Coronavirus XBB.1.16 in India:देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1573 नए मामले दर्ज किये गए हैं और मौजूदा समय में कोरोना के एक्टिव मामले 13,509 से ज्यादा हो गए हैं। इस वायरस ने अब तक 5,30,841 लोगों की जान ले ली है। इन दिनों भारत में कोरोना का सबसे ज्यादा जो वायरस पाया जा रहा है वह ओमिक्रोन का ही एक वेरिएंट XBB. 1.16 है। भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चिंता जताई है। WHO के मुताबिक, कोरोना वायरस को अब तक कमजोर पड़ जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने बताया है कि XBB.1.16 वैरिएंट कितना खतरनाक है। जानकारी के अनुसार, दुनिया में XBB.1.16 वैरिएंट के सबसे ज्यादा मामले भारत में हैं। इस वैरिएंट के दुनिया में अब तक 800 सीक्वेंस मिले हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा भारत से ही मिले हैं।
XBB.1.16 वैरिएंट कितना खतरनाक
एम्स के पूर्व निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि यह वायरस हल्का है और इसके लक्षण भी हल्के हैं। हालांकि इसके लक्षण नजर आने पर इसे हल्के में ना लें। इस वैरिएंट के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र और गुजरात में 164 प्रत्येक में पाए गए हैं, इसके बाद तेलंगाना में 93 और कर्नाटक में 86 मामले मिले हैं।
XBB.1.16 वैरिएंट के लक्षण
लक्षणों की बात करें तो बुखार, खांसी और थकान इसका प्रमुख लक्षण है। इसी के साथ सांस की तकलीफ या सांस लेने में कठिनाई, शरीर में दर्द और मांसपेशियों में दर्द, गले में खराश, नाक बहना, सीने में दर्द और सिरदर्द भी लक्षणों में शामिल हैं। कोई भी लक्षण महसूस होने पर कोरोना की जांच अवश्य कराएं।
