India's Longest Sea Bridge: महाराष्ट्र और देश को एक नई सौगात मिलने जा रही है। पीएम मोदी शुक्रवार 12 जनवरी को मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (MTHL) का उद्घाटन करेंगे, जिसे अब अटल सेतु नाम दिया गया है। 17,840 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इसका निर्माण किया गया है। पीएम मोदी ने दिसंबर, 2016 में इस पुल की आधारशिला रखी थी। यह भारत का सबसे लंबा पुल और देश का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है। आइए जानते हैं इसकी कुछ खासियतें।
मुंबई का अटल सेतु
यात्रियों का समय और ईंधन बचेगा
यह पुल मुख्य मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा, जो राज्य के दो सबसे बड़े शहरों को जोड़ता है। यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा छह लेन वाला पुल है, जिसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किमी और जमीन पर लगभग 5.5 किमी है। समय की बचत के साथ यात्री अपनी ईंधन लागत भी बचा पाएंगे। प्रति यात्रा लगभग 500 रुपये की बचत होगी। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कैबिनेट के फैसले के मुताबिक परिचालन शुरू होने के एक साल बाद समीक्षा के बाद दरों में संशोधन किया जाएगा।
चार पहिया वाहनों के लिए गति सीमा
मुंबई पुलिस ने कहा है कि एमटीएचएल पर चार पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जबकि मोटरबाइक, ऑटोरिक्शा और ट्रैक्टर को समुद्री पुल पर अनुमति नहीं दी जाएगी। कार, टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनीबस और टू-एक्सल बस जैसे वाहनों की गति सीमा भी 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और पुल के चढ़ने और उतरने पर गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक सीमित रहेगी।
कारों के लिए टोल
महाराष्ट्र सरकार ने एमटीएचएल पर कारों के लिए एक तरफा टोल के रूप में 250 रुपये वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एक अधिकारी ने बताया कि जो राशि वसूली जा रही है, वह टोल संग्रह के मौजूदा नियमों के मुताबिक आधी ही है। एक यात्री कार से एक तरफ का टोल 250 रुपये लिया जाएगा, जबकि वापसी यात्रा के साथ-साथ दैनिक और लगातार यात्रियों के लिए शुल्क अलग होगा।
भारी वाहनों के लिए प्रतिबंध
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई की ओर जाने वाले मल्टी-एक्सल भारी वाहनों, ट्रकों और बसों को ईस्टर्न फ्रीवे पर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को आगे की आवाजाही के लिए मुंबई पोर्ट-सिवड़ी निकास (Exit 1-C) का उपयोग करना होगा और 'गाडी अड्डा' के पास एमबीपीटी रोड लेना होगा।
(पीटीआई इनपुट)
