LIVE

1 अक्टूबर 2024 हिंदी न्यूज़: बॉलीवुड स्टार गोविंदा के पैर में लगी गोली; इजराइल ने हिजबुल्लाह के खिलाफ शुरू किया ग्राउंड ऑपरेशन

हिंदी न्यूज़, 1 अक्टूबर 2024 मुख्य समाचार: जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए आज तीसरे और अंतिम चरण की वोटिंग होगी। इस चरण में 7 जिलों की 40 सीटों पर मतदान होना है, जिसमें 415 उम्मीदवार भाग्य अजमा रहे हैं। वहीं, दिग्गज अभिनेता रजनीकांत को देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, तेज पेट दर्द में शिकायत के बाद उन्हें चेन्नई के अपोलो ग्रीम्स रोड अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा सरकार सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की पैरोल पर विचार कर सकती है, उसने 20 दिन की पैरोल मांगी है। वहीं, जलवायु कार्यकरृता सोनम वांगचुक समेत 120 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिसके बाद राहुल गांधी ने इसका विरोध किया है। वहीं खबर यह भी है कि इजराइल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर ग्राउंड ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की सभी बड़ी खबरों के अपडेट्स...

आज की ताजा खबर LIVE
1 अक्टूबर 2024 हिंदी न्यूज़: बॉलीवुड स्टार गोविंदा के पैर में लगी गोली; इजराइल ने हिजबुल्लाह के खिलाफ शुरू किया ग्राउंड ऑपरेशन

  • हिंदी न्यूज़ लाइव, 1 अक्टूबर 2024 आज की ताजा खबर और मुख्य समाचार।
  • जम्मू कश्मीर में तीसरे चरण की 40 सीटों पर वोटिंग आज।
  • अभिनेता रजनीकांत देर रात अस्पताल में भर्ती।
  • हरियाणा चुनाव से पहले पैरोल पर बाहर आ सकता है राम रहीम।
  • सोनम वांगचुक को पुलिस ने हिरासत में लिया।
  • इजराइल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ शुरू किया ग्राउंड ऑपरेशन।

OCT 01, 2024 16:55 IST

हिजबुल्ला ने इजराइली सैनिकों के लेबनान में घुसने की खबरों को खारिज किया

हिजबुल्ला ने इजराइल की सेना के लेबनान में घुसने की खबरों को खारिज किया है। साथ ही इसने कहा कि यदि वे सीमा पार करते हैं तो उसके (हिजबुल्ला) लड़ाके ‘‘आमने-सामने की लड़ाई’’ के लिए तैयार हैं। इजराइल द्वारा जमीनी स्तर पर अपना अभियान शुरू करने की घोषणा के बाद अपने पहले बयान में हिजबुल्ला के प्रवक्ता मोहम्मद अफीफी ने कहा कि इजराइल की सेना के लेबनान में घुसने की खबरें “झूठे दावे” हैं। उन्होंने कहा कि हिजबुल्ला के लड़ाके उन दुश्मन ताकतों के साथ आमने-सामने की लड़ाई के लिए तैयार हैं जो लेबनान में घुसने की हिम्मत करते हैं या ऐसा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मंगलवार को हिजबुल्ला द्वारा मध्य इजराइल की ओर मध्यम दूरी की मिसाइलें दागना ‘‘केवल शुरुआत है’’।
OCT 01, 2024 15:54 IST

इजरायल ने 24 समुदायों को लेबनान छोड़ने का दिया आदेश

इजराइल की सेना ने सीमा के निकट लेबनान के लगभग 24 समुदायों को वहां से चले जाने का आदेश दिया है। इजराइल द्वारा दक्षिणी लेबनान में सेना भेजने के कुछ घंटों बाद मंगलवार को यह आदेश दिया गया। इजराइल की सेना के अरबी प्रवक्ता द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किये गये आदेश में दक्षिणी लेबनान के लगभग 24 समुदायों का जिक्र किया गया है और लोगों को सीमा से लगभग 60 किलोमीटर (36 मील) दूर, अवाली नदी के उत्तर में चले जाने को कहा गया है। इजराइल ने एक बड़े अभियान की योजना के तहत लेबनान की सीमा पर छोटे और सटीक हमले किए हैं। पिछले 10 दिन में इजराइली हमलों में हिजबुल्ला के शीर्ष सदस्य हसन नसरल्ला और छह शीर्ष कमांडर मारे गए हैं। वहीं सेना का कहना है कि लेबनान के बड़े हिस्से में हजारों आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
OCT 01, 2024 15:30 IST

आतिशी को कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मिलने से रोका गया

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को मंगलवार को बवाना पुलिस थाने के बाहर उस समय रोक दिया गया, जब वह जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मिलने के लिए जा रही थीं। वांगचुक को कल रात हिरासत में लिया गया था। वह अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। आम आदमी पार्टी ने एक बयान में कहा कि आतिशी अपराह्न करीब एक बजे पुलिस थाने पहुंचीं, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित बवाना पुलिस थाने के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है। वांगचुक के समर्थकों को भी हिरासत में लिया गया है, जिन्हें दिल्ली की सीमाओं पर विभिन्न पुलिस थानों में रखा गया है। लद्दाख के लिए छठी अनुसूची का दर्जा मांगने को लेकर वांगचुक सहित केंद्र शासित प्रदेश के लगभग 120 लोग राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च कर रहे थे और उसी समय उन्हें हिरासत में ले लिया गया। वांगचुक, एक महीने पहले लेह से शुरू हुई ‘दिल्ली चलो पदयात्रा’ का नेतृत्व कर रहे हैं।
OCT 01, 2024 15:29 IST

महाराष्ट्र अदालत ने बदलापुर मामला पर क्या कहा?

बदलापुर यौन उत्पीड़न मामला: बम्बई उच्च न्यायालय ने स्कूल के आरोपी न्यासियों को नहीं पकड़ पाने के लिए पुलिस को फटकार लगाई।
OCT 01, 2024 15:28 IST

विक्रम सोलर ने सेबी के पास आईपीओ दस्तावेज जमा कराए

सौर मॉड्यूल बनाने वाली कंपनी विक्रम सोलर ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 1,500 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए हैं। कोलकाता स्थित कंपनी ने कहा कि आईपीओ के तहत 1,500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें प्रवर्तक समूह द्वारा 1.74 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल होगी। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष दाखिल आईपीओ दस्तावेज के अनुसार, 10 रुपये प्रति शेयर के अंकित मूल्य वाले इस निर्गम में पात्र कर्मचारियों के लिए एक निश्चित आरक्षित होगा। इसके अलावा, कंपनी आईपीओ पूर्व नियोजन के जरिये 300 करोड़ रुपये तक जुटाने पर भी विचार कर सकती है। कंपनी की योजना आईपीओ से प्राप्त राशि में से 793.36 करोड़ रुपये का इस्तेमाल पूंजीगत व्यय के लिए करने की है। इसके तहत कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी वीएसएल ग्रीन पावर प्राइवेट लि. के जरिये 3,000 मेगावाट का सौर सेल और मॉड्यूल विनिर्माण संयंत्र लगाएगी। साथ ही 602.95 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल मौजूदा सौर मॉड्यूल विनिर्माण सुविधा को 3,000 मेगावाट से 6,000 मेगावाट करने के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कंपनी कामकाज के लिए होगा।
OCT 01, 2024 13:58 IST

संपत्तियों के ध्वस्तीकरण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

संपत्तियों के ध्वस्तीकरण के खिलाफ याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह संपत्तियों को गिराने के मुद्दे पर सभी नागरिकों के लिए दिशानिर्देश तय करेगा। अदालत ने उन याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया जिनमें आरोप लगाया गया है कि अपराध के आरोपियों की संपत्तियों को ध्वस्त किया जा रहा है।
OCT 01, 2024 13:56 IST

दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद के वाहन पर पथराव

हरियाणा के जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र में बीती रात को चुनाव प्रचार के दौरान हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और उनके साथ मौजूद उत्तर प्रदेश से सांसद चंद्रशेखर आजाद की गाड़ी पर अज्ञात युवकों ने कथित रूप से पथराव कर दिया। पुलिस के अनुसार, घटना के वक्त नेताओं का काफिला रुका हुआ था और सोमवार शाम को जब कथित घटना हुई, तब वाहन में कोई नहीं था।
OCT 01, 2024 13:56 IST

बैंकॉक में स्कूल बस में लगी भीषण आग

थाईलैंक के बैंकॉक में एक भीषण बस हादसा हुआ है। यहां युवा छात्रों को उनके शिक्षकों के साथ ले जा रही एक बस में आग लग गई और इसमें सवार 25 लोगों के मरने की आशंका है।
OCT 01, 2024 12:31 IST

जापानी संसद में शिगेरू इशिबा चुने गए प्रधानमंत्री

जापान की संसद ने सत्तारूढ़ पार्टी के नवनिर्वाचित नेता शिगेरु इशिबा को देश का प्रधानमंत्री चुना।
OCT 01, 2024 11:06 IST

भाजपा नेता को गैंगस्टर गोगी मान से धमकी भरा पत्र मिला

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के एक सदस्य को गैंगस्टर गोगी मान से धमकी भरा पत्र मिला है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, द्वारका के बिंदापुर इलाके में पंखा रोड पर स्थित जेजे कॉलोनी में गुरुद्वारे के सेवादार ने रमन जोत सिंह (30) को सूचित किया कि पास में खड़ी उनकी एसयूवी पर एक धमकी भरा पत्र मिला है।
OCT 01, 2024 11:05 IST

जम्मू-कश्मीर में नौ बजे तक 11 प्रतिशत से अधिक मतदान

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के तहत मंगलवार को शुरुआती दो घंटे में 11.60 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा जारी आंकड़े से यह जानकारी मिली।
OCT 01, 2024 10:10 IST

बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा को लगी गोली

बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा के साथ आज एक बड़ा हादसा हो गया है। एक्टर के पैर पर गोली लग गई है। जिसके बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, डॉक्टर्स ने गोली भी निकाल दी है।
OCT 01, 2024 09:54 IST

हिजबुल्लाह की सुरंगों में घुसी इजराइली सेना

वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि मंगलवार की सुबह आईडीएफ द्वारा ज़मीनी आक्रमण की घोषणा करने से पहले ही इजराइली सैनिक लेबनान के साथ देश की सीमा के पास हिज़्बुल्लाह सुरंगों में घुस चुके थे।
OCT 01, 2024 09:06 IST

पश्चिम बंगाल में जूनियर डॉक्टरों ने फिर शुरू की हड़ताल

पश्चिम बंगाल में प्रदर्शन कर रहे कनिष्ठ चिकित्सकों ने सभी चिकित्सा प्रतिष्ठानों में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार पर दबाव बनाने के लिए मंगलवार को फिर से अनिश्चितकाल के लिए काम पूरी तरह बंद कर दिया।
OCT 01, 2024 08:13 IST

रोहतांग दर्रा के ऊपर मिले 4 और शवों के अवशेष

हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रा में 56 साल पहले भारतीय वायु सेना का AN-12 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस हादसे में शिकार चार और लोगों के शव अब जाकर मिले हैं।
OCT 01, 2024 07:48 IST

दिल्ली में 5 अक्टूबर तक रैली-धरना पर रोक



दिल्ली में 5 अक्टूबर से भारतीय न्याय संहित की धारा 163 लागू कर दी गई है। इस दौरान राजधानी में रैली निकालने और धरना प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है। यह गांधी जयंती, हरियाणा चुनाव के चलते किया गया है।
OCT 01, 2024 07:25 IST

जम्मू कश्मीर में वोटिंग से पहले पीएम मोदी ने किया ट्वीट

जम्मू कश्मीर में वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में आज तीसरे और आखिरी दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे लोकतंत्र के उत्सव को सफल बनाने के लिए आगे आएं और अपना वोट जरूर डालें। मुझे विश्वास है कि पहली बार वोट देने जा रहे युवा साथियों के अलावा नारीशक्ति की मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी होगी।
OCT 01, 2024 05:32 IST

उप्र: भदोही में मंदिर के पुजारी की गला रेतकर हत्या

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरयावा थाना क्षेत्र में स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर के पुजारी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
OCT 01, 2024 05:32 IST

एक बार फिर पैरोल पर बाहर आ सकता है राम रहीम

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा सरकार सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की पैरोल पर विचार कर सकती है, उसने 20 दिन की पैरोल मांगी है।
OCT 01, 2024 05:31 IST

इजराइल ने हिजबुल्लाह के खिलाफ शुरू किया ग्राउंड ऑपरेशन

इजराइल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर ग्राउंड ऑपरेशन शुरू कर दिया है।