LIVEआज की ताजा खबर: BJP ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी, AAP विधायक की गोली लगने से मौत; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर 11 जनवरी 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भाजपा ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 29 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी। इस लिस्ट में पांच महिला उम्मीदवार भी हैं। पंजाब के लुधियाना पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत गोगी को गोली लगने के बाद मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना आधी रात के आसपास हुई और विधायक को डीएमसी अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने एक महिला बीपीओ कर्मचारी की कथित हत्या के मामले की परिस्थितियों की जांच के लिए एक तथ्यान्वेषी समिति गठित की है। महिला कर्मचारी की पैसे के विवाद में कंपनी के पार्किंग क्षेत्र में सहकर्मी ने हत्या कर दी थी। इसके अलावा वित्तवर्ष 2023-24 में दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय 4,61,910 रुपये थी। इस मामले में, देश में गोवा और सिक्किम के बाद राष्ट्रीय राजधानी तीसरे स्थान पर है। नवीनतम आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। वहीं आगरा की एक विशेष सांसद/विधायक अदालत ने किसानों के अपमान के मामले में अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत या उनकी ओर से वकील के उपस्थित नहीं होने पर, शुक्रवार को थाना न्यू आगरा को 29 जनवरी तक गवाह, सबूत और बयानों की जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

आज की ताजा खबर: BJP ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी, AAP विधायक की गोली लगने से मौत; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर: असम में 10 महीने के एक बच्चे में ‘ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस’ (एचएमपीवी) संक्रमण का पता चला है, जो इस मौसम में असम में ऐसा पहला मामला है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। वहीं छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विस्फोट महादेव घाट इलाके में हुआ, जहां सुबह के समय सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन की एक टीम अभियान पर थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले महीने फ्रांस की राजकीय यात्रा पर आएंगे और यहां होने वाले कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यह जानकारी दी। मैक्रो ने कहा, ‘‘फ्रांस 11 और 12 फरवरी को एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जो कार्रवाई करने के लिए एक शिखर सम्मेलन है। यह हमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर चर्चा करने में सक्षम बनाएगा।’’ वहीं पंजाब के लुधियाना पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत गोगी को गोली लगने के बाद मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना आधी रात के आसपास हुई और विधायक को डीएमसी अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा आगरा की एक विशेष सांसद/विधायक अदालत ने किसानों के अपमान के मामले में अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत या उनकी ओर से वकील के उपस्थित नहीं होने पर, शुक्रवार को थाना न्यू आगरा को 29 जनवरी तक गवाह, सबूत और बयानों की जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव
- छत्तीसगढ़ में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ का जवान घायल
- असम में 10 महीने के बच्चे में पाया गया एचएमपीवी संक्रमण
- पीएम मोदी फरवरी में करेंगे फ्रांस का दौरा, राष्ट्रपति मैक्रों ने बताया प्लान
- लुधियाना में आप विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से हुई मौत
- निकोलस मादुरो ने ली वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद की शपथ
- एनसीडब्ल्यू ने पुणे में नृशंस हत्या के बाद कार्यस्थल पर हिंसा की जांच शुरू की
- गोवा, सिक्किम के बाद दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय सबसे अधिक
- असम में कोयला खदान में फंसे एक और मजदूर का शव बरामद
- कांग्रेस ने यमुना किनारे शारदा सिन्हा के नाम पर छठ घाट बनाने का वादा किया
BJP ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी
भाजपा ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 29 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी। इस लिस्ट में पांच महिला उम्मीदवार भी हैं। पार्टी ने कपिल मिश्रा को करावल नगर से मैदान में उतारा है। जबकि हरीश खुराना को मोतीनगर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। वहीं हाल ही में आप से बीजेपी में शामिल हुई प्रियंका गौतम को कोंडली से मैदान में उतारा गया है।
दिल्ली में हल्की बारिश, न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज
दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम को हल्की बारिश हुई और शहर का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह शहर में कोहरे की मोटी परत छाने के कारण दृश्यता कम हो गई और रेल परिचालन प्रभावित हुआ है जिससे 45 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। आईएमडी ने बताया कि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है। मध्य दिल्ली क्षेत्र सहित राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
दिल्ली में 20 वर्षीय युवक पर 3 लोगों ने किया चाकू से हमला
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शनि बाजार इलाके में तीन अज्ञात लोगों ने 20 वर्षीय एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे हुई जब हमलावरों ने बाजार में आतिफ पर हमला किया। हमलावरों ने समीर नामक व्यक्ति के बारे में पूछताछ की तथा आतिफ पर हमला करने का आरोप लगाया। पीड़ित ने समीर नामक किसी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी होने या उसके साथ कोई विवाद होने से इनकार किया। आतिफ के जवाब के बावजूद हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला किया और घटनास्थल से भाग गए।
कन्नौज में निर्माणाधीन इमारत हादसे को लेकर जांच समिति गठित
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में रेलवे स्टेशन पर शनिवार को अमृत भारत योजना के तहत निर्माणाधीन दो मंजिला एक इमारत का लिंटर ढहने से मलबे में 20 से अधिक मजदूर दब गए। कन्नौज हादसे का संज्ञान लेते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है और घटना में मामूली रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये और गंभीर रूप से घायलों को ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की है।
PM मोदी के कश्मीर दौरे से पहले बढ़ी सुरक्षा
जम्मू कश्मीर के गांदरबल जिले में जेड-मोड़ सुरंग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 जनवरी को कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मध्य कश्मीर जिले के सोनमर्ग इलाके के गगनगीर में सुरंग के उद्घाटन के बाद एक रैली को संबोधित कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर समेत घाटी के कई इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। उन्होंने बताया, ‘‘जेड-मोड़ सुरंग के पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है और एसपीजी कर्मियों वाली प्रधानमंत्री की सुरक्षा टीम ने कार्यक्रम स्थल को अपनी निगरानी में ले लिया है।’’
गणतंत्र दिवस परेड के साक्षी बनेंगे महाराष्ट्र के 23 विशेष अतिथि
नयी दिल्ली में 76वीं गणतंत्र दिवस परेड का साक्षी बनने के लिए मुंबई के पांच लोगों सहित महाराष्ट्र के 23 लोगों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश भर से 10,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जो कर्तव्य पथ पर परेड देखेंगे। मुंबई के पांच विशेष अतिथियों में एंटॉप हिल से अतुल हनुमंत जाधव और मुंबई के वसई (पश्चिम) से वैभव नितिन पाटिल को प्रधानमंत्री यशस्वी योजना के तहत आमंत्रित किया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार, कलाकार निवास, भयंदर (पूर्व) से ब्रह्मदेव पंडित (शिल्पगुरु और पद्मश्री से अलंकृत) और अभय ब्रह्मदेव पंडित (राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता) को महाराष्ट्र वस्त्र (हस्तशिल्प) श्रेणी के तहत आमंत्रित किया गया है और बदलापुर (पश्चिम) से आंगनवाड़ी सहायक आयुक्त उज्ज्वला सदाशिवराव पाटिल को महाराष्ट्र महिला एवं बाल विकास (हस्तशिल्प) श्रेणी के तहत आमंत्रित किया गया है।
पाकिस्तान में IED विस्फोट, चार की मौत
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने अर्धसैनिक बल फ्रंटियर कोर (एफसी) के जवानों को ले जा रहे एक ट्रक को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट किया, जिसमें चार नागरिक घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को चमन शहर में हुए इस हमले में फ्रंटियर कोर का कोई जवान घायल नहीं हुआ।
कन्नौज में निर्माणाधीन इमारत ढही
Kannauj Building Collapsed: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब रेलवे स्टेशन की निर्माणाधीन इमारत की सटरिंग अचानक से भरभराकर गिर गई। इस हादसे में 14 लोग घायल हो गए जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
सीलमपुर में सोमवार को होगी राहुल की जनसभा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को सीलमपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि गांधी देश की जनता की आवाज बनकर उभरे हैं।
राजस्थान: सहकारी बैंक के मुख्य प्रबंधक के पास से 8.50 लाख नकद बरामद
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड़ (जिला हनुमानगढ़) के मुख्य प्रबंधक संजय शर्मा के पास से आठ लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। एसीबी के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक गोपनीय सूचना मिली थी कि केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड़ का मुख्य प्रबंधक संजय शर्मा क्रय विक्रय सहकारी समितियों में अन्न भंडारण योजना में गोदामों की स्वीकृति के लिए कमीशन की एवं अन्य रिश्वत राशि ले करके नोहर-रावतसर क्षेत्र से हनुमानगढ़ आ रहा है। उन्होंने बताया कि टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और शुक्रवार रात कोहला टोल प्लाजा पर उसे रोककर जांच की गई। आरोपी अधिकारी आठ लाख 50 हजार रुपये की नगदी के साथ पकड़ा गया और इस राशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उन्होंने बताया कि राशि को जब्त कर लिया है और उचित कार्रवाई की जा रही है।
शिवसेना (उबाठा) अकेले लड़ेगी स्थानीय निकाय चुनाव: राउत
शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी। राज्यसभा सदस्य ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ और महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए है। उन्होंने कहा, ‘‘ गठबंधन में, अलग-अलग दलों के कार्यकर्ताओं को अवसर नहीं मिलते और इससे संगठनात्मक विकास में बाधा आती है। हम अपने दम पर मुंबई, ठाणे, नागपुर और अन्य नगर निगमों, जिला परिषदों व पंचायतों के चुनाव लड़ेंगे।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी को संकेत दिए हैं कि उसे अकेले चुनाव लड़ना चाहिए। राज्य विधानसभा में एमवीए की हार को लेकर आरोप-प्रत्यारोप के लिए कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा कि जो लोग आम सहमति और समझौते में विश्वास नहीं करते, उन्हें गठबंधन में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने लोकसभा चुनावों के बाद एक भी बैठक नहीं की। शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, ‘‘हम ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए एक संयोजक भी नियुक्त नहीं कर पाए। यह ठीक नहीं है। गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते, बैठक बुलाना कांग्रेस की जिम्मेदारी है।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहले पॉडकास्ट के दौरान की गई टिप्पणी ‘‘वह इंसान हैं और गलतियां कर सकते हैं’’ के बारे में पूछे गए सवाल पर राउत ने कहा, ‘‘वह (मोदी) भगवान हैं। मैं उन्हें इंसान नहीं मानता। भगवान तो भगवान होता है। अगर कोई खुद को अवतरित घोषित करता है तो वह इंसान कैसे हो सकते हैं? वह विष्णु के 13वें अवतार हैं। भगवान माना जाने वाला कोई व्यक्ति अगर यह कहता है कि वह इंसान है, तो कुछ गड़बड़ है। इसमें केमिकल लोचा है।’’
बलिया में भगवान हनुमान की प्रतिमा खंडित मिली, मामला दर्ज
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सिकन्दरपुर थानाक्षेत्र के सिकन्दरपुर कस्बे के गोलाबाजार मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भगवान हनुमान की एक प्रतिमा खंडित किये जाने का मामला सामने आया है। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार सिकन्दरपुर कस्बे के गोलाबाजार मोहल्ले में स्थित हनुमान मंदिर में शुक्रवार देर शाम अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भगवान हनुमान की प्रतिमा खंडित कर दी गई। थाना प्रभारी विकास चंद्र पांडेय ने शनिवार को बताया कि भगवान हनुमान की प्रतिमा का गदा तोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को ठीक करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में सिकन्दरपुर पुलिस चौकी प्रभारी जान प्रकाश तिवारी की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में बारिश, कोहरा व कड़ाके की सर्दी
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान में मौसम अचानक बदल गया है और कई जगह बारिश व वज्रपात के बीच कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। राज्य के अनेक इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह के चौबीस घंटों के दौरान राज्य में कहीं कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 2.8 मिलीमीटर बारिश फलोदी में हुई। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अनेक इलाकों में दिन की शुरुआत घने कोहरे के बीच हुई। इस दौरान जिन इलाकों में बारिश हुई उनमें जोधपुर, जैसलमेर, अलवर, अजमेर व बीकानेर जिले के अनेक स्थान शामिल हैं। राजधानी जयपुर सहित अनेक जगह पर शनिवार सुबह से बूंदाबांदी व बारिश हो रही है। मौसम केंद्र ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को राज्य में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अनुसार 11 जनवरी को भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। वहीं 12 जनवरी से पुनः मौसम शुष्क रहने तथा कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है।
असम में 10 महीने के बच्चे में पाया गया एचएमपीवी संक्रमण
असम में 10 महीने के एक बच्चे में ‘ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस’ (एचएमपीवी) संक्रमण का पता चला है, जो इस मौसम में असम में ऐसा पहला मामला है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे का डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएमसीएच) में इलाज हो रहा है और अब उसकी हालत स्थिर है। एएमसीएच के अधीक्षक डॉ. ध्रुबज्योति भुइयां ने बताया कि बच्चे को चार दिन पहले सर्दी संबंधी लक्षणों होने के कारण सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अधीक्षक ने कहा, ‘‘लाहौल स्थित आईसीएमआर-आरएमआरसी से परीक्षण के नतीजे मिलने के बाद कल एचएमपीवी संक्रमण की पुष्टि हुई।’’ भुइयां ने कहा कि इन्फ्लूएंजा और फ्लू से संबंधित मामलों में परीक्षण के लिए नमूने नियमित रूप से भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद को भेजे जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक नियमित जांच थी, जिसके दौरान एचएमपीवी संक्रमण का पता चला। बच्चे की हालत अब स्थिर है। यह एक सामान्य वायरस है और चिंता की कोई बात नहीं है।’’ लाहोवाल (डिब्रूगढ़) में स्थित आईसीएमआर के क्षेत्रीय चिकित्सा अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विश्वजीत बोरकाकोटी ने कहा, ‘‘2014 से हमने डिब्रूगढ़ जिले में एचएमपीवी के 110 मामलों का पता लगाया है। यह इस मौसम का पहला मामला है। हर साल इसका पता चलता है और यह कुछ भी नया नहीं है। हमें एएमसीएच से नमूना मिला है और इसमें एचएमपीवी की पुष्टि हुई है।’’
द्रमुक ने इरोड पूर्व विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा की
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने पांच फरवरी को होने वाले इरोड पूर्व विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को पूर्व विधायक वी सी चंद्र कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के साथ समझौता होने के बाद चेन्नई में जारी एक बयान में उनके नाम की घोषणा की। यह सीट विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ईवीकेएस एलंगोवन के निधन से रिक्त हुई है और इसलिए इस पर उपचुनाव कराया जा रहा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वी सी चंद्र कुमार 13 जनवरी को नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी की मौत पर सीएम मान ने जताया दुख
पंजाब के लुधियाना पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी की शुक्रवार रात गोली लगने से मौत हो गई। उनके निधन से पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई है। विधायक को गोली लगने के बाद इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी के निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश में लिखा, "लुधियाना पश्चिमी से हमारी पार्टी के सम्माननीय विधायक गुरप्रीत गोगी जी के निधन की दुखद खबर मिली। सुनकर बेहद दुख हुआ, गोगी जी बहुत अच्छे इंसान थे। दुख की घड़ी में परिवार के साथ दिल से हमदर्दी। परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। परिवार सहित चाहने वालों को दुख सहने की हिम्मत और साहस दें। वाहेगुरु वाहेगुरु।" पंजाब के मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया ने भी इस दुखद घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि हमें गुरप्रीत गोगी के निधन की बहुत दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिली। हमें बस इतना पता है कि यह एक दुर्घटना थी। यह पार्टी और मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से क्षति है। वह एक बड़े भाई की तरह थे। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जसकरण सिंह तेजा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि परिवार के सदस्यों के अनुसार विधायक ने गलती से खुद को गोली मार ली और उनके सिर में गोली लग गई। गुरप्रीत गोगी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। उनके शव को डीएमसी अस्पताल के शवगृह में रख दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
मध्यप्रदेश के दमोह में नाबालिग से सामूहिक बलात्कार
मध्यप्रदेश के दमोह जिले में जन्मदिन की पार्टी में जा रही 12 वर्षीय लड़की के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार शाम को हुई और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। देहात पुलिस थाने के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि लड़की अपने चचेरे भाई के घर जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी, तभी उसके एक परिचित ने उसे कथित तौर पर रोका और अपने दो साथियों के साथ मिलकर जबरन कार में बैठा लिया। उन्होंने बताया कि तीनों ने बच्ची को तालाब के पास सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। कुमार ने बताया कि लड़की किसी तरह घर पहुंची और अपने परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर लोगों को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर शनिवार को लोगों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष से बना यह मंदिर हमारी संस्कृति और अध्यात्म की महान धरोहर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि यह दिव्य-भव्य राममंदिर विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।’’
दिल्ली में छाया घना कोहरा, ट्रेन सेवा प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह घना कोहरा छाये रहने के कारण दृश्यता कम हो गई जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घने कोहरे के कारण 45 ट्रेन विलंबित हुईं। मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग में रात साढ़े 12 बजे से देर रात डेढ़ बजे तक न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर रही, जो उसके बाद सुधर कर 200 मीटर हो गई तथा सुबह साढ़े सात बजे तक भी दृश्यता 200 मीटर रही। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में सामान्य है। मौसम विभाग ने दिन में गरज चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 100 प्रतिशत थी।
छत्तीसगढ़ में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ का जवान घायल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विस्फोट महादेव घाट इलाके में हुआ, जहां सुबह के समय सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन की एक टीम अभियान पर थी। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान सीआरपीए के एक जवान का पैर आईईडी पर पड़ गया, जिससे उसमें विस्फोट हो गया। अधिकारी ने बताया कि घायल जवान को बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले शुक्रवार को पड़ोसी जिले नारायणपुर में दो स्थानों पर नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से एक ग्रामीण की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे। छह जनवरी को नक्सलियों ने बीजापुर जिले में एक वाहन को आईईडी में विस्फोट करके उड़ा दिया था, जिससे आठ पुलिसकर्मी और एक आम वाहन चालक की मौत हो गई थी।