कुछ लोग ऐसे होते हैं जो बिस्तर पर लेटे नहीं कि सो गए। टीवी देखते-देखते आंख लग गई या कार की सीट पर सिर टिकाते ही नींद आ गई। ऐसे लोगों को देखकर कई बार लगता है कि इन्हें नींद कितनी आसानी से आती है। कई बार तो हम मन ही मन उनकी किस्मत से ईर्ष्या भी करते हैं। लेकिन स्लीप एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हर जगह और बहुत जल्दी सो जाना हमेशा अच्छी नींद की निशानी नहीं होता। कई बार यह शरीर में नींद की कमी और लगातार थकान का संकेत हो सकता है।
बिस्तर पर लेटते ही आ जाती है नींद? शरीर के लिए बुरा संकेत भी हो सकती है ये आदत (Photo: iStock)
तुरंत नींद आ जाने का क्या मतलब होता है?
स्लीप स्पेशलिस्ट्स के मुताबिक, आम तौर पर लोग तुरंत सो जाने वाले व्यक्ति को अच्छी नींद लेने वाला मानते हैं। हालांकि वैज्ञानिक नजरिए से यह धारणा सही नहीं है। अगर किसी व्यक्ति को दिन में टीवी देखते, अखबार पढ़ते या सफर करते हुए बार-बार नींद आने लगे, तो हो सकता है कि उसका शरीर पहले से ही नींद पूरी करने के लिए तरस रहा हो।
मतलब साफ है कि बिस्तर पर जाते ही कुछ मिनटों में सो जाना हमेशा उपलब्धि नहीं है। यह इस बात का संकेत भी हो सकता है कि शरीर अपनी नींद का कर्ज उतारने की कोशिश कर रहा है।
सिर्फ घंटे नहीं, नींद की क्वालिटी भी जरूरी
एक वयस्क के लिए रात में करीब 7 से 8 घंटे की पर्याप्त और लगातार नींद जरूरी मानी जाती है। वैसे सिर्फ आठ घंटे बिस्तर पर पड़े रहना ही काफी नहीं है। अगर रात में बार-बार नींद टूटती है, शोर या तनाव के कारण आराम नहीं मिलता या नींद गहरी नहीं होती, तो सुबह उठने के बाद भी शरीर तरोताजा महसूस नहीं करेगा।
सुबह उठते ही जम्हाई आना, सिरदर्द, दिनभर सुस्ती रहना या पूरी रात सोने के बाद भी दोबारा सोने का मन करना इस बात के संकेत हो सकते हैं कि नींद शरीर को पर्याप्त आराम नहीं दे रही है।
कॉफी से मिलने वाली एनर्जी पर भी ध्यान दें
कई लोग सुबह की पहली चाय या कॉफी के बिना खुद को एक्टिव महसूस नहीं कर पाते। कैफीन कुछ समय के लिए दिमाग की सुस्ती कम कर सकता है, लेकिन यह खराब नींद की भरपाई नहीं करता। इसलिए अगर रोज सुबह थकान और नींद बनी रहती है, तो सिर्फ कैफीन बढ़ाने के बजाय अपनी नींद की गुणवत्ता पर ध्यान देना बेहतर है।
हर बार वजह सिर्फ तनाव या मोबाइल नहीं
देर रात तक मोबाइल देखना, काम का तनाव और अनियमित दिनचर्या नींद खराब कर सकते हैं। वहीं लगातार दिन में नींद आने की वजह कोई स्लीप डिसऑर्डर भी हो सकता है। खासतौर पर अगर तेज खर्राटे आते हैं, रात में सांस रुकती या अटकती महसूस होती है, नींद में हांफने की समस्या होती है या दिनभर असामान्य नींद आती रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया जैसे विकार के संकेत हो सकते हैं।
तो कुल मिलाकर अच्छी नींद का मतलब यह नहीं कि आप कहीं भी और कभी भी सो जाएं। असली मायने उस नींद के हैं जो पर्याप्त, लगातार और शरीर-दिमाग को सच में आराम देने वाली हो।
