LIVE

आज की ताजा खबर Live: नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,050, 4,000 लोग अब भी लापता

अमित कुमार मंडलUpdated Sep 2, 2026, 00:10 IST

आज की ताजा खबर Live: नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,050, 4,000 लोग अब भी लापता
आज की ताजा खबर Live: नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 1,050, 4,000 लोग अब भी लापता

  • महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG और PNG के दाम बढ़ाए
  • केंद्र सरकार ने 1 सितंबर से मणिपुर में शुरू होने वाले जनगणना 2027 स्थगित किया
  • सैम पित्रोदा ने पित्रोदा ने जीडीपी वृद्धि पर सवाल उठाए
  • प्रधानमंत्री मोदी ने शेयर की SCO समिट की तस्वीर
  • बिश्केक में आज हो सकती है जिनपिंग से मुलाकात
  • न्यूयॉर्क स्थित टाइम्स स्क्वायर में महिला ने दो लोगों को चाकू मारा

SEPT 01, 2026 22:28 IST

बदायूं में शराब की दुकान पर सिपाहियों के दो गुट भिड़े

बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित नवादा शराब की दुकान पर सिपाहियों के दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते और पथराव करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान सिपाही धीरेन्द्र घायल हो गए, जबकि पथराव की चपेट में आने से उनके साथी की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। शराब की दुकान पर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बड़े बवाल में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है।
SEPT 01, 2026 21:53 IST

नोएडा सेक्टर-63 की फैक्ट्री में लगी आग

नोएडा के सेक्टर-63 स्थित जूता-चप्पल निर्माण करने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्लॉट नंबर G-194 में स्थित फैक्ट्री से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि फैक्ट्री के अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। यह घटना थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की है।
SEPT 01, 2026 18:14 IST

IRS अधिकारी की बेटी की हत्या मामले में दुष्कर्म, हत्या और लूटपाट के आरोप तय किए गए

दिल्ली की एक अदालत ने दक्षिण दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय पुत्री की हत्या के आरोपी पूर्व घरेलू सहायक पर दुष्कर्म, हत्या और लूटपाट के आरोप तय किए हैं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंकित सिंगला ने आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ आरोप तय किए और अभियोजन पक्ष के सबूत पेश करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए सात सितंबर की तारीख तय की। इस तरह इस महीने इस मामले में मुकदमा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। विस्तृत आदेश का इंतजार है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मीणा, जो पहले पीड़ित परिवार के यहां घरेलू सहायक के तौर पर काम कर चुका था, 22 अप्रैल को कथित तौर पर उनके कैलाश हिल्स स्थित घर में एक छुपा कर रखी गयी चाबी का इस्तेमाल करके घुसा। उस समय लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे। आरोप है कि उसने युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म किया, फिर गला घोंटकर हत्या कर दी और नकदी, गहने तथा मोबाइल फोन लेकर भाग गया। बाइस साल की युवती ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। घर लौटने पर माता-पिता को वह बेहोश हालत में मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने दुष्कर्म के बाद मोबाइल फोन चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया। घटना के दिन पुलिस की तलाश के बाद मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। मजिस्ट्रेट के सामने पहली बार पेशी के दौरान, उसने कथित तौर पर अदालत को बताया था कि उससे ’’गलती हो गई’’ और उसने पैसे के लिए यह अपराध किया। इसके बाद पुलिस ने मीणा के खिलाफ 493 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया जिसमें आरोप लगाया गया कि वह परिवार की दिनचर्या से वाकिफ था और जानता था कि सुबह जब माता-पिता बाहर जाएंगे तो लड़की घर पर अकेली होगी। जांचकर्ताओं का आरोप है कि मीणा करीब 40 मिनट तक घर के अंदर रहा और फिर पालम रेलवे स्टेशन की ओर भाग गया, जहां उसने कथित तौर पर दो मोबाइल फोन फेंक दिए। इस मामले में अमर कॉलोनी थाने में दर्ज प्राथमिकी में दुष्कर्म, हत्या और लूटपाट से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं को शामिल किया गया। अभियोजन पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि कैलाश हिल्स की घटना से कुछ समय पहले मीणा राजस्थान के अलवर में यौन उत्पीड़न के एक अन्य मामले में शामिल था।
SEPT 01, 2026 18:13 IST

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर ₹6 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, म्यांमार की महिला गिरफ्तार

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6,073.7 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में म्यांमार मूल की एक महिला विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। अहमदाबाद कस्टम्स के मुताबिक, यात्री की प्रोफाइलिंग, एक्स-रे स्कैनिंग और स्निफर डॉग से मिले संकेत के आधार पर महिला को रोका गया। वह 31 अगस्त 2026 को हो ची मिन्ह सिटी से फ्लाइट नंबर VJ-1805 से अहमदाबाद पहुंची थी। महिला के ट्रॉली बैग की गहन जांच के दौरान उसमें विशेष रूप से बनाई गई फर्जी परत और गुप्त जगह मिली। इसकी जांच करने पर अंदर से हरे रंग के पदार्थ वाले पांच वैक्यूम पैक पारदर्शी पॉलीथिन पैकेट बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में पदार्थ के गांजा यानी हाइड्रोपोनिक मारिजुआना होने की पुष्टि हुई। पांचों पैकेटों में बरामद कुल प्रतिबंधित पदार्थ का वजन 6,073.7 ग्राम था। कस्टम्स ने बरामद गांजे को NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया और महिला को गिरफ्तार कर लिया। कस्टम्स की ओर से मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा ड्रग्स के स्रोत, इसकी डिलीवरी और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।
SEPT 01, 2026 18:06 IST

मालवीय नगर अग्निकांड: दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक और दो अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया

दिल्ली पुलिस ने इस साल तीन जून को मालवीय नगर के एक होटल में लगी आग के मामले में होटल के मालिक लवकेश बजाज समेत तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मालवीय नगर के बी एंड बी होटल में लगी आग में 13 विदेशी नागरिकों सहित कुल 22 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने साकेत की अदालत में बजाज और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। अधिकारी ने बताया कि जांच जारी है और इस मामले में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया जा सकता है।
SEPT 01, 2026 18:01 IST

नेपाल त्रासदी में अब तक 1,003 लोगों की मौत

नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद सुरक्षाबलों ने आठ जिलों से और शव बरामद किए हैं जिससे इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर मंगलवार को 1,003 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बचावकर्मियों को रुक-रुककर हो रही बारिश और कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के बीच फंसे लोगों का पता लगाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, बाढ़ की नयी चेतावनी भी जारी की गई है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, करीब 4,000 लोग अब भी लापता हैं, जिनमें 583 विदेशी नागरिक और कई सुरक्षाकर्मी शामिल हैं जबकि करीब 12,000 लोगों को बचा लिया गया है।
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को बर्फ और चट्टानों के खिसकने या हिमस्खलन के कारण अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों तथा गांवों में भारी तबाही मचाई। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी बाढ़ का पानी अपने साथ निचले इलाके की ओर ले गई, जिससे घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए तथा जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा।
चीनी मीडिया में आई खबरों के अनुसार, इस आपदा में चीन की ओर भी 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में करीब 550 लोग अब भी लापता हैं। एनडीआरएमए के अनुसार, चितवन जिले में सबसे अधिक 321 शव बरामद किए गए। इसके बाद नवलपरासी ईस्ट में 216, नवलपरासी वेस्ट में 170, नुवाकोट में 95, गोरखा में 65, धाडिंग में 57, रसुवा में 41 और तनहुन में 38 शव बरामद किए गए।
SEPT 01, 2026 17:22 IST

कौशांबी की पटाखा फैक्टरी में विस्फोट में 12 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है।
SEPT 01, 2026 17:20 IST

5 सितंबर को युवाओं से बातीचीत करेंगे पीएम मोदी

5 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं और जेन-Z से बातचीत करेंगे।
SEPT 01, 2026 16:56 IST

नांदेड में तेज रफ्तार जीप पेड़ से टकराई, तीन लोगों की मौत, सात घायल

महाराष्ट्र के नांदेड जिले में तेज रफ्तार एक जीप के सड़क किनारे पेड़ से टकराने से तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा सोमवार शाम करीब छह बजे किनवट तहसील के तोतंबा वन घाट क्षेत्र में हुआ। पुलिस के अनुसार, सभी पीड़ित पड़ोसी राज्य तेलंगाना के निर्मल जिले के परडी गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार वे नांदेड में एक झरना घूमने और एक मंदिर में दर्शन करने गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि वे घर लौट रहे थे, रास्ते में चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण कथित तौर पर खो दिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद जीप सड़क से उतर गई और तेज गति से एक बड़े पेड़ से टकरा गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान तुम सैलू (60), तुम गौराबाई (60) और आवला गंगाधर (55) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सात यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे के इलाज के लिए तेलंगाना के कुबीर स्थित अस्पताल भेजा गया।
SEPT 01, 2026 16:54 IST

मुंबई के लोगों पर त्योहारों से पहले दूध की महंगाई की मार, नौ रुपये लीटर बढ़े दाम

मुंबई में ताजा भैंस के दूध की थोक कीमत मंगलवार से नौ रुपये बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई। त्योहारों से पहले बढ़ी इन कीमतों का असर सीधे तौर पर लोगों के घरेलू बजट पर पड़ेगा। मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ (एमएमपीए) ने बताया कि बढ़ी हुई कीमत 28 फरवरी, 2027 तक लागू रहेगी। दुधारू पशुओं की खरीद लागत में 60 से 70 प्रतिशत और चारे की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि के कारण यह फैसला लिया गया है। एमएमपीए के चेयरमैन सी. के. सिंह ने कहा, ’’एक सितंबर से थोक कीमत में नौ रुपये प्रति लीटर की वृद्धि के बाद खुदरा कीमतें भी इलाकों और स्थानीय मांग के आधार पर 115 से 125 रुपये प्रति लीटर या इससे अधिक हो सकती हैं।’’ संघ की द्विवार्षिक आमसभा की बैठक में थोक कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया। करीब 70 साल पुराना यह संघ अपनी डेयरी, स्थानीय खुदरा विक्रेताओं और पशुशालाओं के नेटवर्क के जरिये ताजा भैंस का दूध उपलब्ध कराता है। एमएमपीए के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी मूल्य वृद्धि है। इससे पहले फरवरी में दूध की कीमत 91 रुपये से बढ़ाकर 93 रुपये प्रति लीटर की गई थी। दूध की कीमतों में वृद्धि से त्योहार और शादी के सीजन में इसकी मांग प्रभावित होने की आशंका है। इस दौरान घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में मिठाइयां तैयार होने के कारण दूध की मांग आमतौर पर 35 से 40 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। सिंह ने कहा कि दुधारू पशुओं की कीमतों में 60 से 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, ’दाना’, ’तुअर’ जैसे चारे की कीमतें औसतन 25 प्रतिशत बढ़ी हैं। इसके अलावा घास और सूखे चारे की लागत भी बढ़ी है। चेयरमैन के मुताबिक, मुंबई में रोजाना 50 लाख लीटर से अधिक भैंस के दूध की खपत होती है, जिसमें से एमएमपीए के सदस्य सात लाख लीटर से अधिक दूध की आपूर्ति करते हैं।
SEPT 01, 2026 16:53 IST

कोलकाता और दक्षिण बंगाल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

पश्चिम बंगाल के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण मंगलवार सुबह राज्य की राजधानी और दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश हुई। निचले इलाकों में जलभराव के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ और कार्यालय जाने के समय यातायात व्यवस्था चरमरा गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पश्चिम मेदिनीपुर जिले के कलाइकुंडा में मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 51 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कोलकाता में 23 मिमी और पड़ोसी साल्ट लेक में 40 मिमी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, अन्य स्थानों में पानागढ़ में 50 मिमी, बैरकपुर में 43 मिमी, कैनिंग में 44 मिमी और हल्दिया में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिन चढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता बढ़ गई, जिससे निचले इलाकों में बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया। इसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। इस बीच, राज्य के तटीय क्षेत्र के ऊपर बना कम दबाव वाला क्षेत्र लगभग स्थिर बना हुआ है। भारी बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, कार्यालय जाने वालों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ा। शहर और आसपास के जिलों के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी जमा हो गया। मौसम विभाग ने बुधवार सुबह तक पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगह भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने बताया कि पश्चिम बंगाल, इससे सटे उत्तर तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव वाला क्षेत्र अभी भी उसी स्थान पर बना हुआ है, जिसके कारण सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि यह कम दबाव वाला क्षेत्र बुधवार सुबह तक पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। मौसम कार्यालय ने चार सितंबर तक उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
SEPT 01, 2026 16:53 IST

बुलंदशहर में विवाहिता से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक गांव में सोमवार रात एक विवाहिता से उसके घर पर मिलने गए 28 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना के संबंध में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना बुलंदशहर जिले के जिनामई गांव में सोमवार रात हुई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना मिली। जैन ने बताया कि अनूपशहर के क्षेत्राधिकारी पुलिस टीम के साथ छतारी थाने से मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान जिनामई गांव निवासी पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुष्पेंद्र रात में एक विवाहिता के घर गया था, जहां महिला के पति और उसके चाचा ने कथित तौर पर उस पर लाठियों से हमला किया। हमले में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। जैन ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
SEPT 01, 2026 16:23 IST

नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 987

नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद सुरक्षा बलों ने आठ जिलों से और शव बरामद किए हैं जिससे इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर मंगलवार को 987 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बचावकर्मियों को रुक-रुककर हो रही बारिश और कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के बीच फंसे लोगों का पता लगाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस बीच, बाढ़ की नयी चेतावनी भी जारी की गई है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, करीब 4,000 लोग अब भी लापता हैं, जिनमें 583 विदेशी नागरिक और कई सुरक्षा कर्मी शामिल हैं जबकि करीब 12,000 लोगों को बचा लिया गया है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को बर्फ और चट्टानों के खिसकने या हिमस्खलन के कारण आई अचानक बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी बाढ़ का पानी अपने साथ निचले इलाके की ओर ले गई, जिससे घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए और जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा।
चीनी मीडिया में आयी खबरों के अनुसार, इस आपदा में चीन की ओर भी 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में करीब 550 लोग अब भी लापता हैं। एनडीआरआरएमए के अनुसार, नेपाल में चितवन से 321 शव, नवलपरासी पूर्व से 216, नवलपरासी पश्चिम से 170 और नुवाकोट से 95 शव बरामद किए गए हैं। इसी तरह, गोरखा से 65, धादिंग से 55, तनहूं से 38 और रसुवा से 27 शव बरामद किए गए हैं।
SEPT 01, 2026 16:22 IST

जन्माष्टमी शोभायात्रा: दिल्ली के डीबीजी रोड, अजमल खान रोड पर यातायात प्रभावित होने की संभावना

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंगलवार को शोभायात्रा के कारण दिल्ली के डीबीजी रोड, अजमल खान रोड और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, अपराह्न एक बजे शुरू शोभायात्रा के शाम सात बजे तक संपन्न होने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 2,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। परामर्श में कहा गया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए डीबीजी रोड, अजमल खान रोड और आसपास की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रह सकती है और शोभायात्रा के दौरान जाम लगने की भी आशंका है। यातायात पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और असुविधा से बचने के लिए मंगलवार अपराह्न एक बजे से शाम सात बजे के बीच डीबीजी रोड और अजमल खान रोड पर जाने से बचने की सलाह दी है। प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार पंचकुइयां रोड, न्यू रोहतक रोड और आसपास की अन्य सड़कों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यात्रियों से मार्ग पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा यातायात संकेतों एवं प्रतिबंधों का ध्यान रखने को भी कहा गया है।
SEPT 01, 2026 14:30 IST

SCO समिट में पाकिस्तान की घटिया हरकत, ग्रुप फोटो को क्रॉप करके शेयर किया

SCO Summit: किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान की एक और बचकानी और शर्मनाक हरकत उजागर हुई है। बिश्केक के 'इरिस ओरडो कांग्रेस हॉल' (Yrys Ordo Congress Hall) में जब SCO सदस्य देशों के शीर्ष राष्ट्राध्यक्षों की आधिकारिक ग्रुप फोटो खींची गई, तो उसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ एक साथ एक ही फ्रेम में नजर आए। लेकिन पाकिस्तान ने फिर वही पुरानी शर्मनाक हरकत कर डाली जिसके लिए वह कुख्यात है।
इस वैश्विक सम्मेलन की आधिकारिक तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया और प्रचार तंत्र पर जारी करते समय पाकिस्तान की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिस्से को जानबूझकर क्रॉप करके हटा दिया गया। इसके साथ ही ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान की फोटो को भी क्रॉप कर दिया गया जो पीएम मोदी के साथ खड़े थे। इस हरकत के लिए पाकिस्तान की सोशल मीडिया पर खूब किरकिरी हो रही है। लोग असली तस्वीर शेयर करेक पाकिस्तान और शहबाज शरीफ को निशाने पर ले रहे हैं।
SEPT 01, 2026 14:02 IST

पश्चिम बंगाल में पत्रकारों की पेंशन में इजाफा

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, पत्रकारिता ऐसा प्रोफेशन हैं जिसमे कोई रिटायरमेंट नहीं होता। आज हमने दो स्कीम लांच की हैं - एक तो हेल्थ स्कीम और पेंशन पत्रकारो के लिए। पिछली सरकार में स्वास्थ्य साथी स्कीम में सरकारी अस्पतालों में ट्रीटमेंट करा सकते थे। लेकिन इस स्कीम में मुख्यमंत्री स्वास्थ बीमा योजना में 1900 राज्य के अस्पतालों में आज इलाज करा सकते हैं और साथ ही देश के किसी भी कोने के आप अपना आयुष्मान भारत का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह स्कीम आज से लागू होगी। पेंशन पहले 2.5 हजार रुपये था अब 5000 रुपये दिए जाएंगे।
SEPT 01, 2026 13:09 IST

नेपाल ने कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के बीच बाढ़ का नया अलर्ट जारी किया

नेपाल में अधिकारियों ने मंगलवार को देश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में बाढ़ के खतरे को लेकर नया अलर्ट जारी किया और नदियों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा एहतियाती कदम उठाने की अपील की। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) की ओर से जारी एक सूचना के अनुसार, नुवाकोट और रसुवा जिलों में अचानक बाढ़ आने की काफी अधिक आशंका है। इन इलाकों में छोटी नदियों और जलधाराओं का जलप्रवाह बढ़ने का अनुमान है। इसके अलावा ताप्लेजुंग, संखुवासभा, सोलुखुम्बु, खोटांग, ओखलढुंगा, रामेछाप, दोलखा, सिंधुपालचोक, काभ्रेपलांचोक, ललितपुर, भक्तपुर, काठमांडू और धादिंग समेत पूर्वी और मध्य नेपाल के कई जिलों में नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है। इन इलाकों में अचानक बाढ़ आने का मध्यम स्तर का जोखिम भी जताया गया है।
प्राधिकरण के मुताबिक, पश्चिमी नेपाल में गोरखा, लमजुंग, डोल्पा, रुकुम पूर्व, रुकुम पश्चिम, जाजरकोट, दार्चुला, बैतड़ी, डडेलधुरा, डोटी, कैलाली और कंचनपुर जिले के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। एनडीआरआरएमए ने मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए नदी किनारे और अन्य संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती उपाय करने की अपील की है।
SEPT 01, 2026 12:49 IST

दिल्ली जा रहा इंडिगो का विमान इंजन में खराबी के बाद गोवा लौटा, सभी यात्री सुरक्षित

दिल्ली जा रहा इंडिगो का एक विमान मंगलवार सुबह एक इंजन में खराबी आने के बाद गोवा लौट आया और मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा। विमान में 229 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर गोवा के मोपा स्थित हवाई अड्डे से पूर्वाह्न नौ बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरने वाले विमान को तुरंत वापस लौटना पड़ा। अधिकारी ने कहा, विमान के एक इंजन में खराबी आने के बाद उसे वापस लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि दिल्ली जा रहे इस विमान में 229 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि विमान सुरक्षित उतर गया और यात्रियों को दोपहर में दूसरे विमान से दिल्ली भेजा जाएगा। अधिकारी ने इस बारे में और जानकारी नहीं दी।
SEPT 01, 2026 12:37 IST

हरियाणा में खड़े ट्रक से टकराई गाड़ी, छह तीर्थयात्रियों की मौत

हरियाणा के पलवल में मंगलवार को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक पिक-अप गाड़ी के सड़क पर खड़े हुए ट्रक से टकराने से छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा तड़के करीब 4.30 बजे हुआ, जब पिक-अप गाड़ी में सवार लोग राजस्थान में खाटू श्याम मंदिर और राज्य के अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करके लौट रहे थे और वृंदावन जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गाड़ी चालक को झपकी लगने की वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से भाग गया और उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारी के अनुसार मरने वालों में तीन महिलाएं थीं। मृतकों की पहचान विजय (75), राजकुमार (40), रेशमा (45), कमला (65), सुधा (52), और महेश (60) के रूप में हुई है। घायलों को पलवल के एक अस्पताल ले जाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। हादसे में मृत और घायल हुए लोग उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे।
SEPT 01, 2026 12:02 IST

पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?

हमें आतंकवाद के संपूर्ण तंत्र के साथ-साथ उसके वित्तपोषण को भी खत्म करना होगा। हमें एक स्वर में कहना होगा कि आतंकवाद से निपटने में दोहरे मापदंड की कोई जगह नहीं है। युद्ध के मैदान में कोई समाधान नहीं है और सभी युद्धों और संघर्षों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए। भारत के लिए, एससीओ सम्मेलन महान सभ्यता, संस्कृति और विचारों का संगम है। कनेक्टिविटी के प्रयासों में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान होना चाहिए।
बाजारों को जोड़ने, व्यापार को सुगम बनाने और विकास के नए रास्ते खोलने वाले सभी प्रयासों का भारत समर्थन करता है।