LIVE

आज की ताजा खबर 12 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: छत्तीसगढ़ में तीन नक्सली ढेर, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आयुष सिन्हाUpdated Jan 12, 2025, 21:03 IST

आज की ताजा खबर 12 जनवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। विषय से अवगत लोगों ने रविवार को यह जानकारी दी। माना जा रहा है कि नयी दिल्ली द्वारा आपत्ति जताये जाने के बाद, सुबियांतो के भारत दौरा संपन्न करने के तुरंत बाद पाकिस्तान की यात्रा करने की संभावना नहीं है। वहीं महाकुम्भ के स्नान पर्व से दो दिन पहले ही रविवार को करीब 25 लाख लोगों ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सुबह घने कोहरे के बावजूद सुबह से ही श्रद्धालुओं का हुजूम मेला क्षेत्र की तरफ जाता दिखा। इसके अलावा तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के भोंगीर कार्यालय में रविवार को कथित तौर पर तोड़फोड़ की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीआरएस के एक नेता द्वारा मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणी किये जाने के बाद तोड़फोड़ की।

आज की ताजा खबर 12 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: छत्तीसगढ़ में तीन नक्सली ढेर, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर 12 जनवरी-2025 हिंदी न्यूज़: छत्तीसगढ़ में तीन नक्सली ढेर, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर लाइव 12 जनवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सल रोधी अभियान पर निकली सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त टीम की इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में सुबह नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई। वहीं इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। विषय से अवगत लोगों ने रविवार को यह जानकारी दी। माना जा रहा है कि नयी दिल्ली द्वारा आपत्ति जताये जाने के बाद, सुबियांतो के भारत दौरा संपन्न करने के तुरंत बाद पाकिस्तान की यात्रा करने की संभावना नहीं है। इसके अलावा महाकुम्भ के स्नान पर्व से दो दिन पहले ही रविवार को करीब 25 लाख लोगों ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सुबह घने कोहरे के बावजूद सुबह से ही श्रद्धालुओं का हुजूम मेला क्षेत्र की तरफ जाता दिखा।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव

  • बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए
  • तिरुपुर में एटीएस ने 31 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया
  • 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' में शामिल होंगे पीएम मोदी आज
  • इंडोनेशिया के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे
  • महाकुम्भ स्नान पर्व से पहले 25 लाख लोगों ने लगाई गंगा में डुबकी
  • तेलंगाना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीआरएस कार्यालय में तोड़फोड़ की
  • परीक्षण प्रयास के दौरान दो उपग्रहों को एक-दूसरे से तीन मीटर की दूरी पर लाया इसरो

JAN 12, 2025 18:42 IST

श्रीलंकाई नौसेना ने आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

श्रीलंकाई नौसेना ने द्वीपीय राष्ट्र (श्रीलंका) के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने के साथ ही मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं को जब्त कर लिया है।
श्रीलंका की नौसेना ने जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि ये गिरफ्तारियां शनिवार रात को मन्नार के उत्तर के समुद्री क्षेत्र में शुरू किए गए एक विशेष अभियान के दौरान हुईं।
बयान में कहा गया है कि इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस वर्ष अब तक 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया जा चुका है और तीन नौकाएं जब्त की जा चुकी हैं।
JAN 12, 2025 16:01 IST

मुख्यमंत्री स्टालिन का अहंकार ठीक नहीं है: तमिलनाडु राजभवन

तमिलनाडु राजभवन ने विधानसभा के हालिया सत्र को संबोधित न करने के राज्यपाल आर एन रवि के फैसले को मुख्यमंत्री एम के स्टालिन द्वारा ‘‘बचकाना’’ बताए जाने की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि ‘‘इस तरह का अहंकार ठीक नहीं है’’। राजभवन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि लोग देश और संविधान का कोई भी ‘‘निर्लज्जतापूर्ण अपमान’’ बर्दाश्त नहीं करेंगे।राजभवन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एम के स्टालिन ने कहा है कि राष्ट्रगान के प्रति उचित सम्मान और संविधान में निहित मौलिक कर्तव्यों का पालन करने पर जोर दिया जाना ‘‘बेतुका’’ और ‘‘बचकाना’’ है।
JAN 12, 2025 16:01 IST

बेटे की मौत की खबर सुनकर सदमे से मां ने भी तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर हुई मारपीट में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गयी। इस घटना की जानकारी होने पर उसकी मां की भी सदमे से मौत हो गयी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कृपा शंकर ने बताया कि बैरिया थाना क्षेत्र के योगेंद्र गिरी की मठिया गांव में शनिवार की रात मोबाइल फोन को लेकर दीनानाथ का सुमन से विवाद हो गया। इस दौरान सुमन ने अपने रिश्तेदार दीनानाथ (45) को धक्का दे दिया और वह खड़ंजे पर गिर गये।
JAN 12, 2025 14:44 IST

दिल्ली में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत, एक घायल

पूर्वी दिल्ली में मयूर विहार के पास एक एसयूवी के सड़क पर बने डिवाइडर से टकराने और फिर विपरीत मार्ग में आ रही दो कारों से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। नोएडा लिंक रोड पर हुए इस हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हो गया। एसयूवी से टकराने वाली कारों में से एक के चालक आकाश द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दुर्घटना एक बोलेरो की वजह से हुई जो दिल्ली से नोएडा की ओर आ रही थी।
JAN 12, 2025 14:28 IST

बांग्लादेश ने पाकिस्तान के लोगों के लिए वीजा प्रक्रिया को सरल किया

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए पाकिस्तान के लोगों के लिए वीजा प्रक्रिया को सरल बना दिया है। पाकिस्तान में बांग्लादेश के उच्चायुक्त इकबाल हुसैन ने शनिवार को लाहौर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में व्यापारिक समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने वीजा जारी करते समय पाकिस्तानी दूतावास प्रमुखों के लिए बांग्लादेश से मंजूरी लेने की अनिवार्यता को हटा दिया है। समाचार पत्र ‘डॉन न्यूज’ की खबर के अनुसार, हुसैन ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाना हमारी शीर्ष प्राथमिकता होनी चाहिए।
JAN 12, 2025 14:28 IST

तबाही देखकर बहुत दुख हुआ: लॉस एंजिलिस के जंगलों में लगी आग पर प्रीति जिंटा ने कहा

अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर में रहने वाली अभिनेत्री प्रीति जिंटा का कहना है कि वह सुरक्षित हैं, लेकिन शहर में लगी भीषण आग के कारण हुई तबाही देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, लॉस एंजिलिस काउंटी के मेडिकल परीक्षक कार्यालय ने पुष्टि की है कि आग के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मंगलवार रात लगी आग में 12,000 से अधिक संरचनाएं जलकर राख हो गईं, जिनमें घर, अपार्टमेंट व व्यावसायिक इमारतें शामिल हैं। जिंटा के पति जीन गुडइनफ वित्तीय विश्लेषक हैं और उनके दो बच्चे हैं। अभिनेत्री ने ‘एक्स’ पर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन देखने को मिलेगा।
JAN 12, 2025 14:27 IST

भाजपा अपने संगठन में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने में जुटी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने संगठनात्मक ढांचे में बूथ से लेकर विभिन्न स्तरों पर अपनी निवर्तमान समितियों की तुलना में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व दे सकती है। महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में एक तिहाई सीट आरक्षित करने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम के कार्यान्वयन की तैयारी के मद्देनजर भाजपा यह बदलाव करने जा रही है। सूत्रों ने कहा कि मध्यप्रदेश जैसे राज्य में भाजपा के 62 संगठनात्मक जिलों में कम से कम सात से आठ महिला जिला अध्यक्ष हो सकती हैं। वर्तमान में इन जिलों में एक भी महिला जिला अध्यक्ष नहीं है।
JAN 12, 2025 13:24 IST

झारखंड अल्पसंख्यक आयोग ने ‘मॉब लिंचिंग' मामले की जांच के लिए टीम गठित की

झारखंड में पिछले साल दिसंबर में सरायकेला-खरसावां जिले में एक व्यक्ति की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या (मॉब लिंचिंग) किए जाने संबंधी मामले की जांच के लिए राज्य के अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अखिल भारतीय अल्पसंख्यक कल्याण मोर्चा के प्रवक्ता सरफराज हुसैन ने एक पत्र में आदित्यपुर में शेख ताजुद्दीन की हत्या की न्यायिक जांच की मांग की थी, जिसके बाद झारखंड अल्पसंख्यक आयोग ने इस घटना का संज्ञान लिया है। आयोग के एक शीर्ष पदाधिकारी ने कहा, ‘‘हमने शनिवार को खान की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम का गठन कर मामले की जांच करने का फैसला किया है।’’ खान ने कहा कि टीम घटना का विवरण प्राप्त करने के लिए मृतक के परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए सोमवार को कपाली का दौरा करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग (जेएसएमसी) की टीम इस संबंध में कार्रवाई रिपोर्ट का विवरण प्राप्त करने के लिए कपाली टाउन काउंसिल सभागार में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी करेगी। आठ दिसंबर को आदित्यपुर थानांतर्गत सपरा में अज्ञात व्यक्तियों के एक समूह ने ताजुद्दीन की कथित तौर पिटाई की थी जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। खान ने कहा कि जेएसएमसी ने पिछले साल 26 दिसंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को कहा था कि उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (सरायकेला) को जांच सौंपी गई है और रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। हालांकि, चार आरोपियों ने यहां एक अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस अधीक्षक ने कहा था कि घटना के करीब एक हफ्ते बाद अस्पताल में इलाज के दौरान ताजुद्दीन की मौत हो गई थी।
JAN 12, 2025 13:24 IST

आतिशी ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए चंदा अभियान शुरू किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी से आम आदमी पार्टी (आप) की उम्मीदवार आतिशी ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए रविवार को चंदा अभियान शुरू किया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लोग उनकी पार्टी की काम और ईमानदारी की राजनीति का समर्थन करेंगे। आतिशी ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चंदे के लिए एक ऑनलाइन लिंक जारी किया और कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने के लिए 40 लाख रुपये की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने हमेशा आम आदमी के छोटे-छोटे दान की मदद से चुनाव लड़ा है, जिससे उसे काम और ईमानदारी की राजनीति करने में मदद मिली है। आतिशी से जब भाजपा के इस दावे के बारे में पूछा गया कि कैग ने दिल्ली सरकार की रद्द हो चुकी आबकारी नीति के कारण 2,026 करोड़ रुपये का घाटा होने का अनुमान लगाया है, तो उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली में 10 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद आप के पास भ्रष्टाचार का कोई पैसा नहीं है। हम दिल्ली और देश के लोगों के समर्थन से चुनाव लड़ेंगे, जैसा कि पिछले चुनावों में किया गया है।" भाजपा पर निशाना साधते हुए आतिशी ने कहा, "शायद उन्होंने अपने दोस्तों से और सरकारी ठेकों के माध्यम से पर्याप्त धन एकत्र कर लिया है और उन्हें चुनाव लड़ने के लिए धन इकट्ठा करने की आवश्यकता नहीं है।" कालकाजी विधानसभा सीट से फिर से चुनाव लड़ रहीं आतिशी का मुकाबला पूर्व सांसद व भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी से है। दिसंबर में ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और जंगपुरा से पार्टी उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने एक ‘क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म’ शुरू कर प्रचार अभियान के लिए लोगों से वित्तीय मदद मांगी थी। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और परिणाम आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
JAN 12, 2025 13:21 IST

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सल रोधी अभियान पर निकली सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त टीम की इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में सुबह नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई। उन्होंने बताया कि इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जिला बल के जवान शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि रुक-रुककर हो रही गोलीबारी बंद होने के बाद घटनास्थल से वर्दीधारी तीन नक्सलियों के शव, स्वचालित हथियार और विस्फोटक बरामद हुए। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान अब भी जारी है। इसके साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 12 नक्सली मारे जा चुके हैं।
JAN 12, 2025 13:20 IST

तमिलनाडु के तिरुपुर में एटीएस ने 31 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया

देश के अलग-अलग राज्यों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेश के नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोयंबटूर इकाई के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने तिरुपुर जिले में अवैध रूप से रह रहे 31 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एटीएस को गुप्त जानकारी मिली थी कि तिरुपुर जिले में वस्त्र कारखानों में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी युवक रह रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर एसपी बद्री नारायण और एडीएसपी आनंद कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने तिरुपुर जिले के पल्लदम के पास अरुलपुरम का दौरा किया और किराये के कमरों की तलाशी ली। इस अभियान के दौरान टीम ने किराये के कमरों से 28 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा और उनके पास से वैध बांग्लादेशी पहचान दस्तावेज और मूल आधार कार्ड जब्त किए। इसके अलावा, वीरपंडी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में दो बांग्लादेशी युवकों और नल्लूर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में एक को गिरफ्तार किया गया। टीम ने कुल 31 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर संबंधित पुलिस थानों को सौंप दिया। अधिकारियों के मुताबिक, कई एजेंट बांग्लादेशी नागरिकों को तिरुपुर वस्त्र कारखानों में लाने के लिए काम कर रहे थे, और बांग्लादेशी नागरिकों द्वारा भारतीय सीमाओं को पार करने, आधार कार्ड प्राप्त करने और तिरुपुर में नौकरी खोजने के लिए एजेंटों को भुगतान किया जाता था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश की तुलना में भारत में बेहतर सैलरी मिलती थी। इसलिए, वे अक्सर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते थे और काम के लिए तिरुपुर आते थे।
JAN 12, 2025 12:07 IST

शामली में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद के कारण हुई गोलीबारी में चार लोग घायल

शामली जिले के कैराना थाना इलाके के मंडावर गांव में एक ही समुदाय के दो समूहों के बीच जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्याम सिंह ने बताया, "घायलों की पहचान उमरदीन, सद्दाम, इरफान और इमरान के रूप में हुई है, जिन्हें गोली लगने के बाद तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।" सीओ ने बताया कि शनिवार शाम को सद्दाम और इंतजार नामक व्यक्ति के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जो हिंसा में तब्दील हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
JAN 12, 2025 12:07 IST

ट्रंप के शपथग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे विदेश मंत्री एस. जयशंकर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 जनवरी को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि वाशिंगटन यात्रा के दौरान जयशंकर अमेरिका के आगामी ट्रंप प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘ट्रंप-वेंस शपथग्रहण समिति के निमंत्रण पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति निर्वाचित हुए डोनाल्ड जे. ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे।’’ विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘यात्रा के दौरान विदेश मंत्री (जयशंकर) अमेरिका के भावी प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए अमेरिका आने वाले कुछ अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी बैठकें करेंगे।’’
JAN 12, 2025 12:06 IST

मणिपुर के चुराचांदपुर और तेंगनौपाल जिले से हथियार, विस्फोटक बरामद

मणिपुर के चुराचांदपुर और तेंगनौपाल जिले में तलाश अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सात आग्नेयास्त्र और विस्फोटक बरामद किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चुराचांदपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ओल्ड गेलमोल गांव में तलाश अभियान के दौरान एक एके-56 राइफल समेत सात हथियार और चीन निर्मित एक हथगोला बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल में मोरे पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले गोवाजंग क्षेत्र में भी तलाश अभियान शुरू किया और लगभग एक किलोग्राम के दो आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) तथा लगभग पांच किलोग्राम का एक एक आईईडी बरामद किया।
JAN 12, 2025 10:08 IST

स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण व मानवता की सेवा के लिए प्रेरित किया। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी विरासत दुनिया भर में अनगिनत लोगों को प्रेरित करती रही है। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था। राष्ट्रपति ने कहा, "मैं स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देती हूं। स्वामीजी भारत के महान आध्यात्मिक संदेश को पश्चिमी दुनिया तक ले गए। उन्होंने भारत के लोगों में एक नया आत्मविश्वास भरा।" मुर्मू कहा कि उन्होंने युवाओं को अपनी पूरी क्षमता का उपयोग करने, राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने और मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
JAN 12, 2025 10:00 IST

केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की 32 गाड़ियां मौके पर

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर इलाके में रविवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसमान में काले धुएं का गुबार छाया हुआ है। आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर दमकल विभाग की 32 गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल की टीम आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। आग के बीच धमाकों की आवाज भी सुनाई दे रही है, आग बुझाने का काम चुनौतीपूर्ण है। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि रविवार तड़के 3.35 बजे नोएडा पुलिस को थाना बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दुजाना रोड़ पर स्थित श्री बांके बिहारी नाम की केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर दमकल की 32 गाड़ियां मौजूद हैं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। सभी उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है। जल्द ही आग को सफलतापूर्वक बुझाया जाएगा। इस आग की घटना में कोई भी जनहानि नहीं हुई है। बता दें कि धमाकों और धुएं की वजह से इलाके में लोग डर के साये में हैं। आग कैसे लगी, जांच में उसका खुलासा होगा। फैक्ट्री में किस तरह का केमिकल था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। मौके पर मौजूद दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में लगी हैं।
JAN 12, 2025 10:00 IST

ठाणे में 'कोडीन फॉस्फेट' की 192 बोतल जब्त, दो व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में ‘कोडीन फॉस्फेट’ की 192 के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। 'कोडीन फॉस्फेट' वाले 'कफ सिरप' के प्रयोग से नशा होता है और ये मेडिकल स्टोर पर आसानी से उपलब्ध होता है, इसलिए इसका व्यापक रूप से दुरुपयोग किया जाता है। सरकार ने कोडीन आधारित कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया है। कल्याण के पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को कल्याण क्षेत्र के कचोरे गांव से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से ‘कोडीन फॉस्फेट’ की 192 बोतल जब्त कीं। अधिकारी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों ने ‘कोडीन फॉस्फेट’ अवैध तरीके से अपने पास रखा था और उनका इरादा इसे बेचने का था। उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्राधिकारियों ने इसकी आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने तथा मादक पदार्थ के अवैध व्यापार में अन्य संभावित कड़ियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
JAN 12, 2025 09:59 IST

योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर नमन किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें नमन किया और सभी लोगों को ‘‘राष्ट्रीय युवा दिवस’’ की शुभकामनाएं दी। योगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व को यह दिखाया कि हिंदू धर्म मानवता का सच्चा मार्गदर्शक है। योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘गर्व से कहो, हम हिंदू हैं। सनातन संस्कृति को वैश्विक पटल पर पुनर्स्थापित करने वाले महान युवा संन्यासी, युग प्रवर्तक चिंतक, युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन एवं 'राष्ट्रीय युवा दिवस' की सभी को हार्दिक बधाई।’’ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘उन्होंने (स्वामी विवेकानंद) विश्व को यह दिखाया कि हिंदू धर्म मानवता का सच्चा मार्गदर्शक है। आइए, 'राष्ट्रीय युवा दिवस' पर उनके विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण हेतु संकल्पित हों।’’ प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को ‘‘राष्ट्रीय युवा दिवस’’ मनाया जाता है। यह दिन स्वामी विवेकानंद की जयंती है, जिन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा माना जाता है। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था।
JAN 12, 2025 09:30 IST

इटावा में घने कोहरे में ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत

इटावा-आगरा रेल लाइन पर घने कोहरे के बीच पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। सिविल लाइन थाने के प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सारंगपुरा निवासी राजकुमार यादव (45) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि राजकुमार शनिवार रात घने कोहरे के बीच पटरी पार कर रहा था और वह एक ट्रेन की चपेट में आ गया। सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
JAN 12, 2025 09:25 IST

'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' में शामिल होंगे पीएम मोदी आज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भारत मंडपम में 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' में भाग लेंगे। राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस दिन स्वामी विवेकानंद की जयंती है। इस दौरान पीएम मोदी देश भर के 3,000 युवा नेताओं से जुड़ेंगे और उन्हें संबोधित भी करेंगे। पीएम मोदी ने शनिवार को एक्स पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी भी दी। उन्होंने कहा, यह भारत की युवा शक्ति को श्रद्धांजलि है और यह एक बहुत ही खास दिन है क्योंकि यह स्वामी विवेकानंद की जयंती है। "12 जनवरी, एक बहुत ही खास दिन है क्योंकि यह स्वामी विवेकानंद की जयंती है। इस अवसर पर मैं पूरा दिन अपने युवा मित्रों के साथ 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' 2025 में बिताऊंगा। भारत के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।" 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' का उद्देश्य पारंपरिक तरीके से राष्ट्रीय युवा महोत्सव आयोजित करने की 25 साल पुरानी परंपरा को तोड़ना है। यह प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस के आह्वान के अनुरूप है जिसमें एक लाख गैर-राजनीतिक युवाओं को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। इसके अनुरूप, इस राष्ट्रीय युवा दिवस पर, प्रधानमंत्री देश के भावी नेताओं को प्रेरित, प्रोत्साहित और सशक्त बनाने के लिए डिज़ाइन की गई कई गतिविधियों में भाग लेंगे।