LIVEआज की ताजा खबर, 10 मार्च 2025: मार्क कार्नी होंगे कनाडा के अगले पीएम...महाराष्ट्र सरकार ने पेश किया बजट
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 10 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 10 मार्च (सोमवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 10 मार्च 2025: मार्क कार्नी होंगे कनाडा के अगले पीएम...महाराष्ट्र सरकार ने पेश किया बजट
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 10 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: मार्क कार्नी कनाडा के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे, सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी ने रविवार को उन्हें अपना नेता चुन लिया है। कनाडा इस समय कई संकटों से घिरा है, जिसमें अमेरिका की ओर से टैरिफ वॉर सबसे ऊपर है। कार्नी 59 वर्ष के हैं। उनका जन्म 16 मार्च, 1965 को नॉर्थवेस्ट टेरिटरीज़ के फ़ोर्ट स्मिथ में हुआ था और उनका पालन-पोषण एडमॉन्टन, अल्बर्टा में हुआ था। मार्क कार्नी एक प्रसिद्ध कनाडाई आर्थिक विशेषज्ञ हैं, जो केंद्रीय बैंकिंग और वैश्विक वित्तीय स्थिरता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए जाने जाते हैं। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार को शुरू हो रहा है, जिसमें सरकार और विपक्ष के बीच 'ईपीआईसी' के मुद्दे पर टकराव होने की उम्मीद है। विपक्ष मतदाता सूची में कथित हेराफेरी, मणिपुर में हिंसा की ताजा घटना और ट्रंप प्रशासन से निपटने में भारत के रुख जैसे मुद्दों को उठाने की योजना बना रहा है। सरकार का ध्यान अनुदान मांगों के लिए संसद की मंजूरी प्राप्त करने के साथ-साथ बजटीय प्रक्रिया को पूरा करने, मणिपुर बजट के लिए अनुमोदन प्राप्त करने और वक्फ संशोधन विधेयक को पारित करने पर रहेगा। भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (76 रन) के अर्धशतक से रविवार को यहां फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी 2025 अपने नाम की। यह भारत का लगातार दूसरा आईसीसी खिताब है। फाइनल में 252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 49 ओवर तक छह विकेट पर 254 रन बनाकर जीत दर्ज की। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
महाराष्ट्र सरकार ने पेश किया बजट
Maharashtra Budget 2025-26: महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को लड़की बहन योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये आवंटित किए, लेकिन भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा नहीं की। साथ ही सीएनजी और एलपीजी वाहनों पर मोटर वाहन कर में 1 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव किया। उप-मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री अजित पवार ने आज वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 7,00,020 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने विधानसभा में अपना 11वां राज्य बजट पेश किया और एक नई औद्योगिक नीति की घोषणा की, जिसमें 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 50 लाख नौकरियों के सृजन पर ध्यान केंद्रित किया गया। अजित पवार ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र को विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, और 2047 तक इसकी अर्थव्यवस्था 1.5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की होगी, उन्होंने पड़ोसी पालघर जिले में वधवन बंदरगाह के पास महानगर में तीसरे हवाई अड्डे की घोषणा की। सरकार ने मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये आवंटित किए, लेकिन उसने लाभार्थियों को भत्ते में 1,500 रुपये से 2100 रुपये की बढ़ोतरी का कोई उल्लेख नहीं किया, जैसा कि पिछले साल विधानसभा चुनावों से पहले सत्तारूढ़ महायुति ने वादा किया था।
महाकुंभ में स्नान के लिए उपयुक्त था गंगा जल: सरकार ने लोकसभा में कहा
केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की एक नयी रिपोर्ट का हवाला दिया और कहा कि हाल में संपन्न महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर गंगा का पानी स्नान के लिए उपयुक्त था। सरकार ने यह भी कहा कि उसने 2022-23, 2023-24 और 2024-25 (9 मार्च तक) में गंगा की सफाई के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) को कुल 7,421 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया और कांग्रेस सांसद के. सुधाकरन के प्रश्न के लिखित जवाब में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, निगरानी वाले सभी स्थानों पर पीएच , घुलित ऑक्सीजन (डीओ), जैव रासायनिक ऑक्सीजन मांग (बीओडी) और फीकल कॉलीफॉर्म (एफसी) के औसत मान स्नान के लिए स्वीकार्य सीमा के भीतर थे।
पश्चिम बंगाल- भाजपा विधायक तृणमूल कांग्रेस में शामिल
पश्चिम बंगाल के हल्दिया से भाजपा विधायक तापसी मंडल तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं।
जम्मू-कश्मीर में रमजान के दौरान आयोजित फैशन शो पर हंगामा
Fashion Show in Gulmarg: जम्मू-कश्मीर में रमजान के महीने में आयोजित एक फैशन शो को लेकर हंगामा मच गया है। शो पर अश्लीलता के आरोप लग रहे हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वे लोगों के सदमे और गुस्से को पूरी तरह समझते हैं। यह फैशन कार्यक्रम स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में आयोजित किया गया था, जिसकी राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही वर्गों में खासी आलोचना हो रही है। ऑनलाइन साझा की गई तस्वीरों में "अर्ध-नग्न" पुरुष और महिलाएं छोटे कपड़ों में रैंप पर चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। आलोचकों का तर्क है कि इससे राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुंचा है। सीएम अब्दुल्ला ने इस संबंध में 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने मीरवाइज उमर फारूक की इसी तरह की पोस्ट को साझा करते हुए कहा कि हैरत और गुस्सा पूरी तरह से समझ में आता है। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं, वे स्थानीय संवेदनशीलता के प्रति पूरी तरह से उपेक्षा दिखाती हैं और वह भी इस पवित्र महीने के दौरान।
इंजीनियर राशिद की याचिका खारिज
Engineer Rashid: दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को जेल में बंद जम्मू-कश्मीर के सांसद इंजीनियर राशिद की आगामी संसद सत्र में भाग लेने के लिए हिरासत में पैरोल की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने याचिका खारिज कर दी और राशिद की नियमित जमानत याचिका पर आदेश 19 मार्च को सूचीबद्ध किया। 3 मार्च को अदालत ने एनआईए से याचिका पर जवाब देने को कहा था, जिसके बाद दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
जडेजा ने जीता सर्वश्रेष्ठ फील्डिंग मेडल
अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद फील्डर ऑफ द मैच का मेडल जीता है। अपने गेंदबाजी स्पैल में जडेजा ने 10 ओवर में सिर्फ 30 रन दिए और टॉम लैथम का महत्वपूर्ण विकेट लिया, जिससे भारत ने न्यूजीलैंड को 50 ओवर में 251/7 पर रोक दिया। बाद में, कप्तान रोहित शर्मा ने 76 रन बनाए और केएल राहुल ने शांत रहते हुए नाबाद 34 रन बनाए और रविवार को यहां न्यूजीलैंड पर चार विकेट से जीत के साथ मैन इन ब्लू को अपनी तीसरी चैंपियंस ट्रॉफी जीत दिलाई। जीत के बाद, फील्डिंग कोच टी दिलीप ने पूरे टूर्नामेंट में भारत के फील्डिंग प्रयासों की सराहना की और जडेजा को फील्डिंग मेडल का विजेता बताया।
नोएडा : ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कराने वाले दो गिरफ्तार
नोएडा पुलिस ने लिखित परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से नकल कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सेक्टर-58 पुलिस द्वारा की गई, जिसमें एक परीक्षार्थी और परीक्षा में मदद करने वाले एक निजी कंपनी के कर्मचारी को पकड़ा गया।
हंगामे के बाद विपक्ष का राज्यसभा से बहिर्गमन
विपक्ष दलों ने मतदाता सूची में कथित हेराफेरी और लोकसभा सीटों के परिसीमन के मुद्दे पर सोमवार को राज्यसभा में हंगामा किया और आसन की ओर से इन मुद्दों पर कार्यस्थगन नियम के तहत चर्चा कराए जाने की मांग खारिज किए जाने के बाद उच्च सदन से बहिर्गमन किया। सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने विपक्षी सदस्यों के इस व्यवहार की निंदा की और आसन से आग्रह किया कि वह नेता प्रतिपक्ष सहित सभी सदस्यों को ‘रिफ्रेशर’ कोर्स करवाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, बशर्ते वे नियमों के तहत हों।
एअर इंडिया की उड़ान बम रखे होने की सूचना मिलने पर मुंबई लौटी
मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की एक उड़ान में बम रखे होने की सूचना मिलने के बाद इसे सोमवार को मुंबई वापस लाया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। विमान में 320 से अधिक लोग सवार थे और यह सुरक्षित रूप से मुंबई में उतर गया। सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘ आज 10 मार्च 2025 को मुंबई-न्यूयॉर्क (जेएफके) उड़ान एआई 119 में संभावित सुरक्षा खतरे का पता चला। आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को वापस मुंबई ले जाया गया।’’
सपा ने पत्रकार की हत्या का मुद्दा लोकसभा में उठाया
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद आनंद भदौरिया ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक पत्रकार की हत्या का मुद्दा सोमवार को लोकसभा में उठाया और इस घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने का आग्रह किया। उत्तर प्रदेश के धौरहरा से लोकसभा सदस्य भदौरिया ने शून्यकाल में कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई जिससे पता चलता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति है।
हिमाचल के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बूंदाबांदी का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला केंद्र ने हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों में सोमवार को और बुधवार से शुक्रवार तक गरज के साथ बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी हुई। इसने बताया कि केलांग में एक सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि गोंदला में बहुत कम बर्फबारी हुई।
बूंदी के ढाबे में कर्मचारियों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या की
बूंदी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 के किनारे स्थित एक ढाबे में कर्मचारियों ने 23 वर्षीय युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान कोटा जिले के प्रेम नगर इलाके के निवासी नितिन खटीक के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अभी पकड़ा नहीं जा सका है।
उ.कोरिया ने उत्तर-पश्चिमी तटरेखा पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
दक्षिण कोरिया की सेना ने सोमवार को दावा किया कि उत्तर कोरिया ने अपनी पश्चिमी तटरेखा पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। दक्षिण कोरिया की सेना ने सोमवार को मिसाइल दागे जाने की पुष्टि की, लेकिन इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं दी। यह मिसाइलें ऐसे समय में दागी गयी है जब दक्षिण कोरिया और अमेरिकी सेनाओं के बीच वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास किया जा रहा है। उत्तर कोरिया इसे अतिक्रमण के पूर्वाभ्यास के तौर पर देखता है।
रिश्वत लेने का आरोपी दारोगा निलंबित
शाहजहांपुर जिले में कथित रूप से रिश्वत लेते की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद आरोपी दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश एस. ने सोमवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो आया था जिसमें एक दारोगा रिश्वत लेते हुए दिखाई दे रहा है। उसकी पहचान कलान थाने में तैनात उप निरीक्षक अनिल कुमार के रूप में हुई।
दिल्ली में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर फूल मंडी के पास 32 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गाजीपुर गांव का निवासी रोहित गोली लगने से घायल हो गया था। उसे एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पूर्व विधायक धंगेकर कांग्रेस छोड़ेंगे
महाराष्ट्र के पूर्व कांग्रेस विधायक रविंद्र धंगेकर ने सोमवार को कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया और संकेत दिया कि वह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।
हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ
पेन्सिल्वेनिया के उपनगरीय क्षेत्र में एक हवाई अड्डे के बाहर रविवार दोपहर एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस विमान में पांच लोग सवार थे।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह छोटा विमान मैनहेम शहर में लैंकेस्टर हवाई अड्डे के ठीक बाहर अपराह्न लगभग तीन बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया, फिलहाल अधिकारियों ने मृतकों या घायलों के बारे में तत्काल जानकारी नहीं दी।
महाराष्ट्र में ट्रक पलटने से चार मजदूरों की मौत
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में सोमवार को तड़के तेज गति से जा रहे एक ट्रक के पलट जाने से चार मजदूरों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना पिशोर घाट इलाके में उस समय हुई जब गन्ने से लदा ट्रक कन्नड़ से पिशोर जा रहा था। उन्होंने बताया कि ट्रक पर 17 मजदूर सवार थे और पिशोर घाट पर चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद यह वाहन पलट गया।
वनडे प्रारूप को अलविदा नहीं कह रहा, अफवाहें मत फैलाइये : रोहित शर्मा
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने कैरियर को लेकर लगाई जा रही तमाम अटकलों को रविवार को चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के बाद खारिज करते हुए कहा कि वह अभी वनडे क्रिकेट को अलविदा कहने नहीं जा रहे । आस्ट्रेलिया दौरे के समय से ही रोहित की कप्तानी और टीम में उनकी जगह को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 76 रन की पारी उनके कैरियर के लिये संजीवनी साबित हुई । उन्होंने फाइनल में न्यूजीलैंड पर चार विकेट से मिली जीत के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ मैं वनडे प्रारूप से संन्यास नहीं ले रहा हूं । कृपया अफवाहें मत फैलाइये ।’’
भारतीय टीम की जीत के जश्न के दौरान महू में हिंसा
भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया, जिसका जश्न देशभर में मनाया गया। हालांकि, मध्य प्रदेश के इंदौर में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत का जश्न मनाने के दौरान हिंसा एक मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद लोगों पर पथराव किया गया और गाड़ियों तथा दुकानों को आग लगा दी गई।