरे रविवार को ट्रेन से गुजरात के वडोदरा पहुंचे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, वडोदरा से इन मछुआरों को दिवाली पर अपने परिवारों से मिलाने के लिए बस द्वारा राज्य के गिर सोमनाथ जिले के वेरावल ले जाया गया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मछुआरों को पाकिस्तानी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को रिहा कर दिया था और अगले दिन उन्हें पंजाब में अटारी-वाघा सीमा पर गुजरात के मत्स्य पालन विभाग की एक टीम को सौंप दिया गया था। ये मछुआरे 2020 में मछली पकड़ने के लिए गुजरात तट को छोड़कर पाकिस्तान की समुद्री सीमा में दाखिल हो गए थे, जिसके बाद पाकिस्तान की समुद्री सेना द्वारा उन्हें पकड़ लिया गया था।
दिवाली पर कुतुब मीनार भी चमचमाया!
दिल्लीः दिवाली पर अक्षरधाम मंदिर भी जगमगाया, देखिए मनमोहक दृश्य
स्वर्ण मंदिर भी दिवाली पर रोशनी से नहाया
अय्यर और राहुल के शतक, दिवाली पर भारत का विशाल स्कोर
केएल राहुल (102 रन, 64 गेंद) विश्व कप में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय क्रिकेटर बने जिससे उनके और श्रेयस अय्यर (नाबाद 128 रन, 94 गेंद) के सैकड़े की बदौलत भारत ने रविवार का यहां दिवाली के दिन नीदरलैंड के खिलाफ अंतिम लीग मैच में चार विकेट पर 410 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अय्यर और राहुल ने चौथे विकेट के लिए 208 रन साझेदारी बनायी। इन दोनों के अलावा कप्तान रोहित शर्मा (61 रन), शुभमन गिल (51 रन) और विराट कोहली (51 रन) की अर्धशतकीय पारियों का भी योगदान रहा। अंतिम 10 ओवर में भारतीय टीम ने 122 रन जोड़े जिससे वह दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बाद टूर्नामेंट में 400 रन से ज्यादा का स्कोर बनाने वाली तीसरी टीम बनी।
विशेष मुहूर्त कारोबार में कैसा रहा दिवाली पर हाल?
विशेष मुहूर्त कारोबार के शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 331.10 अंक बढ़कर 65,235.78 पर, निफ्टी 100.85 अंक बढ़कर 19,526.20 पर पहुंचा।
पश्चिम बंगाल: पूरे हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी काली पूजा
पश्चिम बंगाल में रविवार को काली पूजा उत्सव पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में भी पहुंचे। लाखों भक्तों ने राज्य के दक्षिणेश्वर, कालीघाट, थंथानिया, तारापीठ और अन्य प्रसिद्ध काली मंदिरों में पूजा-अर्चना की। जैसे ही शाम ढली, सामुदायिक पूजा पंडालों में रंग-बिरंगी रोशनी, इमारतों पर की गयी शानदार रोशनी और आसमान में आतिशबाजी ने 'रोशनी के त्योहार' दीपावली का स्वागत किया। कोलकाता के प्रसिद्ध काली पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिनमें एमहर्स्ट स्ट्रीट सर्बजनिन, नाबा युबक संघ, जानबाजार के अलावा पड़ोसी उत्तर 24 परगना जिले के नयीहाटी, बारासात और मध्यमग्राम के पूजा पंडालों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट बंगाली और हिंदी भाषा में अलग-अलग संदेशों में काली पूजा और दिवाली के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
केरल पुलिस ने एनएसएस सदस्यों के खिलाफ दर्ज मामला बंद किया
हिंदुओं के एक देवता पर केरल विधानसभा के अध्यक्ष एन. शमसीर की कथित टिप्पणियों को लेकर किये गए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में प्रभावशाली नायर सर्विस सोसायटी (एनएसएस) के सदस्यों के खिलाफ दर्ज मामला बंद कर दिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। कैंटोनमेंट पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि संबंधित अदालत में, मामला बंद करने का अनुरोध किया गया है। विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में इसी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कैंटोनमेंट पुलिस ने दो अगस्त को यहां निकाले गए एक विरोध मार्च के सिलसिले में एनएसएस के उपाध्यक्ष संगीत कुमार और संगठन के एक हजार सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
पटाखा बाजार की कई दुकानों में लगी आग, नौ लोग जख्मी
उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर के गोपालबाग में पटाखा बाजार की कुछ दुकानों में रविवार को आग लगने से एक फायरमैन सहित नौ लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया, ‘‘गोपालबाग इलाके में पटाखे की सात दुकानों में आग लग गई। इस घटना में नौ लोग झुलसकर घायल हो गए। ऐसा लगता है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।’’ उन्होंने कहा कि इन सात दुकानों को पटाखे बेचने की अनुमति थी। इस बीच, महावन के क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि घटना दोपहर में राया के गोपालबाग स्थित अस्थायी पटाखा बाजार में हुई। घटना के वक्त पटाखा बाजार में भीड़ थी और लोग पटाखे खरीदने में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि आज एक दुकान में लगी और देखते ही देखते उसने साथ की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के वक्त पटाखा बाजार में भीड़ थी और लोग पटाखे खरीदने में व्यस्त थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पटाखे की दुकानों में लगी आग, नौ लोग झुलसे
उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर के गोपालबाग इलाके में रविवार को पटाखा बाजार की कुछ दुकानों में आग लगने से एक अग्निशमनकर्मी सहित नौ लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया, "गोपालबाग इलाके में पटाखे की सात दुकानों में आग लग गई। इस घटना में नौ लोग झुलसकर घायल हो गए। ऐसा लगता है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।" उन्होंने बताया कि सात दुकानों को पटाखे बेचने की अनुमति थी। इस बीच, महावन के क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि घटना दोपहर में राया के गोपालबाग स्थित अस्थायी पटाखा बाजार में हुई। घटना के वक्त पटाखा बाजार में भीड़ थी और लोग पटाखे खरीदने में व्यस्त थे।
‘छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना' हमारी गारंटी है : कांग्रेस
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ‘छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना’ के बारे में घोषणा किए जाने के बाद रविवार को कहा कि इस योजना से प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिलेगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि यह योजना कांग्रेस की गारंटी है, क्योंकि देश की सबसे पुरानी पार्टी जो कहती है, वो करती है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ यह कांग्रेस की गारंटी है। हम जो कहते हैं, वो करते हैं। हम प्रधानमंत्री और भाजपा की तरह जुमलेबाज़ी नहीं करते हैं। मोदी सरकार के कारण महंगाई और बेरोज़गारी बढ़ती जा रही है। गृह लक्ष्मी योजना से लाखों परिवारों को राहत मिलेगी।’’ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने रविवार को ऐलान किया कि अगर राज्य में कांग्रेस की सत्ता बरकरार रही, तो ‘छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत महिलाओं के खातों में प्रति वर्ष 15 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद की अहम बैठक सोमवार को देवबंद में होगी
मुस्लिम समाज में सुधार, उनकी बेहतर शिक्षा और सांप्रदायिकता समेत विभिन्न विषयों को लेकर जमीयत उलेमा-ए-हिंद की अहम बैठक सोमवार को सहारनपुर के देवबंद में आयोजित की जाएगी। जमीयत उलमा-ए-हिंद के प्रवक्ता मौलाना काब रशीदी ने रविवार को बताया कि देवबंद स्थित मदनी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में कार्यरत जमीयत की विभिन्न इकाइयों के कुल 1700 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष मौलाना अशहद रशीदी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी संबोधित करेंगे। जमीयत प्रवक्ता ने इस बैठक के एजेंडा का जिक्र करते हुए बताया कि बैठक में मुख्य रूप से मुस्लिम समाज में सुधार के कार्यक्रम को एक आंदोलन के रूप में चलाने, सांप्रदायिकता से निपटने के लिए सामाजिक एकता, प्रेम और विश्वास के जरिए देश के सभी वर्गों को आपस में जोड़ने, मुस्लिम बच्चों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बेहतर शिक्षण संस्थानों की स्थापना करने, संगठन की नई इकाइयां स्थापित करने और पुरानी इकाइयों को सक्रिय बनाने जैसे मुद्दे शामिल होंगे।
दिवाली के रोज बिगड़ी ममता के मंत्री की तबीयत, खुद चलने की स्थिति में भी न थे
सिर्फ घाट नहीं, हर गरीब का घर भी जगमगाए : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को अयोध्या में सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी के 51 घाटों पर 22 लाख से अधिक दीये जलाने का जिक्र किए बिना कहा कि हमारी तो यही कामना है कि एक ऐसा पर्व भी आए, जिसमें सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि हर गरीब का घर भी जगमगाए। अखिलेश ने शनिवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ''दिव्यता के बीच दरिद्रता… जहां गरीबी दीयों से तेल ले जाने के लिए मजबूर करे, वहां उत्सव का प्रकाश धुंधला हो जाता है। हमारी तो यही कामना है कि एक ऐसा पर्व भी आए, जिसमें सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि हर गरीब का घर भी जगमगाए।''
दिवाली के रोज गाजियाबाद में स्क्रैप गोदाम में लगी आग
नवनियुक्त शिक्षकों को बिहार सरकार की चेतावनी- संघ बनाया तो होगा ऐक्शन
बिहार सरकार ने नवनियुक्त शिक्षकों को चेतावनी दी है कि अगर वे कोई ‘संघ’ बनाते हैं या इसका हिस्सा बनते हैं और शिक्षा विभाग की नीतियों के खिलाफ किसी प्रदर्शन में शामिल होते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश के शिक्षा विभाग ने गत 11 नवंबर को जारी बयान में नवनियुक्त शिक्षकों को सख्त निर्देश दिया। विभाग ने अपने बयान में कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की भर्ती परीक्षा-2023 में सफल होने वाले लगभग 1.20 लाख शिक्षकों को गत दो नवंबर को ‘अनंतिम नियुक्ति पत्र’ प्राप्त हुए। बयान में कहा गया है, ‘‘उन्हें अब तक पोस्टिंग नहीं दी गई है और न ही उन्होंने स्कूलों में पढ़ाना शुरू किया है। लेकिन यह देखने में आया है कि उनमें से कुछ ने एक संघ बना लिया है या उसका हिस्सा बन गए हैं और शिक्षा विभाग की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं... यह बिहार सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1976 के तहत एक गंभीर कदाचार है।’’
हिमाचल में दिवाली पर रात आठ से दस बजे तक ही जलाए जा सकेंगे पटाखे
हिमाचल प्रदेश में ध्वनि और वायु प्रदूषण की रोकथाम के वास्ते दिवाली पर पटाखे जलाने की अवधि रात आठ बजे से दस बजे तक दो घंटे के लिए सीमित कर दी गई है। यही नहीं, इस अवधि में भी लोगों को केवल "हरित पटाखे" जलाने की इजाजत होगी। हिमाचल में भले ही बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से आतिशबाजी नहीं करने का फैसला किया है, जिससे पटाखों की बिक्री कम हो गई है, लेकिन जिन कारोबारियों ने पारंपरिक पटाखों का बड़े पैमाने पर भंडारण किया था, वे आखिरी समय में लगाए गए इस प्रतिबंध से नाखुश हैं। शिमला के उपायुक्त की ओर से जारी एक आदेश के मुताबिक, दिवाली पर केवल "हरित पटाखे" जलाने की अनुमति दी जाएगी और पर्यावरण, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने रात आठ बजे से दस बजे के बीच ही हरित पटाखे जलाने की अनुमति दी है। पारंपरिक पटाखों पर प्रतिबंध लगाने के राज्य सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए एक दुकानदार ने कहा, "सरकार को कम से कम एक महीने पहले पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी करने चाहिए थे और पटाखों का निर्माण पूरी तरह से बंद कर देना चाहिए था।"
अखिलेश यादव बोले- सिर्फ घाट नहीं, हर गरीब का घर भी जगमगाए
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को अयोध्या में सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी के 51 घाटों पर 22 लाख से अधिक दीये जलाने का जिक्र किए बिना कहा कि हमारी तो यही कामना है कि एक ऐसा पर्व भी आए, जिसमें सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि हर गरीब का घर भी जगमगाए। अखिलेश ने शनिवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, 'दिव्यता के बीच दरिद्रता… जहां गरीबी दीयों से तेल ले जाने के लिए मजबूर करे, वहां उत्सव का प्रकाश धुंधला हो जाता है। हमारी तो यही कामना है कि एक ऐसा पर्व भी आए, जिसमें सिर्फ घाट ही नहीं, बल्कि हर गरीब का घर भी जगमगाए।' सपा प्रमुख ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें घाट पर कुछ बच्चे दीयों से तेल निकालकर गैलन और अन्य बर्तनों में भरकर ले जाते नजर आ रहे हैं।