LIVEआज की ताजा खबर: संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से होगा शुरू...नई पीढ़ी की आकाश मिसाइल का सफल परीक्षण

आज की ताजा खबर: संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से होगा शुरू...नई पीढ़ी की आकाश मिसाइल का सफल परीक्षण
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 12 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ना जारी है। हालांकि, गुरुवार को हल्की धूप निकलने की वजह से तापमान में वृद्धि हुई और इससे लोगों को ठिठुरन से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि चूंकि पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी नहीं हुई है, इसलिए उत्तर भारत में आने वाले दिनों में सर्दी कम पड़ेगी। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंडक अपना रंग दिखाती रहेगी। राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के शामिल नहीं होने के फैसले पर भारतीय जनता पार्टी उस पर जमकर निशाना साध रही है। पार्टी ने कांग्रेस को 'राम विरोधी' पार्टी बताया है। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इसरो के प्रमुख सोमनाथ ने कहा है कि भारत 2028 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है।
इंडिया गठबंधन की बैठ कल
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के प्रमुख नेता 13 जनवरी को डिजिटल बैठक करेंगे जिसमें गठबंधन को मजबूत करने, सीट बंटवारे पर रणनीति बनाने और इस गठजोड़ का संयोजक नियुक्त करने को लेकर चर्चा की जाएगी।
विदेश मंत्री जयशंकर कर सकते हैं ईरान की यात्रा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर अपने ईरानी समकक्ष हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन के साथ बातचीत के लिए सोमवार को ईरान का दौरा कर सकते हैं। इस यात्रा के दौरान जयशंकर के लाल सागर में उभरती सुरक्षा स्थिति सहित कई द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है।लाल सागर को दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण जलमार्गों में से एक माना जाता है।
भाजपा नेता की हत्या के आरोप में 11 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के नेता असीम राय की हत्या के आरोप में कांग्रेस नेता और पखांजूर नगर पंचायत के अध्यक्ष समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है । मामले में एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड बरकरार
उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप बरकरार रहा, हालांकि दिन में आसमान साफ होने और धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड से अत्यधिक ठंड की स्थिति बरकरार रह सकती है।विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 10 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जबकि पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पुंछ में सेना के वाहन पर आतंकी हमला
जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में भारतीय सेना के वाहन पर आतंकियों द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। सुरक्षाबलों जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं।
नमो महिला सशक्तीकरण अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में नमो महिला सशक्तीकरण अभियान का शुभारंभ किया।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने में झिझक नहीं होनी चाहिए: कर्ण सिंह
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या में भूमि विवाद के मामले में SC का फैसला आने के बाद अब 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने में कोई झिझक नहीं होनी चाहिए। सिंह ने एक बयान में यह भी कहा कि उन्हें ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण मिला है, लेकिन वह स्वास्थ्य कारणों से इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस समारोह का जश्न दुनिया भर में लगभग एक अरब हिंदुओं द्वारा मनाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के डीजीपी का निलंबन रद्द
सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक पद से आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू को हटाने संबंधी हाई कोर्ट का आदेश निरस्त किया।
भारतीय तट रक्षक बल ने केरल तट से 12 मछुआरों को बचाया
भारतीय तटरक्षक बल ने यहां कोच्चि की एक नौका को डूबने से बचाया जिसमें 12 मछुआरे सवार थे । नौका का निचला हिस्सा पानी के भीतर क्षतिग्रस्त हो गया था और इसके भीतर बेतहाशा पानी भर गया था। शुक्रवार को एक अधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति में कहा गया है कि 11 जनवरी को कोच्चि के पास मुनंबम बंदरगाह से रवाना हुई नौका 'संजू' में पानी घुस गया था, जिसके बाद भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) को सहायता की गुहार लगाने के लि एक संकटकालीन कॉल की गयी। तटरक्षक बल ने नाव को पोन्नानी तट से लगभग 22 मील दूर से सफलतापूर्वक बचा लिया।
कोविड-19 के जेएन.1 सब-वैरिएंट के मामले 1000 के पार
देश में कोविड-19 के जेएन.1 उपस्वरूप के मामलों की संख्या 1000 के पार चली गयी है तथा अब उत्तर प्रदेश भी उन 16 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में शामिल हो गया जहां इस उपस्वरूप के मामले सामने आये हैं।इंडियन सार्स-कोव-2 जिनोमिक्स कंसोर्टियम ने यह जानकारी दी। इंसाकोग द्वारा तैयार किए गए आंकड़ों के अनुसार कर्नाटक में इस उपस्वरूप के सबसे अधिक 214 मामले सामने आये हैं जबकि महाराष्ट्र में 170 , केरल में 154, आंध्रप्रदेश में 189,गुजरात में 76 और गोवा में 66 ऐसे रोगियों का पता चला है। तेलंगाना और राजस्थान में जेएन.1 उपस्वरूप के 32-32 मामले सामने आये हैं। छत्तीसगढ़ में जेएन.1 उपस्वरूप के 25, तमिलनाडु में 22, दिल्ली में 16, उत्तर प्रदेश में छह, हरियाणा में पांच, ओडिशा में तीन, पश्चिम बंगाल में दो और उत्तराखंड में एक व्यक्ति कोविड के इस उपस्वरूप की चपेट में आया है। देश के 16 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में अब तक जेएन. उपस्वरूप के कुल 1013 मामलों का पता चला है।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इस साल के अंत तक चालू होगा : सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इस साल नवंबर या दिसंबर से चालू हो जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले 10 से 15 वर्ष में भारत के कम से कम 10 शहरों में दो-दो हवाई अड्डे होंगे। वह नागपुर के मिहान, विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) में एएआर-इंडेमर एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और निरीक्षण) केंद्र के उद्घाटन से इतर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) के संदर्भ में कहा, यह देश मुंबई को नवी मुंई से जुड़ता हुआ देखने के लिए पिछले 60 वर्ष से इंतजार कर रहा था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज लोगों के सपनों को साकार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज एमटीएचएल का उद्घाटन करेंगे।
महामारी के बाद पहली बार उत्तर कोरिया रूसी पर्यटकों के लिए अपनी सीमाएं खोलेगा
कोविड-19 महामारी के चलते 2020 में लॉकडाउन लगाए जाने के बाद पहली बार उत्तर कोरिया रूसी पर्यटकों के लिए अपनी सीमाएं खोलेगा। रूस सरकार संचालित तास समाचार एजेंसी द्वारा बुधवार को प्रसारित खबर रूस और उत्तर कोरिया के बीच बढ़ते सहयोग को उजागर करती है। पिछले साल सितंबर में रूस के सुदूर पूर्व में एक ‘कॉस्मोड्रोम’ में उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बैठक के बाद पर्यटकों की यात्रा शुरू होने वाली है। तास की खबर में पर्यटकों की यात्रा के समय के बारे में नहीं बताया गया है लेकिन विश्लेषकों को इससे हैरानी हुई है जिन्होंने उम्मीद जताई की थी कि उत्तर कोरिया महामारी के बाद पहले चीनी पर्यटकों के लिए अपनी सीमाएं खोलेगा। उत्तर कोरिया का सबसे करीबी मददगार और सहयोगी चीन है।
कार्ति चिदंबरम तीसरी बार प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश हुए
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम शुक्रवार को एक बार फिर से प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश हुए । वर्ष 2011 में कुछ चीनी नागरिकों को कथित वीजा जारी किये जाने से जुड़े धन शोधन मामले में पिछले एक महीने से भी कम समय में यह तीसरा मौका है जब वह जांच एजेंसी के समक्ष पूछताछ के लिये पेश हुए हैं। प्रवर्तन निदेशालय कार्ति से इससे पहले पिछले साल 23 दिसंबर को और इस वर्ष दो जनवरी को पूछताछ कर चुका है । केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत तमिलनाडु के शिवगंगा लोकसभा सीट से सांसद कार्ति का बयान दर्ज किया है । शुक्रवार की सुबह कार्ति तीसरी बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित ईडी के मुख्यालय पहुंचे।
'आप' के राज्यसभा उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय
आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली में राज्यसभा के लिए नामित सदस्यों स्वाति मालीवाल, संजय सिंह और एन डी गुप्ता का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है क्योंकि किसी अन्य दल के उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आप सांसद संजय सिंह, एन डी गुप्ता और सुशील कुमार गुप्ता का छह साल का कार्यकाल 27 जनवरी को समाप्त हो रहा है। पार्टी ने सिंह और गुप्ता को दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नामित किया है जबकि उसने दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष मालीवाल को सुशील गुप्ता के स्थान पर नामित किया है। एक अधिकारी ने कहा, तीनों उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है क्योंकि किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। नतीजों की घोषणा आधिकारिक रूप से आज की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख नौ जनवरी थी जबकि नामांकन पत्रों की छंटनी 10 जनवरी को की गयी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 12 जनवरी है।
मिजोरम: 68.41 करोड़ की कीमत के नशीले पदार्थ जब्त, तीन गिरफ्तार
मिजोरम में दो- दो अलग-अलग अभियानों के तहत 68.41 करोड़ रूपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। असम राइफल्स ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। असम राइफल्स के जवानों ने एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सियाहा जिले के बुआलपुई गांव में छापा मारा और 225 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया। असम राइफल्स ने जानकारी दी कि बुधवार को जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत 1.75 करोड़ रुपये है। इसके संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भारत ने नई पीढ़ी की आकाश मिसाइल का सफल परीक्षण किया
भारत ने शुक्रवार को ओडिशा के चांदीपुर अपतटीय क्षेत्र स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) से नयी पीढ़ी की आकाश मिसाइल का सफल परीक्षण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा बहुत कम ऊंचाई पर उच्च गति वाले मानवरहित हवाई लक्ष्य को निशाना बनाकर किया गया। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षण के दौरान अस्त्र प्रणाली ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक रोका और नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने कहा, स्वदेशी रूप से विकसित रेडियो फ्रीक्वेंसी सीकर, लॉन्चर, बहु कार्य रडार और कमान, नियंत्रण एवं संचार प्रणाली के साथ मिसाइल से युक्त संपूर्ण अस्त्र प्रणाली का कामकाज सटीक साबित हुआ।
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से होगा शुरू
संसद का संक्षिप्त बजट सत्र 31 जनवरी से 9 फरवरी के बीच आयोजित किया जाएगा। यह 17वीं लोकसभा का आखिरी बजट होगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जोशी ने कहा कि अंतरिम बजट सत्र 2024 यानी सत्रहवीं लोकसभा का आखिरी सत्र 31 जनवरी से 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें संसद में माननीय राष्ट्रपति (द्रौपदी मुर्मू) का संबोधन होगा। एक फरवरी को माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी। इस साल अप्रैल-मई में संभावित लोकसभा चुनाव के बाद बनने वाली नई सरकार बाद में पूर्ण बजट पेश करेगी। वर्तमान लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को समाप्त हो रहा है, इसलिए आम चुनाव की घोषणा से पहले यह सत्रहवीं लोकसभा का संभवत: आखिरी सत्र होगा। वर्ष 2019 में, लोकसभा चुनावों की घोषणा 10 मार्च को की गई थी और 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में मतदान हुआ था।
केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल पुलिस को 2018 के हत्या के प्रयास मामले में केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न करने का निर्देश दिया।
असली मुद्दों से ध्यान हटाकर भावनात्मक मुद्दों का राजनीतिक दुरुपयोग हो रहा है: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि मौजूदा समय में वास्तविक मुद्दों से नज़रें फेर कर भावनात्मक मुद्दों का राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है, जो देश की जनता के साथ छल है। राहुल गांधी ने 'राष्ट्रीय युवा दिवस' के अवसर पर ट्विटर पर पोस्ट किया, "देश के युवाओं! आज 'राष्ट्रीय युवा दिवस' पर हमें स्वामी विवेकानंद के विचारों को फिर से याद करने की ज़रूरत है। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा को ही एक समृद्ध देश का आधार कहा और पीड़ित एवं निर्धन की सेवा को ही सबसे बड़ी तपस्या बताया था।" उन्होंने कहा, युवाओं को विचार करना ही होगा कि आखिर क्या होगी हमारे सपनों के भारत की पहचान? जीवन की गुणवत्ता या सिर्फ भावुकता? उत्तेजक नारे लगाता युवा या रोज़गार प्राप्त युवा? मोहब्बत या नफ़रत?" कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया कि आज वास्तविक मुद्दों से नज़रें फेर कर भावनात्मक मुद्दों का राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है, जो देश की जनता के साथ छल है।
पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविंदर रिंदा का मुख्य सहयोगी गिरफ्तार
पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविंदर रिंदा के एक प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है जो पंजाब में सनसनीखेज अपराध करने के लिए एक आतंकवादी संगठन से जुड़े लोगों को हथियार मुहैया करा रहा था। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। डीजीपी ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति के पास से एक चीनी पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किए गए हैं। यादव ने ट्विटर पर लिखा, 'एक बड़ी सफलता में पंजाब की एजीटीएफ ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में पाकिस्तान में बसे हरविंदर सिंह रिंदा और अमेरिका में बसे हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया के प्रमुख सहयोगी कैलाश खिचन को गिरफ्तार कर लिया है।