20 साल पुरानी डायबिटीज को किया कंट्रोल, डॉ. नेने से जानें उनके पिता ने कैसे किया यह काम

डायबिटीज के पूरी तरह खत्म होने की बात सुनने में अच्छी लगती है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स इसके लिए 'रिमिशन' शब्द इस्तेमाल करते हैं।

डायबिटीज का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में एक ही बात आती है कि अब जिंदगी भर दवाएं खानी पड़ेंगी। खानपान पर पाबंदी रहेगी और ब्लड शुगर की जांच भी लगातार करानी होगी। लेकिन क्या ऐसा हो सकता है कि कई साल पुरानी डायबिटीज भी कंट्रोल हो जाए और दवाओं की जरूरत न पड़े? फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के पति और मशहूर कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. श्रीराम नेने ने अपने पिता का उदाहरण देकर इसी सवाल को चर्चा में ला दिया है।

Dr Sriram nene

अपने माता-पिता के साथ डॉ. श्रीराम नेने (Photo: Dr Sriram Nene Youtube)

20 साल से थी डायबिटीज, फिर कैसे हुआ बदलाव?

डॉ. श्रीराम नेने ने मैशेबल इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि उनके पिता करीब 20 साल से डायबिटीज से जूझ रहे थे। परिवार ने उनके लिए खानपान और जीवनशैली से जुड़े कुछ सख्त नियम बनाए। इनका लगातार पालन करने के बाद उनकी ब्लड शुगर इस हद तक नियंत्रित हुई कि उन्हें डायबिटीज की दवाओं की जरूरत नहीं रही।

शोध भी बताते हैं कि जीवनशैली का असर पड़ता है

लुक अहेड नाम के एक बड़े अध्ययन में टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों पर जीवनशैली में बदलाव के असर को देखा गया। चार साल बाद जीवनशैली सुधारने वाले समूह के 7.3 प्रतिशत लोगों में कम से कम आंशिक रिमिशन देखा गया। वहीं, सामान्य देखभाल वाले समूह में यह आंकड़ा 2 प्रतिशत था। इससे साफ है कि खानपान और शारीरिक गतिविधि में बदलाव मददगार हो सकते हैं, लेकिन हर व्यक्ति में नतीजा एक जैसा नहीं होता।

डायबिटीज रिवर्सल नहीं, रिमिशन है सही शब्द

डायबिटीज के पूरी तरह खत्म होने की बात सुनने में अच्छी लगती है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स इसके लिए 'रिमिशन' शब्द इस्तेमाल करते हैं। इसका मतलब है कि टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित व्यक्ति का ब्लड शुगर स्तर दवाओं के बिना भी गैर-डायबिटिक रेंज में बना रहे। अमेरिकी संस्था एनआईडीडीके के मुताबिक, वजन में पर्याप्त कमी और जीवनशैली में बदलाव से कुछ लोगों में ऐसा संभव हो सकता है। लेकिन इसका अर्थ बीमारी का हमेशा के लिए खत्म हो जाना नहीं है।

हर मरीज के लिए संभव नहीं है रिमिशन

डायबिटीज रिमिशन की संभावना कई बातों पर निर्भर करती है। बीमारी कितने समय से है, अग्न्याशय यानी पैंक्रियाज की कार्यक्षमता कितनी बची है और व्यक्ति कितना वजन कम कर पाता है, ये सभी अहम कारक हैं। आमतौर पर बीमारी की शुरुआती अवस्था में रिमिशन की संभावना बेहतर होती है। टाइप-1 डायबिटीज को इस तरह रिमिशन में लाने का दावा सही नहीं है।

दवाएं छोड़ना समाधान नहीं, डॉक्टर की सलाह जरूरी

रिमिशन हासिल होने के बाद भी डायबिटीज दोबारा लौट सकती है। वजन बढ़ने या जीवनशैली फिर बिगड़ने पर ब्लड शुगर का स्तर दोबारा बढ़ सकता है। ऐसे में दवाओं की जरूरत भी पड़ सकती है। इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना दवाएं बंद करना खतरनाक हो सकता है। नियमित जांच और चिकित्सकीय निगरानी जरूरी है।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed