PM Modi Foreign Visit: भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यात्रा को भारत की बड़ी कूटनीतिक सफलता बताते हुए इसे “10 कदम, 10 का दम” नाम दिया। पार्टी ने दावा किया कि इस दौरे ने भारत की रणनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और वैश्विक साझेदारियों को नई मजबूती दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश दौरे के दस प्रमुख परिणामों को विस्तार से रखा गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
Indo-Pacific में भारत की बढ़ी रणनीतिक भूमिका
बीजेपी ने कहा कि इस यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम यह रहा कि भारत आज हिंद महासागर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में “Stabilizing Force” यानी स्थिरता प्रदान करने वाली शक्ति के रूप में उभरा है। पार्टी के अनुसार, 2014 से भारत में नीति, शासन और आर्थिक स्थिरता ने दुनिया का विश्वास जीता है। इसी आधार पर भारत ने इंडो-पैसिफिक देशों के लिए सहयोग का एक नया फ्रेमवर्क तैयार किया, जिसे कई देशों ने स्वीकार किया।
सबांग पोर्ट और रक्षा सहयोग पर जोर
पार्टी ने इंडोनेशिया के साथ सबांग पोर्ट (Sabang Port) के संयुक्त विकास को रणनीतिक उपलब्धि बताया। बीजेपी के मुताबिक, मलक्का जलडमरूमध्य के निकट स्थित यह परियोजना समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश, तकनीक हस्तांतरण और क्षेत्रीय समृद्धि के लिए अहम होगी। इसके अलावा रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक निवेश सहयोग को भी दौरे की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया।
प्रधानमंत्री को मिला विशेष सम्मान
बीजेपी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मिले सम्मान ने भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाया। पार्टी के अनुसार, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो स्वयं जकार्ता एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री की अगवानी और विदाई के लिए पहुंचे। इंडोनेशियाई फाइटर जेट्स ने प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट किया और उन्हें इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ से सम्मानित किया गया। वहीं न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी एयरपोर्ट पर स्वागत किया और ऑकलैंड के प्रतिष्ठित स्काई टॉवर को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया।
सांस्कृतिक विरासत और शिक्षा में सहयोग
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि भारत और इंडोनेशिया ने यूनेस्को विश्व धरोहर प्रंबानन मंदिर परिसर के संरक्षण के लिए समझौता किया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण वर्ष 2029 तक इसके संरक्षण और मरम्मत में सहयोग करेगा। बीजेपी ने यह भी कहा कि भारत वियतनाम, कंबोडिया, लाओस, श्रीलंका, बांग्लादेश और ताइवान सहित कई देशों में सांस्कृतिक विरासत संरक्षण परियोजनाओं में सहयोग कर रहा है। डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा के क्षेत्र में भी साझेदारी बढ़ाने पर सहमति बनी है।
खेल और लोगों के बीच रिश्तों को नई गति
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप लॉन्च किया गया, जिसके तहत क्रिकेट, स्पोर्ट्स साइंस, प्रशिक्षण, तकनीक और युवा आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। बीजेपी ने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग का पहला विदेशी आयोजन भारत में कराने की घोषणा की गई है। वहीं जी-20 नमस्ते फेस्टिवल जैसे आयोजनों के जरिए दोनों देशों के लोगों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूत किया जाएगा।
विदेशी नेताओं के बयानों का दिया हवाला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि तीनों नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भारत के विकास की खुलकर सराहना की है। पार्टी ने दावा किया कि ये बयान वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख और प्रभाव का प्रमाण हैं।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। पार्टी ने विदेशी नेताओं की टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर प्रधानमंत्री मोदी और भारत की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया तथा राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और विपक्ष की राजनीति को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की।
